छत्तीसगढ़ / कोरबा
सैला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मिले 133 आवेदन, 70 का हुआ निराकरण
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सैला स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आज विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 का निराकरण किया गया। शेष 63 आवेदन आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों को किसान किताब, 13 को बी-1 एवं खसरा तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 22 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और तीन को वय वंदन कार्ड प्रदान किए। शिक्षा विभाग द्वारा पांच बच्चों को जाति प्रमाण पत्र दिए गए।
उद्यानिकी विभाग ने पांच हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान किए तथा 150 पौधों का वितरण किया। जनपद पंचायत पाली की ओर से दो हितग्राहियों को छड़ी और तीन को श्रवण यंत्र दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार समूहों को चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
शिविर में जिला पंचायत सभापति माया रूपेश कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दिलहरण कश्यप, जनपद सदस्य धर्मेंद्र राज, बृजेश यादव, विपिन कौशिक, कमल बरेठ, कृष्णा यदु, कीर्ति कश्यप, कामता जायसवाल, गणेश चौहान सहित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे। जनपद पंचायत पाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहनीश आनंद देवांगन, तहसीलदार भूषण मंडावी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहे।
अजगरबहार सेवा सेतु शिविर में 107 आवेदन प्राप्त, 66 का मौके पर निराकरण
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत अजगरबहार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को शासन की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में मांग और शिकायत से संबंधित कुल 107 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 66 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 41 आवेदन आगे की कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। जनपद पंचायत कोरबा की ओर से ग्राम सोनपुर की शुकवारा बाई, प्रेमसाय और कौशिल्या बाई/दौलतराम सहित तीन हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी के चार मरीजों को फूड बास्केट और पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं की गोदभराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत दो दीदियों को डेमो चेक और लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राजस्व विभाग ने किसानों को किसान किताब तथा पात्र हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, श्रम, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पशुधन विकास तथा मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विषय में भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार राय और तहसीलदार बजरंग साहू ने शिविर में रक्तदान किया।
सेवा सेतु शिविर में कचरबाई और सदानंद को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबी
कोरबा । पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिंघिया में आज आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्राम लखनपुर निवासी सदानंद, पिता बलभद्र प्रसाद, और कचरबाई, पति तीज राम, को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान की गई। पक्के घर की चाबी पाकर दोनों हितग्राहियों ने खुशी जताई।
सदानंद और कचरबाई ने बताया कि वे वर्षों से कच्चे मकान में रह रही थीं। बारिश के दिनों में खपरैल की छत से पानी टपकता था, जिससे घर में रहना मुश्किल हो जाता था। अन्य मौसम में भी उन्हें परेशानी होती थी। अब पक्का आवास मिलने से उन्हें इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
शिविर में बिसाहू सिंह सहित अन्य को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। हितग्राहियों ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु शिविर में पीएम आवास की चाबी मिलने से खुशी जताते हुए कहा कि आने वाले समय मे अब पक्के मकान में खुशियां भी पक्की होगी।
सेवा सेतु शिविर में मिले 436 आवेदन, 92 का निराकरण
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिंघिया स्थित हाई स्कूल मैदान में आज विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 436 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 92 का निराकरण किया गया। शेष 344 आवेदन संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजे गए।
शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मरावी, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण मरकाम, जनपद सदस्य सरस्वती जायसवाल, चतुर भुवन नायक एवं कन्हैया चौहान तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज कुमार बंजारे की उपस्थिति में हुआ।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ने शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर अधिकारियों को अपनी मांग और समस्याओं से संबंधित आवेदन देने तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। अतिथियों ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी तथा जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्रदान किए। राजस्व संबंधी प्रकरणों पर भी कार्रवाई की गई। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, वन और खाद्य विभाग के स्टॉलों पर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
जिला कोरबा के मेडिकल स्टोर्स में औषधि विभाग की कार्यवाही
कोरबा । नियत्रंक खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं जिला दंडाधिकारी के दिये गये निर्देश के परिपालन में माह सितंबर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन औषधि विभाग कोरबा के औषधि निरीक्षको के द्वारा कोरबा नगर निगम क्षेत्र, कटघोरा ब्लाक, दीपका एवं हरदी बाजार क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर्स में औषधियों की गुणवत्ता, खरीदी बिक्री और बिना प्रिस्क्रीपसन के नारकोटिक औषधियों के पूर्णतः प्रतिबंधित औषधियों के व्यापार पर नियंत्रण हेतु निरीक्षण की कार्यवाही की गई।
औचक निरीक्षण की कार्यवाही में हरदी बाजार स्थित मेसर्स शर्मा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स मां संतोषी मेडिकल स्टोर्स, कटघोरा स्थित मेसर्स गोपाल मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स महादेव एंजेसी, मेसर्स याका मेडिकल स्टोर्स कोरबा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मेसर्स आर.व्ही एंटरप्राइजेस, मेसर्स गरीमा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स अभिषेक मेडिकल, मेसर्स मेडीसीन कार्नर, मेसर्स महामाया मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स सपना मेडीकल स्टोर्स एनटीपीसी हास्पीटल कैंपस, मेसर्स वर्षा केमिस्ट जेलगांव, मेसर्स साहू मेडिकोज दर्री, मेसर्स हनुमान मेडिकल स्टोर्स जेलगांव, मेसर्स सर्वमंगला मेडिकल जेलगांव एवं मेसर्स विभोर फार्मा पोंड़ी उपरोड़ा ब्लाक स्थित मेसर्स पीएम जन औषधि, करतला ब्लॉक स्थित मेसर्स पारस मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स में नारकोटिक दवाओं, शेड्युल एच, एच 1 एवं अन्य औषधि नियमावली के अनियमितताओं के संबंध में जांच किया गया। उक्त जांच के दौरान 05 मेडिकल स्टोर्स के संचालक के द्वारा औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख मौके पर प्रस्तुत करने मे असमर्थ रहे।
उक्त दुकानों को कारण बताओ सूचना पत्र का नोटिस दिया जायेगा। संतोषप्रद जवाब नही पाये जाने पर विभाग द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामाग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत के अनुज्ञप्ति के निलंबन अथवा निरस्तीकरण कार्यवाही की जायेगी। उक्त कार्यवाही के दौरान औषधि निरीक्षक सुनील सांडे, पोंड़ीउपरोड़ा क्षेत्र के विरेन्द्र भगत एवं कटघोरा क्षेत्र के औषधि निरीक्षक रिषी साहू औषधि विभाग की टीम उपस्थित थे।
माह सितंबर में निरीक्षण के दौरान औषधि गुणवत्ता जांच हेतु मेसर्स मोदी फार्मा, दर्री रोड, पोंड़ीउपरोड़ा ब्लॉक स्थित मेसर्स आकाश मेडिकल स्टोर्स , दीपका क्षेत्र स्थित मेसर्स लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स प्रगति नगर से एंटीबायोटिक, पेनकिलर एवं विटामिन संबधित औषधियांे का प्रयोगशाला जांच हेतु नमूना संकलन किया गया।
किये गये निरीक्षण के अनुसार, मेसर्स सोना मेडिकल स्टोर्स बतारी हरदी बाजार, मेसर्स साहू मेडिकोज दर्री, मेसर्स सपना मेडीकल स्टोर्स एनटीपीसी हास्पीटल कैंपस, मेसर्स वर्षा केमिस्ट जेलगांव, मेसर्स हनुमान मेडिकल स्टोर्स जेलगांव, को शेड्यल एच और अन्य दवाओ की खरीदी बिक्री से संबधित दस्तावेजों अनियमितताओं के कारण कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। एवं मेसर्स धनंवंतरी मेडिकल स्टोर्स, पुराना बस स्टैंड का औषधि अनुज्ञप्ति का निलंबन किया गया।
ज्ञात हो कि औषधि नियम के अनुसार नशे के रूप दुरूपयोग होने वाली औषधियों को बिना प्रिस्क्रीपसन के बिक्री किया जाना पूर्णरूपेण प्रतिबंधित है। जिले में संचालित मेंडिकल स्टोर्स में औषधियों की गुणवत्ता, खरीदी ब्रिकी, दस्तावेजो के सत्यापन एवं नशीली दवाओं के अवैध विक्रय में नियंत्रण हेतु सघन निरीक्षण प्रतिमाह किया जा रहा है।
जिले के समस्त ब्लाकों के मेडिेकल स्टोर्स के आगामी समय में इसी प्रकार जिला प्रशासन के साथ, औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा सयुक्त रूप से चरणबद्व तरिकों से कार्यवाही की जावेगी। ताकि जनसाधरण केा गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित औषधियो उपलब्ध हो सके सभी मेडिकल संचालको को निर्देशित किया गया है कि दवाइयों की खरीदी बिक्री से संबधित समस्त दस्तावेजो को नियमानुसार संधारण करे और केवल मानक और प्रमाणित दवाओ की बिक्री करे साथ ही शेडृयूल एच, नार्काटिक दवाए और एमटीपी किट जैसी औषधियो का विक्रय केवल पंजीकृत डाक्टर के प्रस्क्रिप्शन पर ही करे।
आंगन मिलन उत्सव : गोद भराई, अन्नप्राशन और पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से दिया सुपोषण का संदेश
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लामपहाड़ में आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरबा समुदाय की महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में गोद भराई के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच का महत्व बताया गया। अन्नप्राशन के अवसर पर अभिभावकों को बच्चों की उम्र के अनुरूप पूरक आहार देने की जानकारी दी गई। पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार तैयार करने के तरीके दिखाए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया।
स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद और न्योता भोज कार्यक्रम के आकर्षण रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वच्छता तथा बच्चों की देखभाल के संबंध में जानकारी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशीला तिर्की और सहायिका सुलोचनी यादव ने पहाड़ी कोरबा परिवारों की माताओं को बच्चों के सुपोषण और आंगनबाड़ी सेवाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच भुकेश्वर पैकरा, बरगांव से आए जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की गई।
पीजी कॉलेज में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम
कोरबा । भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जागरूकता सत्र अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आज इंजीनियरिंग पीजी कॉलेज कोरबा में आयोजित किया गया।
उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज हेतु आवेदन की प्रक्रिया एवं पंजीयन के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों के द्वारा दिया गया। उक्त सेवा संकल्प अभियान जागरूकता कार्यक्रम में इंजीनियरिंग पीजी कॉलेज के 110 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।
सीपेट स्याहीमुड़ी में 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026' का आयोजन; युवाओं को नवाचार और उद्यमशीलता के लिए किया प्रेरित
कोरबा । भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जागरूकता सत्र अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आज सीपेट, स्याहीमुडी, कोरबा में आयोजित किया गया। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज हेतु आवेदन की प्रक्रिया एवं पंजीयन के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों के द्वारा दिया गया।
उक्त सेवा संकल्प अभियान जागरूकता कार्यक्रम में केन्द्रीय पेट्रोरसायन इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) स्याहीमुडी, कोरबा के 120 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।
’महतारी वंदन योजना से सुनीता के परिवार को मिला आर्थिक संबल, घर की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में मिल रही मदद
कोरबा । घर की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालना हर परिवार की प्राथमिकता होती है। सीमित आर्थिक संसाधनों में इन जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए महिलाओं को कई बार छोटे-बड़े खर्चों के लिए भी सोच-समझकर व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे समय में हर महीने मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता परिवार के बजट को संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग देती है।
करतला विकासखंड के ग्राम सोहागपुर निवासी सुनीता कंवर, पति शिरोमणी कंवर के परिवार को महतारी वंदन योजना के माध्यम से ऐसा ही आर्थिक सहारा मिल रहा है। योजना का लाभ मिलने से पहले घरेलू जरूरतों और बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार व्यवस्थित करना पड़ता था। घर के आवश्यक खर्चों के साथ बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक प्रबंधन करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सुनीता कंवर के बैंक खाते में हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वह घर की आवश्यक जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों में कर रही हैं। नियमित सहायता मिलने से घरेलू बजट को व्यवस्थित करने में उन्हें सुविधा मिली है और बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने में भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।
सुनीता कंवर अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “हर महीने खाते में एक हजार रुपये की राशि आती है। इस राशि से घर की जरूरी चीजों और बच्चों की पढ़ाई के खर्च में मदद मिलती है। नियमित रूप से राशि मिलने से घर का खर्च संभालने में सुविधा होती है और मुझे आर्थिक सहारा मिलता है।”
सुनीता कंवर ने महतारी वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए शुरू की गई इस योजना से हमें अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देती हूं।”
सिलाई का काम आता था, योजना से अपने काम को शुरू करने का मौका मिला” : मनीषा’
कोरबा । अंत्योदय स्वरोजगार योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस सहयोग से अपने हुनर के आधार पर काम शुरू करने की इच्छा रखने वाले लोगों को घर से ही आय का साधन विकसित करने का अवसर मिल रहा है। कोरबा जिले के रजगामार की मनीषा ने इसी योजना का लाभ लेकर अपने सिलाई के हुनर को स्वरोजगार में बदल लिया है।
मनीषा सिलाई का काम जानती थीं और लंबे समय से घर पर ही सिलाई सेंटर शुरू करना चाहती थीं। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण यह इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान उन्हें अंत्यावसायी विभाग के माध्यम से संचालित अंत्योदय स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली। कार्यालय से योजना की पात्रता, ऋण एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद उन्होंने आवेदन किया।
योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। साथ ही शासकीय अनुदान के तहत 10 हजार का छूट भी उन्हें प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने सिलाई मशीन लेकर घर पर ही अपना काम शुरू किया। अब वे सिलाई के साथ कढ़ाई और पीको-फॉल का काम भी करती हैं। गांव के लोग नियमित रूप से कपड़े सिलवाने के लिए उनके पास आते हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 5 से 7 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
मनीषा अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “मैं पहले से सिलाई का काम जानती थी और अपना सिलाई सेंटर शुरू करना चाहती थी, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण शुरुआत नहीं कर पा रही थी। योजना की जानकारी मिलने के बाद आवेदन किया और ऋण से सिलाई मशीन लेकर काम शुरू किया। अब घर पर ही काम मिल रहा है और हर महीने आमदनी भी हो रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद मिल रही है।”
घर से शुरू हुए इस काम ने मनीषा को अपनी आय का साधन दिया है। नियमित ग्राहकों के मिलने से उनका काम आगे बढ़ रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी पहले की अपेक्षा सुदृढ़ हो रही है। मनीषा ने स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
घर में पानी पहुंचने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है : आँचल यादव
कोरबा । हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की पहल से ग्रामीण परिवारों के लिए पानी की उपलब्धता आसान हो रही है। ग्राम कपोट, विकासखंड पाली की आँचल यादव के घर में जल जीवन मिशन के तहत टेपनल के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। इससे रोजमर्रा के कामों के लिए पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है तथा परिवार को घर पर ही साफ-सुथरा पानी उपलब्ध हो रहा है।
आँचल यादव बताती हैं कि पहले गांव में पानी की व्यवस्था एक बड़ी चिंता बनी रहती थी। गर्मी के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती थी। घर से दूर जाकर पानी भरकर लाना पड़ता था, जिसमें काफी समय और मेहनत लगती थी। बरसात के दौरान पानी की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता रहती थी। शाम या रात में अचानक पेयजल की जरूरत पड़ने पर बाहर जाकर पानी लाना असुविधाजनक होता था।
वे अपने अनुभव के बारे में बताती हैं, “पहले पानी के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती थी और कई बार पानी लाने में काफी समय निकल जाता था। अब घर में ही टेपनल से पानी मिल रहा है। पीने और खाना बनाने के साथ निस्तारी के काम के लिए भी पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। जरूरत पड़ने पर रात में भी बाहर जाने की परेशानी नहीं रहती।”
घर तक स्वच्छ जल की उपलब्धता से परिवार को दूषित पानी के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिली है। पहले बरसात के मौसम में डायरिया जैसी बीमारियों को लेकर चिंता बनी रहती थी। अब साफ पानी मिलने से परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य को लेकर संतोष बढ़ा है। पानी लाने में खर्च होने वाला समय बचने से घरेलू कार्यों को पूरा करने के लिए भी अधिक सुविधा मिल रही है।
आँचल यादव जल जीवन मिशन की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहती हैं, “सरकार की इस योजना से हमारे घर तक पानी पहुंचा है। अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और रोज के काम आसानी से हो जाते हैं। स्वच्छ पानी की सुविधा मिलने से परिवार को बहुत राहत मिली है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करती हूं।”
200 चूजों से संवरा जीवन, मुर्गी पालन ने प्रेम सिंह पैकरा को बनाया आत्मनिर्भर
कोरबा । मेहनत करने के बावजूद जब आमदनी इतनी सीमित हो कि परिवार की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो, तब किसी नई आजीविका की शुरुआत जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है। ग्राम खैरा बहार, विकासखंड पाली निवासी 50 वर्षीय प्रेम सिंह पैकरा के जीवन में भी ऐसा ही बदलाव छत्तीसगढ़ राज्य कुक्कुट पालन प्रोत्साहन योजना के माध्यम से आया। कभी पारंपरिक कृषि और मजदूरी पर निर्भर रहने वाले प्रेम सिंह आज कुक्कुट पालन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
योजना का लाभ मिलने से पहले प्रेम सिंह की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। कृषि और मजदूरी से होने वाली सीमित आमदनी से परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। परिवार कच्चे मकान में रहता था और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त आय के किसी स्थायी साधन की आवश्यकता महसूस होती थी।
इसी दौरान पशुधन विकास विभाग से उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कुक्कुट पालन प्रोत्साहन योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा उन्हें 200 चूजे, 21 हजार 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा कुक्कुट पालन के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। विभागीय मार्गदर्शन और अपनी मेहनत से प्रेम सिंह ने कुक्कुट पालन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।
कुक्कुट पालन से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। जहां पहले उनकी वार्षिक आय लगभग 20 हजार रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 53 हजार रुपये हो गई है। कुक्कुट पालन से उन्हें नियमित रूप से नकद आमदनी प्राप्त होने लगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आसानी होने लगी।
आय में वृद्धि का असर उनके जीवन स्तर पर भी दिखाई देने लगा। कभी कच्चे मकान में रहने वाले प्रेम सिंह ने अपनी मेहनत और कुक्कुट पालन से प्राप्त आय के सहारे अपने मकान को पक्का और सुसज्जित बनाया। बेहतर आवास के साथ परिवार की सामाजिक स्थिति में भी सुधार आया और भविष्य को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
प्रेम सिंह पैकरा बताते हैं कि “पहले कृषि और मजदूरी से परिवार चलाना मुश्किल होता था। कुक्कुट पालन योजना से चूजे, प्रोत्साहन राशि और जरूरी सामान मिला। मैंने मेहनत से इस काम को आगे बढ़ाया, जिससे मेरी आय बढ़ी और मैं अपने कच्चे मकान को पक्का बना सका। अब कुक्कुट पालन मेरे परिवार की आय का महत्वपूर्ण साधन बन गया है।”
प्रेम सिंह की यह कहानी बताती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ यदि सही मार्गदर्शन और मेहनत के साथ लिया जाए तो वह व्यक्ति की आर्थिक स्थिति बदलने का मजबूत माध्यम बन सकता है। पशुधन विकास विभाग की सहायता से शुरू हुआ कुक्कुट पालन आज उनके परिवार के लिए अतिरिक्त आय का जरिया ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर जीवन की नई राह बन गया है।
कीचड़ भरे रास्ते से मिली राहत, डोंगानाला के बिरहोर परिवारों तक पहुँची पक्की सड़क
कोरबा । विकासखंड पाली के दूरस्थ ग्राम डोंगानाला के जंगल पारा में रहने वाले बिरहोर परिवारों के लिए बारिश का मौसम बड़ी परेशानी लेकर आता था। अटल चौक से बस्ती तक जाने वाला कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता था। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था और बच्चे स्कूल जाने से कतराते थे। अब प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत बनी पक्की सड़क ने उनकी रोजमर्रा की यात्रा आसान कर दी है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अटल चौक से जंगल पारा तक लगभग 2.38 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 167.20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। मार्ग में सीसी सड़क के साथ डामर सड़क भी बनाई गई है। इससे बस्ती में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के लगभग 40 परिवारों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
बस्ती के सुनहर सिंह बिरहोर बताते हैं कि पक्की सड़क बनने से अब आने-जाने में आसानी होती है। गीता बाई के अनुसार उन्हें रास्ते में पहले जैसी परेशानी नहीं होती और बच्चे भी आसानी से स्कूल आ-जा सकते हैं। गाँव के किसान पुनो राम पटेल पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि बारिश में रास्ते पर घुटनों तक कीचड़ हो जाता था। अब पक्की सड़क बनने से उस परेशानी से राहत मिली है।
जंगल पारा के परिवारों के लिए यह सड़क स्कूल और आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने का सुगम रास्ता बन गई है। बारिश के दिनों में जिस मार्ग से गुजरना कठिन था, उसी पर अब ग्रामीण अधिक आसानी से आ-जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के कृषक गुरुचरण मरार बने प्रेरणास्रोत : आधुनिक तकनीकों से साल में ले रहे 2 से 3 फसलें
कोरबा । पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम नगौई बछेरा निवासी किसान गुरुचरण मरार पहले परंपरागत तरीके से धान की खेती करते थे। वर्ष में एक ही फसल लेने के कारण खेती से होने वाली आय सीमित थी। सिंचाई का साधन नहीं था और कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर व अन्य मशीनें किराये पर लानी पड़ती थीं। ऐसे में छह सदस्यीय परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन होता था।
गांव के भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कर्मचारियों ने मरार को विभागीय योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी, नगौई में आवेदन किया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उन्हें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, प्लास्टिक मल्चिंग तथा ग्राफ्टेड बैंगन रोपण के लिए कुल 46 हजार रुपये का विभागीय अनुदान मिला।
इन संसाधनों और विभागीय मार्गदर्शन की मदद से मरार ने खेती के तरीके में बदलाव किया। अब वे वर्ष में दो से तीन फसलें लेते हैं और वर्तमान में भिंडी की खेती से भी आय अर्जित कर रहे हैं। विभाग को दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी अनुमानित वार्षिक आय पहले लगभग 45 हजार रुपये थी, जो अब लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक पहुंच गई है। बढ़ी हुई आय से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। वे गांव के अन्य किसानों को भी खेती से जुड़ी जानकारी देते हैं।
मरार कहते हैं कि उद्यानिकी विभाग से योजनाओं की जानकारी मिलने पर उनका आधुनिक खेती के प्रति उत्साह बढ़ा। वे आगे भी विभागीय मार्गदर्शन लेकर खेती करना चाहते हैं और मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना से बेटी की पढ़ाई को मिला सहारा
कोरबा । ग्राम दोन्दरो निवासी श्रीमती सावित्री यादव निर्माण श्रमिक के रूप में काम करती हैं। उनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में 11 जुलाई 2019 से है। तलाक के बाद बेटी की परवरिश और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से आर्थिक सहारा मिला है।
श्रीमती सावित्री यादव ने बताया कि श्रम विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उनकी पहली बेटी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बेटी की आगे की पढ़ाई में किया। उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
सावित्री कहती हैं कि इन योजनाओं से बेटी की शिक्षा जारी रखने में मदद मिली है। उन्होंने सहायता के लिए श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कृषक उन्नति योजना से मिली सहायता
कोरबा । जिले के पाली क्षेत्र के ग्राम जोरहाडबरी निवासी किसान मनी प्रसाद यादव के लिए खेती ही परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। पांच सदस्यों के परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ खेती के खर्च का इंतजाम करना उनके लिए चुनौती थी।
श्री यादव को कृषि विभाग के माध्यम से कृषक उन्नति योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्हें लगभग 89 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि से खाद, बीज और कीटनाशक जैसी खेती की आवश्यक सामग्री खरीदने में मदद मिली। समय पर संसाधन जुटा पाने से खेती का काम आसान हुआ और परिवार को आर्थिक सहारा मिला। श्री यादव का कहना है कि योजना का लाभ मिलने से खेती की लागत वहन करने में राहत मिली है। उन्होंने सहायता के लिए राज्य शासन और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
सूरज की ऊर्जा से जगमगाया जामबहार
कोरबा । शाम ढलते ही जामबहार के चौक-चौराहे सोलर हाईमास्ट की रोशनी से जगमगा उठते हैं। रोशनी के साथ ग्रामीणों को अब रात में सुरक्षित आवागमन, बाजार तक आसान पहुंच और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सुविधा का भरोसा मिला है। कोरबा विकासखंड के ग्राम जामबहार में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत राशि से स्थापित सोलर हाईमास्ट सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक जनसुविधा पहुंचाने की पहल का प्रभावी स्वरूप बनकर सामने आया है।
जिला प्रशासन द्वारा क्रेडा के माध्यम से स्थापित यह सोलर हाईमास्ट सौर ऊर्जा से संचालित है। सामान्य विद्युत आपूर्ति पर निर्भरता के बिना रात में प्रकाश उपलब्ध कराने वाली इस व्यवस्था से गांव के प्रमुख आवागमन मार्ग और सार्वजनिक स्थल रोशन हो रहे हैं। पर्याप्त बैटरी बैकअप के कारण मौसम खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी रात में प्रकाश बना रहता है। जामबहार में हाईमास्ट लगने से पहले रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाई होती थी। बरसात के मौसम में अंधेरे रास्तों पर सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा भी बना रहता था। अब चौक-चौराहों और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त उजाला रहने से ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। बाजार और स्थानीय दुकानों में शाम के बाद आवश्यक गतिविधियां भी अधिक सहज हुई हैं।
सोलर हाईमास्ट डस्क-टू-डॉन तकनीक से संचालित होता है। सूर्यास्त के साथ लाइट स्वतः चालू और सूर्याेदय के बाद बंद हो जाती है। सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली की बचत होती है और ग्राम पंचायत पर अतिरिक्त बिजली बिल का भार नहीं पड़ता। स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए ग्रामीणों के दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जामबहार में सोलर हाईमास्ट की सुविधा से गांव की रातें उजली हुई हैं और ग्रामीणों के लिए आवागमन तथा सार्वजनिक गतिविधियों का दायरा अधिक सुविधाजनक बना है। ग्रामवासियों ने इस जनहितकारी सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के प्रमुख स्थान पर रोशनी मिलने से रात में आने-जाने में सुविधा बढ़ी है और सार्वजनिक स्थल पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक महसूस होते हैं।