खेल

IND vs AUS: अश्विन की बात मानकर Varun Chakravarthy ने किया Travis Head का शिकार, काम कर गया अन्ना का प्लान

नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जब चैंपियंस ट्रॉफी-2025 में सेमीफाइनल की भिड़ंत तय हुई थी तब सभी के मन में डर था। डर ट्रेविस हेड नाम के दानव का। दानव भावनात्मक लिहाज से कहना ठीक ही होगा क्योंकि इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने भारत को दो बार विश्व चैंपियन बनने से रोका। हालांकि, इस बार हेड का दांव चला नहीं। कारण है रविचंद्रन अश्विन का मास्टर प्लान जो रोहित शर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने फॉलो किया भारत को राहत दी।

हेड अपने पैर जमाते दिख रहे थे। ऐसे में रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती को बुलाया और फिर जो हुआ उसने करोड़ों भारतवासियों के चेहरे पर रौनक बिखेर दी। जो भी मैच देख रहा था वो खुशी मनाए बिना नहीं रह पाया।

काम कर गया अश्विन का मास्टर प्लान

वरुण को रोहित ने नौवें ओवर में गेंद दी। ओवर की दूसरी ही गेंद पर हेड ने वरुण पर बड़ा शॉट मारने का प्रयास किया। गेंद हेड के बल्ले पर चढ़ी नहीं और ऊपरी किनारा लेकर हवा में गई। अब जो करना था वो भारत के उप-कप्तान शुभमन गिल को करना था। गिल जानते थे कि ये बहुत बड़ा विकेट है और इसलिए उन्होंने कोई गलती नहीं गिल ने कैच पकड़ा और इधर करोड़ों भारतवासियों के चेहर पर हंसी बिखेर दी।

वरुण ने जिस तरह से हेड को आउट किया वो प्लान अश्विन ने एक दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर बता दिया था। ठीका वैसा ही हुआ। अश्विन ने कहा था, "नई गेंद वरुण को दें और उनसे हेड को ओवर द स्टम्पस गेंदबाजी करने को कहें। हेड अपने तीनों स्टम्प दिखाते हैं और फिर पैर निकालते हुए फील्ड के ऊपर से शॉट मारने की कोशिश करते हैं। नई गेंद से वरुण भारत को फायदा पहुंचा सकते हैं। ये शानदार प्रतिद्वंद्विता होगी।"

वरुण ने ऐसा ही किया। उन्होंने ओवर द स्टम्प गेंद फेंकी और फिर हेड ने पावरप्ले के रहते ऊपर से मारने की कोशिश की। नतीजा ये रहा कि गिल के हाथों में कैच चला गया और भारत को राहत मिली। हेड का स्कोर रहा 33 गेंद 39 रन पांच चौके और दो छक्के।

आईसीसी इवेंट में हैं काल

हेड भारत के लिए काल हैं। उन्होंने 2023 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत के खिलाफ शतक जमाया था और उससे विश्व चैंपियन बनने मौका छीना था। उस मैच में हेड ने 163 रनों की पारी खेली। वनडे वर्ल्ड कप-2023 के फाइनल में भी हेड ने भारत के खिलाफ शतक जमाया था और उसे विश्व विजेता बनने से रोका था।

Leave Your Comment

Click to reload image