छत्तीसगढ़ / रायगढ़
फिर निकला हेलमेट का भूत: प्रशासन ने जारी किया तुगलकी फरमान
बिना हेलमेट दुपहिया चालकों को पेट्रोल देने पर रोक, जनता और पेट्रोल पंप संचालकों में भारी रोष
भिलाई । कुछ माह बाद फिर से दुर्ग जिले में हेलमेट का भूत निकल गया। प्रशासन ने फिर से अपना जबरिया तुगलकी फरमान जारी कर दिया कि बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नही मिलेगा। बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंप पर कार्यवाही की जायेगी। इसको लेकर आमजनता में और पेट्रोल पंप के संचालकों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। ऐसा लगता है कि सुप्रीम कोर्ट के फरमान को भी यहां की प्रशासन नही मानती। कोर्ट का स्पष्ट आदेश हेै कि हेलमेंट को हर जगह अनिवार्य नही किया जा सकता। नेशनल हाईवे में हेलमेट अनिवार्य है लेकिन जबरिया फिर से हेलमेट का फरमान जारी कर दिया है। ये सीधे सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना का केस बनता है।
जब देखो तब पुलिस प्रशासन केवल दो पहिया वाहनों पर ही सख्ती बरतने का और चालानी कार्यवाही करने कार्य करती है। लग्जरी वाहनों में सारे कुकर्म हो रहे है, नशे का सामग्री लाकर उसमें बेचने से लेकर लडकीबाजी करने से लेकर, शराबखोरी और अन्य सभी प्रकार के कुकर्म आज लग्जरी वाहनों में हो रही है। लेकिन पुलिस प्रशासन इन पर कार्यवाही करने की जेहमत नही उठाती इनके उपर सीधे कोई भी कानूनी कार्यवाही करने पर पुलिस प्रशासन के हाथ पाव फूलने लग जाते है।
आस्था, संस्कृति, साहित्य-कला के अद्भुत संगम 'चक्रधर समारोह' का आगाज
राज्यपाल डेका ने किया 10 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ
रायगढ़ । रायगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और शास्त्रीय कला की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 40वें चक्रधर समारोह का भव्य शुभारंभ 27 अगस्त को हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने विधिवत पूजा-अर्चना कर उत्सव का उद्घाटन किया और संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल डेका ने कहा, “चक्रधर समारोह हमें अतीत की स्वर्णिम स्मृतियों से जोड़ता है और हमारी अमूल्य विरासत को संजोने का महान संकल्प है। राजा चक्रधर सिंह ने रायगढ़ की धरती से जिस सांस्कृतिक जागरण का सपना देखा था, यह उत्सव उसी का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि असम में भी राजा चक्रधर सिंह की स्मृति में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
समारोह में शामिल केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। उन्होंने रायगढ़ घराने के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है और नक्सल प्रभावित छवि से निकलकर छत्तीसगढ़ अब संस्कृति और पर्यटन का नया केंद्र बन रहा है।वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास जारी हैं और रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि राजा चक्रधर सिंह ने कथक नृत्य को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि यह आयोजन रायगढ़ की प्रतिष्ठा को और ऊँचाइयों तक ले जा रहा है।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, रूपकुमारी चौधरी, चुन्नीलाल गरासिया, महापौर जीववर्धन चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और दर्शक उपस्थित रहे।
अगले दस दिनों तक यह समारोह शास्त्रीय संगीत, नृत्य और स्थानीय लोककला की भव्य प्रस्तुतियों से सराबोर रहेगा।
रायगढ़ में श्रीगणेश मेला और 40वें चक्रधर समारोह का भव्य शुभारंभ
राज्यपाल डेका करेंगे उद्घाटन
रायगढ़ । शहर के ह्रदयस्थल श्रीरामलीला मैदान में आज 27 अगस्त से श्रीगणेश मेला एवं दस दिवसीय 40वें चक्रधर समारोह का भव्य आगाज़ हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे।
10 दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह के पहले दिन केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय गजेन्द्र सिंह शेखावत और केन्द्रीय राज्य मंत्री आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तोखन साहू शिरकत भी करेंगे।
प्रथम दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्व. वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों द्वारा गणेश वंदना से होगी। इसके बाद नई दिल्ली के राजेंद्र गंगानी कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
आज की संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास का काव्यपाठ होगा, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा की जा रही है, जो आने वाले दस दिनों तक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का केंद्र बनेगा।
द्वितीय दिवस 28 अगस्त को श्रीमती पूजा जैन रायगढ़ द्वारा कथक, राजनंदिनी पटनायक रायगढ़ द्वारा ओडिशी, श्रीमती प्रियंका सलूजा बिलासपुर द्वारा कथक, डॉ.राखी रॉय भिलाई द्वारा भरतनाट्यम एवं देविका देवेन्द्र एस मंगलामुखी आगरा द्वारा कथक की प्रस्तुति दी जाएगी।
तृतीय दिवस 29 अगस्त को राधिका शर्मा रायपुर एवं अंजली शर्मा पुणे द्वारा कथक, गुरू श्रीमती बाला विश्वनाथ बेंगलोर द्वारा भरतनाट्यम, आरू साहू धमतरी द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीत एवं महाराष्ट्र के पं.योगेश शम्सी तबला पर प्रस्तुति देंगे। 30 अगस्त को प्रो.डॉ.लवली शर्मा खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय द्वारा सितार वादन, इशिका गिरी रायपुर द्वारा कथक, भूमिसुता मिश्रा एवं लिप्सा रानी बिस्वाल रायपुर द्वारा ओडिसी, श्रीमती श्वेता वर्मा लखनऊ द्वारा कथक, पद्मश्री राधेश्याम बारले भिलाई द्वारा पंथी एवं जनाब अनीस साबरी दिल्ली द्वारा कव्वाली की प्रस्तुति दी जाएगी। 31 अगस्त को आद्या पाण्डेय भिलाई द्वारा भरतनाट्यम, शैल्वी सहगल रायगढ़ द्वारा कथक, अन्विता विश्वकर्मा रायपुर द्वारा शास्त्रीय नृत्य शैली, डॉ.कृष्ण कुमार सिन्हा राजनांदगांव कथक पर प्रस्तुति देंगे। इसी दिन कवि सम्मेलन होगा जिसमें प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों द्वारा (चिराग जैन एंड कं.), दिल्ली एवं बंशीधर मिश्रा (हास्य कवि) बिलाईगढ़ द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा।
01 सितम्बर को डॉ.योगिता मांडलिक इंदौर द्वारा कथक, भूपेन्द्र बरेठ एवं ग्रुप बिलासपुर द्वारा कथक, डॉ.विपुल रॉय दिल्ली द्वारा संतूर वादन एवं नितिन दुबे एवं ग्रुप रायगढ़ लोक गायन पर प्रस्तुति देंगे। 02 सितम्बर को कुमारी काजल कौशिक बिलासपुर द्वारा कथक, नरेन्द्र गुप्ता रायगढ़ द्वारा काव्य पाठ, सचिन कुम्हरे कबीरधाम द्वारा कथक, श्रीमती छाया चंद्राकर एवं समूह रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक संगीत एवं खैरागढ़ के दीपक दास महंत तबला वादन पर प्रस्तुति देंगे। 03 सितम्बर को अर्नव चटर्जी मुंबई द्वारा गायन, श्रीमती वासंती वैष्णव एवं समूह बिलासपुर द्वारा कथक, श्रीमती अजीत कुमारी कुजूर रायपुर द्वारा भरतनाट्यम, श्रीमती निलांगी कालान्तरे जबलपुर मध्यप्रदेश द्वारा कथक एवं अबुझमाड़ के मनोज प्रसाद मलखम्ब का प्रदर्शन करेंगे।
04 सितम्बर को कुमारी नित्या शर्मा सतना द्वारा कथक (लखनऊ घराना), यामी वैष्णव सारंगढ़ द्वारा कथक, मोहित शास्त्री मुम्बई द्वारा बांसुरी वादन, कलईमामणि गुरू श्रीमती गोपिका वर्मा चेन्नई द्वारा मोहिनीअट्टम एवं श्रीमती कविता वासनिक एवं ग्रुप दुर्ग छत्तीसगढ़ी लोकरंग पर प्रस्तुति देंगी। समापन दिवस 5 सितम्बर को पद्मश्री डॉ.नलिनी कमलिनी अस्थाना दिल्ली द्वारा कथक एवं प्रसिद्ध गायक पद्मश्री कैलाश खेर, मुम्बई गायन की प्रस्तुति देंगे।
1 से 3 सितम्बर तक कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिता
चक्रधर समारोह के अंतर्गत 1 से 3 सितम्बर तक मोतीमहल परिसर, रायगढ़ में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने हेतु कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राष्ट्रीय एवं स्थानीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से युवक की मौत, आरोपी फरार
रायगढ़ । रायगढ़ में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतरा रोड स्थित सोनिया नगर का एक युवक कंधे में दर्द की शिकायत लेकर सोनिया नगर के नेचरो क्लिनिक पहुंचा था। यहां कथित झोलाछाप डॉक्टर साहू ने उसे इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी, जिस पर डॉक्टर ने दूसरा इंजेक्शन लगाया। लेकिन इसके तुरंत बाद ही युवक की मौके पर मौत हो गई।घटना के बाद डॉक्टर साहू क्लिनिक छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है, वहीं परिजनों का आरोप है कि बिना डिग्री और योग्यता के इलाज करने वाले झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से युवक की जान गई है।
रंग लाया उमेश का प्रयास, खरसिया ओवरब्रिज निर्माण को वित्त विभाग की हरी झंडी
खरसिया। खरसिया रेलवे यार्ड के पास वर्षों से लंबित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण अब शुरू होने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग ने आखिरकार इस परियोजना को सहमति दे दी है। करीब 6494.87 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना को लेकर वित्त विभाग करीब डेढ़ साल से अनुमति देने में टालमटोल कर रहा था। लेकिन खरसिया विधायक उमेश पटेल के अथक संघर्ष और कांग्रेसियों के निरंतर दबाव के बाद भाजपा सरकार को झुकना पड़ा और वित्त विभाग को आरओबी निर्माण कार्य शुरू करने की सहमति देनी पड़ी।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता (लोक निर्माण विभाग), नवा रायपुर को पत्र जारी कर सूचित किया है कि जिला रायगढ़ के अंतर्गत हावड़ा–मुंबई रेलमार्ग के किमी 620/13–15 पर लेवल क्रॉसिंग 313, खरसिया यार्ड के पास प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (स्वीकृत राशि रु. 6494.87 लाख) को प्रारंभ करने की सहमति वित्त विभाग द्वारा दी गई है। उक्त पत्र अवर सचिव मनराखन भूआर्य द्वारा जारी किया गया है। इसके साथ ही वर्षों से ठप पड़ी परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है। यह मंजूरी केवल एक परियोजना का आरंभ नहीं, बल्कि शहीद नंदकुमार पटेल के उस अधूरे सपने की पूर्ति है जिसे उनके बेटे और खरसिया विधायक उमेश पटेल और खरसिया विधानसभा के कांग्रेसियों ने हर मोर्चे पर लड़कर साकार किया है।
संघर्ष से लेकर स्वीकृति तक का सफर
खरसिया में रेलवे फाटक की समस्या सालों से आमजन के जीवन में बड़ी बाधा बनी हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनवरी 2021 में इस ओवरब्रिज की घोषणा की थी और उसी वर्ष मार्च में प्रपोज़ल इंजीनियर-इन-चीफ को भेजा गया। सर्वे के बाद 2023 में टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई, भू-अर्जन भी सम्पन्न हुआ और सितंबर 2022 में भूमिपूजन किया गया। लेकिन दिसंबर 2023 में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना के चलते वित्त विभाग से अनुमति ही रोक दी। इसके कारण यह परियोजना ठप पड़ गई। स्पष्ट था कि सरकार जानबूझकर आरओबी का निर्माण नहीं होने देना चाहती थी।
आरओबी निर्माण के लिए हर मोर्चे पर डटे उमेश
खरसिया में आरओबी निर्माण की लड़ाई में जनता की आवाज को मजबूत और मुखर रूप देने वाले नायक के रूप में विधायक उमेश पटेल लगातार अग्रिम पंक्ति में डटे रहे। उन्होंने इस परियोजना पर लगी रोक के खिलाफ न केवल आवाज उठाई, बल्कि हर मंच से इसे खरसिया की सबसे बड़ी जरूरत के रूप में सामने रखा। विधानसभा में उन्होंने बार-बार सवाल खड़े किए, जिसके जवाब में उप मुख्यमंत्री अरुण साव को सदन में यह स्वीकार करना पड़ा कि वित्त विभाग के निर्देश पर परियोजना लंबित है। यह स्वीकारोक्ति अपने आप में बताती थी कि बाधा तकनीकी नहीं, बल्कि राजनीतिक है।
जनदबाव के आगे झुकी सरकार
ज्ञात हो किनजब सदन में जवाब से आगे कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो उमेश पटेल ने सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ तहसील कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया और सरकार पर दबाव बढ़ाया। इसके बावजूद जब समाधान नहीं निकला, तो उन्होंने जनता को सीधे इस संघर्ष से जोड़ा। उनके नेतृत्व में खरसिया के 18 वार्डों के सैकड़ों नागरिकों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई थी कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। लंबे समय तक भाजपा सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना के चलते वित्त विभाग के जरिये स्वीकृति को रोके रखा। लेकिन लगातार बढ़ते जनदबाव और उमेश पटेल की अडिग जिद ने आखिरकार सरकार को बैकफुट पर आने पर मजबूर कर दिया। अब वित्त विभाग ने औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है। अभी यह महज स्वीकृति है, इसके बाद कार्य प्रारंभ होना बाकी है। जनता को राहत तभी मिलेगी जब निर्माण कार्य धरातल पर तेजी से आगे बढ़ेगा। लेकिन यह संघर्ष यह साबित करता है कि जब जनता और उसका प्रतिनिधि मिलकर डटे रहें, तो सबसे जटिल राजनीतिक अवरोध भी टूट जाते हैं, खासकर तब जब विषय जनहित का हो।
सपनों को हकीकत बनाने की ओर कदम
खरसिया के नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस स्वीकृति को शहीद नंदकुमार पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस कदम और जनता की सामूहिक जीत बताया है। उनका कहना है कि वर्षों से जिस संघर्ष का विधायक उमेश पटेल ने दृढ़ता और निरंतरता के साथ नेतृत्व किया, वही अब सफलता में बदलकर साकार होने जा रहा है।
बहरहाल यह ओवरब्रिज न केवल शहर को ट्रैफिक जाम और बार-बार बंद होने वाले रेलवे फाटक की समस्या से राहत देगा, बल्कि खरसिया के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। जनता का मानना है कि यह परियोजना उमेश पटेल की जिद, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है, जो आने वाले समय में खरसिया के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी।
महिला कारोबारी से 50 लाख की ठगी, दूसरा आरोपी भी अरेस्ट
रायगढ़। नाबार्ड योजना के तहत 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिलाने जांजगीर चांपा की महिला से 50 लाख की ठगी की है। 2 लोगों ने नाबार्ड योजना का फर्जी टेंडर दिखाकर भरोसा दिलाया कि कंपनी को प्रोजेक्ट दिलवाएंगे। झांसे में आकर महिला ने किश्तों में पैसे दे दिए। इस मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया था। दूसरे फरार सह-आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर चांपा के ग्राम खोखरी की रहने वाली अनिता साहू (40) महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी का संचालन करती है। यह कंपनी खाद, बीज और दवा किसानों को बेचती है। रायगढ़ के डूमरपाली निवासी रंजीत चौहान (29) और सुदीप मंडल (40) से अनिता की पहचान सुनील कश्यप, अभिषेक देवांगन, छवि बंजारे, मनहरन पटेल और सुरेश वानी के माध्यम से हुआ। तब रंजीत चौहान ने कहा कि, आपका रजिस्टर्ड कंपनी है। मैं आपके कम्पनी को नाबार्ड योजना से 6 करोड़ का प्रोजेक्ट एक महीने के भीतर दिला दूंगा। रंजित ने अनिता से कहा कि, इसके लिए 50 लाख रुपए असीम कृपा फाउन्डेशन बोईरदादर के नाम पर जमा करना होगा।
अनिता को उस पर यकीन नहीं हुआ और उसने पैसे जमा करने से इनकार कर दिया। ऐसे में रंजित ने उसे झांसे में लेने के लिए 50 लाख रुपए का फर्जी चेक 15 नवंबर 2025 को पिछला तारीख का डालकर दिया। इससे अनिता ने उस पर विश्वास कर लिया। इस दौरान, अनिता को पता चला कि रंजित चौहान और सुदीप मंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। जब अनिता ने उनसे संपर्क किया, तो रंजित ने एफआईआर की बातों को गलत बताया। इसके बाद, रंजित ने नाबार्ड प्रोजेक्ट का दो करोड़ रुपए का चेक आने की बात कहते हुए 50 लाख रुपए असीम कृपा फाउंडेशन के खाते में डालकर चेक ले जाने की बात कही।
इसके बाद, अनिता ने उस पर यकीन करते हुए किस्तों में 27 लाख रुपए उसके खाते में डाल दिए। 5 जनवरी को कैश 23 लाख रुपए उसके असीम कृपा फाउंडेशन के कार्यालय में जाकर दिया। अनिता ने उसके दिए चेक से कैश निकालने बैंक गई, तो पता चला कि खाते में पैसे ही नहीं है। जांच कराने पर पता चला कि, जिस खाते नंबर का चेक था, वो खाता ही बंद है। अनिता ने फोन से रंजित से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके बात नहीं हो सकी। इसके बाद उसके कार्यालय में जाकर पता करने पर जानकारी मिली कि वे दोनों फ्रॉड हैं। जिसके बाद उसे एहसास हो गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। जब चेक को अनिता ने बैंक में लगाया तो पता चला कि खाते में रुपए नहीं है। वो खाता बंद है। जिसके बाद वो समझ गई कि वह ठगी का शिकार हो गई है। जिसके बाद उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने मई में मुख्य आरोपी रंजित चौहान को गिरफ्तार कर लिया था।
रायगढ़ जिले में महिला स्व सहायता समूहों ने शुरू किया "रेडी-टू-ईट" का उत्पादन
जमानत पर छूटने के बाद निकाला जुलूस, वीडियो वायरल होते ही फिर पहुंचा जेल
रायगढ़। जमानत पर रिहा होकर शहर में जुलूस निकालना एक आदतन अपराधी को महंगा पड़ गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के दुर्गेश महंत (21) ने साथियों के साथ बाइक काफिले में नारेबाजी करते हुए खुलेआम जुलूस निकाला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और उसे दोबारा गिरफ्तार कर फिर से जेल भेज दिया गया।
दुर्गेश महंत, निवासी कोतरारोड, बैकुंठपुर रायगढ़, करीब तीन माह पहले थाना जूटमिल क्षेत्र में दर्ज एक मारपीट के मामले में जेल भेजा गया था। हाल ही में उसे अदालत से जमानत मिली थी। लेकिन जेल से छूटते ही उसने अपने साथियों के साथ शहर में जुलूस निकाल कर कानून को खुली चुनौती दी।
वीडियो में दुर्गेश महंत बाइक सवारों के काफिले में नारेबाजी करते हुए देखा गया। यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पीड़ित पक्ष और आम नागरिकों ने नाराजगी जताई और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से दुर्गेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुलूस निकालने की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्गेश महंत एक सक्रिय और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और अन्य थानों में भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड है।
पुलिस ने दुर्गेश के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह घटना पुलिस की निगरानी और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का उदाहरण बन गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जमानत पर छूटने का मतलब कानून को ठेंगा दिखाना नहीं है।
रायगढ़ के जंगल में बाघ की दस्तक, वन विभाग अलर्ट...
छाल और लैलूंगा रेंज में मिले बाघ के पदचिह्न, गांवों में मुनादी
रायगढ़ । जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के जंगलों में बाघ की मौजूदगी की आशंका से हड़कंप मच गया है। छाल रेंज के जंगलों में मिले बड़े-बड़े पंजों के निशानों के बाद वन विभाग ने पुष्टि की है कि ये बाघ के पदचिन्ह हैं। इसके बाद क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। अब विभाग ने लैलूंगा रेंज में भी बाघ के पैरों के निशान मिलने की बात कही है।
वन विभाग की 6 टीमें जंगलों में सक्रिय
धरमजयगढ़ के डीएफओ जितेन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि बाघ की मौजूदगी के बाद 6 टीमें गठित की गई हैं जो मूवमेंट पर लगातार नजर रख रही हैं। उन्होंने कहा कि बाघ की मौजूदगी से मवेशियों के शिकार की आशंका है, इसलिए ग्रामीणों को जंगल में न जाने और मवेशियों को जंगल में न चराने की हिदायत दी गई है।
पहले हाथियों का आतंक, अब बाघ से नई दहशत
रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल के कई दर्जन गांव पहले ही जंगली हाथियों के आतंक से परेशान हैं। अब बाघ की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीण रात में पहरा दे रहे हैं, और मवेशियों को जंगल की बजाय सड़कों किनारे चराने पर मजबूर हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, रायगढ़ जैसे क्षेत्रों में बाघ की आमद असामान्य जरूर है, लेकिन लैलूंगा और छाल जैसे घने जंगलों में भोजन और पानी की उपलब्धता के चलते यह संभव हो सकता है।
ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाघ या अन्य वन्यजीवों की कोई भी हलचल देखे तो तुरंत वनकर्मियों को सूचित करें, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। विभाग की ओर से गांवों में पेट्रोलिंग, जागरूकता अभियान और मुनादी का काम लगातार किया जा रहा है।
यह पहली बार है जब रायगढ़ जिले में हाथियों के बाद अब बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई है। प्रशासन और वन विभाग मिलकर क्षेत्र में जन-सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण दोनों के लिए रणनीति बना रहे हैं।
नहर में डूबने से युवक की मौत
रायगढ़ । जिले में एक युवक की रॉक गार्डन बोतल्दा में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, मृतक सचिन कुमार साह (20) बिहार का रहने वाला था और कुछ समय से रायगढ़ के जूटमिल इलाके में अपने जीजा के साथ रह रहा था। वह एक प्राइवेट नौकरी भी करता था।
शुक्रवार सुबह वह 8-10 दोस्तों के साथ बाइक से पिकनिक के लिए 45 किमी दूर बोतल्दा रॉक गार्डन गया था। नहाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। कुछ देर बाद जब दोस्तों ने देखा तो वह नजर नहीं आया, काफी खोजबीन के बाद पानी में उसकी लाश मिली। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया। मामले में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
केलो डैम में जलभराव पूरा, 4 गेट खोले गए
रायगढ़ । जिले में पिछले 3 दिनों से अच्छी बारिश हुई। जिससे केलो डैम का पानी लबालब भर गया है। इस वजह से डैम के 4 गेट खोल दिए गए थे, वहीं शनिवार 26 जुलाई को एक गेट बंद कर दिया गया और रविवार को 3 गेट खुला रखा गया है।
केलो डैम की क्षमता 233 मीटर है। वर्तमान समय में इसमें 230.15 मीटर लेबल पानी भरा है। इस बार मानसून सीजन में डैम का गेट 2-3 बार गेट खोला गया है। वहीं, जिले में 25 जुलाई तक की स्थिति में 698.2 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है।
वर्तमान समय में डैम का 3 गेट खुला रहने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जल संसाधन अधिकारियों के मुताबिक, खतरे वाली कोई बात नहीं है और पहले की अपेक्षा ज्यादा पानी नदी में बह रहा है। शहर में रविवार को बारिश नहीं हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश होने की बात कही जा रही है।
वित्त मंत्री चौधरी ने किया पुसौर में उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ
रायगढ़ । पुसौरवासियों को अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए रायगढ़ जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज जनपद पंचायत पुसौर परिसर में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यालय शासन की जन-केन्द्रित सेवाओं की प्रतिबद्धता और त्वरित, पारदर्शी व्यवस्था का प्रतीक बनेगा।
चौधरी ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता को सुलभ, सस्ती और तेज़ रजिस्ट्री सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से समय, ऊर्जा और धन की बचत होगी। यह कार्यालय क्षेत्रवासियों को 65 प्रकार की रजिस्ट्री सेवाएं प्रदान करेगा, जिनमें विक्रय विलेख, दानपत्र, बंटवारा, हक त्याग, वसीयत और केसीसी बंधक जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। इस कार्यालय में एक उप पंजीयक, दो ऑपरेटर और एक एमटीएस की नियुक्ति की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद किसानों को दो साल का बोनस दिया गया, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डेढ़ साल में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से केवल पुसौर ब्लॉक में 127 करोड़ की राशि से 9000 आवासों के लिए स्वीकृति मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवास प्लस सर्वे के माध्यम से सभी पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। महतारी वंदन योजना की सफलता का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि हर महीने 70 लाख महिलाओं को बिना विलंब राशि हस्तांतरित की जा रही है। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी द्वारा पुसौर में सड़कों, पुल-पुलियों, अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना जैसे विकास कार्यों की भी रूपरेखा साझा की गई। उन्होंने बताया कि 80 लाख रुपये की लागत से नवीन उप पंजीयक कार्यालय भवन का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि पुसौर के नजदीक 88 पंचायतें हैं, जिनके लोग अब स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री करा सकेंगे। संपत्ति क्रय-विक्रय, उत्तराधिकार, वसीयत व अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी हो गई है। सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप राज्य सरकार ने रजिस्ट्री कार्यों में 10 क्रांतिकारी सुधार किए हैं, जिनमें आधार सत्यापन, ऑनलाइन भुगतान, डिजीलॉकर सेवा, घर बैठे दस्तावेज निर्माण और स्वतः नामांतरण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रायगढ़ में हाथी का कहर: मासूम समेत 3 की दर्दनाक मौत, गांवों में दहशत
रायगढ़ । रायगढ़ जिले के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में मंगलवार रात इंसान और वन्यजीव संघर्ष की एक और भयावह तस्वीर सामने आई। हाथी और उसके शावक के हमले में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और गहरी दहशत का माहौल है।
गोसाईडीह गांव में 3 साल के बच्चे को रौंदा
लैलूंगा रेंज के गोसाईडीह गांव में 3 वर्षीय सत्यम राउत अपने घर के बाहर खेल रहा था। उसी वक्त एक हाथी और उसका शावक गांव में घुस आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने बच्चे को सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहनपुर गांव में खेत में काम कर रही महिला को कुचला
दूसरी घटना मोहनपुर गांव की है। एक महिला खेत में काम कर रही थी, तभी हाथी वहां पहुंच गया और उसे कुचल दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
घर में सो रहे युवक की जान ली
इसी दौरान हाथी ने एक घर को भी तहस-नहस कर दिया। घर के अंदर सो रहे युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। गांववालों के मुताबिक हाथी पूरी रात इधर-उधर घूमता रहा और कई खेतों व घरों को नुकसान पहुंचाया।
वन विभाग और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह वन विभाग के अधिकारी और लैलूंगा पुलिस की टीम गांव में पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
लगातार हो रहे हाथी हमलों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने हाथी को पकड़ने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
प्रशासन के लिए बड़ा सवाल:
बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि वन्यजीव-मानव संघर्ष अब गंभीर संकट बन चुका है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते इस पर काबू पा सकेगा, या ऐसे हादसे लगातार दोहराए जाते रहेंगे?
रायगढ़ के आकाश कुमार देवांगन को राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार, राष्ट्रपति राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर करेंगे सम्मानित
रायगढ़ के आकाश कुमार देवांगन को राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार, राष्ट्रपति राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर करेंगे सम्मानित
युवती से रेप मामलें के आरोपी को कापू पुलिस ने दबोचा
रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब एक युवती ने शुक्रवार 18 जुलाई को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि युवक तुलसी राठिया ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक शोषण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की मुलाकात आरोपी तुलसी राठिया पिता जयपाल राठिया (24 वर्ष) से वर्ष 2020 में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।
इस मुलाकात के बाद आरोपी ने युवती से उसका मोबाइल नंबर लेकर संपर्क बनाना शुरू किया। कुछ समय बाद उसने प्रेम का इज़हार कर शादी का वादा किया।
इसी बहाने पहली बार गांव के बाहर खेत में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया। युवती के अनुसार, उसके मना करने के बावजूद आरोपी ने कई बार अपने घर में भी जबरन संबंध बनाए और जब भी शादी की बात की, वह टालमटोल करता रहा। अंततः अब आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने साहस कर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कापू थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 110/2025 धारा 69 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर में ही छिपा हुआ है, जिस पर रविवार दोपहर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई में कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, सहायक उप निरीक्षक कमल राजपूत, प्रधान आरक्षक हेमंत चन्द्रा, सुमेश गोस्वामी, आरक्षक विद्या पटेल और हमराह स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस की यह कार्रवाई महिला सुरक्षा को लेकर उसकी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचायक है।
प्लांट में ड्यूटी के दौरान घायल श्रमिक की मौत
रायगढ़ । अंजनी स्टील प्लांट में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक श्रमिक घायल हो गया. उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड प्रांत के साहेबगंज जिला अंतर्गत ग्राम नयानगर निवासी मोहमद हैदर अंसारी पिता इदरिश अंसारी (40 वर्ष) विगत 17 जुलाई को अपने 8-10 साथियों के साथ काम करने के लिए आया था.
ठेकेदार के अधीन में सभी युवक पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित अंजनी स्टील प्लांट में काम मिलने पर 18 जुलाई को सभी युवक सुबह 8.30 बजे से ही अलग-अलग जगह काम में लग गए थे
शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे हैदर अंसारी काम कर ही रहा था कि अचानक विद्युत प्रवाहित तार के चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट में अफरा-तफरी की स्थित मच गई.
सूचना पर प्लांट के जिमेदार अधिकारियों द्वारा घायल को उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई।
जिससे शनिवार को सुबह परिजनों के आने पर कोतवाली पुलिस ने बयान दर्ज करते हुए शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव को सौंप दिया है, साथ ही मर्ग डायरी पूंजीपथरा थाना को भेजने की तैयारी चल रही है, पुलिस का कहना है कि अब मर्ग जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
911 दिन में 642 लोगों को सांप ने काटा:ढाई-साल में 49 की मौत
रायगढ़ । मानसून का सीजन आते ही सांप काटने के मामले बढ़ जाते है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले 911 दिनों में 642 लोगों को सांप ने काटा है, इनमें 49 लोगों की मौत हुई है। ये आंकड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले है। जहां इस मौसम में रोजाना 3-4 मरीज सर्पदंश के पहुंच रहे है।
ढाई साल के इन आकड़े में सर्पदंश के शिकार महिला और पुरूष दोनों बने हैं, लेकिन इसमें पुरूषों का आकड़ा ज्यादा है। 402 मेल और 240 फिमेल को सांप ने डसा है। स्नैक कैचर बताते है कि रायगढ़ में करीब 21 प्रजाति के सांप पाए जाते हैं। इसमें कुछ जहरीले, कुछ कम जहरीले और बिना जहर वाले हैं।
इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, पर 49 की मौत मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर जितेन्द्र नायक ने बताया कि पिछले कुछ सालों में स्नेक बाइट के अधिकांश मामले सामने आए हैं। इसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में रहने वाले लोग सांप का शिकार बने हैं।
ढाई साल यानि जनवरी 2023 से जून 2025 तक 911 दिन में 642 लोगों को सांप ने काटा है, जो इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। जिसमें से 49 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर 80 प्रतिशत केस में जहर नहीं होता है। हमारे पास भी जो आते हैं उसमें 50 प्रतिशत ऐसे होते हैं।
जून-जुलाई में स्नेक बाइट ज्यादा
डॉक्टरों के मुताबिक, जून और जुलाई बारिश का मौसम होता है। इसी सीजन में सांप भी अधिक निकलते हैं। ऐसे में इन दो महीनों में स्नेक बाइट का आकड़ा बढ़ जाता है। 2023 में जून-जुलाई में 80 लोगों को सांप ने काटा था, 2024 में 101 और 2025 के जून महीने में 57 लोग स्नेक बाइट का शिकार बने हैं।
इस मौसम में रेस्क्यू कॉल ज्यादा आ रहे
संपरक्षक एनिमल समिति के अध्यक्ष लोकेश मालाकार बताते है कि यह मौसम सांपो के फिडिंग का होता है। जिसके कारण हर प्रजातियों की सांप निकलती है। ऐसे में लोगों से उनका सामना अधिक होता है। साल भर में बारिश में सबसे ज्यादा रेस्क्यू कॉल आते हैं।
जहरीले और बिना जहर दोनों सांप निकल रहे
सर्परक्षक एनिमल समिति के संरक्षक विनितेश तिवारी बताते है कि रायगढ़ घने जंगल और पहाड़ों से घिरा हुआ है। ऐसे में यहां कई तरह के वन्यप्राणी विचरण करते हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों में सांपो की संख्या काफी बढ़ गई है।जहरीले और बिना जहर वाले सांप शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जो लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।