वनडे की वो अद्भुत पारी, जिसने रोहित शर्मा को हिटमैन बना दिया, अटूट है उनका यह विश्व रिकॉर्ड!
नई दिल्ली: नवंबर 13, 2014 - एक ऐसा दिन है जिससे हर भारतीय क्रिकेट फैन की खास यादे जुड़ी हैं। दरअसल, भारत के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक, रोहित शर्मा ने कोलकाता के एडन गार्डन्स में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली थी। यह वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है और सच कहूं तो इतने सालों बाद भी यह संभव नहीं लगता। उस दिन रोहित शर्मा एक अलग ही लेवल पर थे। उन्होंने धीमी शुरुआत की थी, अपना समय लिया और फिर अचानक से उन्होंने पूरा बीस्ट मोड चालू कर दिया। श्रीलंकाई गेंदबाजों पर चौके और छक्के की बारिश होने लगी।
173 गेंदों में ठोके थे 264 रन
उनका हर शॉट जादू जैसा लग रहा था, चाहे वह उनके तेज कट, मजबूत पुल, या उनके लॉफ्टिड ड्राइव हों। उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के लगाते हुए महज 173 गेंदों में अपना ऐतिहासिक 264 रन का स्कोर बनाया। रोहित को यह कारनामा किए आज पूरे 10 साल हो गए हैं। लेकिन अब तक वनडे में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड उनका कोई तोड़ नहीं पाया। रोहित वनडे में सबसे ज्यादा 3 दोहरे शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। रोहित को उनकी इस पारी के बाद से 'हिटमैन' कहा जाने लगा था।
श्रीलंका ने रोहित से छुटकारा पाने के लिए सब कुछ आजमाया। लेकिन कुछ काम नहीं आया। रोहित शर्मा ने हर एक श्रीलंकाई गेंदबाज की जमकर धुनाई की थी। हिटमैन के शॉट्स का विरोधी टीम के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। रोहित की इस आतिशी पारी के दम पर भारत ने 404/5 का विशाल स्कोर बनाया। टीम इंडिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।
153 रन से श्रीलंका ने गंवाया था मैच
405 रन के विशाल टारगेट को चेज करना कोई आसान काम नहीं था। आज की डेट में भी इतने बड़े स्कोर वनडे में कम बनते हैं। इस विशाल टोटल का श्रीलंका पर शुरुआत से ही दबाव था, जिसका नतीजा यह हुआ कि मेहमान टीम 43.1 ओवर में 251 रनों पर ऑल आउट हो गई और 153 रन से भारत ने मैच जीत लिया। टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट उस मुकाबले में धवल कुलकर्णी ने लिए थे।