स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 52 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति का अवसर
उत्तर बस्तर कांकेर । जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त पदों पर संविदा भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 52 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। राज्य स्तर पर आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त होने के बाद जिले में दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तर से कांकेर जिले के लिए कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में चयनित 75 अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त हुई थी। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की कार्यवाही 25 नवंबर को शहीद रामकुमार यादव शासकीय विद्यालय, कांकेर में ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। सत्यापन के लिए आमंत्रित 75 अभ्यर्थियों में से 54 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। दस्तावेजों की जांच के दौरान 52 अभ्यर्थी पात्र तथा 02 अभ्यर्थी अपात्र पाए गए। इसके पश्चात लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 27 नवंबर 2026 को काउंसलिंग की प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची, विषयवार उपलब्ध रिक्त पदों एवं अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत विद्यालय चयन संबंधी सहमति के आधार पर पदस्थापना की कार्यवाही पूर्ण की गई। काउंसलिंग उपरांत सभी 52 पात्र अभ्यर्थियों को संबंधित विद्यालयों में पदस्थापना हेतु नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। नियुक्ति प्राप्त अभ्यर्थियों को 04 दिसंबर 2026 तक संबंधित विद्यालयों में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण करने से विद्यालयों में रिक्त संविदा पदों की पूर्ति होगी तथा शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहायता मिलेगी।