छत्तीसगढ़ / धमतरी

धमतरी में औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति

धमतरी ।  कृषि प्रधान धमतरी जिले में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, प्रचुर कृषि उत्पादन और अनुकूल भौगोलिक स्थिति को देखते हुए औद्योगिक विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर तथा दुर्ग-भिलाई जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के नजदीक होने के कारण धमतरी में खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य शासन द्वारा जिले में फूड पार्क, मेगा फूड पार्क और इंडस्ट्रीयल क्लस्टरों के विकास के माध्यम से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

इसी क्रम में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज नगर पंचायत बड़ी करेली में निर्माणाधीन फूड पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं एवं चल रहे कार्यों का अवलोकन कर प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने और औद्योगिक गतिविधियों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिले में पांच इंडस्ट्रीयल क्लस्टर विकसित किए  जा रहे है। इनके माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही छाती और कचना क्षेत्र में मेगा फूड पार्क विकसित करने की दिशा में प्रस्ताव कर  भेजा गया हैं। छाती क्षेत्र में बड़े मिल की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में कृषि आधारित प्रसंस्करण उद्योगों का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।

धान उत्पादन में जिले की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राइस मिल, चावल से निर्मित प्रसंस्कृत उत्पाद, पैकेजिंग तथा धान के उप-उत्पादों पर आधारित उद्योगों की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं। इसके अलावा सब्जियों, दलहन और अन्य कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, भंडारण एवं विपणन के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। फूड पार्क के माध्यम से किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन कर उसे व्यापक बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इन औद्योगिक परियोजनाओं से किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे, वहीं स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना से परिवहन, पैकेजिंग, भंडारण और अन्य सहायक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस प्रकार फूड पार्क और इंडस्ट्रीयल क्लस्टर धमतरी जिले को कृषि आधारित औद्योगिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायक होंगे। इस अवसर पर एसडीएम कुरूद-मगरलोड  पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  रोहित बोरझा सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image