जैसे-जैसे आईपीएल का खुमार बढ़ रहा है और एक के बाद एक लगातार मैच होते जा रहे हैं
प्रियांश का कमाल!
- एकान्त प्रिय चौहान
जैसे-जैसे आईपीएल का खुमार बढ़ रहा है और एक के बाद एक लगातार मैच होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे कई करिश्माई प्रतिभाएं भी सामने आ रही है। आईपीएल की शुरूआत 22 मार्च को हुई थी, जिसमें 2024 के आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 7 विकेट से हराया दिया था। वहीं दूसरे मैच में हैदराबाद ने शानदार 286 रनों की पारी खेली। लेकिन उसके बाद अब तक आईपीएल के 22 मैच हो चुके हैं और 9 बार ही टीमों ने 200 रनों का आंकड़ा पार किया है। वैसे उम्मीद की जा रही थी कि इस बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी टीमें फिर से कमाल दिखाएंगी, लेकिन मुंबई, चेन्नई, राजस्थान और हैदराबाद की टीमें तो इस बार एकदम नीचे क्रम में जा पहुंची है।
फिलहाल, हम बात करते हैं आईपीएल-2025 के 22वें नंबर के मैच की, जिसमें किंग्स इलेवन पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 18 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो रहे 24 साल के प्रियांश आर्य ने। जिन्होंने पंजाब की ओर से खेलते हुए 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 42 बाल में ही 103 रन बना डाले। प्रियांश ने अपना शतक 39वें गेंद पर पूरा किया। पूरे मैच के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा प्रियांश की होती रही। उन्होंने मैच की पहली ही बॉल पर धमाकेदार छक्का जड़ दिया। ये आईपीएल में चौथी बार था, जब किसी बल्लेबाज ने मैच की पहली ही बॉल पर सिक्स लगाया हो। इससे पहले की बात की जाए तो साल 2009 के आईपीएल में केकेआर के खिलाफ खेलते हुए नमन ओझा ने मैच की पहली ही बॉल पर सिक्स लगाया था। इसके बाद ये नजारा सीधे 2019 में ही दिखाई दिया। विराट कोहली ने बेंगलुरु में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच की पहली बॉल पर सिक्स ठोक दिया था। साल 2014 यानी पिछले साल मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए फिल साल्ट ने भी यही काम किया था। अब इस खास लिस्ट में प्रियांश आर्या का भी नाम जुड़ गया है।
6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर मचाया था तहलका
ये वही प्रियांश हैं, जिन्होंने पिछले साल दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के लिए खेलते हुए एक मैच में एक ओवर में 6 छक्के जड़ते हुए तहलका मचा दिया था।
कई टीमों में मची थी होड़, पर पंजाब ने मारी बाजी
मेगा ऑक्शन के दौरान प्रियांश आर्य को लेकर कई टीमों में होड़ मची थी, लेकिन आखिकर पंजाब किंग्स ने 3.80 करोड़ की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। और मैच में प्रियांश ने अपने दमदार खेल से आईपीएल में सनसनी मचा दी।
एक मैच और प्रियांश के नाम दर्ज हुए कई रिकॉर्ड
प्रियांश आईपीएल 2025 में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं, उनसे पहले हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने नाबाद 106 रनों की पारी खेली थी। प्रियांश आर्य ने 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है, जिससे उन्होंने किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा दूसरा सबसे तेज शतक बना डाला है। भारतीयों की सूची में सबसे आगे युसुफ पठान हैं, जिन्होंने साल 2010 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 37 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी। 24 वर्षीय प्रियांश आर्य ने पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया है। इससे पहले डेविड मिलर ने 2013 में 38 बॉल में शतक पूरा किया था।
सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले अनकैप्ड प्लेयर
प्रियांश आर्य इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले अनकैप्ड प्लेयर बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड रजत पाटीदार के नाम था, जिन्होंने 2022 में 49 गेंदों में शतक पूरा किया था जबकि प्रियांश ने 39 बॉल में ही यह कारनामा कर दिखाया है। वो आईपीएल में शतक लगाने वाले कुल 8वें अनकैप्ड प्लेयर बने हैं। प्रियांश ने आईपीएल इतिहास का पांचवां सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सबसे तेज शतक क्रिस गेल ने लगाया था, जिन्होंने 30 गेंद में सेंचुरी पूरी कर ली थी. उसके बाद युसुफ पठान (37 बॉल), डेविड मिलर (38 बॉल), ट्रेविस हेड (39) बॉल और अब प्रियांश आर्य ने भी 39 गेंद में शतक लगाया है।
कर ली ट्रेविस हेड की बराबरी
डेविड मिलर ने साल 2013 में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ 38 बॉल पर आईपीएल शतक लगाया था। इसके बाद नाम आता है ट्रेविस हेड का, जिन्होंने साल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ 39 बॉल पर शतक लगाया था। अब प्रियांश आर्य ने सीएसके के खिलाफ 39 बॉल पर शतक लगा दिया है।
मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले चौथे बल्लेबाज
प्रियांश आर्य ने चेन्नई के खिलाफ मैच की पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया था। वो आईपीएल इतिहास में किसी मैच की पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं. उनसे पहले नमन ओझा (2009), विराट कोहली (2019), फिल साल्ट (2024) ने भी यही कारनामा किया था।