छत्तीसगढ़ / गरियाबंद
“चेटीचंड: भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव पर सिंधी समाज में उमंग, सद्भावना और भाईचारे का महापर्व”
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
चैत्र शुक्ल द्वितीया से सिंधी नववर्ष का शुभारंभ होता है, जिसे चेटीचंड के नाम से जाना जाता है। चैत्र मास को सिंधी भाषा में ‘चेट’ और चांद को ‘चण्डु’ कहा जाता है। इसीलिए चेटीचंड का अर्थ है ‘चैत्र का चांद’। इस वर्ष यह पावन पर्व 30 अप्रैल, रविवार को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सिंधी समाज के लोग गरियाबंद के स्वामी आत्मानंद स्कूल के समीप एकत्रित हुए, जहां समाज द्वारा चेटीचंड के पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं के लिए शरबत और चना प्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जो प्रसाद ग्रहण करते हुए आनंद और भक्ति में डूबे नजर आए।
चेटीचंड (Cheti Chand) का क्या महत्व है?
सिंधी इस त्योहार को भगवान झूलेलाल के जन्मदिन समारोह के रूप में मनाते हैं, जिन्हें उदरोलाल के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें उनके संरक्षक संत के रूप में जाना जाता है। इस दिन वरुण देव झूलेलाल के रूप में अवतरित हुए थे। उन्होंने सिंधी संस्कृति और हिंदू धर्म को होने से बचाने के लिए अवतार लिया था। अत: इस दिन जल देवता की पूजा कर उनका आभार जताया जाता है। हिंदू पंचाग के चैत्र माह को एक महत्वपूर्ण महीना माना जाता है जिसे सिंधी समुदाय द्वारा ‘चेत’ कहा जाता है। इसके अलावा, उनके पंचांग के अनुसार प्रत्येक नया महीना अमावस्या यानी ‘चांद’ से शुरू होता है। इसलिए, उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है और इस दिन को चेटीचंड नाम दिया गया है।
इस मौके पर समाज के प्रमुख सदस्य अजय रोहरा ने कहा, “सिंधी समाज हर साल इस पर्व को पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाता है। चेटीचंड केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और भगवान झूलेलाल के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देता है।” उन्होंने आगे कहा कि समाज के सभी लोग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करते हैं, जो हमारी सामाजिक समरसता को दर्शाता है।
चेटीचंड पर्व की महत्ता और पौराणिक कथा
चेटीचंड का यह पर्व अवतारी युगपुरुष भगवान झूलेलाल के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान झूलेलाल का जन्म समाज में सद्भावना, शांति और भाईचारा स्थापित करने के लिए हुआ था। उनकी शिक्षाएं आज भी सिंधी समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। खास तौर पर पाकिस्तान के सिंध प्रांत से भारत के विभिन्न हिस्सों में आकर बसे हिंदुओं में भगवान झूलेलाल की पूजा का विशेष प्रचलन है।
उनके भक्त उन्हें उदेरोलाल, घोड़ेवारो, जिन्दपीर, लालसाँई, पल्लेवारो, ज्योतिनवारो, अमरलाल जैसे कई नामों से पुकारते और पूजते हैं। भगवान झूलेलाल को जल और ज्योति का अवतार माना जाता है। इसी कारण इस पर्व पर लकड़ी से बना एक छोटा मंदिर तैयार किया जाता है, जिसमें जल से भरा लोटा और प्रज्वलित ज्योति रखी जाती है। श्रद्धालु इसे ‘बहिराणा साहब’ कहते हैं और चेटीचंड के दिन इसे सिर पर उठाकर भक्ति भाव से झूमते हैं। यह दृश्य आस्था और उत्साह का अनुपम संगम प्रस्तुत करता है।
आयोजन में ये रहे शामिल
इस भव्य आयोजन में समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें श्री राम माखीजा, जय राम रोहरा, वीर भान दास रोहरा, कन्हैया रोहरा, प्रकाश रोहरा, रॉकी रोहरा, सुनील रोहरा, विकास रोहरा, आशीष रोहरा, अजय रोहरा, आसिफ मेमन, अजय दासवानी, बिनय दासवानी, रितेश रोहरा, रवि रोहरा, रोहित रोहरा, हार्दिक रोहरा, उमेश बर्फानी, राधेश्याम सोनवानी सहित समाज के अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे। सभी ने इस पर्व को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
गरियाबंद में श्रद्धालुओं को शरबत एवं चना प्रसाद वितरित किया
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
गरियाबंद। चेटीचंड पर्व पर सिंधी समाज में किया गरियाबंद में श्रद्धालुओं को शरबत एवं चना प्रसाद वितरित धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ समाज ने मनाया भगवान झूलेलाल जन्मोत्सव समाज में सरकार
देवी मंदिरों में प्रज्वलित हुए मनोकामना ज्योत।
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
चैत्र नवरात्र: शक्ति की आराधना और नववर्ष की शुरुआत
फामेश्वरी यादव बनीं छत्तीसगढ़ की पहली महिला अग्निवीर
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई ।
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के छोटे से गांव परसदा जोशी में रहने वाले मजदूर हीरालाल यादव की 21 वर्षीय बेटी फ़ामेश्वरी यादव का भारतीय सेना में अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस (WMP) के रूप में चयनित हुआ है। जिन्होंने छत्तीसगढ़ की पहली महिला अग्निवीर बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह गरियाबंद जिले सहित राज्य के लिए गर्व और बेटियों के आत्मबल का प्रतीक है।
गौरतलब हो कि फ़ामेश्वरी यादव राजीव लोचन कॉलेज में बीएससी सेकेंड इयर की छात्रा है। उन्होंने एनसीसी भी ज्वाइन किया हुआ है। फ़ामेश्वरी ने चर्चा में बताया कि बचपन से ही देश सेवा में जाने का मन था, वर्दी देखकर उसे गर्व होता था और उनके अंदर देश सेवा का जुनून था। इसके बाद गांव के अलावा क्षेत्र के कई युवाओं को उसने अग्निवीर में जाते देखा तो, पता लगाया कि अग्निवीर में लड़कियां भर्ती ले सकती है कि नहीं। जिसके बाद फ़ामेश्वरी इसकी तैयारी में जुट गई। लोगों के ताना सुनने के बाद भी नहीं रुकी, लगातार तैयारी में लगी रही, आज फ़ामेश्वरी का चयन अग्निवीर के लिए हुआ है। जिसने गरियाबंद का ही नहीं बल्कि प्रदेश में इतिहास रच दिया है। उल्लेखनीय है कि 24 मार्च, 2025 को घोषित परिणाम में चयन के बाद फामेश्वरी 01 मई, 2025 से बेंगलुरु स्थित सेना मिलिट्री पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण प्रारंभ करेंगी। उन्हें सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा सम्मानित भी किया गया।
मालूम हो कि हीरालाल यादव के दो बेटे है, बेटी सबसे छोटी है। बुआ के बेटे और गांव में एक युवक अग्निवीर में भर्ती हुए है। वर्दी देखकर कर जुनून उठा और बेटी ने अग्निवीर बनने की ठान ली। मजदूर पिता के पास इतने पैसे भी नहीं थे कि उसे कोचिंग करा सके। लिहाजा मजदूरी जाने से पहले पिता हीरालाल यादव और बड़ा भाई दीपक उसको दौड़ना और फिजिकल एक्टिविटी खुद कराया। अग्निवीर में जाने की ठान लिया तो गांव पड़ोस के लोग माता खेमीन बाई को ताना कसते थे। मां भी बेटी के मर्जी और जिद के साथ थी। कहने वालों की परवाह किए बगैर बेटी का पूरा परिवार ने साथ दिया। सफल होकर जब घर लौटी तो पूरा परिवार बहादुर बेटी का आरती उतार कर स्वागत किया। सपनो को साकार होता देख बेटी भी खुश है, प्रदेश ही नहीं देश के लिए बेटी नजीर बने पूरा परिवार की आशा है।
बॉक्स में–
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फामेश्वरी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक चयन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों की हिम्मत और देशभक्ति का प्रमाण है। फामेश्वरी ने यह दिखा दिया कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सफलता राज्य की अन्य युवतियों को भी प्रेरणा देगी, और उन्हें सेना व अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का हौसला देगी। राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और राष्ट्र सेवा के हर कदम में उनके साथ है। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी और राज्य की बेटियाँ हर क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
कोयबा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन
ग्रामीणों के समस्याओं से संबंधित 296 आवेदन हुए प्राप्त
गरियाबंद । जिले के मैनपुर विकासखण्ड के ग्राम बम्हनीझोला (कोयबा) में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, क्रेडा, वन, स्वास्थ्य, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, शिक्षा, आदिवासी विकास, विद्युत, श्रम, समाज कल्याण उद्योग, आयुर्वेद सहित अन्य विभागों द्वारा आमजनों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में लोगों के समस्याओं से संबंधित 296 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। लंबी प्रक्रियाओं वाले एवं उच्च कार्यालयों के मार्गदर्शन से संबंधित आवेदनों के निराकरण के बारे में आवेदकों को अवगत कराया गया। शिविर में जिला अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जागरूक होकर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर में बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र के पूर्व संसदीय सचिव श्री गोवर्धन मांझी एवं कलेक्टर दीपक अग्रवाल भी शामिल हुए। शिविर में पूर्व विधायक एवं कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा चार हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल एवं एक हितग्राही को मोटराईज्ड ट्रायसिकल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म के तहत सुपोषण किट एवं दो बच्चों अन्नप्रासन किया गया। कृषि विभाग द्वारा पांच किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन कार्ड, जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा साहेबिनकच्छा के 20 लोगों को टेराफिल फिल्टर एवं नौ लोगों को रिमूअल फिल्टर प्रदान किया गया एवं इंदागांव के 12 प्रशिक्षित ग्रामीण महिला कमाण्डों को कीट वितरण किया गया, जिससे कि वे गांव में नशामुक्ति के बारे में ग्रामीणों को अवगत करायेंगे। साथ ही शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य जांच कर दवाई वितरण किया गया।
इस दौरान कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीणजनों की विभिन्न समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज ग्राम बम्हनीझोला (कोयबा) में शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र अंतर्गत गांवों में समस्याओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों का जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से निराकरण किया जायेगा। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के जो लोग जिला मुख्यालय नहीं पहुंच पाते है। उन लोगों के लिए यह शिविर काफी लाभदायक है। शिविर में सभी विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणजनों की मांग, समस्या एवं शिकायतों को सुनकर उनका अधिक से अधिक शिविर स्थल पर ही निराकरण करने का प्रयास करते है। कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिविर में ग्रामीणों के मांग एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक निराकरण करे। शिविर स्थल पर जिन ग्रामीणों के मांग एवं समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है तो उसकी जानकारी संबंधित आवेदक को अवगत कराये। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को आनलाईन कर दिया गया है। जिससे प्रकरण के निराकरण की जानकारी आसानी से मिल जाती है।
साथ ही प्रत्येक समय-सीमा की बैठक में इन आवेदनों की समीक्षा की जाती है। उन्होंने से अपील किया है कि जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी दिये है, उसका अधिक से अधिक लाभ उठाये।शिविर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने जनसमस्या निवारण शिविर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि शासन की मंशानुरूप प्रत्येक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समस्या का रूप अलग-अलग रहता है तथा उसका निराकरण भी अलग स्तर पर होता है। कुछ समस्याओं का निराकरण शिविर स्थल पर ही हो जाता है। जो नहीं हो पाता उनके लिए जनपद अनुविभाग एवं जिला स्तर पर कार्यालय है। वहां भी समस्या का निराकरण करने का हर संभव प्रयास किया जाता है। श्री राखेचा ने बताया कि ग्राम पंचायत इंदागांव में प्रशिक्षित महिला कमाण्डों की टीम बनाई गई है, साथ ही युवाओं को भी शामिल किया गया है, जो पुलिस विभाग से मिलकर अनाधिकृत रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्यवाही करेंगे। साथ ही उनके द्वारा ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने की समझाईश देंगे।
उन्होंने ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, तीन सवारी वाहन न चलाने एवं नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की अपील की।शिविर में गोवर्धन मांझी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से शिविर स्थल सहित आसपास गांवों के लोगों की विभिन्न समस्याओं का एक ही स्थान पर तेजी से निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री संजय नेताम एवं श्रीमती लोकेशवरी नेताम ने भी शिविर को सम्बोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर नवीन भगत, एसडीएम मैनपुर पंकज डाहिरे, जनपद अध्यक्ष मोहना नेताम, उपाध्यक्ष नंदकुमारी राजपूत, सहित जनपद सदस्य, सरपंच, पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
ऑगनबाड़ी सहायिका, रिक्त पद में भर्ती के लिए 16 तक आवेदन
गरियाबंद । एकीकृत बाल विकास परियोजना गरियाबंद अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र मारागांव एवं ओंड़ कमारपारा में ऑगनबाड़ी सहायिका के एक- एक रिक्त पद भर्ती के लिए 16 अप्रैल 2025 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने के लिए नियम व शर्तें परियोजना कार्यालय गरियाबंद एवं कार्यालय जनपद पंचायत गरियाबंद के सूचना पटल पर चस्पा की गई है। आवेदक कार्यालयीन समय में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय गरियाबंद में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन पत्र प्रेषित कर सकते है।
ऑगनबाड़ी सहायिका, रिक्त पद में भर्ती के लिए 16 तक आवेदन
गरियाबंद। एकीकृत बाल विकास परियोजना गरियाबंद अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र मारागांव एवं ओंड़ कमारपारा में ऑगनबाड़ी सहायिका के एक- एक रिक्त पद भर्ती के लिए 16 अप्रैल 2025 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने के लिए नियम व शर्तें परियोजना कार्यालय गरियाबंद एवं कार्यालय जनपद पंचायत गरियाबंद के सूचना पटल पर चस्पा की गई है।
आवेदक कार्यालयीन समय में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय गरियाबंद में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन पत्र प्रेषित कर सकते है।
भारत माता वाहिनी के माध्यम से नशे के खिलाफ लोगों को करें जागरूक : कलेक्टर
गरियाबंद। कलेक्टर ने आज नशामुक्त भारत अभियान समिति की भी बैठक ली। उन्होंने गांव में लोगों को नशा के खिलाफ जागरूक करने गठित भारत माता वाहिनी को सक्रिय करने के निर्देश दिये। साथ ही समिति के माध्यम से तथा स्वास्थ्य शिक्षा समाज कल्याण विभाग के समन्वय से नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये।
उन्होंने स्कूल, कॉलेजों एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी नशा के खिलाफ लोगों को जागरूक करने विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिये। उन्होंने भारत माता वाहिनी समूह के सदस्यों एवं वालेंटियरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने नशामुक्ति के लिए संचालित नशामुक्ति केन्द्र की जानकारी लेकर केन्द्र में लोगों की उपस्थिति एवं उन्हें दिये जाने वाले काउंसलिंग के वस्तुस्थिति की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये।
सड़कों से आवारा मवेशियों के रोकथाम के लिए लगातार चलाये अभियान
खुले वाहनों में लोगों को परिवहन न करने की दे समझाईश
गरियाबंद । कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने आज कलेक्ट्रोरेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने आमजनों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में जिले के सड़क सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले प्रावधानों एवं सड़कों पर होने वाले दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किये जाने वाले उपायों पर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय अपनाने के निर्देश दिये। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधार कार्यवाही भी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने घुमंतु मवेशियों के कारण सड़कों पर होने वाली दुघटनाओं को रोकने के लिए आवारा पशुओं को रोकने का नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिये।
साथ ही मवेशियों के गले पर रेडियम बेल्ट लगाने एवं सींग पर कलर कोडिंग अनिवार्यतः करने को कहा। कलेक्टर ने बारात आदि प्रयोजनों में पीकअप, ट्रैक्टर, ट्रक आदि वाहनों को लोगों के परिवहन के लिए उपयोग में नहीं लाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि खुले वाहनों में लोगों के परिवहन करने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने लोगों को खुले वाहनों में परिवहन न करने के समझाईश देने गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सहायक सड़कों के दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों को चिन्हित कर रंबल स्ट्रिप बनाने, आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक कॉलिंग हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
नशीली पदार्थाे के रोकथाम के लिए लगातार चलाये अभियान : कलेक्टर
अवैध शराब पर एवं कोटपा एक्ट के तहत लगातार करे कार्यवाही
गरियाबंद । कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में स्वापक औषधि मनः प्रभावी पदार्थाे या नशीली पदार्थाे के प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक ली। उन्होंने बैठक में जिले में नशीली पदार्थाे के प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर रोकथाम की लगातार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही जिले में सक्रियता के साथ नशीली दवाईयों के रोकथाम के लिए कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने पूर्व के बैठकों में दिये गये निर्देशों के तहत की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की। साथ ही आगे भी लगातार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
उन्होंने सीमा पार नशीली दवाईयों के आवागमन में रोक लगाने, लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिये। साथ ही अवैध शराब पर भी लगातार कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पर्श क्लिनिक की माध्यम से नशे की लत से पीड़ित मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार दिलाने के निर्देश दिये। साथ ही नशामुक्ति के लिए जारी टोलफ्री नम्बर 14446 एवं अवेध मादक पदार्थ की रिर्पोटिंग के लिए जारी मानस टोलफ्री एंटी नार्कोटिक्स हेल्पलाईन नम्बर 1933 के बारे में लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को उपरोक्त दोनों नम्बरों को सभी गांवों में दीवाल राईटिंग करवाने एवं आवश्यक मुनादी भी करवाने के भी निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चन्द्राकर, सहायक ड्रग कन्ट्रोलर संजय राजपूत सहित समन्वय समिति के सदस्यगण शामिल हुए।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि चेकपोस्ट, बैरियरों के द्वारा सघन निगरानी कर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जाए। जिले में नशीली पदार्थों के रोकथाम के लिए लगातार व्यापक अभियान चलाएं जाए। कलेक्टर ने नशीली पदार्थाे के बारे में जागरूकता लाने एवं लोगों को इसके दुरूपयोग से दूर रहने के लिए आवश्यक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। साथ औषधि विभाग के अधिकारियों को दवाईयों का औचक निरीक्षण कर नशीली दवाईयों के स्टॉक, एन्ट्री एवं बिक्री आदि की भी जानकारी लेने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कोरियर के माध्यम से होने वाले नशीली दवाईयों के डिलीवरी पर भी सघन निगरानी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कोरियर एजेंसियों की बैठक लेकर नशीली दवाईयों के डिलीवरी की जानकारी प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिये। जिससे गैर कानूनी रूप से बाहर से आने वाली नशीली दवाईयों की सप्लाई पर रोक लगाई जा सके। कलेक्टर ने स्कूल, कॉलेज के 100 मीटर के दायरें में तंबाकू युक्त एवं नशीली पदार्थाे की बिक्री पर कोटपा अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग को भी नशे के विरूद्ध जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये।
शिक्षकों का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान : विधायक
गरियाबंद में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का हुआ आयोजन
गरियाबंद । गरियाबंद में वन विभाग के ऑक्सन हॉल में आज मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके तहत तीन श्रेणी में 28 शिक्षकों को प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर पुरस्कृत किया गया। शिक्षादूत के रूप में जिले के कुल 15 शिक्षकों को पांच-पांच हजार रूपये की राशि भेंट की गई। ज्ञानदीप के रूप में जिले के 3 शिक्षकों को सात-सात हजार रूपये की राशि भेंट की गई। वहीं उत्कृष्ट प्रधानपाठक के रूप में 10 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर शिक्षकों को सम्मानित किया। साथ ही नगर पालिका गरियाबंद के अध्यक्ष रिखीराम यादव एवं कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यो की सराहना करते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा कि शिक्षकों को गुरू का दर्जा मिला हुआ है। शिक्षकगण राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गौरव का विषय है। शिक्षकों का समाज में उत्कृष्ट स्थान है। बच्चों को ज्ञान की शिक्षा देने के साथ ही नैतिक मूल्य एवं चरित्र निर्माण में भी शिक्षक अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को अच्छी शिक्षा देने के साथ ही लगातार अच्छे कार्य करते रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में शिक्षा गुणवत्ता में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। शिक्षकों के बेहतर कार्य के फलस्वरूप गौरव गरियाबंद अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए बेहतर प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगरपालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्रकार, पार्षद सूरज सिन्हा सहित शिक्षक एवं नागरिकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। जिले को भी कई विकास कार्यो की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गरियाबंद में नालंदा परिसर की भी सौगात मिलने वाली है। साथ ही आधुनिक ऑडिटोरियम और खेलकूद की सुविधओं के लिए मिनी स्टेडियम भी बनाया जाएगा। जिला मुख्यालय में 220 बेडयुक्त अस्पताल की भी स्वीकृति मिली है। नगर पालिका गरियाबंद में मजरकट्टा से नई सर्किट हाउस तक 43 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 3 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। राजिम से छुरा तक दो लेन सड़क बनाने का प्रस्ताव भी विधानसभा में पारित हो चुका है। साथ ही कृषि महाविद्यालय और सिंचाई बराज की भी स्वीकृति मिलने वाली है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर ने कहा कि शिक्षक समाज के विकास में सहयोग प्रदान करते है। गुरू के पास जो इच्छ शक्ति है वह किसी के पास नहीं है। उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन के दौरान शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान और उनकी सफलता का अनुभव भी साझा किया।
“गरियाबंद में भक्तिमय उत्साह के साथ मनी संत माता कर्मा जयंती: भजन-कीर्तन, आरती और प्रसादी वितरण से गूंजा मां कर्मा मंदिर”
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
गरियाबंद। नगर के साहू समाज भवन, मां कर्मा मंदिर में आज पूरे भक्तिभाव के साथ संत माता कर्मा जयंती एवं पापमोचनी एकादशी का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर तहसील महिला प्रकोष्ठ की मातृशक्ति ने भजन-कीर्तन कर श्रद्धा व्यक्त की और संत माता कर्मा एवं प्रभु श्रीकृष्ण की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने माता कर्मा की महिमा, उनके त्यागमयी जीवन और भक्ति मार्ग पर प्रकाश डाला। सभी ने एक स्वर में कहा कि माता कर्मा केवल साहू समाज की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन में भक्ति, सेवा और समर्पण की जो मिसाल पेश की, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।
महिला प्रकोष्ठ ने किया भव्य आयोजन
महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों ने माता कर्मा की आरती, पूजा, भजन-कीर्तन के साथ प्रसादी वितरण कर पूरे कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत के माध्यम से संत माता कर्मा और प्रभु श्रीकृष्ण की स्तुति कर वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
तारकेश्वरी तनू साहू ने कहा:
“संत माता कर्मा केवल साहू समाज के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए एक आदर्श हैं। उनकी भक्ति, सेवा और समर्पण की भावना को हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए। समाज में एकता, सद्भावना और समर्पण की भावना बनाए रखने के लिए उनके आदर्शों को आत्मसात करना आवश्यक है।”
समाजजन हुए कार्यक्रम से अभिभूत
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग, महिला एवं पुरुष श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूरे भक्ति भाव से कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन के सफल समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया।
कार्यक्रम की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था को देखकर यह स्पष्ट हुआ कि माता कर्मा की भक्ति समाज में गहराई से स्थापित है और आने वाली पीढ़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलती रहेगी।
समाज के ग्रामीण महिला अध्यक्ष-तहसील साहु संघ की संरक्षक मिलेश्वरी साहु उपाध्यक्ष पुष्पा साहु। महिला प्रकोष्ठ के संयोजिका रमला साहु त्रेता साहु ताकेश्वरी साहु ग्रामीण अध्यक्ष भुमिन साहु ग्रामीण अध्यक्ष बीमला साहु ,ग्रामीण अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, ऐश कुमारी साहू,
सारिता साहु तनुजा। साहु पुनीता साहु रेणुका साहु महेश्वरी साहु चमेली साहु पदमनी साहु गीता साहु उषा साहु वेदिका साहु रत्ना साहु सुनीता साहु अनिता साहु चंद्रकला साहु संगीता साहु पोखराज साहु शारदा साहु इन्दू साहु ।
विश्व क्षय दिवस पर निकाली गई रैली
लोगों को क्षय रोग के संबंध में किया गया जागरूक
गरियाबंद । कलेक्टर दीपक अग्रवाल के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गार्गी यदु पाल के मार्गदर्शन में आज जिला चिकित्सालय गरियाबंद में कार्यक्रम आयोजित कर विश्व क्षय दिवस मनाया गया। जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं शिवम कालेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं, रेडक्रास सोसायटी के वालेंटियर के द्वारा जेन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को गरियाबंद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रिखी राम यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी.आर. मरकाम, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन तथा पार्षद सुरेन्द्र सोनटेके द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली पश्चात जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षय रोग विषय पर संगोष्ठी, स्वास्थ्य परिचर्चा, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन करते हुए टी.बी. मरीजों को अतिरिक्त पोषण आहार कीट प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 तक टी.बी. मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है। जिसे चिन्हाकिंत एवं समूह वाले क्षेत्रों तथा हाट बाजार टी.बी. खोज अभियान चलाकर प्राप्त किया जा रहा है। टी.बी. मुक्त करने जन समूह की सहभागिता को आवश्यक बताया गया। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। 07 दिसम्बर 2024 से 24 मार्च 2025 तक 100 दिवसीय निक्षय निरामय अभियान तहत उच्च जोखिम समूह के संभावित मरीजों का स्क्रीनिंग कर जांच एवं उपचार प्रदान किया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि गरियाबंद नगर सहित जिले को टी.बी. मुक्त करने हेतु सभी नागरिकों को सहयोग प्रदान करने की अपील की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी.आर. मरकाम ने कहा कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों को टी.बी. मुक्त ग्राम पंचायत बनाने हेतु विशेष प्रयास किया जायेगा।
जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. अमन कुमार हुमने ने बताया कि विश्व क्षय दिवस के बारे में बताते हुए कहा कि टी.बी. रोग के लक्षण, जांच-उपचार संबंधी जानकारी दी। साथ ही दो हफ्ते से अधिक खॉसी होने पर अनिवार्य रूप से बलगम की जांच कराने की अपील की। इसके अलावा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.बारा, वरिष्ठ सर्जन डॉ. हरिश चौहान ने लोगो को स्कीन जांच कर सीवाय टीबी स्क्रीनिंग जांच का शुभारंभ किया गया। इससे टी.बी के संक्रमण का पता लगाकर आवश्यक उपचार देकर टी.बी. से बचाया जाता है।
इस दौरान प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. टी.सी. पात्रे, डॉ. लक्ष्मीकांत जांगडे, डॉ. सृष्टि यदु, डॉ. देवेन्द्र साहू, डॉ. योगेन्द्र रघुवंशी, डॉ.शंकर पटेल, श्री शेखर ध्रुव, टीबी यूनिट के भारत सिंह ठाकुर, ललित कुमार देवागंन, टीेकेश साहू, धीरज कुमार शर्मा सतरूपा चंद्राकर, के.के. कृषाणु एवं एनएचएम/जिला चिकित्सालय के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित हुये, कार्यक्रम का संचालन अमृत राव भोसले एवं भूपेश कुमार साहू के द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक लीे
गरियाबंद । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक अग्रवाल ने जिले के सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की निर्वाचन के विभिन्न मुद्दो पर सुझाव प्राप्त करने के संबंध में बैठक ली। बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने मतदाता सूची अद्ययतन करने, नामीनेशन संबंधी सुझाव, स्क्रुटनी, नाम वापसी, प्रतीक आबंटन, मतदान केंद्र संबंधी, ईवीएम, मतदान दलकर्मी, प्रशिक्षण, पोस्टल बैलेट मतपत्र, कानून व्यवस्था, निर्वाचन व्यवस्था संबंधित सुझाव, मतगणना, आदर्श आचरण संहिता, अन्य विभिन्न मुद्दो पर सुझाव दिये। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश राजपूत सहित राजनीतिकदलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर की अध्यक्षता में परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न
अधिकारी-कर्मचारी से संबंधित समस्याओं के निपटारा के लिये संबंधित अधिकारियों को दिये निर्देश
गरियाबंद। अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के संबंध में कलेक्टर दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में विभिन्न संगठन के पदाधिकारियों के साथ जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिला स्तरीय इस बैठक में जिले के अधिकारी- कर्मचारियों एवं शिक्षकों के विभिन्न संघों ने शासकीय सेवकों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने संगठनों द्वारा प्रस्तुत सभी मांगो, समस्याओं और सुझावों को नियमानुसार निराकृत करने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों के समस्याओं के प्राथमिक स्तर पर ही निराकरण करने सभी जिला अधिकारियों को अपने- अपने विभाग में परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने बैठक में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों संघ के सदस्यों को शासकीय सेवा के दौरान कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन के लिए अपने संघ के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों से अपील करने की बात कही। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर अरविंद पाण्डेय, प्रकाश राजपूत, नवीन भगत सहित अधिकारी-कर्मचारियों के विभिन्न संघों के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
परामर्श दात्री समिति की बैठक में संघ के सदस्यों ने समयबद्ध तरीके से शासकीय आवासों के आवश्यक मरम्मत एवं रंग-रोगन, पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण, अवकाश प्रकरणों, अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण एवं कर्मचारियों के आवश्यकतानुसार विभागीय परीक्षा आयोजित करने, सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, समयमान का लाभ, परीक्षा अवधि पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को क्रमोन्नति, एरियर्स राशि का भुगतान, नियमितिकरण, ग्रेडेशन लिस्ट जारी करने, डीएमएफ फंड से लिपिक सदन में बॉन्ड्रीवाल तथा बोर खनन करवाने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान करवाने, पेंशन प्रकरणों का निराकरण एवं स्वतत्वों का भुगतान शीघ्र कराने के संबंध में मामले को कलेक्टर के समक्ष रखा। साथ ही विभाग में लिपिकों के कार्य विभाजन में समय अंतराल पश्चात रोटेशन करने की भी जरूरत बताई। इससे कार्यालय के सभी कर्मचारी सभी प्रकार के कार्याे के लिए कुशल होंगे। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने सभी संघों से सदस्यों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनकर निराकरण करने के निर्देश बैठक में मौजूद अधिकारियों को दिये।
गरियाबंद में रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम रायपुर द्वारा व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
गरियाबंद। जिले के पाँच प्रमुख महाविद्यालयों—शासकीय वीर सुरेन्द्रसाय पीजी महाविद्यालय , शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय , बीएड/डीएड गुरुकुल महाविद्यालय, आईटीएस कॉलेज और शासकीय आईटीआई महाविद्यालय में रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम रायपुर द्वारा व्यक्तित्व विकास शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, देशप्रेम और आध्यात्मिक विचारधारा को जागृत करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विवेकज्योति मासिक पत्रिका के संपादक स्वामी प्रपत्यानंद जी महाराज ने युवाओं को बताया कि एक सफल व्यक्तित्व के निर्माण के लिए मन, बुद्धि, शरीर और इंद्रियों पर नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, संयम और आत्मअनुशासन से ही चरित्र निर्माण संभव है। अन्य वक्ताओं में डॉ. बी.एल. सोनकर (प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग, पं. रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर), डॉ. विनित कुमार साहू (सहायक प्राध्यापक, शासकीय कचना धुरवा महाविद्यालय छुरा) एवं समाजसेवी शीतल ध्रुव ने अपने विचार साझा किए।
डॉ. सोनकर ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणादायक घटनाएँ साझा करते हुए कहा कि चरित्रवान बनने के लिए अनुशासन और आत्मनिर्भरता जरूरी है। डॉ. विनित कुमार साहू ने व्यक्तित्व विकास शिविर के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम रायपुर द्वारा निःशुल्क विवेकज्योति मासिक पत्रिका और शक्तिदायी विचार पुस्तक का वितरण किया गया। शिविर में वीर सुरेन्द्रसाय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. तलवरे, श्री सी एल तारक, डॉ नीलांबर पटेल, डॉ. सत्यम कुंभकार (रा.से.यो. कार्यक्रम अधिकारी), श्री प्रेमानंद महिलांग, श्री भुनेश्वर कुर्रे, गुरुकुल महाविद्यालय के संरक्षक धर्मेंद्र ओझा, आईटीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र तिवारी, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय गरियाबंद के प्राचार्य एवं शिक्षकगण समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
हवन–पूजन के साथ पालिका अध्यक्ष रिखीराम ने संभाली कुर्सी
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
नगर की जनता के विश्वास को कायम रखने पूरी ईमानदारी से करेंगे काम– रिखीराम
गरियाबंद। नगर पालिका परिषद गरियाबंद के नव निर्वाचित अध्यक्ष रिखीराम यादव ने गुरुवार को पालिका कार्यालय में कार्य का आरंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने सबसे पहले शीतला मंदिर पहुंचकर मां शीतला की पूजा अर्चना किया और अपने कार्यकाल की सफलता के साथ ही क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इसके बाद, वह सीधे पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अध्यक्ष कक्ष में हवन पूजन कराया। इसके साथ ही पूरे कार्यालय का गंगाजल व गौ मूत्र से शुद्धिकरण भी कराया गया। हालांकि इसे हिंदू रीति रिवाज से जुड़ी परंपरा बताया जा रहा है। इस अवसर पर मौजूद गणमान्य नागरिक, पार्षद और पालिका कर्मचारियों सहित शुभचिंतकों ने भी उनका साथ दिया और उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।
मालूम हो कि बीते 10 मार्च को नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव समेत पार्षदों ने शपथ लिया था। इसके बाद 20 मार्च गुरुवार को उन्होंने पालिका के अध्यक्ष कक्ष में हवन–पूजन कराकर कार्यभार संभाला। सत्ता की कुर्सी में बैठने से पहले अध्यक्ष रिखीराम यादव ने सुबह सबसे पहले सपत्नीक गरियाबंद नगर के शीतला मंदिर पहुंचकर मां शीतला के दर्शन व पूजा–अर्चना किया, तत्पश्चात पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने प्रवेश द्वार पर मत्था टेका, उसके बाद अंदर प्रवेश किया।
–कुर्सी संभालने से पहले पालिका का शुद्धिकरण–
नव निर्वाचित पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने पालिका की कुर्सी संभालने से पहले हवन–पूजन कराया। अध्यक्ष कक्ष में वैदिक मंत्रोपचार के साथ पूजा–अर्चना के साथ ही हवन–पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद पूरे कार्यालय का गंगाजल एवं गौ मूत्र से शुद्धिकरण किया गया। वहीं कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने हाथ पकड़कर रिखीराम यादव को अध्यक्ष की कुर्सी में बिठाया। इसके बाद अध्यक्ष का पगड़ी रस्म हुआ।
–वास्तु के आधार पर बैठने की दिशा बदली–
बता दें कि पालिका में अध्यक्ष बदलते ही कई चीजें बदली हुई नजर आई। पूर्व में मौजूद चेंबर में बैठने की दिशा को वास्तु के आधार पर बदल दी गई है। कुर्सी में बैठने से पूर्व नव निर्वाचित अध्यक्ष रिखीराम यादव ने प्रणाम किया। कहा जा रहा है कि यह सिर्फ धार्मिक परम्पराओं का पालन नहीं, बल्कि एक संकेत था कि अब नगरीय प्रशासन भारतीय संस्कृति और मूल्यों के अनुरूप चलेगा।
–राजनीति में दिखी एक अलग तस्वीर, हो रही जमकर चर्चा–
गरियाबंद नगर पालिका में आज एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसकी जमकर चर्चा हो रही है। बताना लाजिमी होगा कि पालिका की कुर्सी पर बैठने से पहले नए अध्यक्ष रिखीराम यादव द्वारा हवन–पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें उनकी धर्मपत्नी के अलावा सब्जी व्यवसाय करने वाली एक बुजुर्ग महिला गनेशिया बाई निर्मलकर भी थी। यह वहीं महिला है, जो नगरीय निकाय चुनाव में हर पल रिखीराम यादव के साथ रहती थी, और जीत की प्रार्थना करती थी। बताया गया कि गनेशिया बाई कई सालों से सब्जी का व्यवसाय करती है। जो कि इस बार निकाय चुनाव में कांग्रेस से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के पास काम करती है, लेकिन चुनाव में वह भाजपा के प्रत्याशी रिखीराम यादव के साथ रही। आज जब जीतने के बाद कुर्सी पर बैठने का अवसर मिला, तो रिखी यादव ने सबसे पहले बुजुर्ग महिला को सम्मान दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से गिरीश उपासने, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरलीधर सिन्हा, केशव साहू, बलदेव सिंह हुंदल, लोकनाथ साहू, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, पार्षद सुरेंद्र सोनटेके, पुष्पा साहू, रेणुका साहू, बिंदु सिन्हा, खेमसिंह बघेल, मोहित द्विवेदी, वीरू यादव, केशर निर्मलकर सहित गणमान्य नागरिक और पालिका कर्मचारियों ने भी उनका साथ दिया और उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।
–बॉक्स में–
नव निर्वाचित अध्यक्ष रिखीराम यादव ने अपने कार्यकाल में जनता की सेवा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह जनता के विश्वास को कायम रखने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे और हर एक विकास कार्य को समय पर पूरा करेंगे। इस मौके पर पार्षदों, स्थानीय नेताओं और पालिका के कर्मचारियों ने भी रिखीराम यादव को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पालिका के विकास की उम्मीद जताई।