छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बनंगौरा जंगल में हाथी के हमले से महिला की मौत, वन विभाग अलर्ट; प्रभावित गांवों में बढ़ाई गई गश्त

मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता, शेष 5.75 लाख रुपये की सहायता प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलेगी; 20 से अधिक गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा। वनमंडल कवर्धा के तरेगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनंगौरा के जंगल में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, संभावित विचरण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी, व्हाट्सऐप संदेश और मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बनंगौरा निवासी बैगिन बाई (55 वर्ष), पति मनोहर, जंगल में संरक्षित वन कक्ष क्रमांक पी.एफ. 400 के अंतर्गत अपने खेत की सुरक्षा के लिए गई थीं। उनका खेत जंगल के भीतर लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। परिजनों के मुताबिक, दोपहर लगभग 3 बजे हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी थी। आशंका है कि इसी दौरान हाथी ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उपवनमंडलाधिकारी कवर्धा अभिनव केशरवानी एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी तरेगांव श्री झारिया वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, शेष 5.75 लाख रुपये की सहायता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रदान की जाएगी। इस दौरान जनपद सदस्य बोड़ला विष्णु धुर्वे एवं सामाजिक प्रमुख तिहारी राम उपस्थित रहे।

सीमावर्ती क्षेत्रों में एकल वयस्क हाथी का विचरण

वन विभाग के अनुसार, पिछले लगभग एक सप्ताह से मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे क्षेत्रों में एकल वयस्क हाथी का विचरण बना हुआ है। हाल ही में मध्यप्रदेश में भी हाथी के हमले से एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बनंगौरा की घटना में भी उसी हाथी की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

20 से अधिक गांवों में बढ़ाई गई निगरानी और गश्त

हाथियों के संभावित विचरण को देखते हुए तरेगांव वन परिक्षेत्र एवं मध्यप्रदेश वन विभाग की टीमें आपसी समन्वय से लगातार गश्त कर रही हैं। वन अमले की विशेष टीम गठित कर दिन-रात निगरानी की जा रही है, ताकि हाथी की गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वन विभाग द्वारा बनंगौरा, भुरसी पकरी, सुकझर, दलदली, दरई, कुरकी, अंधरीकछार, मुकाम, बाघमाड़ा, हड़ही, केशमर्दा, बाकी, पीपरखुटा, साजाटोला, गढ़ीदादर, सलेरीदादर, चेन्द्रदादर, धनवाही, मुरता, कोयलारी एवं मोधियातपथरा सहित आसपास के वन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मुनादी और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक

वन विभाग स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायतों के सरपंचों के सहयोग से ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की समझाइश दे रहा है। प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है। इसके अलावा व्हाट्सऐप समूहों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

जंगल में जाने और खेतों की रखवाली करने से बचने की अपील

वनमंडला अधिकारी कबीरधाम निखिल अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की संभावित उपस्थिति वाले जंगलों में प्रवेश न करें तथा खेतों की रखवाली के लिए अकेले जाने से बचें। विशेषकर रात्रि के समय जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें। हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, भीड़ लगाने, फोटो-वीडियो बनाने अथवा उसे भगाने और खदेड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें।

हाथी की मौजूदगी या उसकी गतिविधियों की जानकारी तत्काल निकटतम वन अधिकारी अथवा वन कर्मचारी को दें। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा वन अमले द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मानव-हाथी द्वंद्व की आशंका को कम करने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image