खेल

हार्दिक पांड्या ने बाबर आजम का उड़ाया मजाक, देखता रह गया पाकिस्तानी बल्लेबाज

नई दिल्ली। बाबर आजम और इमाम उल हक ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के मैच में पाकिस्तान को सधी हुई शुरुआत दिलाई थी। हालांकि ये शुरुआत एक बड़ी साझेदारी में बदल नहीं सकी और इसका कारण रहे हार्दिक पांड्या। पांड्या ने बाबर आजम को आउट किया और फिर उन्हें चिढ़ाया भी।

पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। चोटिल फखर जमां की जगह इमाम उल हक को मौका दिया।

पांड्या ने दिलाई विकेट

इमाम और बाबर ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। ये साझेदारी पनपती दिख रही थी। फिर पांड्या ने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर बाबर आजम को आउट कर दिया। पांड्या की गेंद बाहर निकली और बाबर के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों में चली गई। इसी के साथ भारत को पहला विकेट मिला।

आउट करने के बाद पांड्या ने बाबर आजम को अलविदा कहा और वह सिर्फ देखते रह गए। पांड्या ने बड़े एटिट्यूड के साथ बाबर को बाय-बाय कहा। ये देख बाबर को गुस्सा तो आया, लेकिन वह सिर्फ देखते रह गए और चुपचाप सिर झुकाए पवेलियन लौट गए। बाबर ने 26 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 23 रन बनाए।

इमाम भी सस्ते में आउट

इमाम की बल्लेबाजी भी कुछ खास चल नहीं रही थी। उनपर दबाव था और इसी कारण वह जल्दबाजी में गलती कर बैठे। उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर रन लेने की कोशिश की और गेंद को मिडऑन की तरफ खेलते हुए भाग दिए। वहां खड़े अक्षर पटेल ने शानदार काम किया और सीधा थ्रो स्टम्प पर मार दिया। इसी के साथ इमाम भी पवेलियन लौट लिए। इमाम ने 26 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 10 रन बनाए।

इसके बाद रिजवान और सउद शकील ने टीम को संभाला, लेकिन वह तेजी से रन नहीं बना सके। इन दोनों पर भारतीयी गेंदबाजों ने शिकंजा कसा और हाथ खोलने नहीं दिए। 

Leave Your Comment

Click to reload image