छत्तीसगढ़ / नारायणपुर
31 नक्सलियों के शव बरामद, हथियार भी मिले, छत्तीसगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़...
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में से अब तक 31 के शव बरामद हुए हैं। मौके से बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए हैं। अभी सर्च ऑपरेशन जारी है।
मुठभेड़ दंतेवाड़ा में बारसूर के ग्राम थुलथुली और नारायणपुर में ओरछा के ग्राम नेंदूर के जंगलों में हुई है। जानकारी के मुताबिक जवान नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना वाली जगह पर पहुंचे तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अबूझमाड़ के दक्षिणी क्षेत्र में नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा क्षेत्र में बस्तर क्षेत्र के टॉप नक्सलियों की एक बैठक की सूचना मिली थी। सर्च और रेस्क्यू टीमें रवाना की गई। कल दोपहर मुठभेड़ शुरू हुई। देर रात तक मुठभेड़ जारी रही। आज सुबह भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब तक कुल 31 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।
ऑटोमेटिक हथियार किए गए बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई में 35 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। वहीं, बताया जा रहा है कि नक्सलियों के पास से एलएमजी राइफल, एके 47 राइफल, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, .303 राइफल बरामद की गई है।
आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने बताया कि मुठभेड़ में अब तक कुल 31 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है। CRPF/DRG के अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भेजे गए हैं। एलएमजी राइफल, एके 47 राइफल, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, कैलिबर 303 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। डीआरजी का एक जवान घायल हुआ है और खतरे से बाहर है।
जवानों के हौसले और अदम्य साहस को नमन : सीएम
मुठभेड़ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है।
सीएम साय ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग
उधर, सीएम विष्णुदेव साय ने शुक्रवार की रात मुख्यमंत्री निवास में हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इसमें नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के थुलथुली जंगल में चल रही मुठभेड़ को लेकर चर्चा की गई। पुलिस महकमे के आला अधिकारियों से नक्सल एनकाउंटर पर मंथन किया गया।
मतदान केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
दण्डवन के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय का लिया जायजा
नारायणपुर । आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मध्यनजर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने गुरुवार को जिले के अति संवेदनशील क्षेत्र के मतदान केंद्र बागझर तथा दण्डवन के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस मतदान केन्द्र में ग्राम बागझर, छोटे फरसगांव और कलिभांटा के 429 मतदाता इस मतदान केन्द्र में मतदान करेंगे।
उन्होंने मतदान केन्द्र में मूलभूत सुविधा जैसे पेयजल, छाया, शौचालय इत्यादि मुहैया कराने जनपद सीईओ को निर्देशित किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला बागझर के बच्चों को नाश्ता एवं मध्यान्ह भोजन समय पर खिलाने के निर्देश प्राथमिक शाला के शिक्षक को दिए तथा स्कूल के बच्चों की दर्ज संख्या और मध्यान्ह भोजन तथा नाश्ता मेन्यू के अनुसार खिलाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान शिक्षक द्वारा बच्चों को नाश्ता नहीं खिलाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने शिक्षक के तीन दिवस और संकुल समन्वयक के एक दिवस का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के पश्चात बागझर के आंगनबाड़ी केंद्र और मिनी आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति बहुत कम पाए जाने पर संबंधित पर्यवेक्षक को गणवेश वितरण नहीं करने तथा आंगनबाड़ी का नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बागझर के आंगनबाड़ी केन्द्रो का निरीक्षण पश्चात दण्डवन के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से बच्चों की दर्ज संख्या, उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और नाश्ता खिलाने की जानकारी ली। उनके द्वारा प्राथमिक शाला दण्डवन में पदस्थ शिक्षकों की जानकारी लेते हुए बच्चों को समय पर नाश्ता परोसने तथा प्रतिदिन मेनू के अनुसार दलिया, उपमा, पोहा इत्यादि खिलाने के निर्देश दिये गये। प्राथमिक शाला मे ही उपस्थित दण्डवन के हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में पदस्थ चिकित्सक को विद्यालय के बच्चों का नियमित स्वास्थ्य जांच करने तथा दवाई वितरण करने निर्देशित किये। उन्होंने प्राथमिक शाला के निरीक्षण पश्चात पूर्व माध्यमिक शाला दण्डवन का भी जायजा लिया। कक्षा 7वीं के बच्चों को अंग्रेजी वर्णमाला के अक्षरों का उच्चारण एवं अनुवाद की जानकारी लेते हुए उपस्थित अंग्रेजी शिक्षक को शिक्षा में गुणवत्ता लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने प्रधानाध्यापक को विद्यालय के बच्चों को नाश्ता और मध्यान्ह भोजन मेनू अनुसार नियमित रूप से खिलाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान ग्राम दण्डवन के किसानों द्वारा धान खरीदी केन्द्र दण्डवन में खोले जाने की मांग की गई, उनके मांग पर कलेक्टर ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि मापदण्ड के अनुरूप सही पाये जाने पर धान खरीदी केन्द्र खोला जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, जनपद सीईओ हिम्मतसिंह उईके, बीएलओ अभय कुमार देहारी, बागझर के उप सरपंच पंचम दास मौजूद थे।
मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने युवक की हत्या की
नारायणपुर । नक्सल प्रभावित जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी की शक में एक युवक की हत्या कर दी है। अबूझमाड़ के थुलथूली पंचायत के गायता चैतूराम मंडावी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने बुधवार को बड़ी संख्या में नक्सली पहुंचे थे।
जवानों से भरी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी, 15 जवान घायल, 4 की हालत गंभीर…
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहाँ अंतागढ़ – नारायणपुर मार्ग में कुम्हारी गांव के पास BSF जवानों से भरी 407 मेटाडोर वाहन पलट गई है।
जिसमे करीब 15 जवान घायल हुए है। जिन्हे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। जिनमे 4 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है,
नारायणपुर में NIA का छापा, 4 ठिकानों पर दबिश...
नारायणपुर। नक्सल हमलों की जांच कर रही NIA की टीम लगातार छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को NIA की टीम ने भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में नारायणपुर के 4 स्थानों पर दबिश दी है। बता दें कि बीते दिनों NIA की टीम ने कांकेर जिले के कई पत्रकारों और नेताओं के ठिकाने पर दबिश दी थी। अब देखने वाली बात ये होगी कि भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में NIA की टीम के हाथ क्या लगता है?
बता दें कि विधानसभा चुनाव से ऐन पहले पूर्व भाजपा जिला उपाअध्यक्ष रतन दुबे की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि घटना के बाद ये बात सामने आई थी कि रतन दुबे की हत्या नक्सलियों ने की है। फिलहाल मामले की जांच NIA कर रही है।
गौरतलब है कि नारायणपुर नक्सली हमले में मारे गए भाजपा नेता रतन दुबे का दबदबा ग्रामीण इलाकों में अच्छा माना जाता था। रतन दुबे ,महिमाग्वाड़ी इलाके से जिला पंचायत सदस्य थे। इस घटना के बाद इलको के ग्रामीण कई दिनों तक दहशत में थे। वहीं, हत्याकांड के बाद कई दिनों तक यहां बाजारों से भी रौनक गायब थी।
नारायणपुर में मुठभेड़ : 5 नक्सली ढेर, लौट रहे जवानों पर आईईडी से हमला
नारायणपुर । नक्सल प्रभावित नारायणपुर में घमंडी के जंगल में मंगलवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 5 नक्सली मारे गए। मौके से 3 नग 303 राइफल ,1 नग 12 बोर बंदूक के साथ नक्सल सामग्री बरामद हुई है। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के शव को लेकर वापस लौट रही पार्टी को निशाना बनाते हुए नक्सलियों ने बुधवार को आईईडी ब्लास्ट भी किया, लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
उल्लेखनीय है कि, अबूझमाड़ के घमंडी के जंगल में नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ में अभी तक पांच वर्दीधारी नक्सलियों के मारे जाने की खबर निकलकर सामने आई है। इस अभियान में लगभग 1500 जवान शामिल हैं। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पिछले तीन दिनों से नारायणपुर अन्तर्गत माड़ के कोहकमेट थाना के क्षेत्र में संयुक्त अंतर्जिला नक्सल विरोधी अभियान जारी है। इस अभियान में डीआरजी, एसटीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के जवान शामिल हैं। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च सर्च अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले में 108 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर जिले में 108 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 22 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित 29 विकास कार्यों का लोकार्पण और 86 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नारायणपुर में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 01 करोड़ 28 लाख रुपए लागत 07 विकास कार्यों,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 4 करोड़ 61 लाख रुपए से स्थापित 09 सोलर आधारित नल जल योजनाओं, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्व कुर्मी क्षत्रीय समाज भवन, जनपद पंचायत ओरछा के अंतर्गत साढ़े 6 लाख रुपए लागत के 03 कार्यों,जनपद पंचायत नारायणपुर के अंतर्गत 75 लाख रुपए लागत के 04 कार्यों, जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 01 करोड़ 94 लाख रुपए लागत के 04 कार्यों तथा क्रेडा द्वारा 13 करोड़ 82 लाख रुपए लागत से स्थापित 88 सोलर ड्यूल पम्पों का लोकार्पण किया।
इसमें छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के अंतर्गत 55 करोड़ 70 लाख रुपए से निर्मित की जाने वाली 16 सड़क निर्माण कार्यों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा साढ़े 36 लाख रुपए की लागत से निर्मित की जाने वाली बोरगांव नाला में आरआरसी पुलिया निर्माण एवं बोरगांव से बड़े जम्हरी पहुंच मार्ग निर्माण,अबूझमाड़ विकास अभिकरण के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह योजनान्तर्गत 01 करोड़ 58 लाख रुपए लागत से निर्मित की जाने वाली आंगनबाड़ी केन्द्र भवन झारावाही और जनजाति समूह योजना आवास निर्माण, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत साढ़े 17 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित की जाने वाली 100 शैय्यायुक्त मातृत्व एवं शिशु अस्पताल नारायणपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन छोटेडोंगर,वन विभाग के अंतर्गत 01 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से की जाने वाली नरवा विकास कार्यों,जनपद पंचायत ओरछा के अंतर्गत 01 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित की जाने वाली 13 कार्यों तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 08 करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से स्थापित की जाने वाली 12 सोलर आधारित नल जल योजनाओं का भूमिपूजन भी किया।
इस अवसर पर वन तथा जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप, आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम, कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, कलेक्टर श्री विपिन मांझी, पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नारायणपुर जिले के कुम्हारपारा में आयोजित किसान मेला-2024 में शामिल हो रहे हैं
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नारायणपुर जिले के कुम्हारपारा में आयोजित किसान मेला-2024 में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नारायणपुर जिले में प्रथम आगमन पर आत्मीय स्वागत
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नारायणपुर जिले में प्रथम आगमन पर आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रथम आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने नगर पालिका परिषद चौक में पुष्पहार, गजमाला एवं पारम्परिक अबूझमाड़िया पगड़ी पहनाकर, काष्ठ निर्मित हल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्षेत्रवासियों को छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने एवं आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए समर्पित है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का नारायणपुर हेलीपैड में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नारायणपुर जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप उपस्थित रहे।
अधिकारियों में बस्तर संभागायुक्त श्री श्याम धावड़े, आईजी बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री विपिन मांझी, पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर शर्मा उपस्थित रहे।