देश-विदेश

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: थलपति विजय टीवीके की ओर से सीएम उम्मीदवार घोषित

 चेन्नई । तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्त्री कझगम (TVK) पार्टी के प्रमुख थलपति विजय को पार्टी ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने उन्हें गठबंधन से जुड़े अंतिम निर्णय लेने का अधिकार भी सौंपा है।

यह फैसला बुधवार को महाबलीपुरम के एक निजी होटल में आयोजित टीवीके की विशेष महासभा की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में विजय अपने ट्रेडमार्क सफेद शर्ट और हल्की दाढ़ी वाले लुक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी, और मतदाता सूची की विशेष संशोधन प्रक्रिया (SIR) जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल रहे।

करूर हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत करूर रैली में हुए स्टांपेड हादसे में मारे गए 41 लोगों को श्रद्धांजलि देने से हुई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को याद किया। एक प्रस्ताव में पार्टी आयोजनों के दौरान विजय और जनता के लिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा की मांग भी की गई।

रणनीतिक फैसले सही समय पर : विजय
विजय ने महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक माहौल पार्टी के पक्ष में है, इसलिए आगामी चुनावों को लेकर सभी रणनीतिक निर्णय सही समय पर लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि टीवीके पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। हाल के महीनों में विजय राज्य की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार की नीतियों पर खुलकर हमला करते रहे हैं, और राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image