छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

फर्जी बैंक खाता उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम का किया लेनदेन, एक आरोपी गिरफ्तार

14 साइबर फ्रॉड मामलों से जुड़े 6.64 लाख रुपये का हुआ ट्रांजेक्शन, पिपरिया पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

कवर्धा। कबीरधाम जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध बैंकिंग लेनदेन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिपरिया पुलिस एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते के माध्यम से विभिन्न राज्यों में दर्ज 14 साइबर ठगी के मामलों से संबंधित कुल 6 लाख 64 हजार 322 रुपये का लेनदेन होना पाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, श्री अखिलेश कौशिक एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों और उनके बैंक खातों के माध्यम से होने वाले संदिग्ध लेनदेन पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी में थाना पिपरिया क्षेत्र के शिव प्रकाश चंद्रवंशी के बैंक खाते में विभिन्न राज्यों के 14 साइबर फ्रॉड प्रकरणों से संबंधित राशि का लेनदेन सामने आया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी एवं थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक उमाशंकर राठौर को संयुक्त रूप से कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) एवं 318(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी शिव प्रकाश चंद्रवंशी, पिता सुरेश कुमार चंद्रवंशी, निवासी पिपरिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक दोस्त से 10 हजार रुपये लेकर अपना बैंक खाता उपयोग के लिए उपलब्ध कराया था। इस खाते के माध्यम से करीब 6 लाख 64 हजार 322 रुपये का लेनदेन किया गया। जांच में उक्त राशि का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज 14 साइबर ठगी के मामलों से पाया गया।

पुलिस ने मामले में आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक उमाशंकर राठौर, उपनिरीक्षक चंद्रकांत तिवारी सहित थाना पिपरिया एवं साइबर पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बैंक खाता किराये पर देने से बचें, पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन अथवा पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। ऐसे बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेनदेन में किया जा सकता है। इससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। इसलिए नागरिक सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल न करने दें।

Leave Your Comment

Click to reload image