छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
धान के अवैध परिवहन पर की गई कार्रवाई
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में सहायक कलेक्टर एवं एसडीएम जांजगीर श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी द्वारा अवैध धान के परिवहन पर कार्रवाई की गई। खाद्य अधिकारी ने बताया कि सहायक कलेक्टर एवं एस डी एम जांजगीर द्वारा अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 162 कट्टी 65 क्विंटल लगभग 2 लाख मूल्य का अवैध धान परिवहन पर धान जब्त कर थाना नवागढ़ के सुपुर्द कराया गया। गौरतलब है कि कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिया गया है।
नवागढ़ में लिंक कोर्ट हुआ प्रारंभ
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में सहायक कलेक्टर एवं एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी की उपस्थिति में नवागढ़ में लिंक कोर्ट प्रारंभ किया गया। साप्ताहिक लिंक कोर्ट प्रत्येक बुधवार को आयोजित किया जाएगा। अब सप्ताह में एक दिन अनुविभागीय अधिकारी के बैठने से आमजनता को लगभग 20 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जांजगीर जाना नहीं पड़ेगा। इससे उनकी समय और पैसे दोनों की बचत होगी। एसडीएम के लिंक कोर्ट की सुविधा मिल जाने से ग्रामीणों और किसानों में खुशी का माहौल है।
पुलिस लाइन का कर्मचारी निकला बाइक चोर
जांजगीर चांपा। जिले के पुलिस लाइन में खड़ी बाइक की चोरी के मामले में कोर्ट ने आरोपी राकेश रात्रे को 2 साल सश्रम करावास की सजा सुनाई है। वहीं अर्थदण्ड की राशि अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास का आदेश जारी किया है।
सहायक लोक अभियोजन एस.अग्रवाल ने बताया कि पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक गंगाधर क्रश जोकि 21 नवंबर 2019 को सुबह करीब 9 से 10 बजे ड्यूटी पर आया हुआ था।
बाइक को पुलिस लाइन मैदान में रखा हुआ था। जब 1.30 बजे करीब बाहर आया तो बाइक नहीं मिली, आस-पास खोजने पर भी कुछ पता नहीं चलने पर सिटी कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इस दौरान जांच पड़ताल शुरू की गई, बाइक की चोरी के संदेह में पूछताछ के बाद पता चला कि पुलिस लाइन में ही पदस्थ राकेश रात्रे ने ही बाइक की चोरी की थी।
जिसके कब्जे से बरामद कर विवेचना पूर्ण होने पर न्यायालय में पेश किया गया। जिस पर प्रथम श्रेणी न्यायालय सीमा कंवर ने आरोपी राकेश रात्रे को बाइक चोरी के मामले में दोषी ठहराया है।
आरोपी पर धारा 379 IPC के तहत 2 वर्ष सश्रम कारावास और अर्थदण्ड की राशि से दंडित किया गया, अर्थदण्ड की राशि अदा नहीं करने पर अलग से कारावास का आदेश जारी किया गया है।
जिला रोजगार कार्यालय में 8 जनवरी को प्लेसमेंट कैंप का होगा आयोजन
जांजगीर-चांपा । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जांजगीर-चांपा द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 08 जनवरी 2025 दिन बुधवार को प्रातः 11 बजे 3 बजे तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा लाईवलीहुड कॉलेज परिसर जॉजगीर में एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि शिविर में निजी क्षेत्र के नियोजन बॉम्बे इंटेलिजेंस सिक्युरिटी इंडिया लिमिटेड रायपुर द्वारा सिक्युरिटी गार्ड 100 पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जावेगी।
उक्त पद हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 वी उत्तीर्ण एवं आयु 18 से 45 वर्ष निर्धारित किया गया है। कंपनी द्वारा प्रतिमाह वेतनमान 13000 से 19500 रुपए निर्धारित किया गया है। चयनित आवेदक का कार्यक्षेत्र रायपुर,उरला, सिलतरा, दुर्ग, बिलासपुर रहेगा। प्लेसमेंट कैंप में भाग लेने वाले इच्छुक आवेदक अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं उपस्थित होकर कैंप में भाग ले सकते है।
जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं समीक्षा समिति की बैठक 9 जनवरी को
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं समीक्षा समिति तथा एनआरएलएम उप समिति की बैठक 9 जनवरी 2025 को अपराह्न 3 बजे जिला पंचायत जांजगीर सभाकक्ष में आयोजित की गई है।
अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया बैठक में पिछली डीएलसीसी/डीएलआरसी बैठक की कार्यवाही, बैंकिंग गतिविधियां, ऋण जमा अनुपात पर समीक्षा, केसीसी, वार्षिक साख योजना की लक्ष्य एवं प्रगति पर समीक्षा, प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना, अटल पेंशन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, शासकीय ऋण वितरण आदि विषयों पर समीक्षा की जाएगी।
रोजगार दिवस में श्रमिकों की समस्याओं का किया समाधान
जांजगीर-चांपा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के माध्यम से गांव-गांव में रोजगार दिवस मनाया गया। इसके माध्यम से जॉब कार्डधारी परिवारों, ग्रामीणों की जॉब कार्ड, मजदूरी आदि को लेकर जो समस्याएं या प्रश्न सामने आए उनका समाधान मौके पर ही किया गया। इसके अलावा मनरेगा के दिशा-निर्देशों के साथ सामुदायिक एवं हितग्राही मूलक कार्यों से अवगत कराया गया।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल कुमार रावटे के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत जावलपुर में मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी हृदय शंकर ने अमृत सरोवर स्थल पर आयोजित रोजगार दिवस के दौरान उपस्थित जॉब कार्ड परिवारों को मनरेगा के दिशा-निर्देशों के साथ ही महिलाओं को मातृत्व भत्ता, श्रम कार्ड, मजदूरी दर, गोदी की जानकारी, आधार मैपिंग के संबंध में बताया गया। इसके अलावा बिरगहनी ब, हरदी विशाल, औराई खुर्द में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया।
अकलतरा विकासखंड की ग्राम पंचायत आरसमेटा में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान मनरेगा के दिशा निर्देश से अवगत कराया गया। साथ ही ग्राम पंचायत बाना में योजनाओं से संबधित के जानकारी के बारे में बताया गया। जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत भादा में फोसवा नाला विकास अंतर्गत गेबीयन स्ट्रक्चर निर्माण कार्य के दौरान रोजगार दिवस आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत मेहंदा में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इसी प्रकार बम्हनीडीह एवं जनपद पंचायत पामगढ़ की ग्राम पंचायतों में भी रोजगार दिवस का आयोजन किया गया।
अवैध शराब बेचने वाला गिरफ्तार
जांजगीर-चाम्पा । जिले में अवैध रूप से शराब बनाने व बेचने वालों के खिलाफ़ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चांपा पुलिस ने सिवनी निवासी एक आरोपी को अवैध शराब बेचते पकड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम सिवनी बेहराडीह रोड कृषि मंडी के सामने रोड किनारे पास शराब बिक्री करने की सूचना पर रेड कार्यवाही किया गया आरोपी नारायण धीवर उम्र 55 वर्ष निवासी सिवनी(चांपा) के कब्जे से प्लास्टिक थैला में रखे 32 नग देशी प्लेन शराब बरामद किया गया। आरोपी के विरूद्ध धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक डा. नरेश कुमार पटेल थाना प्रभारी चांपा, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक डिकेश्वर साहू, सुमंत सिंह,एवम थाना स्टाफ का सराहनिय योगदान रहा।
कलेक्टर-एसपी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगामी 06 जनवरी को प्रस्तावित जिला प्रवास पर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने हाई स्कूल मैदान जांजगीर एवं खोखरा स्पोर्टस् स्टेडियम में स्थल निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम अंतर्गत खोखरा स्पोर्टस स्टेडियम, हसदेव क्रिएटर्स हब, अथरिया कुर्मी भवन, कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मूर्ति अनावरण, हाई स्कूल जांजगीर में विभिन्न विकास कार्याें का भूमिपूजन एवं लोकार्पण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे।
कलेक्टर ने हेलीपेड, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, कानून व्यवस्था, मुख्य मंच, बेरीकेडिंग, बैठक व्यवस्था, स्टॉल, पेयजल, प्रवेश द्वार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए।
रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ हथकरघा विभाग का वरिष्ठ निरीक्षक
जांजगीर-चांपा। जांजगीर में एसीबी की टीम ने हथकरघा विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। गिरफ्तार निरीक्षक का नाम हरेकृष्ण चैहान है।
दरअसल, महेन्द्र देवांगन, ग्राम केरा, जिला-जांजगीर चांपा द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि हथकरघा बुनकर सहकारी समितियां-महामाया समिति मिस्दा, लक्ष्मी कोसा समिति खोखरा एवं बजरंग बुनकर समिति खोखरा का कार्य निष्पादन बंद होने के कारण उनके द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विपणन एवं सहकारी संघ रायपुर को आवेदन दिया गया था।
सहायक संचालक हथकरघा जांजगीर चांपा को जांच हेतु निर्देश प्राप्त हुआ। सहकारी समितियों द्वारा प्रार्थी को अधिकृत करने पर जांच पश्चात् रिपोर्ट रायपुर भेजने हेतु वरिष्ठ निरीक्षक हरेकृष्ण चौहान से मिलने पर उनके द्वारा 1,75,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
पीड़ित द्वारा 50,000 रू. की व्यवस्था करने पश्चात् 3 जनवरी को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी हरेकृष्ण चौहान वरिष्ठ निरीक्षक, हथकरघा विभाग, जिला-जांजगीर चांपा को पहली किश्त 50,000 रू. रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
19 साल की युवती ने इंस्टा में लाइव आकर की खुदकुशी
जांजगीर-चांपा। जिले में युवती के सुसाइड का लाइव वीडियो सामने आया है। आत्महत्या से पहले युवती इंस्टाग्राम पर लाइव आई और फंखे से फांसी लगा ली।
मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के मिस्दा गांव का है। घर के कमरे में एक 19 साल की युवती अंकुर नाथ ने फांसी लगाकर जान दे दी। फिलहाल, पुलिस मोबाइल जब्त कर मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजनों ने प्रेम प्रसंग की वजह से सुसाइड की आशंका जताई है।
नवागढ़ थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि युवती ने 29 दिसंबर को घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सुसाइड से पहले अपने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम आईडी से लाइव किया था। मृतका के माता पिता हैदराबाद में रोजी मजदूरी का काम करते हैं।
वह अपनी एक बहन के साथ यहां रहती थी।
लाइव वीडियो को अन्य यूजर्स और गांव के लोगों ने देखा, जिसके बाद घर के सदस्यों को जानकारी दी, तब तक फांसी के फंदे पर झूल चुकी थी। परिजन युवती को उतारकर सीएचसी अस्पताल नवागढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना थाने में मिलने पर 30 दिसंबर को अस्पताल के मर्चुरी में रखे शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। वहीं मृतक युवती के मोबाइल फोन को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। परिवार के सदस्यों का बयान लिया गया,
जिसमें प्रथम दृष्टिया प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। जिसके कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस हर पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है। अभी मोबाइल के सीडीआर निकाला जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां और बेटा हादसे का शिकार, एक की मौत
जांजगीर चांप। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में महिला का सिर ट्रेलर के नीचे आ गया। वहीं ट्रेलर ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।सुचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के सीतामणि की रहने वाली धनबाई प्रजापति (45) वर्ष अपने बेटे योगेश प्रजापति के साथ शक्ति जिले मलदा गांव कुछ काम से आई हुई थी। योगेश प्रजापति ने बताया कि काम होने के बाद वह अपनी मां धनबाई को लेकर वापस कोरबा जाने को मलदा से निकले थे।
दोपहर करीबन 12 बजे बस स्टैंड के पास पहुंचे थे, तभी चांपा की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन चालक जिसमें कोयला लोड था पीछे से ठोकर मारी है। जिससे मैं सड़क के दूसरे तरफ गिरा, वहीं मां ट्रेलर वाहन के चक्के के नीचे आ गई।
युवोदय की टीम को कराया गया एक्सपोजर विजिट
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत एनआरएलएम की महिलाओं, युवोदय की टीम तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक्सपोजर विजिट कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि विजिट के दौरान उन्हें कार्यालय सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर, नवा बिहान, पुलिस परिवार परामर्श केंद्र, महिला डेस्क तथा सायबर सेल आदि का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान उक्त समस्त लाभार्थियों को प्रत्येक कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा उनके द्वारा पीड़ितों को दी जाने वाली प्रत्येक सुविधा सहायता की जानकारी प्राप्त हुई।
विजिट के दौरान कार्यालय सखी वन स्टॉप सेंटर में लाभार्थियों को सखी के कार्य एवं उद्देश्य, हिंसा के प्रकार तथा महिला उत्पीड़न इलेक्ट्रानिक शिकायत पोर्टल (शी बॉक्स) तथा आपातकालीन सेवाओं महिला हेल्पलाईन 181, 112 के संबंध में विस्तारपूर्वक कानूनी एवं विभागीय जानकारी दी एवं पॉम्पलेट वितरण किया गया। हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए की जाने वाली प्रत्येक कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी गई। संरक्षण अधिकारी श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर द्वारा घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम 2005 के अंतर्गत ऐसी पीड़ित महिलाओं को धारा 125 के अंतर्गत दी जाने वाली भरण-पोषण का अधिकार तथा धारा 19 के अंतर्गत निवास संरक्षण का अधिकार आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस परिवार परामर्श केन्द्र के प्रभारी मोहन राठौर के द्वारा पुलिस परिवार परामर्श केन्द्र के कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला डेस्क के संबंध में जानकारी दी गई कि महिलाएं अपनी समस्याओं को निसंकोच पुलिस को बता सके इस उद्देश्य से महिला अधिकारियों द्वारा कार्य किया जाता है। इसी तरह सायबर सेल के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 के संबंध में जानकारी दी गई। विजिट के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर केन्द्र प्रशासक एच. निशा खान, महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी फसल हेतु पानी देने के संबंध में विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक जैजैपुर बालेश्वर साहू, पूर्व विधायक केशव चन्द्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित कृषकगण एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह ने बताया कि समिति के विचारोपरान्त रबी वर्ष-2025 के लिये हसदेव दांयी तट नहर एवं उसके नहर प्रणालियों में 01 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक एवं हसदेव बायीं तट नहर प्रणाली में 05 जनवरी 2025 से 25 अप्रैल-2025 तक रबी फसल हेतु पानी देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही इस अवधि में ही निस्तारी तालाबों को भरा जाना भी प्रस्तावित है।
नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में मोर्चा के सदस्यों ने विधानसभा में देखा कार्यवाही
जांजगीर-चांपा । अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही देखा। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही प्रत्यक्ष देखा। भ्रमण दल में नगर पालिका परिषद जांजगीर के उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोतीलाल डहरिया, हरदेव टंडन, पार्षद देव गढ़ेवाल, पूर्व पार्षद गण अजीत गढ़वाल, पूरन लाल सूर्यवंशी, राम गोपाल चौरसिया, कार्तिक राम सूर्यवंशी, अनिल शर्मा, अमित यादव, मयंक परमहंस, भागवत सूर्या, कन्हैयालाल सूर्यवंशी, अशोक चौरसिया, रमेश सूर्यवंशी, किशन चौरसिया, राधेलाल चौरसिया, माधो लाल सूर्यवंशी, मोहित लाठिया, हरीश ताम्रकार, अमृत लाठिया, मोहन सूर्यवंशी एवं शिवराम विजय सहित 40 सदस्यीय दल ने विधानसभा के कार्यवाही देखी।
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में आयोजित विधानसभा भ्रमण कार्यक्रम में जांजगीर के विभिन्न वार्डों के सदस्य एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने रायपुर स्थित में विधानसभा में शीतकालीन सत्र का कार्यवाही देखा और विधानसभा के दौरान सरकार और कार्यवाही की संचालन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त किया।
ट्रक ने बस को मारी टक्कर, दर्जनभर यात्री घायल...
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ में शनिवार सुबह एक ट्रक ने यात्री बस को टक्कर मार दी। बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक पलट गई। हादसे में बस में सवार दर्जन भर से ज्यादा यात्री घायल हो गए। शुक्ला ट्रैवल्स की बस में 50 से 60 यात्री सवार थे। बस केरा से जांजगीर की तरफ जा रही थी। यह हादसा नवागढ़ के राछाभाटा के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्ला ट्रैवल्स की बस केरा से जांजगीर की ओर जा रही थी। बस में 50 से 60 यात्री सवार थे। इसी दौरान नवागढ़ के राछाभाटा के पास ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक दूर जाकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके पर से फरार हो गया। वहीं बस में सवार दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को सीएससी नवागढ़ भेजा गया है। फिलहाल नवागढ़ पुलिस मामले की जांच में
आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती के लिए आवेदन 31 दिसम्बर तक आमंत्रित
जांजगीर-चांपा। एकीकृत बाल विकास परियेाजना जांजगीर के जनपद पंचायत नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत अवरीद के आंगनबाड़ी केन्द्र अवरीद 01 में सहायिका पद रिक्त होने के फलस्वरूप 18 वर्ष से 44 वर्ष के महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर नवागढ़ 2 ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु 08 वीं उत्तीर्ण तथा उक्त ग्राम पंचायत के किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन करना हो तो 31 दिसम्बर 2024 तक एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर (जाज्वल्यदेव नवीन कन्या महाविद्यालय जांजगीर के पीछे पुराना बाल संरक्षण गृह) मे सीधे जमा किया जा सकता है। नियत तिथि के उपरान्त प्राप्त होने वाले आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का हुआ शुभारंभ
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु. उत्कृष्ट हि.मा.विद्या. क्र-02 जांजगीर एवं रानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक चांपा में बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। डॉ. स्वाति वंदना सिसोदिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिसमें बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण में पाए गए छात्रों को जिला अंधत्व नियंत्रण समिति द्वारा शीघ्र निःशुल्क चश्मा से लाभान्वित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों का प्रारंभिक अवस्था में ही दृष्टि दोष का पहचान कर चश्मा प्रदान किया जाना हैं, ताकि छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक अध्ययन कर सके और अपनी प्रतिभा से उत्तम उपलब्धि प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिला बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत 06 से 18 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं को नेत्र परीक्षण कराने की अपील की हैं। दृष्टि दोष पाए जाने वाले छात्रों को निःशुल्क चश्मा जिला अंधत्व नियंत्रण समिति, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा प्रदाय की जाएगी।