छत्तीसगढ़ / नारायणपुर
कलेक्टर को दी गई भावभीनी विदाई
नारायणपुर। राज्य सरकार द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश के तहत नारायणपुर जिले के कलेक्टर बिपिन मांझी को सचिव, लोक आयोग के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। समारोह के दौरान कलेक्टर श्री मांझी के कार्यकाल में जिले में हुए विकास कार्यों और उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की गई। उनकी कार्यशैली और नीतिगत निर्णयों को जिले के विकास में मील का पत्थर बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले ने न केवल प्रशासनिक दक्षता में सुधार किया बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास के कई नए आयाम भी स्थापित किए। कलेक्टर श्री मांझी के नेतृत्व में आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ। महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और रोजगार सृजन के लिए कई योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री मांझी को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि कलेक्टर श्री मांझी के साथ काम करना प्रेरणादायक अनुभव रहा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने उनके कुशल नेतृत्व और सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, श्री गौतम पाटिल, अभयजीत सिंह मांडवी, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. रोजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रविकांत ध्रुवे, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग वैशाली मरड़वाड़ डीपीएम श्री राजीव बघेल सहित जिले के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
मृतक के परिजनों के लिए चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नारायणपुर । राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर बिपिन मांझी के निर्देशन में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादूर पंचभाई द्वारा पीड़ित परिवार के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत दी गई है।
मृतक लखमूराम पोटाई, पिता मोड्डाराम, निवासी ग्राम कुढ़ारगांव की मृत्यु 14 सितम्बर 2023 कसे सर्पदंश के कारण, मृतिका यशोदा, पति भुनेश्वर निवासी ग्राम बोरण्ड की मृत्यु 26 अगस्त 2018 को तालाब के पानी में डुबने और मृतक रमेश कुमार बघेल, पिता पुनउराम निवासी ग्राम बाकुलवाही की मृत्यु 16 अगस्त 2022 को नाले में मछली पकड़ते समय पानी में डुबने के कारण हुई थी।
मृतक लखमुराम के निकटतम वारिस पुत्र दासूराम पोटाई, यशोदा के निकटतम वारिस पुत्र सगनू चुरेन्द्र तथा रमेश कुमार के निकटतम वारिस पिता पुनउराम बघेल हेतु 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। उक्त स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान तहसीलदार नारायणपुर को राशि बैंक ड्राफ्ट या चेक के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर कराने निर्देशित किया गया हैं।
जवानों ने 15 आईईडी बरामद कर किया डिफ्यूज
नारायणपुर । जिले के कच्चापाल-टोके के बीच पहाड़ी से 15 आईईडी बरामद किया। सुरक्षा मानको का पालन करते हुए बरामदशुदा आईईडी को नष्ट किया गया। दो दिन पहले इसी जगह पर ब्लास्ट में दो डीआरजी जवान घायल हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नवीन कैंप कच्चापाल से डीआरजी, बीएसएफ 135 वीं वाहिनी की संयुक्त टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर ग्राम तोक-मुसेर गए थे। कच्चापाल- तोके क्षेत्र में एरिया सर्चिंग के दौरान तोके पहाड़ी में सुरक्षाबलों ने 15 आईईडी बरामद किया। नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जाल बिछा रखा था। बीडीएस की टीम ने सावधानी से आईईडी को डिफ्यूज किया। बताया जा रहा है कि, 15 आईईडी लगभग 5-5 किलो की थी। इलाके से विस्फोटक के अवशेष, बिजली तार और अन्य सामान बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि, दो दिन पहले इसी जगह पर डीआरजी के दो जवान घायल हो गए थे। जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से ग्रामीणों और जानवरों को भी खतरा हो सकता था। बड़ी ही सावधानी से जवानों ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
रतन दुबे हत्या मामले में CPI के 3 कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
नारायणपुर । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में सीपीआई (माओवादी) के तीन और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। तीनों की पहचान सैनुराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र कार्यकर्ता के रूप में की गई है।
इन तीनों पर आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष दायर पूरक आरोपपत्र में आईपीसी अधिनियम और यूए(पी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। आरोपपत्र में शामिल तीनों आरोपी रतन दुबे की हत्या की आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल पाए गए। सैनुराम कोर्राम और लालूराम कोर्राम को 27 जून 2024 को गिरफ्तार किया गया।
साप्ताहिक बाजार में हुई थी भाजपा नेता की हत्या
रतन दुबे को 4 नवंबर 2023 को कौशलनार गांव में भीड़ भरे साप्ताहिक बाजार में चुनाव प्रचार के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के सदस्यों ने कुल्हाड़ियों से काटकर मार डाला। लक्षित हत्या का उद्देश्य स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना और स्थानीय लोगों में आतंक फैलाना था।
मामले में जांच जारी
एनआईए की जांच में सीपीआई (माओवादी) के तहत काम करने वाले पूर्वी बस्तर संभाग के बयानार एरिया कमेटी और बारसूर एरिया कमेटी के सदस्यों की भूमिका और संलिप्तता स्थापित हुई थी। एनआईए ने स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने के बाद 23 फरवरी 2024 को आरसी-08/2024/एनआईए/आरपीआर मामला दर्ज किया था। 5 जून को एनआईए ने एक आरोपी धन सिंह कोर्राम के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रकृति परीक्षण कराकर स्वास्थ्य एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें : बिपिन मांझी
नारायणपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 अक्टूबर 2024 को नवमें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर देशव्यापी देश का प्रकृति प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल एप्लीकेशन के द्वारा आयुर्वेद चिकित्सक आयुर्वेदिक सिद्धांत अनुसार प्रकृति वात, पित्त, कफ का परीक्षण करेंगे। यह अभियान संविधान दिवस 26 नवंबर 2024 से आरंभ होकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती 25 दिसंबर 2024 तक संपन्न होना है।
इसी तारतम्य में आज कलेक्टर बिपिन मांझी का प्रकृति परीक्षण, अभियान के जिला समन्वयक डॉ लालचंद साहू एवं जिला सह समन्वयक डॉ बीना खोबरागड़े द्वारा प्रकृति परीक्षण किया गया। कलेक्टर बिपिन माझी ने कहा कि प्रकृति परीक्षण अभियान से सभी जुड़कर अपनी प्रकृति जाने और सही जीवन शैली अपना कर स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने नगर वासियों से अपील की कि प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा जरूर बने। इससे नागरिकों को स्वयं का डिजिटल प्रकृति कार्ड प्राप्त होगा।
शरीर में वात, पित्त, कफ की पहचान के लिए आयुष मंत्रालय ने प्रकृति परीक्षण एप तैयार किया है। इस एप की मदद से लोगों से स्वास्थ्य की जानकारी मांगी जाती है और फिर उन्हें उनकी प्रकृति बताई जाती है। 26 नवंबर से शुरू इस प्रकृति परीक्षण अभियान के तहत राज्य के 15 लाख नागरिकों के आयुर्वेदिय सिद्धांत अनुसार प्रकृति वात, पित्त व कफ का परीक्षण मोबाइल एप्लीकेशन के द्वारा किया जाएगा। क्योंकि इन तीनों प्रकृतियों की अधिकता या कमी के कारण शरीर में बीमारी आती है। प्रकृति की जानकारी होने पर व्यक्ति अपने खान-पान और दिनचर्या में सुधार कर लें, तो उन्हें अस्पताल तक पहुंचने की नौबत ही नहीं आएगी। प्रकृति परीक्षण एप को किसी भी एंड्रायड फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है और आयुर्वेद चिकित्सक द्वारा अपना प्रकृति परीक्षण कराया जा सकता है।
कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र गढ़बेंगाल का औचक निरीक्षण
नारायणपुर । राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर जिले में धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर बिपिन मांझी गढ़बेंगाल के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करते हुए धान खरीदी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों से सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया और किसानों को दी जानी वाली भुगतान की जानकारी ली।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 14 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर मांझी ने धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जिले में धान खरीदी का जायजा ले रहे हैं। आज उन्होंने धान खरीदी केंद्र गढ़बेंगाल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में टोकन पंजी, बारदाना पंजी, बारदाना गोदाम, धान बोरे की स्टेकिंग, ड्रेनेज और पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रखने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए कृषकों से चर्चा करते हुए धान खरीदी हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लिया। गढ़बेंगाल धान खरीदी केन्द्र में 873 किसान पंजीकृत हैं, उनमें से 396 किसानों ने अब तक धान की बिक्री किये हैं। अब तक किसानों से 18,226 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसमें से खरीदी केन्द्र से 4,480 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।
कलेक्टर ने जिले के बाहर के मिलर्साें को भी धान उठाव करने के लिए संपर्क करने के निर्देश दिये। धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर को कृषकों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। बड़ी ही आसानी से उन्हें टोकन प्रदाय किए जा रहे हैं और धान के तौल में भी कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है। वे जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी के लिए किए गए इंतजामों से संतुष्ट हैं।
कुंदला के जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त हुए 117 आवेदन
नारायणपुर । जिले के सम्माननीय नागरिकों के शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं चहुमुंखी कल्याण एवं विकास के लिए कार्य करना प्रशासन का ध्येय है। राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में लोक शिकायतों के त्वरित निराकरण, विकास कार्यों के आवश्यकतानुसार स्वीकृत करने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन साधारण को पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायत एवं हाट बाजारों के दिनों में शिविर लगाकर प्राप्त आवेदनों को निराकरण किया जा रहा है।
जिला स्तरीय शिविरों में जिला स्तर के अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने निर्देशित किया गया है। जिला स्तरीय जनसमस्या शिविर का आयोजन 19 दिसम्बर को कुंदला में किया गया। उक्त शिविर में ग्राम पंचायत कुंदला के ग्रामीणों द्वारा भारी मात्रा में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लिया गया। उपस्थित ग्रामीणों को शासन के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी विभाग के अधिकारियों के द्वारा दी गई।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 62, कृषि विभाग के 22, उद्यान विभाग के 15, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 01, क्रेडा विभाग के 10, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 03, राजस्व के 02 महिला एवं बाल विकास विभाग के 03, विद्युत विभाग के 03, आदिम जाति कल्याण के 01, स्वास्थ्य विभाग के 02 आवेदन एवं अधूरा पीवीटीजी आवास पूर्ण करने हेतु 4 लोगों के हस्ताक्षर युक्त 1 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार शिविर में मांग एवं समस्या के 117 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा शिविर में स्वास्थ्य जांच कर ग्रामीणों को शिविर स्थल पर दवाईयां वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित हितग्राही माताओं एवं बच्चों का सर्वांगीण विकास के लिए संचालित की जा रही योजनाओं का जानकारी दी गई। शिविर में शिक्षा, स्वास्थय, खाद्य विभाग, पशुधन विकास, पशुधन आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत अक्षय उर्जा, उद्यानिकी और कृषि विभाग के अधिकारियांे को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्रामीणों को जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रताप मंडावी, अबुझमाड़िया समाज के अध्यक्ष रामजी ध्रुव, कच्चापाल के सरपंच मंगडूराम नुरेटी, कुंदला सरपंच सेवे कुमेटी, कोहकामेटा सरपंच सावित्री नुरेटी, धारावाही सरपंच लच्छुराम तथा जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के दो जवान घायल
नारायणपुर । नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कच्चापाल में दो दिन पहले ही नया कैंप खोला गया है। डीआरजी जवान यहां पर सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे हुए हैं। इसी दौरान वे नक्सलियों के बिछाए गए आईईडी की चपेट में आ गए। ब्लास्ट में दो जवान घासीराम मांझी और जनक पटेल घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल फोर्स एरिया में सर्चिंग कर रही है।
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में मनाया गया सुशासन पखवाड़ा
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्था में 17 दिसम्बर को वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता एवं 19 दिसम्बर को संगोष्ठी का कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना, महतारी वंदन जैसी योजनाओं के माध्यम से सबका साथ सबका विकास पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अविनाश कुमार जैन द्वारा की गई। प्राचार्य द्वारा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना की जानकारी साझा करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर राज्य की विकास योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती के. सुमित्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्था के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राऐं उपस्थित थे।
नारायणपुर नगरपालिका परिषद के 5 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित
नारायणपुर । छतीसगढ़ में नगर पालिका के वार्डों का आरक्षण आगामी चुनावों के लिए निर्धारित किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगरपालिका परिषद नारायणपुर के वार्डों का आरक्षण की प्रक्रिया विहित अधिकारी तथा कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बिपिन मांझी द्वारा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नगर पालिका परिषद हेतु आगामी निर्वाचन के लिए बैठक आयोजित किया गया।
इस दौरान नारायणपुर नगरपालिका के सभी 15 वार्डों को आरक्षण तय किया गया है, जिसमें वार्ड क्रमांक 01 नयापारा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 02 डीएनके में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 03 तहसील पारा में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 04 बंगलापारा में अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड क्रमांक 05 सिंगोड़ीतराई में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 06 बाजारपारा में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 07 बखरूपारा में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 08 महावीर मंदिर में अनारक्षित (महिला), वार्ड क्रमांक 09 जगदीश मंदिर में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 10 मुरियापारा में अनुसूचित जाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 11 आश्रम में अनुसूचित जनजाति (महिला), वार्ड क्रमांक 12 माड़िनदेवी में अनारक्षित (मुक्त), वार्ड क्रमांक 13 कुम्हारपारा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त), वार्ड क्रमांक 14 साकड़ीबेड़ा में अनुसूचित जनजाति (मुक्त) और वार्ड क्रमांक 15 डुमरतराई में अनुसूचित जनजाति (मुक्त) आरक्षण निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाड़, बृजमोहन देवांगन, गौतम एस गोलछा, नरेन्द्र मेश्राम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, अभिषेक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, गौतम पाटिल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी आषिश कोर्राम सहित वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और आमजन उपस्थित थे।
नारायणपुर के स्कूलों में मनाया गया सुशासन पखवाड़ा
छात्रों ने सुशासन पर दिखाया हुनर
नारायणपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य में सुशासन पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विभिन्न रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता, सुशासन पर पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, पोस्टकार्ड लेखन, मेंहदी प्रतियोगिता, और रंगोली प्रतियोगिता जैसे आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और शासन की जनहितकारी नीतियों को समझने का अवसर प्राप्त किया। इसके साथ ही, राज्य सरकार द्वारा जनसामान्य को विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों तक शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें सरकारी सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है। सुशासन पखवाड़ा के तहत आयोजित ये कार्यक्रम न केवल छात्र-छात्राओं में रचनात्मकता और जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं, बल्कि जनता को भी योजनाओं के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों ने कलेक्टर से किया मुलाकात
नारायणपुर । छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है। यहां खेलों के क्षेत्र में अपार नैसर्गिक क्षमता विद्यमान है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में बस्तर संभाग के लोगों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अवसर प्रदान किए जा रहें है, जिसके तहत् क्षेत्र में शासन एवं जनता के मध्य मजबूत एवं प्रत्यक्ष संबंध स्थापित कर यहॉ के युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को पहचानकर, खिलाड़ी के रूप में तैयार करने हेतु बस्तर ओलम्पिक 2024 आयोजन किया गया।
बस्तर ओलंपिक में एथेलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वालीवाल और रस्साकसी जैसे खेलों को शामिल किया गया है। बस्तर ओलंपिक 2024 के जिला स्तरीय विजेता खिलाड़ियों के द्वारा संभाग स्तरीय जगदलपुर में 13 से 15 दिसंबर तक जगदलपुर में आयोजित ओलंपिक में भाग लिया गया। संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जिले के विजेता खिलाड़ियों ने आज कलेक्टर श्री बिपिन मांझी से मुलाकात किया गया। कलेक्टर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गौतम एस गोलछा, खेल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग, उप संचालक पंचायत विक्रम बहादुर, परियोजना अधिकारी महेन्द्र देहारी सहित खेल अनुदेशक मौजूद थे।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाला फंेक प्रतियोगिता अंतर्गत जूनियर वर्ग पुरूष में प्रथम स्थान जगतुराम, खो-खो अंतर्गत प्रथम स्थान अरविन्द एवं साथी, व्हालीबॉल महिला अंतर्गत प्रथम स्थान मानबती एवं साथी, फुटबॉल में प्रथम स्थान मोक्षा नाग एवं साथी, सीनियर वर्ग अंतर्गत 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान जगदीश नेताम, महिला उंची कुद में प्रथम स्थान अंजली उईके, व्हालीबॉल में प्रथम स्थान प्रमिला एवं साथी, पुरूष फुटबाल में प्रथम स्थान कुबेर एवं साथी, जूनियर पुरूष 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान बुधराम गोटा, कबड्डी में द्वितीय स्थान जगतुराम एवं साथी, महिला खो-खो में द्वितीय स्थान मनाय जुर्री एवं साथी, पुरूष व्हालीबॉल में द्वितीय स्थान लोमेश नेताम एवं साथी, सीनियर महिला 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान दुलारी मण्डावी, पुरूष 4 गुणा 100 मीटर रिले में द्वितीय स्थान जगदीश नेताम एवं साथी, पुरूष खो-खो में द्वितीय स्थान सोनसाय एवं साथी, महिला खो-खो में द्वितीय स्थान अमृता गोटा एवं साथी, जुनियर महिला गोला फेंक में तृतीय स्थान मिथिला दुग्गा, बैडमिंटन एकल में तृतीय स्थान चंद्रकला सलाम, बैडमिंटन युगल में तृतीय स्थान चंद्रकला सलाम एवं चमेली, पुरूष फुटबॉल में तृतीय स्थान अनुराग कुमेटी एवं साथी, महिला कराठे में तृतीय स्थान दिव्या कांगे, सीनियर महिला 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान संदाय सलाम, पुरूष गोला फंेक में तृतीय स्थान सुखलू उसेण्डी, महिला गोला फंेक में तृतीय स्थान कमलेश्वरी पोटाई, पुरूष उंची कुद में तृतीय स्थान हेमेन्द्र कुमेटी, महिला भाला फेंक में तृतीय स्थान लता नाग, पुरूष व्हालीबॉल में तृतीय स्थान विशोध कोवाची एवं साथी और पुरूष कराठे में तृतीय स्थान दीनूराम गावड़े ने प्राप्त किया।
महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रिय गणित दिवस
नारायणपुर । राष्ट्रिय गणित दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों द्वारा बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया गया। मानसिक गणित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान समलेश मांझी, द्वितीय स्थान सोनाक्षी देवांगन, गणितीय पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान धनश्याम, द्वितीय स्थान अजोंती पोटाई, गणितीय मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ज्ञानी बुई, द्वितीय स्थान सोनाक्षी देवांगन प्राप्त किया।
सभी विजेता प्रतिभागी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शासकीय काकतीय महाविद्यालय जगदलपुर जायेंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम, आई.क्यू.ए.आर. प्रभारी श्री आर के यादव, श्री संतोष कुमार राव, लाइब्रेरियन श्री संजयनकुमार पटेल एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गणित विभाग के विभागाध्यक्ष श्री विकास चन्द्र विशाल द्वारा किया गया।
डाक विभाग द्वारा चलाया जा रहा विभिन्न वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान
नारायणपुर। डाक विभाग द्वारा विभाग की विभिन्न वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्राहकों के वित्तीय निवेश को सुरक्षित तथा हितकारी बनाना है। बस्तर डाक संभाग केन्द्र सरकार की बचत योजनाओं को बस्तर की शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ पिछड़ी एवं जनजातीय क्षेत्रों में पहुचाने के कार्य के साथ बस्तर संभाग के जिलों में वित्तीय समावेशन के लक्ष्य के तारतम्य में बस्तर के लोगों को मुख्य धारा में जोड़ने का प्रयास कर रही है।
डाक विभाग डाकघर बचत खाता, डाक जीवन बीमा तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पमेड्स बैंक, आधार सेवाएँ के संबंध में भारत सरकार के वित्तीय समावेशन के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु डाक चौपाल तथा जिला सामुदायिक विकास कार्यकम के माध्यम से कैंप आयोजन कर बस्तर संभाग के लोगों तक बचत के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से अहम् योगदान दे रहा है।
वार्ड क्रमांक 10 में लगाया गया श्रम विभाग द्वारा शिविर
नारायणपुर । श्रम विभाग द्वारा 16 दिसम्बर को वार्ड क्रमांक 10 में जिला राजमिस्त्री मजदूर संघ के अध्यक्ष एवं पार्षद के अध्यक्षता में श्रम सम्मेलन एवं श्रमिक पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में लगभग 84 श्रमिक उपस्थित रहे, जिन्हें श्रमिक पंजीयन एवं योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम में 48 श्रमिक पंजीयन कार्ड, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत् 20 हजार रूपये, नोनी सशक्तिकरण के तहत् 20 हजार रूपये एवं मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्युं एवं दिव्यांग सहायता सहायता योजना के तहत् 01 लाख रूपये का डमी चेक प्रदाय किया गया और इन श्रमिकों को श्रीफल से सम्मानित भी किया गया।
भारी एवं हल्का वाहन चालक के पद पर भर्ती प्रक्रिया स्थगित
नारायणपुर । वनमण्डलाधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार वनमण्डल नारायणपुर अंतर्गत भारी एवं हल्का वाहन चालक के पद पर सीधी भर्ती हेतु भारी एवं हल्का वाहन चालन और मशीनी ज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 20 से 24 दिसम्बर 2024 तक आयोजित की जाने वाली थी, जिसे तकनीकी कारणों से आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है। प्रायोगिक परीक्षा हेतु निर्धारित तिथि की सूचना पृथक से प्रसारित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण अंतर्गत रिक्त पदों हेतु सूची जारी
नारायणपुर । जिला पंचायत नारायणपुर में प्रधानमंत्री आवास-ग्रामीण योजनांतर्गत जिला, जनपद स्तर के रिक्त पदों के चयन हेतु मेरिट सूची प्रकाशित कर 04 दिसम्बर समय दोपहर 3 बजे तक दावा आपत्ति आमंत्रित किया गया था। प्राप्त दावा आपत्तियों का जिला स्तरीय गठित समिति द्वारा निराकरण किया गया। निराकरण सूची का प्रकाशन वेब साईट www.cgstate.gov.in & www.narayanpur.gov.in एवं कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन हेतु चस्पा किया गया है।