छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कबीरधाम पुलिस की जुआ और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 जुआरी गिरफ्तार

कुसुमघटा में जुआ फड़ से 88,800 रुपये बरामद, कुटकीपारा में भी तीन जुआरियों पर कार्रवाई

अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने के मामलों में भी 6 प्रकरण दर्ज

कवर्धा, 16 नवंबर। कबीरधाम जिले में जुआ, अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने दो स्थानों पर जुआ खेलते हुए कुल 9 लोगों को पकड़ा और उनके कब्जे से 93,080 रुपये नगद एवं ताश की गड्डी जब्त की। वहीं अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में साइबर टीम एवं चौकी पोड़ी पुलिस ने ग्राम कुसुमघटा बाजार के पास जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया।

कुसुमघटा में जुआ फड़ से 88,800 रुपये जब्त

पुलिस के अनुसार ग्राम कुसुमघटा बाजार के पास रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे गोकुल मरकाम, अनिकेत चंद्रवंशी, निपेंद्र निर्मलकर, राजेंद्र निषाद, सनत कुमार वर्मा एवं सागर प्रसाद जायसवाल को गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 88,800 रुपये नगद जब्त किए गए। सभी छह आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

कुटकीपारा में तीन जुआरी पकड़े गए

इसी क्रम में थाना कवर्धा पुलिस ने ग्राम कुटकीपारा में सार्वजनिक स्थान पर ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे बीरबल साहू, करण साहू एवं रामझुल साहू को पकड़ा। पुलिस ने मौके से 4,280 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की। तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 540/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई।

अवैध शराब बिक्री और शराब पीने-पिलाने वालों पर भी शिकंजा

जुआ के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने जिले में अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

थाना कवर्धा पुलिस ने नया बस स्टैंड कवर्धा में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर विष्णु चंद्राकर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च), 1 के तहत अपराध क्रमांक 538/26 दर्ज किया।

पुलिस चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया ने ग्राम भुरकुड़ा तिराहा में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब रखने के मामले में देवपाल चंद्राकर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 391/26 दर्ज किया। आरोपी के कब्जे से 6,120 मिलीलीटर शराब, जिसकी कीमत 2,720 रुपये बताई गई है, जब्त की गई।

इसी तरह थाना पिपरिया पुलिस ने ग्राम लघान में धन्नु निषाद के पान ठेले के सामने लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत अपराध क्रमांक 392/26 दर्ज कर 100 मिलीलीटर शराब जब्त की।

थाना पंडरिया पुलिस ने ग्राम दलपी में भुरेलाल साकत की दुकान के सामने लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत अपराध क्रमांक 236/26 दर्ज कर 60 मिलीलीटर शराब जब्त की। वहीं इसी गांव में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर फुलचंद साकत के विरुद्ध धारा 36(च), 1 के तहत अपराध क्रमांक 237/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

इसके अलावा थाना बोडला अंतर्गत पुलिस चौकी पोड़ी ने ग्राम पोड़ी में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में भुरादास कोसले के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत अपराध क्रमांक 176/26 दर्ज कर 180 मिलीलीटर शराब जब्त की।

अपराधों पर अंकुश लगाने अभियान जारी

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ खेलने, अवैध शराब की बिक्री तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image