छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल नारायणी इंटरनेशनल का लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल नारायणी इंटरनेशनल का लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित

गौसिया बिरयानी सेंटर में अखाद्य रंग के इस्तेमाल पर 5 किलो रोस्टेड चिकन कराया गया नष्ट, विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

कवर्धा, 17 नवंबर 2026। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर विभागीय टीम ने विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान होटल नारायणी इंटरनेशनल के किचन में अस्वच्छ एवं अनहाइजेनिक स्थिति पाए जाने पर उसका खाद्य लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया। वहीं गौसिया बिरयानी सेंटर में खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का उपयोग पाए जाने पर 5 किलोग्राम रोस्टेड चिकन मौके पर ही नष्ट कराया गया।

नारायणी इंटरनेशनल के किचन में मिलीं स्वच्छता संबंधी खामियां

जानकारी के अनुसार 16 नवंबर को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार घृतलहरे एवं फणीभूषण जायसवाल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल नारायणी इंटरनेशनल रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की अनुसूची-4 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित किया गया। साथ ही कमियों में सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया।

निरीक्षण के दौरान होटल से एवरप्लस कॉन्टिनेंटल सॉस एवं खुले पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता का परीक्षण कराया जा सके।

गौसिया बिरयानी सेंटर में अखाद्य रंग का इस्तेमाल, चिकन कराया नष्ट

इसी क्रम में गौसिया बिरयानी सेंटर के निरीक्षण के दौरान भी स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं। विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए सूचना जारी की। यहां से मटन बिरयानी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का उपयोग पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद 5 किलोग्राम रोस्टेड चिकन का नष्टीकरण कराया। खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का इस्तेमाल खाद्य सुरक्षा मानकों के विरुद्ध है। इसे देखते हुए विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों, 15 दिवसीय सुरक्षित आहार अभियान तथा नियमित निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर की गई है। विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के पालन की जांच की जा रही है।

नियमों की अनदेखी पर आगे भी होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

Leave Your Comment

Click to reload image