खेल

WPL 2025: अमेलिया केर और हेली मैथ्यूज का दमदार प्रदर्शन, मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के करीब; यूपी की कहानी खत्म

नई दिल्ली। WPL 2025 के 16वें मैच में मुंबई इंडियंस का मुकाबला यूपी वॉरियर्स से हुआ। दोनों टीमें 6 मार्च को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने हुईं और मुंबई इंडियंस ने आसान जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस के लिए अमेलिया केर और हेली मैथ्यूज ने उम्दा प्रदर्शन किया।

यूपी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मैच की शुरुआत की। जार्जिया वॉल (55) के शानदार अर्धशतक, ग्रेस हैरिस (28) और कप्तान दीप्ति शर्मा (27) जुझारू पारी की बदौलत मेजबान टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर किसी तरह 150 का आंकड़ा पाने में सफल रही।

अमेलिया केर ने लिए पांच विकेट

मुंबई इंडियंस की ओर से अमेलिया केर ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए। हेले मैथ्यूज ने दो विकेट लिए, जबकि नैट साइवर-ब्रंट और परुनिका सिसोदिया ने भी एक-एक विकेट लिया। मुंबई इंडियंस ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए यूपी को कम स्कोर पर रोक दिया।

हेली मैथ्यूज ने जड़ा अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने हेली मैथ्यूज और अमेलिया केर के साथ पारी की शुरुआत की। केर के 10 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद, मैथ्यूज और नैट साइवर-ब्रंट ने मुंबई इंडियंस की जीत सुनिश्चित की। मैथ्यूज ने 46 गेंद में 68 रन बनाए, जबकि नैट साइवर-ब्रंट ने 37 रन बनाए।

प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर यूपी

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम के लिए ये दोनों पारियां अहम साबित हुईं और उन्होंने छह विकेट से आसान जीत दर्ज की। यूपी वॉरियर्स को शुरू से ही दबाव में रखा गया और केर का जादू टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। वॉरियर्स को इस सीजन की 5वीं हार का सामना करना पड़ा और वे WPL प्वाइंट्स टेबल में अंतिम स्थान पर बने हुए हैं। वह प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है।

दूसरे स्थान पर पहुंची मुंबई इंडियंस

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने इस सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की और प्वाइट्स टेबल में गुजरात जायंट्स को पीछे छोड़ दिया और अब दूसरे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें यूपी वॉरियर्स से आसानी से आगे निकलने में मदद की और अब टीम आने वाले मैचों में अपने प्रदर्शन को जारी रखने की उम्मीद करेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image