छत्तीसगढ़ / धमतरी

धान खरीदी के साथ रकबा समर्पण में भी किसानों की सहभागिता, अब तक 3.55 लाख क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन

धमतरी । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप पंजीकृत किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा पारदर्शी उपार्जन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए कुल 1,31,491 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनमें 77,603 सीमांत, 51,493 लघु तथा 2,395 दीर्घ कृषक शामिल हैं। अब तक 10,196 किसानों द्वारा धान का विक्रय किया जा चुका है। इनमें 6,236 सीमांत, 3,721 लघु और 239 दीर्घ कृषक शामिल हैं। वहीं, धान विक्रय के लिए अभी 1,21,295 किसान शेष हैं।

4,403 किसानों ने किया 209.87 हेक्टेयर रकबे का समर्पण

धान खरीदी व्यवस्था के अंतर्गत किसानों द्वारा रकबा समर्पण की प्रक्रिया में भी सहभागिता की जा रही है। उपलब्ध अद्यतन जानकारी के अनुसार अब तक 4,403 किसानों द्वारा कुल 209.87 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है। रकबा समर्पण की व्यवस्था से वास्तविक कृषि क्षेत्र के अनुरूप धान खरीदी का नियोजन करने तथा उपार्जन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलती है।

अब तक 3,55,257.60 क्विंटल धान की खरीदी

जिले के धान उपार्जन केंद्रों में 27 नवंबर तक कुल 3,55,257.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 2,73,670.40 क्विंटल मोटा धान, 40,306.40 क्विंटल पतला धान तथा 41,280.80 क्विंटल सरना धान शामिल है।

शनिवार एवं रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण 28 एवं 29 नवंबर को धान खरीदी नहीं होगी। आगामी 30 नवंबर को धान खरीदी का कार्य पुनः प्रारंभ होगा। इसके लिए किसानों को कुल 1,912 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 7,725.08 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जाना प्रस्तावित है।

 
 
 
 
 
 
 
 

 

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, टोकन व्यवस्था के सुचारू संचालन, उपार्जित धान के सुरक्षित रखरखाव तथा खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार अपने धान का विक्रय करें तथा खरीदी केंद्रों में सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave Your Comment

Click to reload image