देश-विदेश

कमर्शियल LPG सिलेंडर 62.50 रुपए महंगा, ATF में भी 16 रुपए की बढ़ोतरी

 नई दिल्ली । अक्टूबर की शुरुआत में महंगाई का असर कमर्शियल ईंधन पर पड़ा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। दिल्ली में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,810 रुपए का हो गया है। सितंबर में भी इसकी कीमत में 9.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी।

जुलाई-अगस्त में मिली थी राहत
कमर्शियल एलपीजी के दामों में जुलाई और अगस्त में कटौती की गई थी। जुलाई में सिलेंडर 183.50 रुपए और अगस्त में 192 रुपए सस्ता हुआ था। इसके बाद सितंबर में 9.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई और अब अक्टूबर में एक बार फिर कीमत बढ़ाई गई है। नई दरें अंतरराष्ट्रीय एलपीजी बेंचमार्क कीमतों और रुपये-डॉलर विनिमय दर में बदलाव को ध्यान में रखकर तय की गई हैं।

घरेलू LPG की कीमत में बदलाव नहीं
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि 14.2 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपए पर स्थिर है।

ATF भी हुआ महंगा
इसके साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में भी 16 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF अब 121 रुपए से बढ़कर 137 रुपए प्रति लीटर हो गया है। सितंबर में भी ATF के दाम 6.28 रुपए प्रति लीटर और अगस्त में 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए गए थे।

ATF किसी एयरलाइन की परिचालन लागत में बड़ा हिस्सा रखता है। ऐसे में ईंधन की कीमत में बदलाव का असर एयरलाइंस के संचालन खर्च पर पड़ सकता है।

हर महीने की पहली तारीख को होता है संशोधन
LPG और ATF की कीमतों में आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय कर और अन्य शुल्क के कारण कीमतें अलग हो सकती हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई नया बदलाव नहीं किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image