रायसेन के सांची में सनसनी, तीन बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी का तलवार से काटा हाथ; भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत
प्रतिनिधि, रायसेन। जिले के सांची थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम मेढ़की के पास शनिवार रात 9 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी को घेरकर तलवार से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर से रूप से घायल हो गया साथ ही एक हाथ की हथेली अलग हो गई। इलाज के लिए भोपाल ले जाते समय रास्ते में व्यापारी की मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मेढ़की निवासी हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी उम्र 26 सलामतपुर चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद तलवारों से हमला कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने रास्ते में राकेश को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।
व्यापारी ने रास्ते में तोड़ा दम
राकेश को गंभीर हालत में भोपाल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस परिजनों से कर रही पूछताछ
राकेश लोधी की शादी इसी साल 12 मई को सालेरा निवासी वंदना लोधी से हुई थी। पुलिस पारिवारिक और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि राकेश बचपन से ही मेढ़की में अपने मामा के घर रहकर बड़ा हुआ था। उसकी मां ने मेहनत कर उसके लिए हार्डवेयर की दुकान शुरू कराई थी। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है।