देश-विदेश

5 चीते फलांग गए कूनो की सीमा, गांव पहुंचे तो लाठी-डंडे और पत्थरों से हुआ 'वेलकम', एक महीने पहले हुए थे आज़ाद

 श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मादा चीता ज्वाला और उसके चार शावक पार्क से बाहर निकल गए। ग्रामीणों ने उन्हें लाठी-डंडों और पत्थरों से भगाने की कोशिश की। चीतों ने एक गाय पर हमला कर दिया था, जिसके बाद लोग गुस्से में आ गए। वन विभाग की टीम ने लोगों को चीतों से दूर रहने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। यह घटना सोमवार सुबह हुई। एक महीने पहले ही इन चीतों को जंगल में छोड़ा गया था।

पहले भी निकले थे सीमा से बाहर

दरअसल, ज्वाला और उसके चार बच्चे शनिवार शाम को पहली बार कूनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर निकले थे। रविवार दोपहर तक वे वापस जंगल में चले गए थे। लेकिन, रविवार रात को वे फिर से वीरपुर तहसील के श्यामपुर गांव के पास दिखाई दिए। वे श्योपुर-ग्वालियर ब्रॉडगेज रेल ट्रैक से लगभग 1 किलोमीटर दूर थे।

लाठी-डंडे और पत्थर लेकर टूट पड़े गांव वाले

ग्रामीणों ने चीतों को भगाने के लिए लाठियां उठाई। जब चीतों ने गाय पर हमला किया, तो लोगों ने उन्हें पत्थर मारे। सोमवार सुबह, ये पांचों चीते कूनो सायफन के पास से होते हुए कूनो नदी में पहुंचे। वे निर्माणाधीन रेलवे पुल के नीचे काफी देर तक बैठे रहे। इस दौरान, वहां से गुजरने वाले लोग चीतों को देखने के लिए जमा हो गए।

 

Leave Your Comment

Click to reload image