देश-विदेश
बेकाबू डंपर ने कई लोगों को कुचला, 2 की मौत
प्रतापगढ़ । यूपी के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ- वाराणसी हाइवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बेकाबू डंपर की टक्कर से दुकान पर समान ले रहे दो राहगीर की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे से बाजार में अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रानीगंज कोतवाली के दरियापुर पावर हाउस के पास बेकाबू डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई जबकि ई रिक्शा में टक्कर के बाद पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है छत्तीसगढ़ सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ सरकार ने नैसकॉम के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, कौशल विकास में निवेश बढ़ेगा
नई दिल्ली, 26 मार्च 2025 - छत्तीसगढ़ जल्द ही आईटी और टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभरेगा। छत्तीसगढ़ सरकार और नैसकॉम के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) संपन्न हुआ है, जिससे छत्तीसगढ़ में कौशल विकास में निवेश बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में नैसकॉम के उपाध्यक्ष श्रीकांत श्रीनिवासन व अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात की और राज्य की कौशल विकास के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि रायपुर देश का ऐसा प्रमुख शहर है, जहां आईआईटी, एनआईटी, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हैं, जो उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल युवा तैयार कर रहे हैं।
नया रायपुर को आईटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां कई आईटी कंपनियों ने अपना कार्य प्रारंभ कर दिया है। सरकार बेंगलुरु और हैदराबाद की तर्ज पर नया रायपुर को एक प्रमुख टेक हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत आईटी और स्टार्टअप्स को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्किलिंग प्रोग्राम के माध्यम से कॉलेज के विद्यार्थियों को उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि अभी तक 4 लाख 40 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जो राज्य की औद्योगिक नीति की सफलता को दर्शाता है। इस बैठक के दौरान दिल्ली, मुंबई और रायपुर में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट में मिले सकारात्मक प्रतिक्रिया पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले आईईएसए अध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को लेकर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 26 मार्च 2025- बेंगलुरू में आयोजित इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (IESA) के अध्यक्ष अशोक चंडक सहित अन्य प्रतिनिधियों ने राउंड टेबल बैठक में हिस्सा लिया। जहां मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार की उद्योग नीति, निवेश अनुकूल वातावरण और बुनियादी ढांचे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं चला रही है, जिससे इस क्षेत्र में बड़े निवेश के अवसर खुल रहे हैं।
आईईएसए अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को लेकर रुचि जताई और इस क्षेत्र में संभावित निवेश को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।
बैठक में इंडस्ट्रियल क्लस्टर, स्किल डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
यह बैठक छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वच्छ ऊर्जा के सफर में बढ़ते हुए एनर्जी स्टोरेज प्रोडक्ट्स लॉन्च
मार्च, 2025: भारत में सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों का तेज़ी से विस्तार हो रहा है, लेकिन इनका पूरा लाभ तभी संभव है, जब हमारे पास इनका कुशल भंडारण करने की तकनीक भी हो। यही कारण है कि उन्नत बैटरी स्टोरेज सिस्टम और स्मार्ट एनर्जी सॉल्यूशंस अब सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि एक आवश्यकता बन गए हैं। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा नवाचार में अग्रणी प्योर ने आज प्योर पॉवर (PuREPower) प्रोडक्ट्स की एक नई श्रृंखला लॉन्च की है। यह न सिर्फ ऊर्जा भंडारण को अधिक कुशल और विश्वसनीय बनाएगा, बल्कि भारत के डिकार्बनाइजेशन लक्ष्यों को भी गति देगा।
प्योर पॉवर होम घरों, व्यवसायों और ग्रिड के लिए उन्नत बैटरी तकनीक और एआई-संचालित इलेक्ट्रॉनिक्स से लैस है, जो स्वच्छ और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। प्योर पॉवर होम के लिए बुकिंग 1 अप्रैल, 2025 से मुंबई में शुरू होगी। डिलीवरी 30 अप्रैल, 2025 से अक्षय तृतीया के अवसर पर आकर्षक रंगों में शुरू होगी, जिसमें गोल्ड भी शामिल है।
प्योर पॉवर होम, 3 केवीए से 15 केवीए की क्षमताओं में उपलब्ध है, जो घरेलू उपकरणों को सुचारू रूप से चलाने में सक्षम होगा। वहीं, प्योर पॉवर कमर्शियल 25 केवीए से 100 केवीए तक की रेंज में लॉन्च किया गया है, जो ऑफिस, अस्पताल और टेलीकॉम टॉवर जैसी जगहों पर ऊर्जा समाधान प्रदान करेगा। कंपनी का लक्ष्य अगले 18 महीनों में 300 से अधिक डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के जरिए इसे पूरे भारत में उपलब्ध कराना है।
प्योर के फाउंडर और एमडी डॉ. निशांत डोंगरी ने कहा, "प्योर पॉवर सिर्फ एक एनर्जी स्टोरेज प्रोडक्ट नहीं, बल्कि भारत के डिकार्बनाइजेशन विजन की दिशा में हमारा मजबूत कदम है। यह अत्याधुनिक तकनीक के जरिए देश को स्वच्छ और स्थायी ऊर्जा की ओर ले जाने में मदद करेगा।"
प्योर के को-फाउंडर और सीईओ श्री रोहित वडेरा ने कहा, "प्योर पॉवर सरकार के नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लक्ष्य के अनुरूप है। यह सौर ऊर्जा को बेहतर तरीके से संग्रहीत करने और व्यवसायों को स्थायी संचालन में मदद करने के लिए तैयार किया गया है, जिससे स्वच्छ और स्मार्ट ऊर्जा का भविष्य बन सके।"
2026 तक प्योर पॉवर ग्रिड भी लॉन्च किया जाएगा, जो 4 एमडब्ल्यूएच तक की क्षमता के साथ बड़े स्तर पर ग्रिड स्थिरता सुनिश्चित करेगा। अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की इस मुहिम के साथ, प्योर देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को प्राप्त करने में अहम् भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
मनी लॉन्ड्रिंग से लड़ने में AI होगा एक अहम टूल: संजय मल्होत्रा
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग के बदलते पारिदृश्य में नियामकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) आदि के माध्यम से असिसमेंट फ्रेमवर्क को लगातार मजबूत करना चाहिए। एक इवेंट में लोगों को संबोधित करते हुए आरबीआई गवर्नर ने कहा कि टेक्नोलॉजी ने कारोबार करने में अधिक आसानी प्रदान की है, लेकिन साथ ही, इसने मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध फंडिंग के तरीकों को बहुत ही एडवांस बना दिया है। इस कारण रिस्क असेसमेंट मॉडल को और बेहतर बनाना अनिवार्य हो जाता है।
उन्होंने केंद्रीय बैंकों से वित्तीय दुनिया में नवीनतम रुझानों और विकास को समझने का भी आग्रह किया, जिसका आपराधिक तत्वों द्वारा फायदा उठाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने नीति निर्माताओं को सावधान भी किया। मल्होत्रा ने कहा, हम अपनी वित्तीय प्रणालियों को मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवादी फंडिंग के खिलाफ सुरक्षित और संरक्षित बनाना जारी रखते हैं, हमें नीति निर्माताओं के रूप में इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हमारे उपाय अति उत्साही न हों और वैध गतिविधियों और निवेशों को बाधित न करें।
मल्होत्रा ने आगे कहा कि केंद्रीय बैंकों को ऐसे नियम और रूपरेखा विकसित करनी चाहिए जो संदिग्ध लेनदेन का पहले ही पता लगा सकें और कार्रवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाले डेटा की गुणवत्ता में सुधार करने की आवश्यकता है। साथ ही आने वाली टेक्नोलॉजी का उपयोग करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, चाहे वह एआई हो या ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी या मशीन लर्निंग हो।
मल्होत्रा के मुताबिक, इससे हमें लेनदेन की जांच और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिलेगी, जिससे गलतियों, झूठी सकारात्मकता और झूठी नकारात्मकता में कमी आएगी। मल्होत्रा ने आगे कहा कि आरबीआई 2027 तक इंक्लूसिव क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट की दिशा में जी-20 रोडमैप के अगले चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में काम करना जारी रखेगा।
आरबीआई गवर्नर ने यह भी कहा कि नियामकों को वित्तीय समावेशन में अनपेक्षित बाधाएं पैदा नहीं होनी चाहिए। मल्होत्रा ने कहा, हमें अपराधों को रोकने के लिए कार्रवाई करते समय ग्राहकों के अधिकारों और सुविधाओं का ध्यान रखना चाहिए।
सीबीआई ने पीएफ क्लर्क को 1.3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
उमरिया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एसईसीएल, नौरोजाबाद के उप क्षेत्र कार्यालय के एक पीएफ क्लर्क को 1.3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से उसके पिता के लंबित भविष्य निधि के भुगतान के लिए 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के पिता कुदरी कोयला खदान में काम करते थे और 14 मई 2021 को उनका निधन हो गया था। शिकायतकर्ता अपने पिता के लंबित भविष्य निधि के भुगतान के लिए कई बार उप क्षेत्र कार्यालय, नौरोजाबाद गए, जहां उनकी मुलाकात आरोपी पीएफ क्लर्क से हुई। आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को बताया कि उनके पिता की भविष्य निधि की राशि लगभग 50-60 लाख रुपये है।
आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी और कहा कि इसमें से 2.5 लाख रुपये कोयला खान भविष्य निधि के क्षेत्रीय कार्यालय, जबलपुर के आयुक्त को देने होंगे। आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1.5 लाख रुपये की मांग की। सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी पीएफ क्लर्क को शिकायतकर्ता से 1.3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और 25 मार्च 2025 को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
सीबीआई ने आरोपी के परिसरों की तलाशी ली, जहां से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। यह गिरफ्तारी सीबीआई द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई का एक उदाहरण है। सीबीआई ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत रिपोर्ट करें।
'चुपके से महिलाओं को करते हैं रिकॉर्ड', टेक दिग्गज प्रसन्ना के आरोप पर पत्नी ने और क्या कहा?
नई दिल्ली। रिप्पलिंग के सह-संस्थापक प्रसन्ना शंकर ने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जवाब में पत्नी ने अपनी पति को यौन शिकारी बताया और बेटे के अपहरण का आरोप लगाया। मगर प्रसन्ना ने अपनी पत्नी के सभी आरोपों का जवाब दिया।
प्रसन्ना ने कहा कि उनकी पत्नी पुलिस के माध्यम से परेशान कर रही है। सिंगापुर में उसने दुष्कर्म और नग्न वीडियो लीक करने का आरोप लगाया। मगर पुलिस की जांच में मुझे क्लीन चिट मिल गई। बता दें कि मौजूदा समय में रिप्पलिंग की वैल्यू लगभग 85.94 हजार करोड़ रुपये है।
पत्नी ने बेटे का ब्रेनवॉश किया
प्रसन्ना शंकर ने अपने एक्स अकाउंट में व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए। प्रसन्ना ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी नौ वर्षीय बेटे को सिंगापुर से अपहरण करके अमेरिका ले गई। यहां उसका ब्रेनवॉश किया कि उसके पिता ने उसे छोड़ दिया है। बेटा सिंगापुर के सबसे अच्छे स्कूल में पढ़ता था। मगर दिव्या ने उसे अमेरिका में एक पब्लिक स्कूल में डाल दिया। प्रसन्ना ने कहा कि पत्नी ने ही बेटे को ले जाने पर सहमति जताई थी। मगर बाद में अपहरण का आरोप लगा दिया।
समझौते पर बनी थी सहमति
प्रसन्ना के मुताबिक दोनों पक्ष भारत में आपसी तलाक लेने और बेटे की साझा तौर पर देखभाल पर सहमत हुए थे। शंकर को बच्चे का पूरा खर्च उठाना था और पत्नी को पांच हजार डॉलर मासिक की सहायता देनी थी। शंकर ने पत्नी के उस दावे का भी खंडन किया जिसमें कहा गया कि इच्छा के बिना समझौते पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया था।
पत्नी का आरोप- दरिंदा है पति
शंकर की पत्नी दिव्या ने चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अपने पति को दरिंदा बताया। पत्नी ने आरोप लगाया कि वे महिलाओं को गुप्त तरीके से रिकॉर्ड करता है। इस मामले में उन्हें सिंगापुर में जेल भी जाना पड़ा। शंकर ने पत्नी के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सिंगापुर पुलिस ने मुझे आरोपों से मुक्त कर दिया है। वाशिंगटन में भी जज ने मेरे पक्ष में फैसला सुनाया था।
पत्नी का किसी और से अफेयर
एनआईटी त्रिची से पढ़े प्रसन्ना शंकर की शादी 10 साल पहले दिव्या से हुई थी। उनका एक नौ साल का बेटा है। प्रसन्ना ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का किसी अनूप नाम के शख्स से अफेयर है। इसकी वजह से उनकी शादी तक टूट गई। सिंगापुर में पत्नी ने घरेलू हिंसा, दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला दर्ज कराया। मगर पुलिस की जांच में क्लीनचिट मिल गई।
बच्चे को अमेरिका ले गई थी पत्नी
प्रसन्ना का आरोप है कि पत्नी दिव्या बेटे का अपहरण करके सिंगापुर से अमेरिका ले गई। यहां तलाक की अर्जी दाखिल की। मगर प्रसन्ना ने भारत में तलाक की अर्जी दाखिल की। बाद में दोनों के बीच एक समझौता हुआ। इसके तहत पत्नी को लगभग 9 करोड़ और 4.3 लाख रुपये प्रति माह का भुगतान करने थे। दोनों के बीच चेन्नई आने पर सहमति बनी। बच्चे का पासपोर्ट एक कॉमन लॉकर में रखने पर भी सहमति बनी। आरोप है कि पत्नी ने इसका उल्लंघन किया।
पुलिस पर परेशान करने का आरोप
दिव्या का आरोप है कि पति ने बहाने से चेन्नई बुलाया। यहां मेरे बेटे का अपहरण कर लिया। इसके बाद पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। आधी रात को चेन्नई पुलिस प्रसन्ना के घर पहुंची। मगर वे अपने बेटे साथ भागने में सफल रहे। उन्होंने पुलिस से कहा कि मामला अदालत में है। इस वजह से इसमें दखल न दें। प्रसन्ना ने चेन्नई पुलिस पर अपने दोस्त गोकुल को परेशान करने का आरोप लगाया।
जल संरक्षण की ओर बड़ा कदम: 16 अरब लीटर पानी रिसाइकल कर जल सुरक्षा को मजबूत किया
नई दिल्ली, मार्च, 2025: पानी जीवन का आधार है, लेकिन बढ़ती माँग और जलवायु परिवर्तन के कारण जल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में जल संरक्षण जरूरी हो गया है। इसी दिशा में वेदांता एल्युमीनियम ने वित्त वर्ष 2025 में 16 अरब लीटर पानी रिसाइकल कर जल सुरक्षा को मजबूत किया है। यह मात्रा करीब 6,400 ओलंपिक स्विमिंग पूल के बराबर है।
15% जल पुनर्चक्रण दर के साथ कंपनी वर्ष 2030 तक नेट वॉटर पॉजिटिव बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। जल संरक्षण के लिए वेदांता ने 81 सामुदायिक तालाबों का पुनरोद्धार किया। लांजीगढ़ स्थित एल्युमिना रिफाइनरी के वॉटरशेड प्रोजेक्ट ने 2 लाख क्यूबिक मीटर पानी रिचार्ज कर 500 से अधिक किसानों को लाभान्वित किया है। झारसुगुड़ा में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का अपग्रेडेशन किया गया, जिससे 240 किलोलीटर पानी रोजाना पुनः इस्तेमाल हो रहा है।
वेदांता एल्युमीनियम के मुख्य प्रचालन अधिकारी, सुनील गुप्ता ने कहा, "हम पानी को अमूल्य संसाधन मानते हैं। आधुनिक तकनीकों, जल प्रबंधन पद्धतियों और सामुदायिक पहलों के जरिए 2030 तक नेट वॉटर पॉजिटिव बनने की प्रतिबद्धता दोहराते हैं। हमारा लक्ष्य जल संरक्षण के साथ समुदायों और पर्यावरण को भी लाभ पहुंचाना है।"
इस वर्ष की थीम 'ग्लेशियर संरक्षण' है, जिसके तहत वेदांता जल संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। लांजीगढ़ में वॉटरशेड प्रोजेक्ट से 170 एकड़ भूमि सिंचित हुई और 500 किसान लाभान्वित हुए। झारसुगुडा व बाल्को में जल पुनर्चक्रण बढ़ाया गया। नाबार्ड संग साझेदारी से 12 खेत पोखर बने। वर्षा जल संचयन व जल पुनः उपयोग की पहल जारी है।
जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वेदांता पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन और वेबिनार जैसे कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है। कंपनी का यह प्रयास जल संसाधनों के सतत उपयोग और संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस बार दिल्ली का बजट ऐतिहासिक, ये एक लाख करोड़ रुपये का : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली। सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में ऐलान किया कि 2025-26 का दिल्ली का बजट 1 लाख करोड़ रुपये का है। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार की नाकामियां गिनाते हुए कहा, यह बजट पिछले साल की तुलना में 31.5 प्रतिशत ज्यादा है। जहां साल दर साल बजट बढ़ने की बजाय घटा, जीडीपी की दर कम रही, प्रति व्यक्ति आय देश की तुलना में कम गति में बढ़ी।
सीएम रेखा ने कहा- मैं आपके माध्यम से दिल्ली की जनता को ये बताना चाहती हूं कि आज तक की सरकारों के राज में 2023 में 78 हजार 800 करोड़ का बजट था। 24-25 का बजट घटकर सिर्फ 76 हजार करोड़ रह गया। ये दिल्ली में सबसे खराब स्थिति थी। इस बार का दिल्ली का बजट एक लाख करोड़ रुपये का है। ये ऐतिहासिक है।
उन्होंने कहा कि मैं बजट पेश कर रही हूं। आज का बजट साधारण नहीं है। दिल्ली की जनता और पूरा देश सदन के माध्यम से बजट सुन रहा है। दिल्ली की नई सरकार ऐतिहासिक जनादेश लेकर यहां आई है। इस सरकार का पहला बजट कैसा होगा, आज यहां पूरा देश देख रहा है। ये बजट पिछले 10 साल से बेहाल हुई दिल्ली को संभालने का पहला कदम है।
सीएम ने आगे कहा, यह बजट पिछले साल की तुलना में 31.5 प्रतिशत ज्यादा है। जहां साल दर साल बजट बढ़ने की बजाय घटा, जीडीपी की दर कम रही, प्रति व्यक्ति आय देश की तुलना में कम गति में बढ़ी। राजस्व शराब घोटाला, जल माफिया के चलते सरकारों को नहीं मिल रहा था। अब आपदा सरकार के दिन चले गए हैं। इस ऐतिहासिक बजट में कैपिटल एक्सपेंडीचर को दोगुनी बढ़ोतरी दी गई है। पिछली बार 15 हजार करोड़ की तुलना में 28 हजार करोड़ का आवंटन कैपिटल एक्सपेंडीचर में किया गया है।
टंकी की सफाई करते करंट से नाबालिग की मौत
ठेकेदार गिरफ्तार
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 16 साल के एक लड़के की पानी की टंकी साफ करने के दौरान बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। 40 साल के ठेकेदार को घोड़बंदर रोड स्थित हाउसिंग सोसाइटी ने पानी की टंकियां साफ करने के लिए ठेका दिया था। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने 22 मार्च को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के नाबालिग को सफाई के लिए टंकी के अंदर भेज दिया।
भारत ने पाकिस्तान को दी कश्मीर छोड़ने की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र। भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि वह जम्मू और कश्मीर में अवैध रूप से कब्जे वाली जमीन को खाली करे और राज्य प्रायोजित आतंकवाद को सही ठहराना बंद करे। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान द्वारा कश्मीर का मुद्दा बार-बार उठाने की कोशिश के जवाब में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने सोमवार को कहा, ऐसे बार-बार के उल्लेख न तो उनके अवैध दावों को सही ठहराते हैं और न ही उनके राज्य द्वारा प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद को उचित ठहराते हैं।
उन्होंने कहा, पाकिस्तान, जम्मू और कश्मीर के क्षेत्र पर अवैध कब्जा जारी रखे हुए है, जिसे उसे खाली करना चाहिए। उन्होंने कहा, यह सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 47 के अनुरूप होगा, जो 21 अप्रैल 1948 को पारित हुआ था और जिसमें पाकिस्तान से अपनी सेनाओं और घुसपैठियों को कश्मीर से हटाने की मांग की गई थी। हरीश ने कहा, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।
उन्होंने कहा, हम पाकिस्तान को सलाह देंगे कि वह अपने संकीर्ण और विभाजनकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए इस मंच का ध्यान भटकाने की कोशिश न करे। इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मामलों के कनिष्ठ मंत्री सैयद तारिक फातमी ने कहा कि परिषद को कश्मीर के लिए जनमत संग्रह पर अपने प्रस्ताव को लागू करना चाहिए।
हालांकि, उस प्रस्ताव में यह मांग की गई कि पाकिस्तान जम्मू और कश्मीर राज्य से उन कबीलों और पाकिस्तानी नागरिकों को हटाने की व्यवस्था करे, जो वहां सामान्य निवासी नहीं हैं और लड़ाई के उद्देश्य से राज्य में घुसे हैं।
प्रस्ताव में यह भी आदेश दिया गया था कि पाकिस्तान आतंकवादियों की मदद करना या घुसपैठ कराना बंद करे। इसमें इस्लामाबाद से कहा गया कि वह ऐसे तत्वों के राज्य में किसी भी घुसपैठ को रोके और राज्य में लड़ रहे लोगों को सामग्री सहायता प्रदान करने से रोक लगाए। जब परिषद का प्रस्ताव पारित हुआ था, तब जनमत संग्रह नहीं हो सका क्योंकि पाकिस्तान ने कश्मीर से अपनी वापसी की शर्त का पालन करने से इनकार कर दिया था।
भारत का कहना है कि अब जनमत संग्रह अप्रासंगिक हो गया है, क्योंकि कश्मीर के लोगों ने चुनावों में हिस्सा लेकर और क्षेत्र के नेताओं को चुनकर भारत के प्रति अपनी निष्ठा स्पष्ट कर दी है। फातमी ने भारत और पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (यूएनएमओजीआईपी) का जिक्र किया, जिसकी स्थापना 1949 में नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम की निगरानी के लिए की गई थी।
भारत यूएनएमओजीआईपी की मौजूदगी को बमुश्किल बर्दाश्त करता है और इसे इतिहास का अवशेष मानता है, जो 1972 के शिमला समझौते के बाद अप्रासंगिक हो गया। इस समझौते में दोनों देशों के नेताओं ने कश्मीर विवाद को द्विपक्षीय मुद्दा घोषित किया था, जिसमें तीसरे पक्ष के लिए कोई जगह नहीं थी। भारत ने नई दिल्ली में सरकारी इमारत से यूएनएमओजीआईपी को हटा दिया है।
डिल्मा को फिर से चुना गया ब्रिक्स विकास बैंक का प्रमुख
ब्यूनस आयर्स। डिल्मा रूसेफ ने घोषणा की कि उन्हें ब्रिक्स न्यू डेवलपमेंट बैंक का प्रमुख फिर से चुना गया है। रूसेफ ने कहा, मुझे फिर से चुना गया है, बोर्ड ने सर्वसम्मति से इसे मंजूरी दे दी है। कज़ान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रूस ने ब्राज़ील की अध्यक्षता और बैंक के अध्यक्ष रूसेफ के कार्यकाल को बढ़ाने का प्रस्ताव रखा।
वाइन शॉप में लगी भीषण आग
गाजियाबाद। शहर के एक वाइन शॉप में आग लगने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक जिले के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में आग लगने की ये घटना सामने आई, जहां देर रात एक बजे वाइन शॉप में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। आनन-फानन में इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना में लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।
न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को कोर्ट की सुनवाई से किया गया अलग
नई दिल्ली । दिल्ली हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी करते हुए सूचित किया है कि जस्टिस यशवंत वर्मा से तत्काल प्रभाव से न्यायिक कार्य वापस ले लिया गया है। यह जानकारी दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से 24 मार्च 2025 को जारी एक सप्लीमेंट्री केस लिस्ट में दी गई। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर, जस्टिस यशवंत वर्मा से न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है, जब तक कि अगले आदेश न दिए जाएं। हालांकि, इस नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह निर्णय क्यों लिया गया है।
नोट में कहा गया है कि न्यायमूर्ति वर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ-III के कोर्ट मास्टर आज से पहले सूचीबद्ध मामलों में तारीख देंगे। रजिस्ट्रार के नाम से न्यायालय की वेबसाइट पर जारी नोट में इसका जिक्र है। नकदी मिलने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा से न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक वापस ले लिया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट ने बीती 22 मार्च को न्यायमूर्ति वर्मा के घर से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद के मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी के उपाध्याय की जांच रिपोर्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी। जिसमें तस्वीरें और वीडियो भी शामिल थे। खबरों के मुताबिक, दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने सीजेआई के निर्देश पर यह कार्रवाई की है।
वहीं न्यायमूर्ति उपाध्याय द्वारा मुख्य न्यायाधीश को भेजी गई रिपोर्ट में आधिकारिक संचार के संबंध में सामग्री शामिल है। जिसमें कहा गया है कि न्यायाधीश के लुटियंस दिल्ली आवास से नोटों की चार से पांच अधजली बोरियां बरामद हुईं।
जबकि दूसरी तरफ न्यायमूर्ति वर्मा ने मुद्रा बरामदगी विवाद में आरोपों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य द्वारा उनके आवास के स्टोररूम में कभी भी कोई नकदी नहीं रखी गई। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को दिए गए अपने जवाब में न्यायमूर्ति वर्मा ने कहा है कि उनके आवास से नकदी बरामद होने का आरोप स्पष्ट रूप से उन्हें फंसाने और बदनाम करने की साजिश जैसा लगता है।
5 चीते फलांग गए कूनो की सीमा, गांव पहुंचे तो लाठी-डंडे और पत्थरों से हुआ 'वेलकम', एक महीने पहले हुए थे आज़ाद
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मादा चीता ज्वाला और उसके चार शावक पार्क से बाहर निकल गए। ग्रामीणों ने उन्हें लाठी-डंडों और पत्थरों से भगाने की कोशिश की। चीतों ने एक गाय पर हमला कर दिया था, जिसके बाद लोग गुस्से में आ गए। वन विभाग की टीम ने लोगों को चीतों से दूर रहने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। यह घटना सोमवार सुबह हुई। एक महीने पहले ही इन चीतों को जंगल में छोड़ा गया था।
पहले भी निकले थे सीमा से बाहर
दरअसल, ज्वाला और उसके चार बच्चे शनिवार शाम को पहली बार कूनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर निकले थे। रविवार दोपहर तक वे वापस जंगल में चले गए थे। लेकिन, रविवार रात को वे फिर से वीरपुर तहसील के श्यामपुर गांव के पास दिखाई दिए। वे श्योपुर-ग्वालियर ब्रॉडगेज रेल ट्रैक से लगभग 1 किलोमीटर दूर थे।
लाठी-डंडे और पत्थर लेकर टूट पड़े गांव वाले
ग्रामीणों ने चीतों को भगाने के लिए लाठियां उठाई। जब चीतों ने गाय पर हमला किया, तो लोगों ने उन्हें पत्थर मारे। सोमवार सुबह, ये पांचों चीते कूनो सायफन के पास से होते हुए कूनो नदी में पहुंचे। वे निर्माणाधीन रेलवे पुल के नीचे काफी देर तक बैठे रहे। इस दौरान, वहां से गुजरने वाले लोग चीतों को देखने के लिए जमा हो गए।
राजीव चंद्रशेखर ने केरल भाजपा प्रमुख पद के लिए किया नामांकन
तिरुवनंतपुरम। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने केरल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है और उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। पार्टी के राज्य निर्वाचन अधिकारी नारायणन नंबूदरी ने चुनाव अधिसूचना जारी की। नामांकन रविवार को दोपहर 3 बजे तक था, उसी दिन शाम 4 बजे जांच का समय निर्धारित था और चंद्रशेखर नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र व्यक्ति थे।
इसकी आधिकारिक घोषणा सोमवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में होने की उम्मीद है, जो केरल भाजपा के प्रभारी भी हैं। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि भाजपा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन का कार्यकाल बढ़ा सकती है, भले ही उनका पांच साल का कार्यकाल पूरा हो गया हो, खासकर आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर।
चंद्रशेखर को 2024 के लोकसभा चुनावों में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के हार का सामना करना पड़ा। वह 16,077 मतों के मामूली अंतर से हार गए, फिर भी उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया तथा 35.52 प्रतिशत वोट प्राप्त किए, जो इस सीट पर पार्टी के लिए अब तक का सर्वाधिक वोट शेयर है, तथा ओ. राजगोपाल द्वारा स्थापित 32.32 प्रतिशत के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व युवाओं के बीच चंद्रशेखर की अपील और विकास पर उनके फोकस पर दांव लगा रहा है, ताकि केरल में पार्टी की संभावनाओं को मजबूत किया जा सके, खासकर स्थानीय चुनावों के मद्देनजर। हालांकि, उनकी नियुक्ति चुनौतियों से खाली नहीं है। भाजपा और आरएसएस के भीतर, केरल में पार्टी के जमीनी नेटवर्क से चंद्रशेखर के कथित अलगाव को लेकर चिंता जताई गई है।
राज्य भाजपा नेतृत्व में कई लोगों के विपरीत, चंद्रशेखर आरएसएस पृष्ठभूमि से नहीं आते हैं। केरल में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में आरएसएस का महत्वपूर्ण प्रभाव है, जहां आरएसएस का जमीनी स्तर का कैडर लामबंदी और निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मूलतः केरल से ताल्लुक रखने वाले चंद्रशेखर ने अपना अधिकांश जीवन और राजनीतिक जीवन कर्नाटक में बिताया है, तथा उस राज्य से तीन बार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं।
मलयालम भाषा में उनकी सीमित धाराप्रवाहता तथा केरल के सामाजिक-राजनीतिक परिवेश से दीर्घकालिक जुड़ाव का अभाव, राज्य में नेतृत्व संभालने में उनके लिए बाधाएं उत्पन्न कर सकता है। नाम न बताने की शर्त पर एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि चंद्रशेखर को "बाहरी" की धारणा से उबरने और राज्य इकाई के भीतर विश्वास कायम करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
निवर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्रन ने मीडिया को संबोधित करते हुए पुष्टि की कि वह दूसरे कार्यकाल की उम्मीद नहीं कर रहे हैं और उन्होंने चंद्रशेखर के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा, राजीव चंद्रशेखर इस पद के लिए उपयुक्त विकल्प हैं। उन्होंने राज्य उपाध्यक्ष शोभा सुरेंद्रन और महासचिव रमेश सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए उन पर विचार किया जा सकता है।
प्रख्यात गांधीवादी कृष्ण भारती का निधन
हैदराबाद। गांधीवादी और प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय पासला कृष्ण मूर्ति की बेटी कृष्णा भारती का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। कृष्णा भारती ने संक्षिप्त बीमारी के बाद यहां स्नेहपुरी कॉलोनी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले की रहने वाली, वह स्वतंत्रता सेनानी पासला कृष्ण मूर्ति और अंजा लक्ष्मी की दूसरी बेटी थीं।
कृष्णा भारती गांधीवादी मूल्यों में दृढ़ विश्वास रखती थीं और उन्होंने जीवन भर उन्हीं मूल्यों को बनाए रखा। उन्होंने दलितों के उत्थान के लिए भी प्रयास किया। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों और गोशालाओं को दान दिया था। कृष्णा भारती अविवाहित थी। उनके चार भाई और तीन बहनें हैं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कृष्णा भारती के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के शैक्षणिक उत्थान के लिए उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के भीमावरम में 2022 में स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में कृष्णा भारती के पैर छुए थे।
उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पासला कृष्ण मूर्ति के अन्य पारिवारिक सदस्यों से भी मुलाकात की। 1900 में पश्चिमी गोदावरी जिले के ताडेपल्लीगुडेम तालुका के पश्चिम विप्पारु गांव में जन्मे पासला कृष्ण मूर्ति 1921 में अपनी पत्नी के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कृष्णमूर्ति और उनकी पत्नी ने 1932 में भीमावरम उप-कलेक्टर के कार्यालय पर भारतीय ध्वज फहराया था, जिसके लिए उन्हें जेल भी हुई थी।
अंजा लक्ष्मी ने जेल में ही कृष्णा भारती को जन्म दिया था। कृष्णा भारती ने अपने जीवन के पहले 10 महीने जेल में बिताए थे। कृष्णमूर्ति दंपत्ति ने अपनी पूरी संपत्ति स्वतंत्रता आंदोलन के लिए दान कर दी और नमक सत्याग्रह (दांडी मार्च) में हिस्सा लिया। जब महात्मा गांधी पश्चिमी गोदावरी जिले के दौरे पर आए तो कृष्णमूर्ति उनके निजी सचिव के रूप में काम कर रहे थे। इस दम्पति ने विनोबा भावे के भूदान आंदोलन में भी भाग लिया था और अपने गांवों में दलितों के लिए मकान बनवाए थे।