छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
रोजगार दिवस में श्रमिकों की समस्याओं का किया समाधान
जांजगीर-चांपा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के माध्यम से गांव-गांव में रोजगार दिवस मनाया गया। इसके माध्यम से जॉब कार्डधारी परिवारों, ग्रामीणों की जॉब कार्ड, मजदूरी आदि को लेकर जो समस्याएं या प्रश्न सामने आए उनका समाधान मौके पर ही किया गया। इसके अलावा मनरेगा के दिशा-निर्देशों के साथ सामुदायिक एवं हितग्राही मूलक कार्यों से अवगत कराया गया।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल कुमार रावटे के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत जावलपुर में मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी हृदय शंकर ने अमृत सरोवर स्थल पर आयोजित रोजगार दिवस के दौरान उपस्थित जॉब कार्ड परिवारों को मनरेगा के दिशा-निर्देशों के साथ ही महिलाओं को मातृत्व भत्ता, श्रम कार्ड, मजदूरी दर, गोदी की जानकारी, आधार मैपिंग के संबंध में बताया गया। इसके अलावा बिरगहनी ब, हरदी विशाल, औराई खुर्द में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया।
अकलतरा विकासखंड की ग्राम पंचायत आरसमेटा में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान मनरेगा के दिशा निर्देश से अवगत कराया गया। साथ ही ग्राम पंचायत बाना में योजनाओं से संबधित के जानकारी के बारे में बताया गया। जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत भादा में फोसवा नाला विकास अंतर्गत गेबीयन स्ट्रक्चर निर्माण कार्य के दौरान रोजगार दिवस आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत मेहंदा में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इसी प्रकार बम्हनीडीह एवं जनपद पंचायत पामगढ़ की ग्राम पंचायतों में भी रोजगार दिवस का आयोजन किया गया।
अवैध शराब बेचने वाला गिरफ्तार
जांजगीर-चाम्पा । जिले में अवैध रूप से शराब बनाने व बेचने वालों के खिलाफ़ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चांपा पुलिस ने सिवनी निवासी एक आरोपी को अवैध शराब बेचते पकड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम सिवनी बेहराडीह रोड कृषि मंडी के सामने रोड किनारे पास शराब बिक्री करने की सूचना पर रेड कार्यवाही किया गया आरोपी नारायण धीवर उम्र 55 वर्ष निवासी सिवनी(चांपा) के कब्जे से प्लास्टिक थैला में रखे 32 नग देशी प्लेन शराब बरामद किया गया। आरोपी के विरूद्ध धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक डा. नरेश कुमार पटेल थाना प्रभारी चांपा, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक डिकेश्वर साहू, सुमंत सिंह,एवम थाना स्टाफ का सराहनिय योगदान रहा।
कलेक्टर-एसपी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगामी 06 जनवरी को प्रस्तावित जिला प्रवास पर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने हाई स्कूल मैदान जांजगीर एवं खोखरा स्पोर्टस् स्टेडियम में स्थल निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम अंतर्गत खोखरा स्पोर्टस स्टेडियम, हसदेव क्रिएटर्स हब, अथरिया कुर्मी भवन, कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मूर्ति अनावरण, हाई स्कूल जांजगीर में विभिन्न विकास कार्याें का भूमिपूजन एवं लोकार्पण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे।
कलेक्टर ने हेलीपेड, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, कानून व्यवस्था, मुख्य मंच, बेरीकेडिंग, बैठक व्यवस्था, स्टॉल, पेयजल, प्रवेश द्वार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए।
रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ हथकरघा विभाग का वरिष्ठ निरीक्षक
जांजगीर-चांपा। जांजगीर में एसीबी की टीम ने हथकरघा विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। गिरफ्तार निरीक्षक का नाम हरेकृष्ण चैहान है।
दरअसल, महेन्द्र देवांगन, ग्राम केरा, जिला-जांजगीर चांपा द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि हथकरघा बुनकर सहकारी समितियां-महामाया समिति मिस्दा, लक्ष्मी कोसा समिति खोखरा एवं बजरंग बुनकर समिति खोखरा का कार्य निष्पादन बंद होने के कारण उनके द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विपणन एवं सहकारी संघ रायपुर को आवेदन दिया गया था।
सहायक संचालक हथकरघा जांजगीर चांपा को जांच हेतु निर्देश प्राप्त हुआ। सहकारी समितियों द्वारा प्रार्थी को अधिकृत करने पर जांच पश्चात् रिपोर्ट रायपुर भेजने हेतु वरिष्ठ निरीक्षक हरेकृष्ण चौहान से मिलने पर उनके द्वारा 1,75,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
पीड़ित द्वारा 50,000 रू. की व्यवस्था करने पश्चात् 3 जनवरी को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी हरेकृष्ण चौहान वरिष्ठ निरीक्षक, हथकरघा विभाग, जिला-जांजगीर चांपा को पहली किश्त 50,000 रू. रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
19 साल की युवती ने इंस्टा में लाइव आकर की खुदकुशी
जांजगीर-चांपा। जिले में युवती के सुसाइड का लाइव वीडियो सामने आया है। आत्महत्या से पहले युवती इंस्टाग्राम पर लाइव आई और फंखे से फांसी लगा ली।
मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के मिस्दा गांव का है। घर के कमरे में एक 19 साल की युवती अंकुर नाथ ने फांसी लगाकर जान दे दी। फिलहाल, पुलिस मोबाइल जब्त कर मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजनों ने प्रेम प्रसंग की वजह से सुसाइड की आशंका जताई है।
नवागढ़ थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि युवती ने 29 दिसंबर को घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सुसाइड से पहले अपने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम आईडी से लाइव किया था। मृतका के माता पिता हैदराबाद में रोजी मजदूरी का काम करते हैं।
वह अपनी एक बहन के साथ यहां रहती थी।
लाइव वीडियो को अन्य यूजर्स और गांव के लोगों ने देखा, जिसके बाद घर के सदस्यों को जानकारी दी, तब तक फांसी के फंदे पर झूल चुकी थी। परिजन युवती को उतारकर सीएचसी अस्पताल नवागढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना थाने में मिलने पर 30 दिसंबर को अस्पताल के मर्चुरी में रखे शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। वहीं मृतक युवती के मोबाइल फोन को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। परिवार के सदस्यों का बयान लिया गया,
जिसमें प्रथम दृष्टिया प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। जिसके कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस हर पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है। अभी मोबाइल के सीडीआर निकाला जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां और बेटा हादसे का शिकार, एक की मौत
जांजगीर चांप। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में महिला का सिर ट्रेलर के नीचे आ गया। वहीं ट्रेलर ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।सुचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के सीतामणि की रहने वाली धनबाई प्रजापति (45) वर्ष अपने बेटे योगेश प्रजापति के साथ शक्ति जिले मलदा गांव कुछ काम से आई हुई थी। योगेश प्रजापति ने बताया कि काम होने के बाद वह अपनी मां धनबाई को लेकर वापस कोरबा जाने को मलदा से निकले थे।
दोपहर करीबन 12 बजे बस स्टैंड के पास पहुंचे थे, तभी चांपा की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन चालक जिसमें कोयला लोड था पीछे से ठोकर मारी है। जिससे मैं सड़क के दूसरे तरफ गिरा, वहीं मां ट्रेलर वाहन के चक्के के नीचे आ गई।
युवोदय की टीम को कराया गया एक्सपोजर विजिट
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत एनआरएलएम की महिलाओं, युवोदय की टीम तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक्सपोजर विजिट कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि विजिट के दौरान उन्हें कार्यालय सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर, नवा बिहान, पुलिस परिवार परामर्श केंद्र, महिला डेस्क तथा सायबर सेल आदि का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान उक्त समस्त लाभार्थियों को प्रत्येक कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा उनके द्वारा पीड़ितों को दी जाने वाली प्रत्येक सुविधा सहायता की जानकारी प्राप्त हुई।
विजिट के दौरान कार्यालय सखी वन स्टॉप सेंटर में लाभार्थियों को सखी के कार्य एवं उद्देश्य, हिंसा के प्रकार तथा महिला उत्पीड़न इलेक्ट्रानिक शिकायत पोर्टल (शी बॉक्स) तथा आपातकालीन सेवाओं महिला हेल्पलाईन 181, 112 के संबंध में विस्तारपूर्वक कानूनी एवं विभागीय जानकारी दी एवं पॉम्पलेट वितरण किया गया। हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए की जाने वाली प्रत्येक कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी गई। संरक्षण अधिकारी श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर द्वारा घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम 2005 के अंतर्गत ऐसी पीड़ित महिलाओं को धारा 125 के अंतर्गत दी जाने वाली भरण-पोषण का अधिकार तथा धारा 19 के अंतर्गत निवास संरक्षण का अधिकार आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस परिवार परामर्श केन्द्र के प्रभारी मोहन राठौर के द्वारा पुलिस परिवार परामर्श केन्द्र के कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला डेस्क के संबंध में जानकारी दी गई कि महिलाएं अपनी समस्याओं को निसंकोच पुलिस को बता सके इस उद्देश्य से महिला अधिकारियों द्वारा कार्य किया जाता है। इसी तरह सायबर सेल के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 के संबंध में जानकारी दी गई। विजिट के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर केन्द्र प्रशासक एच. निशा खान, महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी फसल हेतु पानी देने के संबंध में विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक जैजैपुर बालेश्वर साहू, पूर्व विधायक केशव चन्द्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित कृषकगण एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह ने बताया कि समिति के विचारोपरान्त रबी वर्ष-2025 के लिये हसदेव दांयी तट नहर एवं उसके नहर प्रणालियों में 01 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक एवं हसदेव बायीं तट नहर प्रणाली में 05 जनवरी 2025 से 25 अप्रैल-2025 तक रबी फसल हेतु पानी देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही इस अवधि में ही निस्तारी तालाबों को भरा जाना भी प्रस्तावित है।
नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में मोर्चा के सदस्यों ने विधानसभा में देखा कार्यवाही
जांजगीर-चांपा । अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही देखा। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही प्रत्यक्ष देखा। भ्रमण दल में नगर पालिका परिषद जांजगीर के उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोतीलाल डहरिया, हरदेव टंडन, पार्षद देव गढ़ेवाल, पूर्व पार्षद गण अजीत गढ़वाल, पूरन लाल सूर्यवंशी, राम गोपाल चौरसिया, कार्तिक राम सूर्यवंशी, अनिल शर्मा, अमित यादव, मयंक परमहंस, भागवत सूर्या, कन्हैयालाल सूर्यवंशी, अशोक चौरसिया, रमेश सूर्यवंशी, किशन चौरसिया, राधेलाल चौरसिया, माधो लाल सूर्यवंशी, मोहित लाठिया, हरीश ताम्रकार, अमृत लाठिया, मोहन सूर्यवंशी एवं शिवराम विजय सहित 40 सदस्यीय दल ने विधानसभा के कार्यवाही देखी।
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल के मार्गदर्शन में आयोजित विधानसभा भ्रमण कार्यक्रम में जांजगीर के विभिन्न वार्डों के सदस्य एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने रायपुर स्थित में विधानसभा में शीतकालीन सत्र का कार्यवाही देखा और विधानसभा के दौरान सरकार और कार्यवाही की संचालन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त किया।
ट्रक ने बस को मारी टक्कर, दर्जनभर यात्री घायल...
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ में शनिवार सुबह एक ट्रक ने यात्री बस को टक्कर मार दी। बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक पलट गई। हादसे में बस में सवार दर्जन भर से ज्यादा यात्री घायल हो गए। शुक्ला ट्रैवल्स की बस में 50 से 60 यात्री सवार थे। बस केरा से जांजगीर की तरफ जा रही थी। यह हादसा नवागढ़ के राछाभाटा के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्ला ट्रैवल्स की बस केरा से जांजगीर की ओर जा रही थी। बस में 50 से 60 यात्री सवार थे। इसी दौरान नवागढ़ के राछाभाटा के पास ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक दूर जाकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके पर से फरार हो गया। वहीं बस में सवार दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को सीएससी नवागढ़ भेजा गया है। फिलहाल नवागढ़ पुलिस मामले की जांच में
आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती के लिए आवेदन 31 दिसम्बर तक आमंत्रित
जांजगीर-चांपा। एकीकृत बाल विकास परियेाजना जांजगीर के जनपद पंचायत नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत अवरीद के आंगनबाड़ी केन्द्र अवरीद 01 में सहायिका पद रिक्त होने के फलस्वरूप 18 वर्ष से 44 वर्ष के महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर नवागढ़ 2 ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु 08 वीं उत्तीर्ण तथा उक्त ग्राम पंचायत के किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन करना हो तो 31 दिसम्बर 2024 तक एकीकृत बाल विकास परियोजना जांजगीर (जाज्वल्यदेव नवीन कन्या महाविद्यालय जांजगीर के पीछे पुराना बाल संरक्षण गृह) मे सीधे जमा किया जा सकता है। नियत तिथि के उपरान्त प्राप्त होने वाले आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का हुआ शुभारंभ
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय बहु. उत्कृष्ट हि.मा.विद्या. क्र-02 जांजगीर एवं रानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक चांपा में बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। डॉ. स्वाति वंदना सिसोदिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिसमें बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण में पाए गए छात्रों को जिला अंधत्व नियंत्रण समिति द्वारा शीघ्र निःशुल्क चश्मा से लाभान्वित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों का प्रारंभिक अवस्था में ही दृष्टि दोष का पहचान कर चश्मा प्रदान किया जाना हैं, ताकि छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक अध्ययन कर सके और अपनी प्रतिभा से उत्तम उपलब्धि प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिला बाल नेत्र सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत 06 से 18 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं को नेत्र परीक्षण कराने की अपील की हैं। दृष्टि दोष पाए जाने वाले छात्रों को निःशुल्क चश्मा जिला अंधत्व नियंत्रण समिति, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा प्रदाय की जाएगी।
जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के क्रियान्वयन के तहत जिले को बाल विवाह मुक्त बनाये जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अभियान को प्रोत्साहित करने बाल विवाह मुक्त जांजगीर-चांपा के तहत आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत विवाह के लिए लड़की की उम्र 18 वर्ष तथा लड़के की उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से कम होने की स्थिति में बाल विवाह करने पर पुलिस विभाग द्वारा अपराध पंजीबद्ध करते हुए विवाह करने वाले माता-पिता, विवाह में सम्मिलित होने वाले रिश्तेदार, विवाह कराने वाले पंडित, प्रभारी बैड बाजा धुमाल, विवाह स्थल के होटल, भवन प्रभारी, प्रभारी टेंट हाउस, हलवाई, कैट्रीन वाले के विरूद्ध कार्यवाही की जावेगी। अधिनियम के तहत 02 वर्ष के कठोर सश्रम कारावास तथा 01 लाख के जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किया जाने का प्रावधान है।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
समय सीमा के लंबित प्रकरणों प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार समय सीमा की लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जन चौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन सप्ताह - प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत 19 दिसंबर से 24 दिसंबर तक जिले अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सुशासन सप्ताह एवं राज्य शासन के 1 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों को आयोजन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस मनाने के लिए आवश्यक तैयारी करने कहा। कलेक्टर छिकारा ने दिव्यांगता जांच शिविर में बनायें दिव्यांगता प्रमाण पत्र की जानकारी लेते हुए सभी पात्र लोगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने कहा। उन्होंने ई - डिस्ट्रिक्ट पोर्टल में जाति प्रमाण पत्र के सप्ताहित प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम सभा से प्राप्त जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि लक्ष्य अनुरूप जाति प्रमाण पत्र बनाने में प्रगति लाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य के अधिकारियों को वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के प्रगति जानकारी लेकर शत प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में लंबित अनुकंपा नियुक्ति, डायवर्सन के प्रकरण, नक्शा बटांकन की जानकारी, विवादित खाता विभाजन, विवादित नामांतरण, धान खरीदी, अविवादित नामांतरण, सीमांकन के प्रकरण, जल जीवन मिशन के कार्य, उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एसपी वैद्य, जिला पंचायत गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वयं केशरवानी का चयन थलसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ
जांजगीर । जिले के युवक स्वयं केशरवानी का चयन थलसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। वे मूलत: नवागढ़ के रहने वाले हैं। वे भारतीय सेना जॉइन कर देश सेवा करना चाहते थे। स्वयं केशरवानी ने अपनी प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर नवागढ़ में ली।
इसे बाद कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल अंबिकापुर में की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी द्वारा आयोजित एनडीए प्रवेश परीक्षा पास की। उनका चयन पुणे के सैन्य अकादमी के लिए हुआ। उन्होंने वहां तीन साल शिक्षा लेने के बाद आईएमए देहरादून में एक वर्ष की शिक्षा प्राप्त कर पासआउट हो गए हैं। उनका चयन लेफ्टिनेंट के पद पर किया गया। वे रूपेश केशरवानी व रेखा केशरवानी के बेटे व सृजल केशरवानी के भाई हैं।
शालाओं में बच्चों के सर्वोत्तम सुरक्षा के लिए संवेदीकरण प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतर्राष्ट्रीय दिवस) से 10 दिसम्बर (मानव अधिकार दिवस) तक 16 दिवसीय लिंग आधारित हिंसा को समाप्त करने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि जिसमें विद्यालय के प्राचार्यों, प्रधान पाठकों से बच्चों के सुरक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं पर समीक्षा की गई एवं आवश्यक सुरक्षा के उपाय हेतु संवेदीकरण प्रशिक्षण जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी, कर्मचारी द्वारा प्रदान किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा नवमी से बारहवीं तक के बच्चों को उनके अधिकारों के प्रभावी संरक्षण हेतु किशोर न्याय अधिनियम (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 संशोधित अधिनियम 2021 नियम 2016 संशोधित नियम 2022 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एवं बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियम) अधिनियम 1986 पर संवेदीकरण प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में जिला बाल संरक्षण इकाई से कुलदीप कुमार चौहान आउटरीच वर्कर निर्भय सिंह समन्वयक, भूपेश कश्यप टीम मेम्बर चाइल्ड लाइन महिला एंव बाल विकास विद्यालय के प्राचार्य, स्कूल स्टाफ व बच्चें अधिक संख्या में उपस्थित रहे।
सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत
जांजगीर-चांपा। जिले के अर्जुनी गांव में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर खेत में लगे खंभे से टकरा गई। घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है। बाइक सवार सावन दास (60) के सिर पर गंभीर चोट आई, जिस वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं पुनीराम को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार पुनीराम और सावन दास रिश्ते में मामा भांजा लगते हैं। दोनों एक बाइक में बैठकर खेतों को देखकर वापस अपने गांव अर्जुनी आ रहे थे। बाइक पुनीराम चला रहा था, इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। अकलतरा पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।