छत्तीसगढ़ / महासमुंद
प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का द्वितीय व्यय लेखा परीक्षण संपन्न
महासमुंद । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों द्वारा किए गए चुनावी खर्च का द्वितीय व्यय लेखा परीक्षण 7 एवं 8 फरवरी 2025 को संपन्न हुआ।
07 फरवरी को नगर पालिका सरायपाली एवं नगर पंचायत पिथौरा के प्रत्याशियों का व्यय लेखा परीक्षण किया गया, जबकि 08 फरवरी को नगर पालिका महासमुंद, बागबाहरा एवं नगर पंचायत तुमगांव के प्रत्याशियों के खर्चों का विस्तृत मिलान किया गया। यह लेखा परीक्षण व्यय लेखा प्रेक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जांच प्रक्रिया के दौरान जिला व्यय नोडल अधिकारी गुपेश कुमार होता, सहायक कोषालय अधिकारी देवेन्द्र बाम्बोडे, व्यय संपरीक्षक बिपुल बरई, लेखापाल जी.पी. चन्द्राकर सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। प्रत्याशियों के अधिकृत अभिकर्ता भी इस प्रक्रिया में शामिल हुए। व्यय लेखा परीक्षण के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए गए चुनाव प्रचार खर्च का विस्तृत मिलान किया गया और आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की गई। सभी अभिकर्ताओं को व्यय सीमा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह प्रक्रिया निर्विघ्न संपन्न हुई।
कलेक्टर विनय लंगेह ने मतदान वितरण केन्द्र पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
जिले के 6 नगरीय निकाय अंतर्गत 144 मतदान केंद्रों में 11 फरवरी को होगा मतदान
महासमुंद। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत मंगलवार 11 फरवरी को मतदान होगा। जिले के 6 नगरीय निकायों में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में निर्वाचन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान के पूर्व सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने कृषि उपज मंडी पिटियाझर परिसर में मतदान सामग्री वितरण का सभी स्टालों में जाकर जायजा लिया। उन्होंने मतदान दल कर्मियों से मुलाकात भी की और उन्हें शुभकामनाएं दी। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि स्थानीय निर्वाचन में आपकी ज़िम्मेदारी महत्वपूर्ण है। अतः अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्ण मनोयोग से करें। मंडी परिसर में नगर पालिका महासमुंद के मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित किया गया। इसके अलावा अन्य 5 नगरीय निकायों में भी मतदान दलों को सामग्री वितरण किया गया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह महासमुंद जिले के नगर पालिका परिषद महासमुंद के मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को शुभकामनाओं सहित रवाना किया। उन्होंने मतदान दलों के मतदान कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें सफलतापूर्वक अपने जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
आज यहां मतदान सामग्री लेने पहुंचे मतदान कर्मियों ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामग्री प्राप्त करने और रवानगी में किसी भी तरह की कोई कठिनाई नहीं हुई। वहीं मतदान अधिकारीगण निर्वाचन दायित्वों के निर्वहन के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू, रविराज ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर सहित अधिकारीगण मौजूद थे।
बता दें कि मंगलवार 11 फरवरी को जिले के 144 मतदान केंद्रों में मतदान होगा। इसमें एक लाख 3 हजार 692 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। 144 मतदान केन्द्रों में नगर पालिका महासमुंद अंतर्गत 60, बागबाहरा नगर पालिका अंतर्गत 21, सरायपाली नगर पालिका अंतर्गत 18 एवं नगर पंचायत बसना अंतर्गत 15, पिथौरा अंतर्गत 15 व तुमगांव नगर पंचायत अंतर्गत 15 मतदान केंद्र बनाए गए है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8ः00 बजे से शुरू होकर शाम 5ः00 बजे तक चलेगी। मतगणना 15 फरवरी 2025 को होगी।
ज्ञात है कि महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले 06 नगरीय निकायों में कुल 105 वार्ड शामिल है। नगरीय निकाय अंतर्गत 03 नगर पालिका परिषद् महासमुंद, बागबाहरा व सरायपाली तथा 03 नगर पंचायत तुमगांव, बसना एवं पिथौरा शामिल है। वर्तमान में नगरीय निकाय अंतर्गत मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 03 हजार 692 है, जिसमें पुरुष मतदाता 49 हजार 408 तथा महिला मतदाता 54 हजार 271 और तृतीय लिंग अंतर्गत 13 मतदाता शामिल है।
जिसमें नगर पालिका महासमुंद अंतर्गत 30 वार्डों में 47 हजार 178 मतदाता है, इनमें पुरुष मतदाता 22 हजार 254, महिला मतदाता 24 हजार 915 व तृतीय लिंग मतदाता 09 है। इसी तरह बागबाहरा अंतर्गत 15 वार्डां में 15 हजार 887 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 07 हजार 617, महिला मतदाता 08 हजार 266 व तृतीय लिंग मतदाता 04 है। नगरपालिका सरायपाली अंतर्गत 15 वार्डां में 17 हजार 175 मतदाता है, जिसमें 08 हजार 348 पुरुष मतदाता व 08 हजार 827 महिला मतदाता है। इसी तरह नगर पंचायत तुमगांव अंतर्गत 15 वार्डों में 06 हजार 126 मतदाता शामिल है, जिसमें पुरुष मतदाता 02 हजार 997 व महिला मतदाता 03 हजार 129, बसना अंतर्गत 15 वार्डां में 09 हजार 927 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 04 हजार 596 व महिला मतदाता 05 हजार 331 एवं नगर पंचायत पिथौरा अंतर्गत 15 वार्डों में 07 हजार 399 मतदाता है, जिसमें 03 हजार 596 पुरुष मतदाता एवं 03 हजार 803 महिला मतदाता शामिल है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले के समस्त मतदाताओं को नगरीय निर्वाचन अंतर्गत 11 फरवरी को जिले के 06 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की है। उन्होंने पहली बार वोट दे रहे सभी नवीन मतदाताओं से अपने मत प्रयोग करने के लिए विशेष रूप से अपील की है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान द्वारा हमें एक महत्वपूर्ण अधिकार के रूप में मत देने का अधिकार दिया गया है। यह एक ऐसा अधिकार है जिसके प्रयोग के द्वारा ही आप अपने क्षेत्र के संपूर्ण विकास में अपना योगदान दे सकते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं।
पिकअप का टायर फटने से 2 की मौत
महासमुंद । बीती रात जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओडिशा से बारात लेकर वापस आ रहा पिकअप वाहन टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 4 से 5 लोग घायल हुए हैं। यह घटना नरतोरा के पास की है। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने 112 और पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया। बताया जा रहा कि पिकअप में सवार लगभग आधा दर्जन लोगों में से दो लोगों की मौत हो गई है। बाकी 5 लोगों का इलाज जारी है. बारात बरभाठा पटेवा से ओडिशा गई थी और बीती रात वापस आने के दौरान यह हादसा हुआ है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
बागबाहरा के मतदाता हुए जागरूक, तृतीय लिंग समुदाय ने लिया मतदान का संकल्प
महासमुंद । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) महासमुंद के निर्देशन पर विगत सप्ताह से नगर पालिका बागबाहरा के समूचे 15 वार्डों में जाबो कार्यक्रम अंतर्गत ईवीएम मशीन का मतदाता जागरूकता हेतु प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत लगभग 2500 से अधिक नगरीय मतदाता जागरूकता ईवीएम पर मतदान की प्रक्रिया समझ चुके है।
इसी तारतम्य में बागबाहरा नगर पालिका के वार्ड 13 जाकिर हुसैन वार्ड मे निवासरत 4 थर्ड जेंडर मतदाता सारिका किन्नर, जुली किन्नर, रोजी किन्नर एवं रिया किन्नर ने ईवीएम मशीन पर मतदान कर प्रक्रिया को जाना और अन्य मतदाताओं को भी मतदान करने अपील किया। साथ ही 11 फ़रवरी 2025 को मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने का संकल्प लिया और कहा कि मतदाता जागरूकता अंतर्गत जागव बोटर्स (जाबो) कार्यक्रम निश्चित रूप से बागबाहरा नगर वासियों के लिए अच्छा कार्यक्रम है नगरवासी नए मतदान मशीन जिसमें अध्यक्ष और पार्षद का एक साथ मतदान करने की सुविधा है पर मतदान करने को इच्छुक है और इससे मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा।
औद्योगिक निरीक्षण टीम ने तुमगांव व बेलटुकरी औद्योगिक संस्थानों का किया निरीक्षण
महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आज मेसर्स बी.के. इंफा प्राइवेट लिमिटेड तुमगांव का श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र एवं सहायक संचालक मनीष कुंजाम औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, आर.के. ध्रुव जिला परिवहन अधिकारी, जिला खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया।
परिवहन विभाग की ओर से निरीक्षण के दौरान कारखाने में विगत एक माह में माल आवक-जावक के परिवहन संबंधित जानकारी तथा वाहन की सूची उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार खनिज विभाग की तरफ से पावर प्लांट में उपयोग होने वाली कोयला जो कि प्लांट के परिसर में डंप था के संबंध में वैध दस्तावेज 01 महीने का कार्यालय में प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया। श्रम विभाग की ओर से जांच में कर्मचारियों की रिकार्ड प्रस्तुत नहीं किया गया और सूचना बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। प्रबंधन को त्रुटियों को पूर्ति करने हेतु 01 सप्ताह का समय दिया गया।
इसी प्रकार मेसर्स पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमि. ग्राम बेलटुकरी में टीम द्वारा निर्माणाधीन प्लांट का सामूहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में खनिज विभाग की तरफ से पावर प्लांट में उपयोग होने वाली गौण खनिज जो की प्लांट के परिसर में डंप था के संबंध में वैद्य दस्तावेज 01 महीने का कार्यालय में प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया। परिवहन विभाग की ओर से निरीक्षण के दौरान कारखाने में विगत एक माह में माल आवक जावक के परिवहन संबंधित जानकारी तथा वाहन की सूची उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है। श्रम विभाग की ओर से जांच के दौरान 05 ठेकेदार कार्यरत पाए गए, जिनमें से 03 ठेकेदारों द्वारा अनुज्ञप्ति नहीं लेना पाया गया। रिकॉर्ड प्रस्तुत किया जाना नहीं पाया एवं सूचना बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। जिसके लिए प्रबंधन एवं ठेकेदारों को 07 दिवस के भीतर त्रुटियों की पूर्ति हेतु नोटिस जारी किया गया है।
9, 10 एवं 11 फरवरी तथा 15 फरवरी 2025 को सम्पूर्ण दिवस के लिए शुष्क दिवस घोषित
महासमुंद । नगरपालिकाओं (नगर पालिका परिषद्/नगर पंचायत) के पार्षद पदों के आम/उप निर्वाचन 2025 के दौरान कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विनय कुमार लंगेह द्वारा छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 (1) के तहत मदिरा दुकानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार, मतदान समाप्ति 11 फरवरी 2025 के दो दिन पूर्व अर्थात 9 फरवरी 2025 से 11 फरवरी 2025 तक तथा मतगणना दिवस 15 फरवरी 2025 को संपूर्ण दिवस के लिए ’शुष्क दिवस’ घोषित किया गया है।
इस दौरान महासमुन्द जिले के अंतर्गत नगर पालिका परिषद महासमुंद, बागबाहरा, सरायपाली तथा नगर पंचायत तुमगांव, पिथौरा एवं बसना में स्थित देशी/विदेशी/कम्पोजिट एवं प्रीमियम मदिरा दुकानों, देशी अहाता, विदेशी अहाता, कम्पोजिट अहाता, मद्य भाण्डागार महासमुन्द तथा एफ.एल.-3 रेस्ट्रोरेंट बार, होटल, क्लब आदि में मदिरा का संव्यवहार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस ने 24 बागी नेताओं को पार्टी से निकाला
महासमुंद । महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने बागियों पर बड़ी कार्यवाही की है। कांग्रेस ने 24 नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। महासमुंद, पिथौरा, बसना और सरायपाली के 24 नेताओं को निष्कासित किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध और निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण इन पर कार्यवाही की गई है। निष्काषितों में निवर्तमान पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, कांग्रेस नेता त्रिभुवन महिलांग का नाम भी शामिल है।
कलेक्टर ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
महासमुंद । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बुधवार को पिटियाझर मंडी में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्ट्रांग रूम में मशीनों की कमीशनिंग व मतदान सामग्री वितरण हेतु आवश्यक तैयारी और व्यवस्था करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनके सुचारू संचालन के लिए निर्देश दिए। ज्ञात है कि 6 फरवरी को रेंडमाइजेशन के पश्चात मशीनों का कमीशनिंग कार्य 7 फरवरी को किया जाएगा। इस संबंध में 6 नगरीय निकायों के लिए मशीनों को सुरक्षित रखने तत्पश्चात मतदान के लिए वितरण किया जाएगा।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू, अपर कलेक्टर रविराज ठाकुर, एसडीएम हरिशंकर पैकरा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए है।
चुनाव प्रचार-प्रसार कर रहे तीन डीजे व्हीकल जब्त
महासमुंद । नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत प्रचार-प्रसार में उपयोग किए जा रहे तीन डीजे वाहनों को जप्त कर महासमुंद थाने में रखा गया है। बुधवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी एवं नायब तहसीलदार द्वारा यह कार्यवाही की गई। जप्त किए गए वाहनों में ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति ली गई है परंतु आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि लाउडस्पीकर ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग के लिए सीमा निर्धारित की गई है। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुक्रम में अनुमति दी गई है।
वर्तमान में किसी भी वाहन में डीजे लगाकर ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति नहीं दी गई है। इस तारतम्य में नगरपालिका महासमुंद अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस के अभ्यर्थी का प्रचार-प्रसार कर रहे वाहन सीजी-06, जीएच 3747, भाजपा अभ्यर्थी के प्रचार-प्रसार में लगे वाहन सीजी-06, जीवाई 6045 तथा निर्दलीय प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार के लिए उपयोग वाहन सीजी-06, जीवाई 0478 को जप्त कर महासमुंद थाने में रखा गया है। कलेक्टर ने नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार चुनाव प्रचार हेतु ध्वनि विस्तारक यंत्र उपयोग की अनुमति 01 फरवरी 2025 से 09 फरवरी 2025 तक निम्नलिखित शतों के अधीन रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रदान किया गया है। जिसके अंतर्गत वर्तमान में नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 के तहत आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है जिसका पूर्णतः पालन किया जाना आवश्यक होगा। लाउड स्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र या अन्य ध्वनि उत्पन्न करने वाले यंत्र का उपयोग सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा हों तो उसकी सीमा उस क्षेत्र के परिवेशीय ध्वनि पैमाने से 10 डी.बी (ए) से अधिक नहीं होगा या 75 डी.बी (ए) से अधिक नहीं होगा अथवा इनमें से जो भी कम है, उससे अधिक नहीं होगा।
अस्पताल, शिक्षण संस्थायें, न्यायालय, आदि के कार्यालयीन अवधि के दौरान 100 मीटर की दूरी तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा पटाखों का उपयोग नहीं किया जायेगा। निर्वाचन प्रचार अभियान के लिए लाउडस्पीकर के उपयोग संबंधी जारी निर्देश के संबंध में लाउडस्पीकर का उपयोग समय रात्रि 10.00 बजे से प्रातः 6 बजे के मध्य नहीं किया जावेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र की उपयोग हेतु निर्धारित समय सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। इस अनुमति प्रत्रक की मूल प्रति आयोजक को, जब भी सक्षम प्राधिकारी द्वारा मांगा जावे, प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। उक्त शर्तों का उल्लंघन पाए जाने की स्थिति में ध्यनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग की सशर्त अनुमति स्वमेव निरस्त मानी जायेगी तथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं आयोजक की होगी।
यदि मतदान 11 फरवरी 2025 को होना है तो चुनाव प्रचार 09 फरवरी 2025 की मध्य रात्रि (12ः00 बजे) तक ही किया जा सकता है अर्थात् 09 फरवरी 2025 की रात्रि 12ः00 बजे के पश्चात कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा। यहां यह भी स्पष्ट किया जा रहा है कि 09 फरवरी 2025 की रात्रि 10 बजे के पश्चात ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अनुमति नहीं होने के कारण रात्रि 10ः00 बजे से 12ः00 बजे के बीच होने वाले चुनाव प्रचार की अनुमति देते समय इन सभी प्रावधानों का ध्यान रखा जावे।
पंचायत चुनाव: मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 6-7 फरवरी को
महासमुंद । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के लिए गठित मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 और 7 फरवरी को दो-दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम वेडनर मेमोरियल हायर सेकेण्डरी स्कूल महासमुंद में रखा गया है।
6 फरवरी को प्रथम पाली में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे सरल क्रमांक 01 से 80 तक एवं द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे सरल क्रमांक 81 से 160 तक के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण होगा। इसी तरह 7 फरवरी को प्रथम पाली में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे सरल क्रमांक 161 से 240 तक एवं द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे सरल क्रमांक 241 से 309 तक के मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतदान दल के सभी अधिकारी/कर्मचारियों को नियत तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण स्थल में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
घरेलू विद्युत मरम्मत व मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण 7 से
महासमुंद । बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान महासमुन्द के द्वारा जिले के 18 से 45 वर्षीय युवकों के लिए घरेलू विद्युत मरम्मत (इलेक्ट्रि्शियन) एवं मोबाईल रिपेयरिंग प्रशिक्षण की शुरूआत 7 फरवरी से होगी।
निदेशक बड़ौदा आरसेटी टूटू बेहेरा ने बताया कि जिस भी इच्छुक प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करना है वे पंजीयन कर निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ ले सकते है। पंजीयन के लिए बी.पी. एल.राशन कार्ड एवं आधार कार्ड की दो-दो छायाप्रति, पासपोर्ट साइज की 5 फोटो एवं शैक्षणिक योग्यता हेतु अंकसूची की छायाप्रति आवश्यक है। प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी एवं पंजीयन के लिए संस्थान में या कमलेश पटेल के मोबाईल नम्बर 79997-00673 पर सुबह 10 बजे से 6 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
एनडीसी के अध्ययन दल ने सिरपुर की सांस्कृतिक व वास्तु कौशल कला को देखा
महासमुंद। रक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के अधीन राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के श्रीलंका, मोरेक्को, नाइजेरिया, नेपाल, यूएई सहित देश के 16 सदस्यीय अधिकारियों के दल ने सोमवार को महासमुंद जिले के पर्यटन स्थल सिरपुर का भ्रमण किया। उन्होंने सिरपुर के लक्ष्मण मंदिर, मूर्ति संग्रहालय, सुरंग टीला, तीवरदेव बौद्ध विहार, स्वास्तिक विहार को देखा और प्राचीन कला की सराहना की।
दल के अधिकारियों ने कहा कि बहुत नजदीक से हमने सिरपुर और छत्तीसगढ़ को देखा है। देख कर यह बात समझ आ रही है कि हम पहले से ही जुड़े हुए हैं, यहां पर आकर जानकारी मिली। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सिरपुर की सांस्कृतिक एवं वास्तु कौशल कला की विशिष्टताओं सहित विभिन्न विकास गतिविधियों से अध्ययन दल को अवगत कराया। इस दौरान अध्ययन दलों ने सिरपुर के कला, कौशल और प्राचीनतम रूप को देखकर अभिभूत हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, अपर कलेक्टर रवि राज ठाकुर, आर्कियोलॉजिस्ट प्रभात कुमार सिंह, सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ राजेन्द्र राव मौजूद थे।
सिरपुर भ्रमण पर पहुंचे रक्षा अधिकारी दल ने बिहान के महिला स्व सहायता समूह से चर्चा की। इस दौरान स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि अब महिलाएं समूह से जुड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर हो चुकी हैं। वहीं परिवार के पालन-पोषण में उनकी समान सहभागिता रहती है। दल के अधिकारियों ने समूह के महिलाओं और उनके द्वारा संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए और भी बेहतर ढंग से कार्य निष्पादित करने की बात कही। अधिकारियों ने महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद की सराहना की। इस दौरान महिला सदस्यों ने अधिकारियों को बांस की टोकरी में उपहार भेंट किया।
बतादें कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का अध्ययन दल छत्तीसगढ़ में 2 से 7 फरवरी तक रायपुर, महासमुंद, कोंडागांव, बस्तर, भिलाई आदि के महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन करेंगे। अंडर स्टैंडिंग इंडिया मॉड्यूल के तहत 16 अधिकारियों का दल छत्तीसगढ़ पहुंचा है, जो प्रदेश में विभिन्न पहलुओं सहित राज्य में हो रहे विकास कार्यों और गतिविधियों का अध्ययन कर रहे हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति, सामाजिक-सांस्कृतिक विशेषताओं सहित जनजातीय बाहुल्य इलाकों के विशेष संदर्भ में महत्वपूर्ण जानकारियां के साथ राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग, महिला सशक्तिकरण के साथ ही विकास से जुड़े विषयों पर अध्ययन दल द्वारा अवलोकन किया जा रहा है। उस राज्य की भाषा, इतिहास, संस्कृति, ज्ञान विज्ञान आदि को अपनायेगा और उसको पूरे देश के सामने रखेगा। जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दो अलग-अलग राज्यों के लोगों को एक-दूसरे राज्यों की संस्कृति और सभ्यता को समझने एवं अपनाने का मौका मिलेगा जो, निश्चित रूप से पर्यटन क्षेत्र में वृद्धि करेगा। जिससे आत्मनिर्भर भारत के सपने को बल मिलेगा।
शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
महासमुंद। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले शहीदों को स्मरण करते हुए सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सहित एसडीएम कार्यालय, सभी तहसीलों, जिला पंचायत, जनपद पंचायतों, समाज कल्याण, कृषि, वन, उद्यानिकी एवं विभिन्न शासकीय विभागों में सभी कार्य और गतिविधियां रोककर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने वेडनर मेमोरियल स्कूल में मतदान दल प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन धारण किया। तत्पश्चात मतदान करने शपथ दिलाई गई। जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने जिला पंचायत सभाकक्ष में स्थापित नाम निर्देशन कक्ष में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
ईवीएम से होगा नगर पालिका चुनाव, नागरिकों को किया जाएगा जागरूक
महासमुंद। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिकाओं के आम निर्वाचन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) के माध्यम से कराया जाना है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले में आम नागरिकों को ईव्हीएम की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए प्रत्येक मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर ईव्हीएम प्रदर्शन और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड के शासकीय कार्यालय में ईव्हीएम प्रदर्शन-जानकारी केंद्र स्थापित किए जाएं, जहां एक नोडल अधिकारी नियुक्त होगा। इन केंद्रों में मास्टर ट्रेनर्स की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो ईव्हीएम संचालन एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी नागरिकों को डेमोंस्ट्रेट कर समझाएंगे और उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे।
निर्देशानुसार, नाम वापसी की तिथि से मतदान के दो दिन पूर्व तक ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें डमी मतपत्र का उपयोग होगा। डमी मतपत्र में प्रत्याशियों की संख्या वास्तविक चुनाव के समान होगी, लेकिन उनके नाम और चुनाव चिन्ह मुद्रित नहीं किए जाएंगे। जिन वार्डों में एक से अधिक बैलेट यूनिट की जरूरत होगी, वहां प्रदर्शन के लिए भी उतनी ही बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिले में चुनाव नियमों और ईव्हीएम डेमो से संबंधित मीडिया वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर कार्यालय, अनुविभागीय अधिकारी, तहसील, मुख्य नगरपालिका कार्यालयों सहित जिले के प्रोफेशनल और डिग्री कॉलेजों में भी ईव्हीएम डेमो यूनिट स्थापित की जाएंगी। साथ ही, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी ईव्हीएम के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
महासमुंद जिले की 5 जनपद पंचायतों के 7 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
पिथौरा में सर्वाधिक एक लाख 75 हजार मतदाता, बसना में एक लाख 41 हजार
महासमुन्द । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-2025 प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई। निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन सुबह 10:30 बजे किया गया, जिसमें सीटों के आरक्षण और मतदान केंद्रों की सूची शामिल है। चुनाव में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज से आरंभ हो चुकी है। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार 03 फरवरी है। इसके बाद नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी को होगी, और प्रत्याशी अपना नाम 6 फरवरी तक वापस ले सकते हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन तीन चरणों में सम्पन्न होगा। पहला चरण का मतदान सोमवार 17 फरवरी 2025 को होगा जिसमें जिले के बसना और सरायपाली क्षेत्र शामिल है। इसी तरह द्वितीय चरण के तहत पिथौरा और बागबाहरा क्षेत्र में गुरुवार 20 फरवरी को मतदान होगा तथा तृतीय चरण के तहत महासमुंद क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान निर्धारित किया गया है। मतदान का समय प्रातः 6:45 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निर्धारित है।
खंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना (यदि आवश्यक हो) तीन चरणां में की जाएगी। जिसमें प्रथम चरण की तिथि मंगलवार 18 फरवरी, दूसरे चरण के लिए शुक्रवार 21 फरवरी एवं तीसरे चरण के लिए सोमवार 24 फरवरी 2025 की तिथि निर्धारित है। सारणीकरण और अंतिम परिणाम की घोषणा अंतर्गत पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत के मामले में खण्ड स्तर पर प्रथम चरण की घोषणा बुधवार 19 फरवरी, द्वितीय चरण में शनिवार 22 फरवरी और तृतीय चरण में मंगलवार 25 फरवरी को परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के मामले में जिला मुख्यालय पर प्रथम चरण की घोषणा 20 फरवरी, द्वितीय चरण में 23 फरवरी और तृतीय चरण में 25 फरवरी को निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू ने बताया कि अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशन के पश्चात महासमुंद जिले के अंतर्गत आने वाले 05 जनपद पंचायतों में कुल 551 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत मतदाताओं की कुल संख्या 07 लाख 82 हजार 281 है, जिसमें पुरुष मतदाता 03 लाख 84 हजार 586 तथा महिला मतदाता 03 लाख 97 हजार 691 और तृतीय लिंग अंतर्गत 04 मतदाता शामिल है।
जिसमें जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत 105 ग्राम पंचायतों में एक लाख 70 हजार 607 मतदाता है, इनमें पुरुष मतदाता 83 हजार 558 व महिला मतदाता 87 हजार 49 है। इसी तरह बागबाहरा अंतर्गत 111 ग्राम पंचायतों में एक लाख 53 हजार 281 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 75 हजार 217 व महिला मतदाता 78 हजार 62 एवं तृतीय लिंग मतदाता की संख्या 02 है। जनपद पंचायत पिथौरा अंतर्गत 126 ग्राम पंचायतों में एक लाख 75 हजार 611 मतदाता है, जिसमें 85 हजार 819 पुरुष मतदाता व 89 हजार 790 महिला मतदाता एवं तृतीय लिंग मतदाता की संख्या 02 है। इसी तरह जनपद पंचायत बसना अंतर्गत 102 ग्राम पंचायतों में एक लाख 41 हजार 164 मतदाता शामिल है, जिसमें पुरुष मतदाता 69 हजार 621 व महिला मतदाता 71 हजार 543 तथा जनपद पंचायत सरायपाली अंतर्गत 107 ग्राम पंचायतों में एक लाख 41 हजार 618 मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाता 70 हजार 371 व 71 हजार 247 महिला मतदाता शामिल है।
महासमुंद में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने किया ध्वजारोहण
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
महासमुन्द । 76वां गणतंत्र दिवस समारोह में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज को सलामी दी। मंत्री बघेल ने हर्ष के प्रतीक तीन रंग के गुब्बारें आकाश में छोड़े। इसके पश्चात खाद्य मंत्री बघेल ने परेड निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मंच पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह मौजूद थे।
इसके पश्चात् प्लाटून 20वीं वाहिनी छ.ग. सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, सीनियर डिवीजन एन.सी.सी., एन.एस.एस महाविद्यालय, जूनियर डिवीजन एन.सी.सी., गाईड, स्काउट, एन.एस.एस बालक-बालिका एवं रेडक्रॉस बालिका के टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट एवं सलामी दी गई। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल द्वारा शहीदों के परिजनों से मुलाकात की गई और उन्हें शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के 900 छात्र-छात्राओं द्वारा पी.टी. का प्रदर्शन किया गया तथा आशी बाई गोलछा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस अंग्रेजी माध्यम, शिशु संस्कार केन्द्र, रिवरडेल स्कूल, वृन्दावन उ.मा. विद्यालय, गुड शेफर्ड के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों के शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और जवानों तथा एन.सी.सी., एन.एस.एस., स्काउट गाइड के प्लाटून एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले स्कूल विद्यार्थी टीम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने गणतंत्र दिवस समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने गणतंत्र दिवस समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विभागों की झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल स्कूली विद्यार्थियों, परेड में शामिल होने वाले वरिष्ठ सशस्त्र समूह, परेड वरिष्ठ समूह, परेड कनिष्ठ समूह एवं प्लाटून कमांडरों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। परेड कमांडर श्रीमती दीप्ति कश्यप एवं उपनिरीक्षक सायमा अंजुम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, द्वितीय स्थान शिशु संस्कार केंद्र और तृतीय स्थान गुड शेफर्ड अंग्रेजी माध्यम स्कूल ने प्राप्त किया। इसी प्रकार विभागीय झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान शिक्षा विभाग, द्वितीय स्थान वन विभाग एवं तृतीय स्थान कृषि, मत्स्य एवं जल संसाधन विभाग ने प्राप्त किया।
इसके अलावा परेड वरिष्ठ सशस्त्र समूह में प्रथम स्थान 20वीं वाहिनी सशस्त्र बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल, तृतीय स्थान नगर सेना महिला ने प्राप्त किया। परेड वरिष्ठ समूह में प्रथम स्थान एन.सी.सी. सीनियर डिवीजन, द्वितीय स्थान एन.सी.सी. जूनियर एवं तृतीय स्थान वन विभाग ने प्राप्त किया। इसी प्रकार परेड कनिष्ठ समूह में प्रथम स्थान गाइड, द्वितीय स्थान एन.एस.एस आत्मानंद हाई स्कूल, तृतीय स्थान स्काउट ने प्राप्त किया। पीटी प्रदर्शन को सराहते हुए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक एवं अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा नागरिक, स्कूली बच्चे व आम नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, गणतंत्र दिवस की दी बधाई एवं शुभकामनाएं
महासमुंद । 76वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को आज ही के दिन 26 जनवरी को संविधान के तहत मूलभूत अधिकार मिले थे। हमें देश के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए सदैव सशक्त, सतर्क, सुरक्षित और जागरूक रहते हुए सक्रिय रूप से लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाएं। साथ ही देश-प्रदेश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। इसके पूर्व कलेक्टर लंगेह ने अपने शासकीय आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा, श्रीमती सृष्टि चंद्राकर, मिषा कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।