मेलोनी के नाम इटली की सबसे लंबे समय तक पीएम रहने की उपलब्धि
रोम।
जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली सरकार इटली गणराज्य के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है। उसने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी सरकार अब तक 1,413 दिन पूरे कर चुकी है। इस उपलब्धि पर मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर खुशी जताई और इसे आभार तथा जिम्मेदारी की भावना के साथ स्वीकार किया।
उन्होंने लिखा, आज हमारी सरकार इटालियन गणराज्य के इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है। मैं इस तथ्य का स्वागत आभार और बड़ी जिम्मेदारी के साथ करती हूं। क्योंकि स्थिरता कोई ऐसा रिकॉर्ड नहीं है जिसे दिखाया जाए, बल्कि यह वह आधार है जो किसी देश को योजना बनाने, फैसले लेने, अपने वादे निभाने और सम्मान हासिल करने में मदद करता है।
मेलोनी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को समर्थन देने, सुरक्षा मजबूत करने, सरकारी वित्त को जिम्मेदारी से संभालने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली की साख और प्रभाव को बढ़ाने के लिए काम किया है।उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को अच्छे नतीजे मिले हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "यह स्थिरता किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि उस एकजुट गठबंधन का परिणाम है जिसने चार वर्षों तक एक साझा दृष्टिकोण के साथ शासन किया। हमारा यह साथ किसी के विरोध में नहीं, बल्कि इटली के विकास की योजना को पूरा करने के लिए था। मुझे नहीं लगता कि यह कोई संयोग है कि आज गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकाल वाली तीनों सरकारें मध्य-दक्षिणपंथी (सेंटर-राइट) गठबंधन की रही हैं।