RSS प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे वृंदावन, संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
वृंदावन। आरएसएस के तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत वृंदावन पहुंच गए हैं। मोहन भागवत यहां सात दिनों तक वृंदावन में रहेंगे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सहित लगभग 40 केंद्रीय पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां छोटी बैठकों का दौरा कल से शुरू होगा, जबकि मुख्य बैठक 6 जनवरी से 8 जनवरी तक चलेगी।
RSS की होनी है बैठक
दरअसल, RSS की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक वृंदावन के केशव धाम में प्रारंभ हो रही है। यह बैठक 6 जनवरी से 8 जनवरी तक चलेगी। इस बैठक से पहले टोली बैठकों का दौर सोमवार से शुरू हो जाएगा। बता दें कि हर साल जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक होती है। इसमें जिन संगठनों पर विशेष चर्चा की जानी होती है उन संगठनों के प्रतिनिधियों को इस बैठक में बुलाया जाता है।
संघ के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल
इस बैठक में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सहित संघ के लगभग 40 प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। मोहन भागवत के अलावा, संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होशबाले, 6 सह सरकार्यवाह सहित लगभग 40 केंद्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
संघ से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं के ऊपर अत्याचार, सहकार क्षेत्र और शिक्षा क्षेत्र के संबंध में भी चर्चा की जाएगी। बंगाल के चुनाव के संबंध में भी चर्चा होने की संभावना बताई जा रही है।
सुदामा कुटी आश्रम जाएंगे मोहन भागवत
9 जनवरी को संघ प्रमुख मोहन भागवत चंद्रोदय मंदिर जाएंगे। वहां पर वह ठाकुर जी के दर्शन, गौशाला और रसोई देखने के बाद पदाधिकारी से चर्चा भी करेंगे। इसके बाद नाभापीठ सुदामा कुटी का शताब्दी समारोह भी 10 जनवरी से 21 जनवरी तक आयोजित किया गया है।
10 जनवरी को संघ प्रमुख मोहन भागवत सुदामा कुटी आश्रम में इसके उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस उत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की भी संभावना है।