छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बिजली कंपनी के दो केंद्रों में 4.30 करोड़ रुपये का गबन, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार

बिजली कंपनी के दो केंद्रों में 4.30 करोड़ रुपये का गबन, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार

रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्र में वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच हुई वित्तीय अनियमितता; बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई कंपनी की राशि, न्यायालय ने भेजा जेल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के दो विद्युत वितरण केंद्रों में करोड़ों रुपये के वित्तीय गबन का मामला सामने आया है। पिपरिया पुलिस ने रवेली एवं मरका विद्युत वितरण केंद्रों में कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की राशि का गबन करने के आरोप में कंपनी के कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वर्ष 2019-20 से 2022-23 के दौरान दोनों केंद्रों में पदस्थापना एवं प्रभार के समय कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रवेली केंद्र में 3.17 करोड़ रुपये की राशि का मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील कुमार गुप्ता, उम्र 37 वर्ष, निवासी पंडरिया एवं वर्तमान में सहायक अभियंता, उप संभाग छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पिपरिया के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने थाना पिपरिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि विद्युत वितरण कंपनी में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की रवेली विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कुल 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं किए गए। शिकायत के आधार पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 एवं 409 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मरका केंद्र में भी 1.12 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता

विवेचना के दौरान विद्युत वितरण केंद्र मरका के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी पुलिस के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में बताया गया कि आरोपी मनोज साहू द्वारा मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना एवं प्रभार के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई गई।

इस प्रकार पुलिस जांच में दोनों विद्युत वितरण केंद्रों से संबंधित कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की वित्तीय अनियमितता एवं गबन का मामला सामने आया।

पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में जांच और कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के नेतृत्व में थाना पिपरिया पुलिस ने विवेचना आगे बढ़ाई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज साहू ने गबन संबंधी कृत्य स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।

थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी एवं थाना पिपरिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराधों और वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image