देश-विदेश

झूठ की गूंज को हरायेगा सचः मोदी

 वडोदरा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत लोगों और सामान की आवाजाही को तेज करने, नए आर्थिक अवसर पैदा करने और विकास को गति देने के लिए अपने बुनियादी ढांचे को तेजी से मजबूत कर रहा है जबकि विपक्ष सरकार के बारे में देश में झूठ फैलाने में लगा है।

श्री मोदी ने किसी का नाम लिये बिना कहा कि 'झूठ की गूंज को सच के सामने हार मिलेगी'। वह विभिन्न क्षेत्रों में विकास की 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। वडोदरा का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के लिए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला करने का मंच भी बन गया। 

श्री मोदी ने उन लोगों पर निशाना साधा, जो उनके अनुसार देश की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने फिर से 'नाराज़ फूफा' वाली टिप्पणी दोहराई और कहा कि कुछ लोग देश की उपलब्धियों के बावजूद लगातार असंतुष्ट रहते हैं।

वडोदरा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय (एमएसयू) के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा 'नमो फॉर विकसित भारत' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का बुनियादी ढांचे पर जोर विकसित भारत की नींव तैयार करने के उद्देश्य से है। इस कार्यक्रम में एक ही मंच पर युवाओं के साथ संवाद और प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा और नागरिक शामिल हुए।

 
 
 
 
 
 

श्री मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक विरोधी भारत के विकास से खुश होने में असमर्थ नजर आते हैं और लगभग हर मुद्दे पर शिकायत करते रहते हैं। परिवार में किसी समारोह के दौरान नाराज रहने वाले रिश्तेदार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष 'नाराज फूफा' की तरह व्यवहार कर रहा है, जो दूसरों की खुशियों और प्रगति के बीच भी असंतुष्ट रहता है।

 
 
 
 
 
 

श्री मोदी ने भारत की उपलब्धियों के बारे में उनके अनुसार 'झूठ की गूंज' पैदा करने की कोशिशों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, युवाओं का सच, झूठ की गूंज को हरा देगा। मोदी ने जोर देकर कहा कि युवा भारतीय अंततः तथ्यों और गलत सूचनाओं के बीच अंतर समझ पाएंगे। उल्लेखनीय है कि विपक्ष के नेता -छात्रों की गूंज नाम से जगह जगह सभाएं कर रहे हैं।

 
 
 
 
 
 

प्रधानमंत्री ने कहा, झूठ की गूंज युवाओं को गुमराह नहीं कर सकती, और आगे कहा कि सच की जीत होगी। मोदी की ये टिप्पणियां खास तौर पर उन प्रयासों के खिलाफ थीं, जिनमें भारत की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार और वास्तविकता को कमतर दिखाने की कोशिशें की गयी हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी बार-बार किए जाने वाले उन दावों से गुमराह नहीं होगी, जिनमें देश की प्रगति को महज दिखावा बताया जाता है।

 

 

उन्होंने कहा, भारत इस समय चिप (माइक्रो चिप) से लेकर शिप (समुद्री पोत) तक, विनिर्माण की एक नयी गाथा लिख रहा है। श्री मोदी ने कहा, हम भारत के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहे हैं, ताकि लोगों और सामान को तेजी से पहुंचाया जा सके, नए अवसर पैदा हों और आर्थिक विकास को गति मिले। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क विनिर्माण, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image