छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बाल विवाह के खिलाफ समनापुर में उठी जागरूकता की आवाज, ग्रामीणों ने लिया बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प

विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों को दिलाई गई शपथ, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन अनिवार्य करने पर जोर

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा– बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के साथ अन्याय, इसे रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल 1098 पर दें सूचना

कवर्धा- बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत समनापुर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त समाज एवं बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच ने उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के आदेशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी आनन्द तिवारी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष ग्राम सभा में बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों, सामाजिक दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने ग्रामीणों को बताया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा किसी भी रूप में शामिल होने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।

बाल विवाह रोकने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी : जिला कार्यक्रम अधिकारी

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आनन्द तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास प्रभावित होता है। विशेषकर बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और सामाजिक संगठनों को आगे आना होगा।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव में किसी भी नाबालिग का विवाह न होने दें और विवाह तय करने से पहले वर-वधू की आयु का अनिवार्य रूप से सत्यापन करें। पंचायत स्तर पर विवाह पंजी का संधारण किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दी जाए। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सामूहिक सहभागिता और समय पर सूचना के माध्यम से ही बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त कर बच्चों को बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।

विवाह से पहले आयु सत्यापन और गांव में मुनादी कराने पर जोर

विशेष ग्राम सभा में ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह पंजी संधारित करने, विवाह से पहले वर-वधू की आयु का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए कोटवार के माध्यम से गांव में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को समझाया गया कि कम उम्र में विवाह बच्चों की शिक्षा बाधित करने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास और भविष्य के अवसर प्रभावित होते हैं।

ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में बाल विवाह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं होने वाली ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया गया।

स्कूली विद्यार्थियों को भी किया गया जागरूक

अभियान को गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत में दीवार लेखन और कोटवार के माध्यम से मुनादी कर व्यापक जनजागरूकता लाने पर जोर दिया गया। साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को भी बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिव, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सहभागिता रही। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बाल विवाह को रोका जा सके।

बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक परिवार बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दे। समनापुर की विशेष ग्राम सभा इसी दिशा में सामूहिक जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुई।

Leave Your Comment

Click to reload image