छत्तीसगढ़ / बालोद
जिला सहकारी विकास समिति की चतुर्थ बैठक 10 को
बालोद । छत्तीसगढ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की चतुर्थ बैठक 10 मार्च 2025 को आयोजित की गई है। उप पंजीयक एवं संयोजक सदस्य जिला सहकारी विकास समिति ने बताया कि सहकारी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने एवं उसकी जमीनी स्तर पर पहुँच बनाने हेतु ’जिला सहकारी विकास समिति’ का गठन किया गया है। जिसकी चतुर्थ बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में 10 मार्च को शाम 04 बजे आयोजित की गई है। बैठक में सर्व संबंधितों को उपस्थित होने को कहा है।
कलेक्टर ने महिला समूह द्वारा निर्मित किए जा रहे रूई बत्ती निर्माण कार्य का किया अवलोकन
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम जगतरा में गांव के महिला स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित किए जा रहे रूई बत्ती निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों से प्रतिदिन रूई बत्ती के कुल उत्पादन एवं इससे होने वाले आमदनी के संबंध में जानकारी ली।
इस कार्य में लगे स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया ने की एक महिला के द्वारा प्रतिदिन लगभग आधा किलो गोल रूई बत्ती का निर्माण कर लेने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन स्व सहायता समूह के 10 महिलाओं के द्वारा इस कार्य का संपादन किया जाता है। इस कार्य के लिए उनके पास वर्तमान में 10 मशीन उपलब्ध है। इस मौके पर अतिरिक्त तहसीलदार संध्या नामदेव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने भेड़िया नवागांव पुराने माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य का किया अवलोकन
बालोद। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम अंगारी में भेड़िया नवागांव पुराने माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य का अवलोकन कर अधिकारियों से निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य के अंतर्गत इस प्रगतिरत कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने तथा इसका जाँच प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यपालन अभियंता केएल तारम ने बताया कि इस नहर-नाली के माध्यम से तांदुला मुख्य नहर से भेड़िया नवागांव सहित चिचबोड़, सांेहतरा, अंगारी, बिरेतरा आदि गांव में सिंचाई हेतु पानी की आपूर्ति की जाती है।
कलेक्टर ने पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा का किया आकस्मिक निरीक्षण
बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था का जाना हाल
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने पीएमश्री स्कूल जगतरा के नन्हें-मुन्हें बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने 5वीं कक्षा के बच्चों से उन्हें कराए जाने वाले माॅक टेस्ट के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान संबंधी प्रश्न भी पूछा। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने कक्षा तीसरी के विद्यार्थी गुलाब कुमार को उनके जन्म दिन के अवसर पर उपहार भेंटकर उन्हें जन्म दिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
श्री चन्द्रवाल के मधुर एवं स्नेहिल व्यवहार से पीएमश्री शाला जगतरा के बच्चे बहुत प्रसन्नचित नजर आ रहे थे। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को पूरे लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने को कहा। इस मौके पर कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों को पौधों की समुचित देखभाल करने की समझाईश भी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त तहसीलदार संध्या नामदेव सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिका एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
ट्रेड यूनियन विरोधी कामकाज के आरोप में यूनियन सचिव निलंबित
सीईओ ने जनपद पंचायत गुण्डरदेही के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
बालोद । जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने जनपद पंचायत गुण्डरदेही के सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा की। डाॅ. कन्नौजे ने मनरेगा योजना अंतर्गत आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य तथा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत रूदा में फीकल स्लज मैनेजमेंट यूनिट निर्मित है। जिसमें राज्य स्तर से डिस्लजिंग वाहन प्रदान किया गया है। उन्होंने इसका समुचित प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक कर मल-कीचड़ प्रबंधन के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्मित कचरा संग्रहण शेड में कचरे का परिवहन व निरन्तर कचरा संग्रहण कार्य जारी रखने को कहा। इसके साथ ही सभी निर्मित सामुदायिक शौचालयों का उपयोग करने तथा इनका संचालन व संधारण सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ डाॅ. कन्नौजे ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर ग्राम पंचायत कसौंदा, गब्दी, जेवरतला, राहुद के पंचायत सचिव को उक्त संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने को कहा।
इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में फेस-01 के तहत आबंटित लक्ष्य के विरूद्ध में शासन के मंशानुसार माह मार्च में वृहद स्तर पर गृह प्रवेश कार्यक्रम का भव्य आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आबंटित लक्ष्य अनुरूप समस्त निर्माणाधीन आवासो को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 के जनपद पंचायत गुण्डरदेही को फेस-02 में आबंटित अतिरिक्त लक्ष्य 2785 के विरूद्ध में पंजीयन एवं स्वीकृति की कार्यवाही 30 मार्च 2025 तक पूर्ण कर यथाशीघ्र प्रथम किश्त की राशि संबंधितों के खातो में अंतरित करने को कहा। उन्होंने योजनान्तर्गत अप्रारंभ आवास के लाभार्थियो से समन्वय स्थापित कर उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा के तहत 90 मानव दिवस की मजदूरी राशि जारी करने निर्देश दिए।
सीईओ डाॅ. कन्नौजे ने समस्त नोडल अधिकारियो को अपने आबंटित क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर शासन की अत्यंत महत्वकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने तथा लाभार्थियो से संपर्क स्थापित कर उनके मांग, आवेदन, शिकायतो पर यथासंभव प्रयास कर निराकृत करने को कहा। इसके साथ ही लोकसेवा गारंटी के तहत प्रदाय किए जाने वाले 09 सेवाओं का जमीन स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन करने व जेम-पोर्टल तथा भण्डार क्रय नियम का पालन करने को कहा। बैठक में उप संचालक पंचायत आकाश सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
लौह नगरी दल्ली राजहरा की बेटी श्वेता शर्मा ने छत्तीसगढ़ पुलिस उप निरीक्षक पद पर चयनित होकर बढ़ाया शहर का मान
लौह नगरी दल्ली राजहरा में निवासरत मुन्ना प्रसाद शर्मा (सेवानृत्य बीएसपी कर्मचारी ) एवं माता श्रीमती उषा शर्मा जो कि गृहणी हैं इनका परिवार पंडरदल्ली निवासी है l उनकी बेटी कुमारी श्वेता शर्मा का छत्तीसगढ़ पुलिस उप निरीक्षक पद पर चयन हुआ है l
श्वेता शर्मा के बड़े भाई अरविंद सौरभ ने जानकारी दी कि 25 अप्रैल 1999 को जन्मी 25 वर्षीय बहन श्वेता शर्मा की प्रारंभिक से स्नातक एवं स्नातकोत्तर तक की शिक्षा लौह नगरी दल्ली राजहरा में ही हुई साथ ही उन्होंने बताया कि 2021 में फॉर्म भरने से परीक्षा की प्रक्रिया आरम्भ हुई और नापजोख ,प्रारंभिक लिखित परीक्षा , मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ ही साक्षात्कार के साथ यह प्रक्रिया पूर्ण हुई ,जिसके पश्चात अक्टूबर 2024 को चयन सूची जारी हुई l छत्तीसगढ़ पुलिस उप निरीक्षक पद पर चयन होने के बाद कुमारी श्वेता शर्मा को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस अकादमी चंदखुरी में प्रशिक्षण हेतु 3 मार्च 2025 को आमद का आदेश प्राप्त हुआ है जिसपर उन्होंने आमद दी l श्वेता शर्मा से दूरभाष शुभकामनाएं प्रेषित करने के दौरान ही उन्हें आशीर्वाद स्वीकार करते हुए पुलिस उप निरीक्षक पद पर अपने चयन का श्रेय परिवार एवं गुरुजनों को दिया l चयन होने पर पंडरदल्ली एवं राजहरा निवासियों ने उन्हें बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी l
नगर पालिका परिषद बालोद : 8 को शपथ ग्रहण
10 मार्च को होगा प्रथम सम्मिलन का आयोजन
बालोद । छत्तीसगढ़ नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के उपाध्यक्ष का निर्वाचन नियम 1998 (यथा संशोधित 2025) सहपठित छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 55 के तहत् उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन के प्रयोजन के लिए निर्वाचित पार्षदों का प्रथम सम्मिलन बुलाया जाना है तथा धारा 65 (क) क तहत निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण किया जाना है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रकांत कौशिक ने बताया कि पूर्व तिथि में संशोधन करते हुए अब 08 मार्च को निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण एवं 10 मार्च 2025 को प्रथम सम्मिलन आहुत की गई है।
जिसके अंतर्गत नगर पालिका परिषद बालोद के लिए एसडीएम श्री सुरेश कुमार साहू को शपथ ग्रहण हेतु प्राधिकारी एवं प्रथम सम्मिलन के लिए पीठासीन प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के लिए अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा को शपथ ग्रहण हेतु प्राधिकारी एवं प्रथम सम्मिलन के लिए पीठासीन प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका परिषद बालोद में शपथ ग्रहण 08 मार्च को सुबह 11 बजे एवं प्रथम सम्मिलन 10 मार्च को सुबह 11 बजे से तथा नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा में शपथ ग्रहण 08 मार्च को दोपहर 01 बजे तथा प्रथम सम्मिलन 10 मार्च को दोपहर 02 बजे आयोजित किया गया है।
कलेक्टर ने खनिज शाखा के कार्यों की समीक्षा की
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने गुरूवार 27 फरवरी को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित खनिज टास्क फोर्स की बैठक में खनिज विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसके अंतर्गत उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजस्व प्राप्ति के कुल लक्ष्य के विरूद्ध प्राप्त कुल राजस्व के अलावा जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई एवं राशि की वसूली आदि के संबंध में जानकारी ली।
इसके अलावा खनिज विभाग द्वारा जारी किए गए कुल राॅयल्टी चूकता प्रमाण पत्र आदि के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने जिले में खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन एवं भण्डारण करने के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा तथा जिला खनिज अधिकारी मीनाक्षी साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के तहत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
बालोद। महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के तहत संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधीनियम 2013 के संबंध में विस्तृत से जानकारी दी गई। जिसके अंतर्गत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधीनियम 2013 के प्रावधानों के तहत प्रचार-प्रसार करने एवं प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित कर जागरूक करना है। कार्यशाला में शासकीय, अर्द्धशासकीय, अशासकीय एवं वाणिज्यिक कार्यालय तथा उद्योगों में अधिनियम अंतर्गत 10 से अधिक कर्मचारियो की संख्या पर आंतरिक शिकायत समिति गठन के बारे में बताया गया।
इसके अंतर्गत कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के विरूद्व संरक्षण और लैंगिक उत्पीड़न के शिकायतों का निवारण और प्रतितोष के लिए तथा उससे सम्बद्व और आनुषंगिक विषयों के नियमन के लिए यह कानून 09 दिसंबर 2013 से लागू किया गया है। कार्यशाला में जिला स्तरीय स्थानीय शिकायत समिति के अध्यक्ष पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किशन टण्डन क्रांति, अधिवक्ता सदस्य रीता पाण्डेय के अलावा महिला सेल प्रभारी सदस्य, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका, नगरपंचायतों से महिला प्रतिनिधि उपस्थित थे।
महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के तहत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
बालोद। महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के तहत संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधीनियम 2013 के संबंध में विस्तृत से जानकारी दी गई। जिसके अंतर्गत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधीनियम 2013 के प्रावधानों के तहत प्रचार-प्रसार करने एवं प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित कर जागरूक करना है। कार्यशाला में शासकीय, अर्द्धशासकीय, अशासकीय एवं वाणिज्यिक कार्यालय तथा उद्योगों में अधिनियम अंतर्गत 10 से अधिक कर्मचारियो की संख्या पर आंतरिक शिकायत समिति गठन के बारे में बताया गया।
इसके अंतर्गत कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के विरूद्व संरक्षण और लैंगिक उत्पीड़न के शिकायतों का निवारण और प्रतितोष के लिए तथा उससे सम्बद्व और आनुषंगिक विषयों के नियमन के लिए यह कानून 09 दिसंबर 2013 से लागू किया गया है। कार्यशाला में जिला स्तरीय स्थानीय शिकायत समिति के अध्यक्ष पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किशन टण्डन क्रांति, अधिवक्ता सदस्य रीता पाण्डेय के अलावा महिला सेल प्रभारी सदस्य, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका, नगरपंचायतों से महिला प्रतिनिधि उपस्थित थे।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभी हाल में ही जिले में त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन के कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर निर्वाचन कार्य में लगे जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का संपादन किया है। जिसके फलस्वरूप जिले में त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन का कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से तथा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो पाया है।
श्री चन्द्रवाल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन के दौरान जिले के अधिकारी-कर्मचारियों ने जिस तरह से पूरी निष्ठा, लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। उसी तरह पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिले को अग्रणी बनाने में महती भूमिका निभाने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने 01 मार्च से शुरू हो रहे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले में बोर्ड परीक्षाओं को सफलतापूर्वक एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने, नकल आदि के प्रकरण पर रोकथाम सुनिश्चित कराने हेतु उड़नदस्ता दलों के गठन तथा बच्चों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रखने हेतु संदेश प्रसारित करने के कार्य आदि सभी तैयारियों की बारी-बारी से समीक्षा की। इसके साथ ही कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने 17 मार्च से प्रारंभ हो रहे कक्षा 5वीं एवं 8वीं के बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के तैयारियों की भी समीक्षा की।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले में कक्षा 5वीं एवं 8वीं के बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने केे निर्देश भी दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जिले में स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी परिषद बालोद से नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह एवं सम्मिलन के आयोजन की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह एवं सम्मिलन के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्रों से धान के उठाव के कार्य की जानकारी लेते हुए समय पर धान उठाव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं एवं जिला खाद्य अधिकारी को जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के कार्याें की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गर्मी के मौसम में होने वाले मौसमी बीमारियों के रोकथाम के लिए भी पुख्ता उपाय करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने अंतरविभागीय समन्वय के प्रकरणों की भी समीक्षा की।
ग्रीष्मकाल में पानी की समुचित प्रबंध सुनिश्चित कराने कलेक्टर ने ली बैठक
पेयजल एवं निस्तारी हेतु समुचित मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
बालोद। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में गर्मी के मौसम में जिले के आम नागरिकों के लिए पानी की समुचित प्रबंध सुनिश्चित कराने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिससे कि गर्मी के मौसम में आम जनता को अपने आवश्यक कार्यों के लिए पानी की समस्या से जुझना न पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को ग्रीष्मकाल के दौरान पानी की कमी की समस्या वाले गांवों को चिन्हित कर उन स्थानों पर पेयजल एवं निस्तारी हेतु समुचित मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। श्री चन्द्रवाल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए कार्य योजना बनाकर समय रहते जरूरी उपाय करने को कहा। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सुक्रांत साहू सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जिले के आम नागरिकों को पेयजल, निस्तारी आदि अति आवश्यक कार्यों के लिए पानी की प्रबंध करने में किसी प्रकार की कठिनाई नही होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को स्थिति पर नजर रखते हुए इस कार्य की सतत माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जिले में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने विकासखण्डवार जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
18 शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024
बालोद,। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024 अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के कुल 18 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024 अंतर्गत विकासखण्ड स्तर पर शिक्षादूत पुरस्कार से डौण्डी विकासण्ड के श्रीमती सुनीता लहरे, श्रीमती आशा साहू, चुरामन सिंह भुआर्य, गुरूर विकासखण्ड के श्रीमती विमलारानी गंगबेर, लालेश्वर सिन्हा, रामनारायण सिन्हा, गुण्डरदेही विकासखण्ड से मणी कुमार डहरिया, श्रीमती हेमपुष्पा देवांगन, रविन्द्र कुमार चंद्राकर, बालोद विकासखण्ड से हेमू राम नुरूटी, मनोज कुमार ठाकुर, लालरघुवीर सिंह ठाकुर, डौण्डीलोहारा विकासखण्ड से श्रीमती प्रीतिबाला सोयाम, दीपक कुमार पटेल, रंजीता देवांगन को सम्मानित किया गया। इसी तरह जिला स्तर पर ज्ञानदीप पुरस्कार से गुण्डरदेही विकासखण्ड के शिक्षक युवराज साहू, डौण्डी विकासखण्ड के श्रीमती शिल्पी राय एवं बालोद विकासखण्ड के श्रीमती शिल्पा साहू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पीसी मरकले सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024 अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। जिसमें विकासण्ड स्तर पर शिक्षादूत पुरस्कार से पहली से पांचवी तक के प्राथमिक शिक्षकों तथा जिला स्तर पर ज्ञानदीप पुरस्कार से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के माध्यमिक स्तर के शिक्षक को सम्मानित किया जाता है। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024 का उद्देश्य शिक्षकों द्वारा पूरी निष्ठा एवं कर्तव्य का निर्वहन कर कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास करने पर उन्हें सम्मानित किया जाता है। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2024 अंतर्गत प्राथमिक स्तर के शिक्षक को शिक्षादूत पुरस्कार के रूप में 5000 रुपये आरटीजीएस एवं प्रशस्ति पत्र तथा माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार के रूप में 7000 रुपये आरटीजीएस एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाता है।
वर्दी के बिना यात्री बसों का संचालन किए जाने पर की जाएगी कार्रवाई
बालोद । राज्य में बिना परिचालक लाईसेंस एवं निर्धारित वर्दी के बिना यात्री बसों का संचालन किए जाने के संबंध में आज बस मालिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बस मालिकों को अनिवार्य रूप से परिचालक लाईसेंस व निर्धारित वर्दी के साथ बस संचालन के निर्देश दिए गए है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा-29 के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन कार्य के दौरान नशे की हालत में पाए जाने पर सहायक शिक्षक सुभाष सोरी निलंबित
बालोद, । उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बेलटिकरी में निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षक सुभाष सोरी को नशे की हालत में पाए जाने पर निलंबित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत तृतीय चरण के मतदान दिवस 23 फरवरी को गुण्डरदेही विकासखण्ड के मतदान केन्द्र क्रमांक 97 शासकीय प्राथमिक शाला बेलटिकरी का निरीक्षण किया गया।
जिसमें सहायक शिक्षक सुभाष सोरी शासकीय प्राथमिक शाला हर्राठेमा की मतदान अधिकारी क्रमांक 03 के रूप में ड्यूटी लगाई गई थी। निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षक सुभाष सोरी को नशे के हालत में पाये जाने एवं मतदान कार्य करने में सक्षम नहीं होने के कारण इनके स्थान पर रिजर्व दल से मतदान अधिकारी क्रमांक 03 की नियुक्ति की गई जिससे मतदान कार्य प्रभावित हुआ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने आदेश जारी कर सहायक शिक्षक सुभाष सोरी (मतदान अधिकारी क्रमांक 03) शासकीय प्राथमिक शाला हर्राठेमा का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 17, 24, 26 एवं छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 1, 2, 3 के विपरित होने के फलस्वरूप छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966, के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक निलंबित
बालोद, । उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही की प्रधानपाठक सविता यादव और सहायक शिक्षक नेहा गुप्ता को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने पर निलंबित किया है। जारी आदेश के अनुसार नगरीय निकाय आम निर्वाचन के दौरान 07 फरवरी को चुनावी सभा पुराना हाई स्कूल मैदान गुण्डरदेही में आयोजित हुआ था। जिसमें पी.एम.श्री शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही के बच्चे उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित हुए जो न्यूज पोर्टल में प्रसारित हुआ। न्यूज पोर्टल में प्रसारित खबर में पी.एम.श्री शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही के छात्र, छात्राएं एवं सहायक शिक्षक कु.नेहा गुप्ता शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही की उपस्थिति दिखाई दे रही है। जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने के कारण रिटर्निंग ऑफिसर नगर पंचायत गुण्डरदेही द्वारा सहायक शिक्षक नेहा गुप्ता और प्रधानपाठक सविता यादव के विरूद्ध अनुशानात्मक कार्यवाही हेतु प्रस्तावित किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने आदेश जारी कर शासकीय प्राथमिक शाला गुण्डरदेही की प्रधानपाठक श्रीमती सविता यादव और सहायक शिक्षक कु. नेहा गुप्ता का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 11 एवं छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 1, 2, 3, 8 एवं 9 के विपरित होने के फलस्वरूप छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966, के नियम 9 के तहत प्रधानपाठक श्रीमती सविता यादव और सहायक शिक्षक कु. नेहा गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।