छत्तीसगढ़ / रायगढ़
लर्निंग लायसेंस के लिए शिविर 27 दिसम्बर को
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत 27 दिसम्बर को जनपद पंचायत धरमजयगढ़ में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 30 दिसम्बर को जनपद पंचायत कापू, 3 जनवरी 2025 को जनपद पंचायत छाल एवं 6 जनवरी 2025 को जनपद पंचायत लैलूंगा में लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन होगा। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त शिविर में सभी आवेदकों को वाहन चालन हेतु लर्निंग लायसेंस दिया जाना प्रस्तावित है।
जिसके लिए आवेदक को लोक सेवा केन्द्रों/च्वाईस सेंटर या स्वयं इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों जैसे निवास हेतु आधार कार्ड, वोटर कार्ड या पता प्रमाण-पत्र हेतु अन्य दस्तावेज एवं जन्म तिथि प्रमाण-पत्र हेतु अंकसूची, पेन कार्ड, पासपोर्ट सहित आवश्यक शुल्क जमा कर उपस्थित होना अनिवार्य है।
लर्निंग लायसेंस शिविर 27 को धरमजयगढ़ में
कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत 27 दिसम्बर को जनपद पंचायत धरमजयगढ़ में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 30 दिसम्बर को जनपद पंचायत कापू, 3 जनवरी 2025 को जनपद पंचायत छाल एवं 6 जनवरी 2025 को जनपद पंचायत लैलूंगा में लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन होगा।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त शिविर में सभी आवेदकों को वाहन चालन हेतु लर्निंग लायसेंस दिया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए आवेदक को लोक सेवा केन्द्रों/च्वाईस सेंटर या स्वयं इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों जैसे निवास हेतु आधार कार्ड, वोटर कार्ड या पता प्रमाण-पत्र हेतु अन्य दस्तावेज एवं जन्म तिथि प्रमाण-पत्र हेतु अंकसूची, पेन कार्ड, पासपोर्ट सहित आवश्यक शुल्क जमा कर उपस्थित होना अनिवार्य है।
27 को देवगढ़ में जन समस्या निवारण शिविर स्थगित
रायगढ़ । जनपद पंचायत तमनार के ग्राम देवगढ़ में 27 दिसम्बर को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाना था। जिसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।
शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना अंतर्गत नवीन केंद्र का शुभारंभ
योजनान्तर्गत 227 श्रमिकों को 56 लाख से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हुआ हस्तांतरित
रायगढ़। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज वचुर्अल माध्यम से श्रम विभाग अंतर्गत संचालित शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न केंद्र का शुभारंभ जिंदल पॉवर लिमिटेड तमनार के बाह्य परिसर में किया। मौके पर श्रम सचिव अलरमेल मंगई डी वीसी के माध्यम से जुड़ी रही।
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने श्रमिकों को संबोधन करते हुए कहा कि यह सुशासन की सरकार है जो श्रमिक के पूरे परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों को योजना के बारे में जानकारी दी तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को इस योजना से लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने रायगढ़ जिले के पंजीकृत 227 श्रमिकों को विभिन्न योजना अंतर्गत 56 लाख 19 हजार 500 रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए। शुभारंभ पश्चात उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने अपने हाथों से श्रमिकों को बहनों को खाना भी परोसा। इस अवसर पर गोकुलानंद पटनायक,विनायक पटनायक, सतीश बेहरा, सीताराम पटनायक और जेपीएल प्रबंधन से संदीप सांगवान, आरपी पांडे, राजेश रावत और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी सरिता पटेल
निकरा परियोजना के माध्यम से किसानों को दी जा रही नई तकनीक की जानकारी
रायगढ़ । कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने और नई तकनीकों के प्रसार में रायगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित निकरा परियोजना ने एक उल्लेखनीय पहल की है। ग्राम नवापारा, विकासखंड खरसिया निवासी सरिता पटेल ने इस परियोजना के माध्यम से न केवल अपने खेत में उत्कृष्ट कार्य किया, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गईं।
सरिता पटेल अपने पति तेजराम पटेल के साथ खेतों में ट्रैक्टर चलाने और सीड ड्रिल मशीन से गेहूं की कतारबोनी कर यह दिखाया कि महिलाएं भी कृषि के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं। उनके इस कार्य के लिए जिले के किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने महिला सशक्तिकरण के रूप में सराहना की। कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ द्वारा निकरा परियोजना के तहत गेहूं और सरसों की कतारबोनी के लिए सीड ड्रिल मशीन का उपयोग प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस तकनीक से न केवल समय और श्रम की बचत होती है, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि होती है। केंद्र द्वारा स्थापित कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को सीड ड्रिल मशीन उपलब्ध कराई जाती है। निकरा परियोजना के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, फसल उत्पादन, पशुपालन और संस्थागत कार्यक्रमों के चार प्रमुख घटकों पर कार्य किया जा रहा है। परियोजना के प्रमुख अनुदेशक डॉ.बी.एस.राजपूत, सहायक अनुदेशक डॉ.के.डी.महंत और वरिष्ठ अनुसंधान सहायक डॉ.मनोज कुमार साहू के मार्गदर्शन में किसानों को तकनीकी जानकारी और कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। निकरा परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों ने कहा कि इस तकनीक से फसल प्रबंधन में न केवल सुधार हुआ है, बल्कि क्षेत्र के किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया है। यह परियोजना क्षेत्र में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई उम्मीद लेकर आई है।
सखी सेंटर की समझाईश पर आवेदक के व्यवहार में आया सकारात्मक परिवर्तन
रायगढ़। महिला संरक्षण अधिकारी के माध्यम से सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़ में एक प्रकरण पर दोनों पक्षकारों (पति-पत्नी) का लिखित बयान लिया गया। जिसमें 18 अप्रैल 2023 को दोनों पक्ष का सामाजिक रीति रिवाज से विवाह हुआ व कोई संतान नहीं है व पति बेरोजगार है, जिस कारण से ससुराल में अनावेदक पति, सास, ससुर द्वारा छोटी-छोटी बातों पर विवाद एवं अनावेदक पति द्वारा शराब सेवन कर मारपीट किया जाता था एवं जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी जिस कारण आवेदिका मायके में जा कर रहने लगी।
उक्त घटना की शिकायत आवेदिका द्वारा 23 सितम्बर 2024 को थाना पूंजीपथरा में किया गया था जिस पर थाने द्वारा समझाईश दी गई थी परंतु अनावेदक के व्यवहार में परिवर्तन नहीं हुआ। आवेदिका द्वारा पति को प्रेम पूर्वक साथ रहने के लिए समझाईश का आवेदन सखी सेंटर को दिया गया एवं उक्त आवेदन के आधार पर दोनों पक्ष का 3 बार संयुक्त काऊंसलिंग करते हुये प्रकरण को निरंतर फॉलोअप में रखा गया। 30 नवम्बर को दोनों पक्ष पुन: उपस्थित हुए। आवेदिका द्वारा सखी के परामर्श कार्यवाही उपरांत अनावेदक के व्यवहार में सुधारात्मक परिर्वतन होने से सखी का आधार प्रकट करते हुए लिखित में अग्रिम कार्यवाही नहीं करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। उक्त आधार पर सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़ से प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया। उक्त प्रकरण की कार्यवाही जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला महिला संरक्षण अधिकारी के मार्गदर्शन पर सखी वन स्टॉप सेेंटर रायगढ़ के सेवा प्रदाताओं द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस : नीलांचल बाल गृह में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
रायगढ़ । राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जितेन्द्र कुमार जैन, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष के मार्गदर्शन तथा अंकिता मुदलियार न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के नेतृत्व में नीलांचल बाल गृह में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। रायगढ़ नीलांचल बाल गृह में निरूद्ध बालकों को उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के बारे में जानकारी दिया गया।
अंकिता मुदलियार न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के द्वारा नीलांचल बाल गृह में निरूद्ध बालकों राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस से जुड़े पहलू पर चर्चा करते हुए बताया कि यह कानून उपभोक्ताओं को अनुचित व्यापार प्रथाओं, धोखाधड़ी और शोषण से बचाने और उनके हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए लागू हुआ था। इस दिन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के बारे में बताना और उनके सरंक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाना है, यह उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उक्त शिविर में पूजा शर्मा (असिस्टेंट) चीफ लीगल एड डिफेंस कौसिंल रायगढ़ के द्वारा निलांचल बाल गृह में निरूद्ध बालकों को बताया गया कि उपभोक्ता कोई भी उत्पाद चुन सकता है और उसे कीमत पर बातचीत करने का पूरा अधिकार है। एक उपभोक्ता उचित रूप से स्वस्थ पर्यावरण की मांग कर सकता है उपभोक्ता वस्तुत: कहीं से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उपभोक्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुनवाई की मांग कर सकते हैं। आयोजित इस शिविर में नीलांचल बाल गृह रायगढ़ के अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम का उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में श्ंाकर निषाद, निलांचल बाल गृह के स्टॉप, एवं पैरालिगल वालिंटियर उपस्थित रहे।
कृषक उन्नति योजना से मिले पैसों से किसान ने खरीदी नई मोटर सायकल
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए कृषक उन्नति योजना का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वपूर्ण कृषक उन्नति योजना से किसानों को मेहनत का पूरा सम्मान मिल रहा है। जिससे आज किसान आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
रायगढ़ जिले के विकासखण्ड धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम-कटाईपाली डी निवासी किसान राजकुमार यादव ने बताया कि कृषक उन्नति योजना से उनके आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 6.85 एकड़ खेत है जिसमें प्रतिवर्ष खरीफ मौसम में 4.40 एकड़ में धान की खेती करते है। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में लगभग 84 क्विंटल धान बेचा था। जिसका समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्ंिवटल के हिसाब से जिसमें 1 लाख 83 हजार 372 रुपये एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा शुरू की गई कृषक उन्नति योजना से खाते में 77 हजार 28 रुपये अंतर की राशि प्राप्त हुई थी। इस तरह उन्होंने कुल 2 लाख 60 हजार 400 रूपये एक वर्ष में प्राप्त किया। उन्होंने प्राप्त राशि से अपने बेटे की शादी की और घरेलू उपयोग के लिए एक मोटर सायकल भी खरीदी। मोटर सायकल खरीदनेे के पश्चात वे काफी खुशी महसूस किए। उन्होंने बताया कि पहले मोटर सायकल नहीं होने पर रायगढ़ सहित आसपास कही जाने पर या तो सायकल से जाना पड़ता था या फिर बस के सहारे, जिससे समय लगता था और परेशानी भी होती थी। लेकिन अब स्वयं की मोटर सायकल होने पर आने-जाने में सुविधा हुई है और समय की बचत भी हो रही है। किसान श्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कृषक उन्नति योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस योजना से किसान आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री साय को धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों से 3100 रूपए क्विंटल की दर से धान खरीदी की गारंटी दी थी। इस गारंटी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों में किया जाता है। किसान हितैषी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की शासन द्वारा राज्य में किसानों से अपने वायदे के मुताबिक प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी करने के साथ ही दो साल के धान के बकाया बोनस की राशि का भुगतान भी किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में खेती-किसानी और किसानों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कृषि के क्षेत्र में संपन्नता से ही छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और विकसित राज्य बनाने का सपना साकार होगा।
सुशासन का एक साल : गौसेवा से जुड़े दानदाताओं का किया गया सम्मान
पशु चिकित्सा शिविर के साथ अनेक गतिविधियां हुई आयोजित
रायगढ़। सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले में दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2024 के बीच विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसके तहत गौपूजन कार्यक्रम अंतर्गत गौपूजा एवं गौसेवा करने वालों का सम्मान, गौशाला समितियों की बैठक, गौसेवा से जुड़े दान-दाताओं का सम्मान, पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन, वृक्षारोपण, गौ-उत्पादों की उपयोगिता हेतु जनजागरूकता एवं अन्य गतिविधयां जैसे गाय पर निबंध लेखन, गौ-उत्पाद प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया गया। जिसके तहत गौपूजन कार्यक्रम जिले के सभी विकासखण्डों के पशु चिकित्सालय धौराभांठा, बंगुरसिया, विजयनगर, जोबी, पडिग़ांव, पुसौर, धरमजयगढ़, कुडुमकेला, लोईंग, जतरी व साथ-साथ जिले के गौशाला जिसमें चक्रधर गौशाला रायगढ़, आचार्य श्री गौशाला बैसपाली नंदेली, मदन मोहन गौशाला खरसिया, अनंत शांति गौसेवा समिति पोतरा लैलूंगा व आर्य विद्या सभा गौशाला सलखिया में किया गया। साथ ही ग्राम झरना विकासखण्ड तमनार, ग्राम बड़े गुमड़ा विकासखण्ड घरघोड़ा, ग्राम नगोई विकासखण्ड खरसिया, ग्राम कुमरता विकासखण्ड धरमजयगढ़, ग्राम सरवानी विकासखण्ड रायगढ़ व ग्राम पोतरा विकासखण्ड लैलूंगा में गौपूजन एवं विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला, उत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से पशुपालन से जुड़ी उन्नत तकनीकों का किसानों के बीच प्रदर्शन किया गया। उपरोक्त कार्यक्रमों में रायगढ़ जिले में पशुओं का उपचार-366, औषधि वितरण-455, डिवर्मिंग- 318, डिटिकिंग-12, बधियाकरण- 54, केसीसी (पशुपालन) आवेदन-02, शल्यक्रिया-02,पशुओं का टीकाकरण-290, पशुओं में टैगिंग कार्य- 22, गौसेवकों/ दान दाताओं का सम्मान-206, बैठक/कृषक संगोष्ठी-19, वृक्षारोपण-48 तथा 4 गौ-उत्पाद प्रदर्शन किया गया।
स्कूली बसों का फिटनेस परीक्षण अनिवार्य
22 दिसम्बर को अनुपस्थित स्कूली बस संचालक 27 दिसम्बर को समस्त दस्तावेजों के साथ हो सकते है उपस्थित
रायगढ़। जिला परिवहन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूली बसों का फिटनेस परीक्षण अनिवार्य है। जिसके लिए गत दिवस 22 दिसम्बर को जिले के स्कूली बसों की फिटनेस जांच की गई। उक्त दिवस को किसी कारणवश अनुपस्थित बसों के फिटनेस परीक्षण नहीं हो पाया है। ऐसे समस्त स्कूल बसों के संचालक वाहन के समस्त दस्तावेजों के साथ 27 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में उपस्थित होकर बसों का फिटनेस जांच करा सकते है। उक्त निर्धारित तिथि में बस फिटनेस हेतु वाहन प्रस्तुत न करने की दशा में वाहनों को अनफिट मानते हुए प्रकरण में एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर श्रम विभाग ने लगाया मेगा कैंप
21 निर्माणाधीन स्थलों पर 192 श्रमिकों का किया गया पंजीयन
रायगढ़। सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्रम विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में निर्माण स्थलों पर मेगा कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक संचालित किए जा रहे है। जिनका उद्देश्य श्रमिकों को योजनाओं का लाभ देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। जिसके तहत आज 21 निर्माणाधीन स्थलों पर शिविर लगाकर 192 श्रमिकों का पंजीयन किया गया एवं पंजीयन कार्ड वितरित किया गया।
सहायक श्रमायुक्त रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा निर्माण स्थलों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में स्वत: उपस्थित होकर श्रमिकों का तत्काल पंजीयन कर लाभ पहुंचाने से श्रमिकों में उत्साह है। विभाग द्वारा नियमित शिविर लगाया जाकर पंजीयन एवं योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर श्रमिकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे किसी भी महिला हितग्राही को प्रथम दो प्रसव पर शासन द्वारा 20 हजार रुपये की राशि प्रदाय की जाती है। श्रमिक के बच्चों की पढ़ाई हेतु राशि 1000 से 12 हजार 500 रूपये तक की सहायता राशि प्रदाय की जाती है एवं श्रमिक का बच्चा 10 वीं एवं 12 वीं की परीक्षा में मेरिट के टॉप-10 में आता है तो विभाग द्वारा 2 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदाय की जाती है। श्रमिक हितग्राहियों की अगर कार्य के दौरान दुर्घटना से मृत्यु होती है तो उनके परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदाय की जाती है एवं श्रमिक की सामान्य मृत्यु होने पर उनकेउत्तराधिकारी को राशि 01 लाख रुपये प्रदाय किया जाता है। इस दौरान श्रमिकों को यह भी जानकारी दी जा रही है कि श्रमिक स्वयं के द्वारा मोबाईल एप के माध्यम से एवं किसी भी नजदीकी च्वाईस सेंटर में जाकर भी अपना पंजीयन/ योजना आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते है।
लैलूंगा क्षेत्र में हाथियों की चहल-कदमी पर वन विभाग अलर्ट
हाथी मितान दल का गठन कर लोगों को किया जा रहा जागरूक
रायगढ़। रायगढ़ जिले के वन परिक्षेत्र लैलूंगा अंतर्गत हाथियों के चहल-कदमी के फलस्वरूप वन विभाग अलर्ट होकर कार्य कर रही है। हाथी मानव द्वंद की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए वन परिक्षेत्र लैलूंगा के हाथी प्रभावित क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों को जिनके मकान दूरस्थ वन क्षेत्र में है, कच्चे मकान में निवास करते हैं, ऐसे क्षेत्रों को चिन्हांकन करते हुए आज रात को सुरक्षित स्थल हाथी सुरक्षा कैंप में ठहराया गया है। वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावितों के लिए भोजन, गरम कपड़े, अलाव और रात्रि विश्राम हेतु आवश्यक व्यवस्था की गई है। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर हाथी मितान दल का गठन कर के लोगों को जागरूक किया जा रहा है एवं सचेत किया जा रहा है। स्थानीय वॉट्सअप ग्रुप मुनादी के माध्यम से हाथी की सूचना का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
हाथी मितान दल द्वारा सतत रूप से हाथी प्रभावित लोगों को या गांव के ग्रामीणों को हाथी आमद की जानकारी दी जा रही हैं एवं गांव के लोग जो जंगल किनारे निवास करते हैं, जिन्हें हाथी प्रभावित कर सकता है उन्हें समझाइश देकर सुरक्षित स्थल या पक्का मकान या शासकीय भवन में पहुंचा कर हाथी से सुरक्षित रखकर उनके भोजन व्यवस्था की जा रही है तथा उन्हें सुरक्षित रहने हेतु समझाईश दी जा रही है। हाथी निगरानी हेतु स्थानीय लोगों को लगाया गया है और वन अमले द्वारा सतत गश्त और ड्रोन द्वारा भी हाथी मूवमेंट की जानकारी ली जा रही है। उप वनमंडलाधिकारी श्री एम.एल.सिदार और वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री सूर्यकांत नेताम के द्वारा लैलूंगा वनपरिक्षेत्र में क्लस्टर अप्रोच में ऐसे वलनरेबल मकानों का चिन्हांकन तथा साथ ही अपातकालीन सुरक्षा/रेस्क्यू कैंप की भी पहचान की जा रही है।
रायगढ़ जिले में मतदान दलों का प्रशिक्षण संपन्न
त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन 2024-25
रायगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2024-25 के तहत रायगढ़ जिले में 21 से 23 दिसंबर तक ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण रायगढ़, खरसिया, पुसौर, लैलूंगा, घरघोड़ा और धरमजयगढ़ में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें स्थानीय निर्वाचन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं और दायित्वों की जानकारी प्रदान की गई। जिससे मतदान प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाया जा सके। सभी संभावित मतदान दलों ने प्रशिक्षण के पहले चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी चरण के प्रशिक्षण की समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को कुशलतापूर्वक संचालित करना और निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल सभी मतदान दलों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना है।
मांड उच्च स्तरीय सेतु पर मरम्मत कार्य जारी
4 जनवरी 2025 तक भारी वाहनों के आवागमन को किया गया प्रतिबंधित
रायगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 216 पर स्थित मांड उच्च स्तरीय सेतु पर मरम्मत कार्य के चलते इस सेतु में परिचालित होने वाली भारी वाहनों के यातायात को 4 जनवरी 2025 तक भारी वाहनों को प्रतिबंधित करते हुए उक्त यातायात को वैकल्पिक मार्ग को रायगढ़ से सराईपाली व्हाया कोड़ातराई-पुसौर-सरिया-बरमकेला-दानसरा होते हुए परिचालित किए जाने हेतु आदेशित किया गया है।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 216 (नया क्र.153)के किमी 27/8-10 में विद्यमान माण्ड उच्च स्तरीय सेतु का मरम्मत कार्य प्रगति पर है। प्रगतिरत कार्य में एक्सपांसन ज्वाइंट बदलने एवं मॉस्टीक एस्फाल्ट का कार्य किए जाने हेतु 22 नवम्बर से 12 दिसम्बर 2024 तक भारी वाहन के लिए टै्रफिक पूर्णत: बंद करने एवं वाहनों को प्रतिबंध किया गया था। उक्त समयावधि अनुमति के दौरान माण्ड उच्च स्तरीय सेतु का एक तरफ में एक्सपांसन ज्वाइंट बदलने व मॉस्टीक एस्फाल्ट का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा दूसरे तरफ के हिस्से में उल्लेखित कार्य को करने हेतु 15 दिनों के लिए भारी वाहनों को पूर्णत: प्रतिबंध करने एवं वाहनों के प्रतिबंध किए जाने हेतु वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है।
ट्रक में लगी आग, 100 बोरी धान जलकर खाक
रायगढ़ । धान खरीदी के उपरांत समिति से मिलिंग के लिए धान उठाव कर लेकर जा रहे ट्रक में कुसमुरा के पास आग लग गई। ट्रक के केबिन में मेकेनिकल फाल्ट के चलते आग लगी। जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच कर फायर ब्रिगेड द्वारा ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया।
जिला खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। ट्रक में मिलर द्वारा समिति से उठाव कर 700 बोरी धान मिलिंग के लिए परिवहन किया जा रहा था। प्राथमिक आंकलन में आग लगने से करीब 100 बोरी धान के जलने की आशंका है। शेष 600 बोरी धान सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि मिलर द्वारा डीओ जारी करवा कर धान का उठाव किया गया था और इस दुर्घटना से शासकीय संपत्ति को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।
सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर नगर सेना द्वारा वृहद सफाई अभियान चलाया गया
रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की मंशा और नगर सेना नागरिक सुरक्षा मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार सुशासन के एक साल पूर्ण होने के अवसर पर जिला सेनानी बी.कुजूर के मार्गदर्शन में नगर सेना के जवानों ने सर्किट हाऊस परिसर रायगढ़ में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नगर सेना के 50 जवान शामिल थे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और छत्तीसगढ़ को स्वच्छ एवं स्वस्थ राज्य के रूप में विकसित करना था। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे का निपटान, सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग प्रबंधन और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह सफाई अभियान छत्तीसगढ़ सरकार की सुशासन और स्वच्छता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शासन का मानना है कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी आता है। नगर सेना के जवानों ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छ और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 232 लोग हुए लाभान्वित
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन व सीएमएचओ डॉ.चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में रायगढ़ में निक्षय निरामय छ.ग.100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान 7 दिसंबर से शुभारंभ किया गया है। अभियान के तहत 19 दिसम्बर 2024 को मोदी नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रात: 10 बजे से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आये हुए मरीजों का चिकित्सक/कर्मचारी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं नि:शुल्क लैब जांच एवं दवा वितरण किया गया। शिविर के अंतर्गत 189 लोगों का एन.सी.डी. के अंतर्गत परीक्षण किया गया। जिसमें बी.पी 35 तथा मधुमेह जाँच में 24 नये मरीज चिन्हांकित हुए। इसी तरह 25 लोगों का नेत्र जांच एवं 60 लोगों का टी.बी तथा कुष्ठ जांच किया गया। शिविर में कुल 232 लोग लाभान्वित हुए। शिविर के साथ-साथ स्वास्थ्य मितानिन सम्मेलन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शिविर में आये हुए 21 मरीजों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया जिनमें से 08 लोग 70 से अधिक उम्र के थे। शहरी कार्यक्रम प्रबंधक श्री पी.डी.बस्तिया एवं मोदी नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के.डी.पासवान के अलावा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी/कर्मचारी की उपस्थित रहे।