छत्तीसगढ़ / मुंगेली

मुंगेली जिले के 7 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में 59 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी

मुंगेली - छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर के आदेशानुसार प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत मुंगेली जिले के 7 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त 82 पदों के लिए खुली काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं मेरिट क्रम के अनुसार संपन्न की गई तथा संपूर्ण काउंसलिंग प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कलेक्टर एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष  अमृत विकास टोपनो के अनुमोदन से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत राज्य कार्यालय से कुल 81 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। दिनांक 25 नवंबर 2026 को अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 01 अभ्यर्थी डीएलएड पूर्ण नहीं होने के कारण अपात्र पाया गया, 20 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन में अनुपस्थित रहे तथा 01 अभ्यर्थी पूर्व से ही स्वीकृत (Already Approved) था। इस प्रकार कुल 59 अभ्यर्थी पात्र पाए गए।
दिनांक 27 नवंबर 2026 को पात्र अभ्यर्थियों की खुली काउंसलिंग आयोजित की गई, जिसमें 56 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 03 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। काउंसलिंग के दौरान विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची प्रोजेक्टर के माध्यम से सभी उपस्थित अभ्यर्थियों के समक्ष प्रदर्शित की गई। अभ्यर्थियों को मेरिट क्रम के अनुसार अपनी पसंद के विद्यालय का चयन करने का अवसर प्रदान किया गया तथा उनके द्वारा चयनित विद्यालय के संबंध में सहमति पत्र प्राप्त किया गया।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु काउंसलिंग एवं विद्यालय चयन की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि प्रक्रिया का समुचित अभिलेखीकरण हो सके तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वास कायम रहे। काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात चयनित अभ्यर्थियों की सूची कलेक्टर से अनुमोदित कराई गई। पात्र सभी 59 अभ्यर्थियों का नियुक्ति आदेश जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया। इसके उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा काउंसलिंग में उपस्थित सभी 56 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्देशित किया कि वे दिनांक 04 दिसंबर 2026 तक आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मोहन लाल पटेल, प्राचार्य  जे.एस. ध्रुव, सहायक सांख्यिकी अधिकारी  मेघनाथ कोसरिया, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दाऊपारा की प्राचार्य श्रीमती लीला श्रीवास्तव,  राहुल वर्मा,  अजय निर्मलकर,  चन्द्रकांत देवांगन,  दीपक गुप्ता एवं सेजेस खण्ड प्रभारी  पूनम प्रसाद शर्मा उपस्थित रहे। संपूर्ण प्रक्रिया के सफल संचालन में व्याख्याता सुरजीत सिंह टण्डन का विशेष सहयोग रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image