छत्तीसगढ़ / रायपुर

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में चला वृहद स्वच्छता अभियान

 सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यटन समितियों ने दिया स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त पर्यटन का संदेश

पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने पर्यटन समितियों ने लिया संकल्प

रायपुर, 27 सितम्बर 2026

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में चला वृहद स्वच्छता अभियान

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में चला वृहद स्वच्छता अभियान

विश्व पर्यटन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न पर्यटन समितियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त पर्यटन का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान पर्यटन स्थलों के परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। पर्यटन स्थलों पर बिखरे कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर उचित निपटान की व्यवस्था की गई। पर्यटन समितियों के सदस्यों ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कचरे का उचित निपटान करने के लिए प्रेरित किया।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश

स्वच्छता अभियान के दौरान पर्यटन समितियों ने जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी लोगों को जागरूक किया। पर्यटकों से अपील की गई कि वे पर्यटन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सहयोग करें और भ्रमण के दौरान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं। पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन या पर्यटन समितियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और पर्यटक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने की जिलेवासियों से सहभागिता की अपील

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। जिले की ये धरोहरें हमारी पहचान हैं और इनका संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलता है और जिले की सकारात्मक पहचान भी मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों एवं पर्यटकों से आग्रह किया कि पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फैलाएं, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें और प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में सहभागी बनें।

स्वच्छ पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित पर्यटन स्थल जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होते हैं। स्थानीय समुदाय की सहभागिता से पर्यटन स्थलों का संरक्षण और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

“हमारा पर्यटन स्थलकृहमारी जिम्मेदारी” का लिया संकल्प

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान में पर्यटन समितियों के सदस्यों ने “हमारा पर्यटन स्थलकृहमारी जिम्मेदारी” की भावना के साथ जिले के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करने और पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल जिले के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों में जिम्मेदार पर्यटन की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यटन स्थलों की सुंदरता और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image