छत्तीसगढ़ / कबीरधाम
नशे का व्यापार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं – कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 187 पाव अवैध शराब जब्त
जिला कबीरधाम दिनांक 28.01.2025 कबीरधाम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। साइबर सेल और थाना पिपरिया की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लखनपुर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। इस कार्रवाई में अपराध क्रमांक 26/2023, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत आरोपी मनोज चंद्रवंशी पिता छोटूराम चंद्रवंशी (उम्र 28 वर्ष, निवासी लखनपुर) को गिरफ्तार किया गया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर कबीरधाम पुलिस की सख्त पहल, संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण और असामाजिक तत्वों को चेतावनी
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देश पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कबीरधाम पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर असामाजिक तत्वों और अपराधियों को सख्त चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं।
थाना कवर्धा अंतर्गत ग्राम सरेखा के बैगाटोला में पुलिस का कड़ा एक्शन: 400 किलो मौहा लहान मौके पर नष्ट, अवैध कच्ची शराब बनाने वालों में हड़कंप
जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए ग्राम सरेखा के बैगाटोला में बड़ी कार्रवाई की। *पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS)* के निर्देशानुसार और *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं श्री पंकज पटेल* के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। छापेमारी का नेतृत्व *डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर* और *कोतवाली थाना प्रभारी श्री लालजी सिन्हा* ने किया।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने किया कबीरधाम के बैगा परिवारों का सम्मान
कवर्धा । कबीरधाम जिले के लिए 76वां गणतंत्र दिवस एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर लेकर आया। जिले के बैगा बाहुल्य कुकदूर तहसील क्षेत्र के कांदावानी और तेलियापानी गांव के छह बैगा सदस्यों और ग्राम पंचायत कोटरा बुंदेली को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के छह सदस्यों और ग्राम पंचायत कोटरा बुंदेली को 26 जनवरी को सम्मानित किया। विशेष आमंत्रण पर दिल्ली पहुँचे इन परिवारों में ग्राम पंचायत कांदावानी के आश्रित ग्राम पटपरी की श्रीमती जगतिन बाई बैगा और उनके पति फूल सिंह बैगा, ग्राम तेलियापानी की श्रीमती तीतरी बाई बैगा और पति बुध सिंह बैगा, तथा ग्राम तेलियापानी की ही श्रीमती बाली बाई बैगा और पति सोनू राम बैगा शामिल थे।
कबीरधाम जिले के विशेष पिछडी जनजाति बैगा परिवार के सदस्यों ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह,सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भेंट की और उनके साथ संयुक्त फ़ोटो ग्राफ़ी की।श्रीमती जगतिन बाई बैगा ने राष्ट्रपति से विशेष चर्चा करते हुए अपने गांव की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से उनके गांव में पहली बार सौर ऊर्जा से बिजली पहुंची, जिससे उनका जीवन बदल गया।
सौर ऊर्जा से बदली जिंदगी
2024 की दीपावली से पहले इन बैगा परिवारों के घरों में अंधेरा था। जिला प्रशासन द्वारा क्रेडा विभाग को निर्देश दिया गया कि ग्राम पटपरी के सभी 25 घरों को सौर ऊर्जा संयंत्र से विद्युतीकृत किया जाए। दीपावली के पहले ही इन घरों में 300 वॉट के सोलर होम लाइटिंग सिस्टम लगाए गए, जिससे पहली बार इन परिवारों ने रात में रोशनी देखी।
हर घर जल योजना में कोटरा बुंदेली की उपलब्धि
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायत कोटरा बुंदेली को जल जीवन मिशन के तहत "हर घर जल" योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत की जल एवं स्वच्छता समिति की अध्यक्ष के नेतृत्व में पंचायत ने जलापूर्ति को घर-घर तक सुनिश्चित किया।
63.80 लाख रूपए की लागत से लागू इस योजना के तहत 141 परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 40 किलोलीटर क्षमता के जलाशय का निर्माण कर जल संकट का समाधान किया गया, जिससे ग्राम पंचायत जल समृद्धि की मिसाल बन गई।
ख़ुशी और गर्व का माहौल
दिल्ली जाने और राष्ट्रपति से मिलने का अवसर पाकर बैगा परिवारों में उत्साह और गर्व का माहौल है। श्रीमती जगतिन बाई बैगा ने भावुक होकर कहा कि यह सपना सच होने जैसा है। पहले हमारे गांव में अंधेरा था, लेकिन अब सौर ऊर्जा से रोशनी आई है। राष्ट्रपति से मिलना हमारे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।
आजादी के बाद पहली बार पी.एम. जनमन योजनातंर्गत क्रेडा द्वारा संचालित योजनाओं के बैगा जनजाति लाभार्थी परिवारों को राष्ट्रपति भवन के आमंत्रण पर दिल्ली में आयोजित गणतंत्रता दिवस 2025 समारोह में महामहिम राष्ट्रपति महोदया से की मुलाकात।
पीएम जनमन योजना के तहत जिला कबीरधाम में सोलर होमलाईट के लाभार्थी हितग्राहियों को गणतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु महोदया द्वारा दिल्ली में आमंत्रित किया गया था।
इस पावन अवसर पर ग्राम तेलियापानी विकासखंड पंडरिया की बाली बाई बैगा एवं तीतरी बाई बैगा से माननीय प्रधान मंत्री महोदय ने 24.01.2025 को सौजन्य भेंट की। इस दौरान अन्य प्रदेशों से आये पीएम जनमन योजना के हितग्राहियों से भी मिलें। यह पहला अवसर है कि सुदूर वनांचल के बैगा परिवार पहली बार देश के प्रधानमंत्री से उनके निवास पर मिले। निश्चित ही यह गौरव की बात है । छत्तीसगढ़ से आये सभी बैगा परिवारों को प्रधानमंत्री संग्रहालय का का भी भ्रमण कराया गया है। दिनाँक 25.01.2025 को सभी बैगा परिवारों को सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के सांसद भवन का भ्रमण कराया गया। इन्होंने पहली बार नजदीक से लोकसभा और राज्यसभा की दर्शक दीर्घा पर बैठकर आनंद लिया और बहुत गदगद हुए। जीवन में पहली बार ट्रैन और मैट्रो ट्रैन दोनों का आनंद लिया इस दौरान अन्य प्रदेशों से आये PVTG परिवारों से भी भेंट किया।
दिनांक 26.01.2025 को कर्तव्य पथ पर ये सभी बैगा परिवारों ने परेड का आनंद लिया और पहली बार AIR SHOW का भी आनंद लिये और बहुत खुश और भावुक हुए। परेड के बाद ग्राम पटपरी की एक हितग्राही श्रीमति जगतिन बाई बैगा को राष्ट्रपति भवन रात्रि भोज हेतु आमंत्रित किया गया, जहां महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपती मुर्मू महोदया ने उनसे भेंट की इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री महोदय, उपराष्ट्रपति, रक्षामंत्री माननीय राजनाथ सिंह, भूतपूर्व इसरो चीफ डॉ. ए स. सोमनाथ एवं अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।
देश के विशेष रूप से कमजोर एवं पिछड़ी जनजातीय समूहों (पी.वी.टी.जी.) के सर्वागींण विकास को दृष्टिगत् रखते हुए 15 नवम्बर 2023 को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पी.एम. जनमन) योजना प्रारंभ की गई है। पी.एम. जनमन अंतर्गत राज्य के 17 जिलों के173 बसाहटों में निवासरत एवं अविद्युतीकृत कुल 1578 पी.वी.टी.जी. घरों को 300 वॉट क्षमता के सोलर होम लाईट संयंत्रों के माध्यम से विद्युतीकरण किये जाने हेतु एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एम.एन.आर.ई.) द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। अब तक राज्य के 11 बसाहटों के कुल 210 पी.वी.टी.जी. घरों को 300 वॉट क्षमता के सोलर होम लाईट संयंत्रों की स्थापना कर सौर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिससे निवासरत हितग्राहियों को बिजली की सुविधा उपलब्ध हो सकी है। इस कदम से इनके घरों में बिजली की समस्या दूर हो गई है और ग्रामीणों को अंधेरे से मुक्ति मिली है तथा इनके रहन-सहन व जीवन शैली में सुधार हो रहा है।
पी.एम. जनमन अंतर्गत स्वीकृत सभी अविद्युतीकृत पी.वी.टी.जी. घरों को फरवरी 2025 तक सौर ऊर्जा से विद्युतीकरण का लक्ष्य रखा गया है।
इससे पूर्व क्रेडा सीईओ श्री राजेश सिंह राणा द्वारा दिनांक 12.12.2024 को जिला कबीरधाम के दौरा करते हुए विकासखण्ड पण्डरिया गांव के ग्राम पंचायत कांदावानी एवं तेलियापानी में निवासरत 25 विशेष पिछडी जनजाति बैगा परिवारों के घरों में स्थापित सोलर होमलाईट संयंत्रों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान जिन हितग्राहियों के यहॉ योजना अंतर्गत स्थापित सोलर लाईट में खराबी पाये जाने पर तत्काल सुधार कार्य के निर्देश सी.ई.ओ. क्रेडा द्वारा दिया था। जिसे जिला प्रभारी द्वारा तत्काल सुधार कार्य कर संयंत्र को कार्यशील किया जा चुका है।
कबीरधाम जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया 76 वां गणतंत्र दिवस
दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल ने कवर्धा के मुख्य समारोह में तिरंगा ध्वज फहराया और जनता को मुख्यमंत्री का संदेश का वाचन किया
कवर्धा, 26 जनवरी 2025। कवर्धा जिला मुख्यालय के आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय (पी.जी. कॉलेज) मैदान में 76 वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस पर दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल ने पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में तिरंगा ध्वज फहराया। सांसद श्री बघेल ने रंगबिरंगे गुब्बारे आसमान में छोडे़। उन्होंने तिरंगा ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली तथा जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री धमेन्द्र सिंह, डीएफओ श्री शशि कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओं श्री अजय कुमार त्रिपाठी सहित वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।
समारोह स्थल पर जिले के शासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों के स्कूली बच्चों ने देश भक्ति, लोक कलाओं, लोक गीतों और लोक परंपराओं पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीता। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। विभिन्न विभागों द्वारा विकास पर आधारित झांकिया निकाली गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिस्त पत्र दिया गया। परेड की विभिन्न टुकड़ियों ने देश भक्ति की धुन पर कतारबद्ध होकर सधे हुए कदमों में अनुशासनशीलता के आकर्षक मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर सशस्त्र प्लाटून जिला पुलिस बल, नगर सेना के जवानों ने हर्ष फायर किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 10 परेड दलों ने परेड कंमाडर श्री महेश्वर सिंह और सेकेण्ड कमाण्डर श्री मनीष मिश्रा के नेतृत्व में प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मंच संचालन श्री अवधेश श्रीवास्तव एवं श्रीमती मीरा देवांगन द्वारा किया गया।
परेड में 10 प्लाटून शामिल हुए
गणतंत्र दिवस परेड में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह व द्वितीय कमांडर निरीक्षक श्री मनीष मिश्रा ने प्रतिनिधित्व किया। गणतंत्र दिवस पर इस वर्ष कुल 10 टोलियां शामिल हुई, जिसमें 17वीं वाहिनी छसबल जिला कबीरधाम, प्लाटून कमांडर एपीसी प्रभुवयाल गर्ग, जिला पुलिस बल (पुरुष) प्लाटून कमांडर उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे, जिला पुलिस बल (महिला) से प्लाटून कमांडर सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार चंद्रवंशी, नगर सेना प्लाटून कमांडर, नायक मंगलुराम मेरावी, वन विभाग प्लाटून कमांडर, वन रक्षक तारकेश यादव, एनसीसी (बालक) आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा, प्लाटून कमांडरः सीनियर डिवीजन अंडर ऑफिसर पुनेश धुर्वे, एनसीसी (बालिका) आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा प्लाटून कमांडर, जूनियर अंडर ऑफिसर अदिति मिश्रा, एनसीसी (बालक) स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा प्लाटून कमांडर सार्जेंट दीपांशु कश्यप, एनसीसी (बालिका)-स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा प्लाटून कमांडर कैडेट रंजीता, एनसीसी (बालिका) स्वामी करपात्री जी विद्यालय का दूसरा दल कैडेट कमांडर संतोषी योगी परेड का प्रतिनिधित्व किया। परेड के साथ पुलिस बैंड के प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश धु्रर्वे, प्रेमेन्द्र चंदेल, आरक्षक मो. साजिद खान, मोहित कुमार, शिवम मंडावी के साथ अपने स्वर दिए।
शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी द्वारा दी गई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
जिला मुख्यालय के पीजी कालेज मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिले के आठ अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति, कला, संस्कृति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी। समारोह की शुरूआत में अशोका पब्लिक स्कूल और होली क्रास स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा एरोबिक की प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात “छत्तीसगढ़ महतारी“ और “बस्तर मोचो सुंदर माटी“ थीम पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा जिले के दिल्ली पब्लिक स्कूल कवर्धा के छात्र छत्तीसगढ़ी फोक रिमिक्स “जामुल डाली पताल चटनी“, रामकृष्ण पब्लिक स्कूल कवर्धा “नक्सल मुक्त बस्तर“ थीम पर एक संदेशपूर्ण प्रस्तुति दी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कवर्धा की प्रस्तुति में आजादी में महिलाओं के योगदान को नारी शक्ति के रूप में रेखांकित किया गया। अभ्युदय स्कूल कवर्धा “इंडियन वूमेन फोर्स, आसमान दी परी“ पर शानदार प्रस्तुती दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पुरस्कार वितरण
सांस्कृतिक कार्यक्रमों मे पहला स्थान गुरूकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा, दूसरा स्थान कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय और तीसरा स्थान श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल रहा।
परेड का पुरस्कार वितरण
आकर्षक मार्च पास्ट में सिनियर डिविजन प्लाटून में 17वीं वाहिनी छसबल को पहला, जिला पुलिस बल पुरूष को दूसरा एवं जिला पुलिस महिला को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जूनियर डिविजन प्लाटून में एनसीसी (बालिका) आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा प्रथम स्थान, एनसीसी (बालिका) स्वामी आत्मानंद हि.मा. स्कूल कवर्धा दूसरा स्थान और एनसीसी (बालक) स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कवर्धा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
उपलब्धियों पर आधारित झांकी में महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी प्रथम
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकिया निकाली गई। जिसमें प्रथम स्थान पर महिला एवं बाल विकास विभाग, दूसरे स्थान पर आदिम जाति कल्याण विभाग एवं तीसरे स्थान पर कृषि विभाग को प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारी हुए सम्मानित
सांसद श्री बघेल ने पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित 76वीं गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिला प्रशासन के अंतर्गत 29 अलग-अलग विभागों के 127 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस पर कबीरधाम जिले के 3 शहीद के परिवार हुए सम्मानित
सांसद श्री विजय बघेल ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में कबीरधाम जिले के तीन शहीद जवान श्री नरेन्द्र शर्मा के भतीजा श्री ललित शर्मा, आरक्षक श्री झल्लु प्रसाद नेवले के सुपुत्र श्री जितेन्द्र नेवले और शहीद आरक्षक श्री चंद्र सिंह मेरावी की पुत्री कुमारी संगीता मेरावी को मंच पर आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि जवानों ने अपने कर्तव्यों का निवर्हन करते हुए शहीद हुए है।
गणतंत्र दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने किया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने किया ध्वजारोहण
पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को किया गया सम्मानित
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) द्वारा तिरंगा ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, श्री पंकज कुमार पटेल, डीएसपी श्री प्रतीक चतुर्वेदी, संजय धुव, श्री भूपत सिंह, श्रीमती अंजू कुमारी और श्री कृष्णा चंद्राकर शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण के बाद संबोधन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हम सभी को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता की रक्षा की शपथ लेना है। उन्होंने पुलिस विभाग की उपलब्धियों को भी साझा किया और आगामी कार्यों के लिए सभी को प्रेरित किया।
आत्मसमर्पित नक्सलियों को किया सम्मानित
इस दिन की खासियत यह रही कि पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों को भी सम्मानित किया। श्री धर्मेंद्र सिंह ने विशेष रूप से दो आत्मसमर्पित नक्सलियों जो पुलिस आरक्षक बन कर सेवा दे रहे है दिवाकर और लिबरू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन दोनों नक्सलियों ने अपने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होकर अब पुलिस विभाग में आरक्षक के रूप में कार्य करना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा यह कदम न केवल समाज में बदलाव की दिशा में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह उन लोगों के लिए प्रेरणा भी है जो हिंसा के रास्ते पर चल रहे हैं।
उन्होंने दोनों आत्मसमर्पित नक्सलियों की साहसिक निर्णय और सुधार की दिशा में किए गए कार्यों को सराहा। दिवाकर और लिबरू दोनों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था, जो यह दर्शाता है कि अब उन्होंने समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर अपने जीवन को एक नई दिशा दी है।
पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया
गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए उन्हें बधाई दी और कहा कि पुलिस विभाग में हर अधिकारी और जवान की मेहनत हमारे समाज को सुरक्षित और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गणतंत्र दिवस के इस मौके पर अपने-अपने विचार साझा किए।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कलेक्टर निवास में फहराया तिरंगा ध्वज
कवर्धा, 26 जनवरी 2025। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज सवेरे अपने निवास परिसर में तिरंगा ध्वज फहराया। उन्होंने गणतंत्र दिवस की सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी।
दुर्ग सांसद श्री बघेल ने कवर्धा में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वज फहराया
कवर्धा, 26 जनवरी 2025। राष्ट्र पर्व गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन इस वर्ष कबीरधाम जिले में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान, कवर्धा में ध्वज फहराया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS)के निर्देशन में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संचालित अस्थायी स्कूल के बच्चों के लिए मिष्ठान भिजवाया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संचालित अस्थायी स्कूल के बच्चों के लिए मिष्ठान भिजवाया गया। यह मिष्ठान वहां पढ़ा रहे शिक्षकों के माध्यम से बच्चों तक पहुंचाया गया। यह पहल बच्चों को गणतंत्र दिवस का महत्व समझाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाने के उद्देश्य से की गई।
गणतंत्र दिवस पर कबीरधाम में पदस्थ महिला उप पुलिस अधीक्षक सहित दो अधिकारियों को वीरता पदक से सम्मानित किया गया
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने कार्यालयीन अधिकारी/कर्मचारियों को मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलाई
पेड़ से टकराई बस, 20 यात्री घायल
कवर्धा । कवर्धा में एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 20 यात्री घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस में 30 यात्री सवार थे। घटना चौकी चिखली की है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे जागीरदार बस क्रमांक सीजी 04 ई 1583 राजनांदगांव से घुमका जा रही थी। बस में 30 यात्री सवार थे। इसी बीच कवर्धा के चिखली के ग्राम तिलई लकड़ी टाल के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने डायल 112 और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस और राहगीरों ने बस में फसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एम्बुलेस में घायल 20 यात्रियों को उपचार के लिए पेण्ड्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का उपचार जारी है और खतरे से बाहर बताये जा रहे है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस पेड़ से टकरा गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने कबीरधाम जिले के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटरिंग अधिकारी नियुक्त की
कवर्धा, 23 जनवरी 2025। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर के आदेश और छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। यह आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा द्वारा जारी किया गया। संबंधित अधिकारियों को समय पर निर्वाचन कार्य की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के लिए संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसका विवरण इस प्रकार है।
जिला कार्यालय में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का शुभारंभ
कलेक्टर ने कहा,पहले व्यपारियो को समझाइश दे, फिर कठोरता से नियमानुसार कार्यवाही करें
कवर्धा, 23 जनवरी 2025। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज सुबह कवर्धा शहर के मुख्य बाजार मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सराफा लाइन, गुरुद्वारा मार्ग, रायपुर मार्ग सहित अन्य मुख्य मार्गों का जायजा लिया गया। कलेक्टर के साथ नगर पालिका अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी और यातायात पुलिस बल भी उपस्थित थे।
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा
नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान प्राक्रिया संपादित करने सेक्टर ऑफिसरों और मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण
कवर्धा 22 जनवरी 2024। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के उपस्थित और मार्गदर्शन में आज कलेक्टर जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान प्राक्रिया संपादित करने के लिए सेक्टर ऑफिसरों और मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गीता रायस्त, डिप्टी कलेक्टर श्री आरबी देवांगन उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशिक्षण के दौरान बताए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने अफसरों से कहा कि निर्वाचन का कार्य महत्वपूर्ण है, गंभीरता से प्रत्येक बिंदु को समझें। जिससे चुनाव के समय किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने सेक्टर ऑफिसरों को अपने सेक्टर क्षेत्र का भ्रमण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आपको विभिन्न विषयवार प्रशिक्षणों एवं दिशा निर्देशों के माध्यम से जानकारी प्रदान किया जा रहा है, जिसका पालन करते हुए कार्य करना है। सेक्टर ऑफिसर मतदान एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के बीच समन्वय का कार्य भी करेंगे, इसके लिए निर्वाचन को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सेक्टर ऑफिसर चुनाव की हर प्रक्रिया की बारीकी से प्रशिक्षण की पूरी जानकारी रखें।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सेक्टर ऑफिसरों और मास्टर ट्रेनरों को उनके कार्यो एवं दायित्वों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने कार्यों का सफलतापूर्वक संपादन करने के लिए पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने कहा। उन्होंने निर्वाचन कार्य को अति आवश्यक एवं विशेष प्राथमिकता वाला कार्य बताते हुए त्रुटी रहित ढंग से अपने कार्य को संपादन करने कहा। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों को कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट संचालन संबंधित प्रशिक्षण दी गई। जिसमें ईवीएम की पूरी प्राक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि मतदान समाग्री प्राप्त करने से लेकर समाग्री वापसी तक सभी कार्य सेक्टर अधिकारी की जिम्मेदारी पूर्वक कार्य है। मतदान दलों से समन्वय कर कार्य करना सुनिश्चित करे। प्रशिक्षण में सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान दलों को सामग्री वितरण पश्चात मतदान केंद्रों के लिए रवानगी, समय-समय मतदान की रिपोर्टिंग, ईवीएम मशीन सहित मतदान दलों की सकुशल वापसी सहित अन्य आवश्यक जानकारी दी गई।
सेक्टर अधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर जिला शिक्षा अधिकार श्री एम के गुप्ता ने निर्वाचन की समस्त प्रक्रियाओं की बिंदुवार जानकारी दी। श्री गुप्ता ने बताया कि नगरीय निकाय में कंट्रोल यूनिट और बैलट यूनिट की सहायता से मतदान कराया जाएगा। बैलट यूनिट के ऊपर में अध्यक्ष के प्रत्याशी तथा एक बटन छोड़कर नीचे पार्षद के मतपत्र के चिन्ह लगे होंगे। कंट्रोल यूनिट में कमान देने के बाद मतदाता एक अध्यक्ष का और एक पार्षद के बटन को दबाकर वोट देंगे। वोट समाप्ति होने के बाद लंबी बीप की आवाज आएगी। जिससे मतदान होने का संकेत मिलेगा। अध्यक्ष और पार्षद के बैलेट यूनिट में नोटा का प्रावधान अंतिम में रहेगा। अध्यक्ष पद के लिए बैलेट यूनिट में सफेद कलर का मतपत्र और पार्षद के लिए गुलाबी कलर का मतपत्र का चिन्ह होंगे। उन्होंने बताया कि त्रि स्तरीय पंचायत निर्वाचन में पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन मत पत्र से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर ऑफिसर के प्रमुख कार्य मतदान संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना, अपने सेक्टर का रूट चार्ट तथा मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करना है। सेक्टर में कानून और व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण सूचनाएं देना एवं मतदान दलों को आवश्यक मार्गदर्शन देना भी सेक्टर ऑफिसर की जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण के दौरान लाइव डेमोंसट्रेशन द्वारा ईवीएम के संचालन, पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारियों के कार्यों एवं मतदान केन्द्र में आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।