जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित
महासमुंद 13 मार्च 2026
संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, नवा रायपुर के आदेशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, दैनिक आवश्यकता एवं उपलब्धता की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रवि साहू द्वारा खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं जिले के सभी गैस एजेंसियों की बैठक लेकर जानकारी ली गई।
बैठक में गैस एजेंसी संचालकों ने जानकारी दी कि उनके पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जिले में उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सप्लाई प्लांट से भी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
बैठक में खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव द्वारा गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे हितग्राहियों को उनकी बुकिंग और पात्रता के अनुसार निर्धारित क्रम में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। साथ ही एजेंसियों को अपने स्टॉक का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा स्टॉक की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इस संबंध में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे गैस सिलेंडर की कमी से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रम पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक रूप से लाइन में लगने या घरों में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यकता होने पर ही गैस की बुकिंग कराकर सिलेंडर प्राप्त करें। बैठक में सहायक खाद्य अधिकारी श्री मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक श्री सुशील शर्मा सहित जिले के गैस वितरकों के संचालक एवं प्रोपाइटर उपस्थित रहे।