छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया आकस्मिक निरीक्षण
भवन में फर्नीचर की व्यवस्था करने अधिकारियों को दिए निर्देशित
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज घुमका तहसील अंतर्गत तहसील कार्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, नगर पंचायत एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय घुमका में कार्यों का जायजा लिया तथा तहसील कार्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में फर्नीचर की व्यवस्था करने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुमका में संस्थागत प्रसव, महतारी वंदन योजना एवं शासन की अन्य योजनाओं के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएमएफ अंतर्गत नगर पंचायत घुमका के लिए नवीन आंगनबाड़ी भवन, पाइपलाइन, बोर खनन और ट्रेक्टर हेतु प्रस्ताव रखा गया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय घुमका हेतु नवीन फर्नीचर की व्यवस्था करने निर्देशित किया गया। इस दौरान एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, तहसीलदार घुमका सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
आईडी कार्ड तैयार करने 31 तक दर आमंत्रित
राजनांदगांव।। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में नियुक्त 1006 बूथ लेवल अधिकारियों हेतु पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तैयार किया जाएगा। आईडी कार्ड तैयार करने के लिए इच्छुक निविदादाता 31 जुलाई 2025 अपरान्ह 3 बजे तक कार्यालय कलेक्टर (निर्वाचन शाखा) राजनांदगांव के कक्ष क्रमांक 34 में बंद लिफाफा में कोटेशन प्रस्तुत कर सकते है। प्राप्त कोटेशन को 31 जुलाई 2025 को शाम 4 बजे समिति के सदस्यों के समक्ष निविदाकारों की उपस्थिति में खोली जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय कलेक्टर (निर्वाचन शाखा) राजनांदगांव से प्राप्त की जा सकती है।
कलेक्टोरेट परिसर में राज बिहान रसोई का हो रहा संचालन
राजनांदगांव । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत सीआरपी-ईपी ग्रुप लक्ष्य कंसल्टेंसी ( हरि स्वयं सहायता समूह) द्वारा कलेक्टोरेट परिसर राजनांदगांव में राज बिहान रसोई का संचालन किया जा रहा है। राज बिहान रसोई के माध्यम से कलेक्टोरेट पहुंचने वाले नागरिकों एवं विभिन्न विभागों के स्टॉफ के लिए स्थानीय मांग अनुसार गुणवत्तापूर्ण छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन, भोजन, चाय-नाश्ता, पेय पदार्थ सहित अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता उचित दर पर सुनिश्चित करायी जा रही है।
18 बल्क लीटर महाराष्ट्र निर्मित देशी दारू संत्री जप्त
आबकारी विभाग की कार्रवाई
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं, परिवहनकर्ताओं, सार्वजनिक स्थल पर मद्यपान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध धर-पकड़ अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा थाना गेंदाटोला के ग्राम बड़े मासूल में बिरेन्द्र जगने के कब्जे से देशी दारू संत्री महाराष्ट्र निर्मित 100 पाव मात्रा 18 बल्क लीटर जप्त किया गया। आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वृत्त चिचोला राजकुमार कुर्रे, आबकारी मुख्य आरक्षक निजाम शाह, अनिल सिन्हा, भोजनारायण उइके शामिल थे। उन्होंने बताया कि अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु होटल ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही सभी वृत्त प्रभारियों को होटल-ढाबों की नियमित जांच और अवैध मदिरा विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये है।
जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण
राजनांदगांव । जिले के मेहनतकश कृषक खेती-किसानी के कार्यों में जुटे हुए हैं। जिले में बोनी एवं रोपाई का कार्य जारी है। किसान सहकारी समितियों में खाद-बीज लेने के लिए आ रहे हैं। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने किसानों के लिए खाद-बीज की सतत आपूर्ति के निर्देश दिए है। जिले में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण है। कलेक्टर ने किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग करने निर्देश दिए है, ताकि सभी समितियों में खाद-बीज की निरंतर आपूर्ति होते रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव प्रभात मिश्रा ने बताया कि जिले मंी खरीफ 2025 अंतर्गत 36410.6 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया गया है, जो कुल भंडारण का 70.66 प्रतिशत है। अब तक किसानों को 32799.1 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण किया जा चुका है। जिसमें यूरिया 10927.6 मीट्रिक टन, सुपर फास्फेट 5762.9 मीट्रिक टन, डीएपी 3986.8 मीट्रिक टन, एनपीके 9196.9 पोटाश 2925.1 मीट्रिक टन है। किसानों को 3611.5 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण किया जाना शेष है। जिसमें यूरिया 666.6 मीट्रिक टन, सुपर फास्फेट 1186.2 मीट्रिक टन, डीएपी 509.3 मीट्रिक टन, एनपीके 460.3 मीट्रिक टन, पोटाश 789.1 मीट्रिक टन है। इसी तरह जिले में 10775.58 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और किसानों को 10239.26 क्विंटल बीज का वितरण किया गया है एवं 536.32 क्विंटल बीज का वितरण शेष है। इसके तहत जिले में 10751.90 क्विंटल धान का भंडारण किया गया है और किसानों को 10223.60 क्विंटल धान का वितरण किया गया है एवं 528.30 क्विंटल धान का वितरण शेष है।
एग्रीस्टेक पोर्टल फॉर्मर रजिस्ट्री के तहत किसान स्वयं कर सकते हैं अपना पंजीयन
राजनांदगांव। एग्रीस्टेक पोर्टल फॉर्मर रजिस्ट्री के तहत किसान अपना पंजीयन स्वयं कर सकते है। पंजीयन करने के लिए स्मार्ट फोन या कम्प्यूटर सेट, आधार नंबर लिंक मोबाईल, आधार कार्ड, भूमि का खसरा बी-1 की आवश्यकता होगी। कम्प्यूटर से पंजीयन करने के लिए वेबसाईट www.cgfr.agristack.gov.in पर जाना होगा। मोबाईल से पंजीयन करने के लिए गूगल प्ले स्टोर से Farmer Registry Cg एप डाऊनलोड करना होगा। साईट या एप पर जाकर पेज में नीचे क्रिएट न्यू यूजर अकाउंट पर जाये, अपना आधार नंबर बाक्स में भरें, आधार ओटीपी से आधार नंबर वेरीफाई करें, आपकी डिटेल अपने आप आ जायेगी, पेज में सबसे नीचे जाएं, मोबाईल नंबर भरें, ओटीपी से मोबाईल नंबर वेरीफाई करें, अपना स्वयं का पासवर्ड बनाये।
अब वापस लॉगिन पेज पर जाकर अपने मोबाईल व पासवर्ड से लॉगिन करें, लॉगिन करने पर आपकी डिटेल पेज पर दिखाई देगी व रजिस्टर पर क्लिक करें, पोर्टल आपसे पूछेगा की आप मोबाईल नंबर बदलना चाहते है? नहीं कर आगे बढ़े। किसान को अपनी डिटेल हिन्दी में भरना होगा (या गुगल ट्रांसलेट से कर सकते है)। आपके विवरण को अंग्रेजी से मिलाकर प्रतिशत में कितना मिल रहा है, बताएगा ध्यान में रखे जानकारी 80 प्रतिशत से ज्यादा मिले।
इसी प्रकार आपका पता, जिला, अनुभाग, आदि भरें, अब रजिस्ट्रेशन जमीन की जानकारी में आगे जाये। जमीन में मालिक या किरायेदार पूछेगा आपको कृषि और लैंड ओवनिंग का दो विकल्प दिखाई देगा दोनों को सेलेक्ट करें। फैच लैंड डिटेल पर क्लिक करें। सर्वे नंबर पर मूल खसरा नंबर एवं सर्वे नंबर पर भरें जो संख्या हो उसे भरें, जैसे-110/5 है तो पहले खाने में 110 एवं दूसरे खाने में 5 भरें। अपना नाम किसान की सूची में सलेक्ट करें, पहचानकर्ता के नाम को मिलान कर सबमिट करें। किसान के नाम जितनी भूमि है, सब दिखाई देगी फिर भी बी-1 से मिलाकर उन खसरा का चयन करें जो आपकी है।
अब वेरीफाई ऑल लैण्ड पर जो की लिस्ट में ऊपर है उसे क्लिक करें। बाक्स में सहमति के लिए चेकबाक्स में क्लिक करें, ई साईन का विकल्प खुलने पर ई साईन ओटीपी के माध्यम से पूर्ण करें। ई साईन होने के लिए आधार की साईट पर जो अपने आप खुलेगी आधार नंबर डालकर ओटीपी के माध्यम से ई साईन करें। ई-साईन करने पर आपका रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण होकर नामांकन नंबर मिलेगा। यदि आपके द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक मिलान हो रहा है तो यह स्वचलित प्रक्रिया के तहत 48 घंटे में आपकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो जायेगी और यदि 80 प्रतिशत से कम मिलान है तो पटवारी और तहसीलदार द्वारा वेरीफिकेशन पूर्ण होने पर आईडी जारी होगी।
आबकारी विभाग द्वारा 13 बल्क लीटर हाथभट्टी कच्ची महुआ शराब जप्त
राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं, परिवहनकर्ताओं, सार्वजनिक स्थल पर मद्यपान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध धर-पकड़ अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा 13 बल्क लीटर हाथभट्टी कच्ची महुआ शराब जप्त की गई। आबकारी विभाग द्वारा ग्राम बिरेझर थाना घुमका में भाव सिंह ठाकुर के कब्जे से दो पीला रंग की प्लास्टिक जेरीकेन में 9 बल्क लीटर कच्ची हाथभट्टी महुआ शराब एवं सुग्रीव यादव के कब्जे से एक पीला रंग की प्लास्टिक जेरीकेन 4 बल्क लीटर हाथभट्टी कच्ची महुआ शराब जप्त किया गया। आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज करी गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में वृत्त राजनांदगांव पूर्व की टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती कुसुमलता जोल्हे, आबकारी उप निरीक्षक राजकुमार कुर्रे, आबकारी मुख्य आरक्षक जनार्दन प्रसाद पांडेय, निजाम शाह, दीपक गुप्ता, आबकारी आरक्षक ताम्रध्वज ठाकुर, आर्यन ठाकुर, नागेश निषाद एवं आबकारी स्टाफ अनिल, मनीष, दीपक, सुरेश शामिल थे। जिले में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु होटल ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी वृत्त प्रभारियों को होटल-ढाबों की नियमित जांच और अवैध मदिरा विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये है।
खूबलाल जंघेल को किया गया जिला बदर
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने मोतीपुर राजनांदगांव निवासी खूबलाल जंघेल की आपराधिक गतिविधियों का अन्य कानूनी प्रावधानों से रोकथाम नहीं होने तथा अपराधिक गतिविधियों से शांति व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पडऩे की संभावना को पारिवारिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगामी 6 माह के लिए राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला तथा महाराष्ट्र के गोंदिया एवं मध्यप्रदेश के बालाघाट जिला की राजस्व सीमाओं से हट जाने (जिला बदर) के निर्देश दिए है। खूबलाल जंघेल को आदेश जारी होने के 1 सप्ताह के भीतर जिलों के राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाने एवं 21 जनवरी 2026 के पहले प्रवेश नहीं करने कहा गया है। आदेश का पालन नहीं करने पर बलपूर्वक प्रतिबंधित राजस्व जिलों की सीमाओं से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद भी आदेश का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कोमल यादव को किया गया जिला बदर
राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने ग्राम गठुला निवासी कोमल यादव को निरंतर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के दृष्टिगत आगामी 6 माह के लिए राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला तथा महाराष्ट्र के गोंदिया एवं मध्यप्रदेश के बालाघाट जिला की राजस्व सीमाओं से हट जाने (जिला बदर) के निर्देश दिए है। कोमल यादव को आदेश जारी होने के 1 सप्ताह के भीतर जिलों के राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाने एवं 15 जनवरी 2026 के पहले प्रवेश नहीं करने कहा गया है। आदेश का पालन नहीं करने पर बलपूर्वक प्रतिबंधित राजस्व जिलों की सीमाओं से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद भी आदेश का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों की काऊंसिलिंग 28 को रायपुर में
राजनांदगांव । प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु द्वितीय प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों की काऊंसिलिंग 28 जुलाई 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढिय़ारी रायपुर में आयोजित की गई है। द्वितीय प्रतीक्षा सूची का अवलोकन वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in पर किया जा सकता है। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अनिवार्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने कहा गया है।
निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सकों से 31 जुलाई तक आवेदन
राजनांदगांव । जिले में संचालित छात्रावास एवं आश्रम के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण जहां पर चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र स्थापित नहीं है अथवा शासकीय चिकित्सक पदस्थ नहीं है, वहां निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सक से अनुबंध के आधार पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सक से एक या एक से अधिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं का मानदेय के आधार पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इच्छुक निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सक 31 जुलाई 2025 तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजनांदगांव में आवश्यक जानकारी एवं आवश्यक अभिलेख सहित सादे कागज पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
आवेदन करने वाले निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सक के पास एमबीबीएस अथवा बीएएमएस की डिग्री मान्यता प्राप्त संस्था से तथा विधिवत जीवित पंजीयन अवश्य होना चाहिए। अनुबंधित निजी प्रेक्टिशनर चिकित्सक को 50 सीटर छात्रावास व आश्रम के विद्यार्थियों की चिकित्सीय परीक्षण के लिए 750 रूपए प्रति भ्रमण एवं 100 सीटर छात्रावास व आश्रम के विद्यार्थियों की चिकित्सीय परीक्षण के लिए 1200 रूपए प्रति भ्रमण मानदेय दिया जाएगा। चिकित्सक माह में कम से कम दो बार (पाक्षिक) छात्रावास व आश्रम के छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। बालिकाओं के लिए महिला चिकित्सक को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुबंध हेतु जिला स्तरीय चिकित्सक चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
आपदा प्रभावितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने दैवीय विपत्तियों के संबंध में राहत मद अंतर्गत आपदा प्रभावितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। डोंगरगांव तहसील अंतर्गत अतिवृष्टि से एक मकान की आंशिक क्षति होने पर 4 हजार रूपए, आग से एक मकान पूर्णत: क्षति होने पर 20 हजार रूपए एवं राजनांदगांव तहसील अंतर्गत अतिवृष्टि से 5 मकान आंशिक क्षति होने पर 20 हजार रूपए, अतिवृष्टि से एक पशु शेड आंशिक क्षति होने पर 3 हजार रूपए तथा छुरिया तहसील अंतर्गत नाला के बहते पानी में डूबने, डबरी के पानी में डूबने, तालाब के पानी में डूबने से 3 जनहानि होने पर 4-4 लाख रूपए की सहायता अनुदान राशि आपदा प्रभावितों एवं उनके परिजनों को स्वीकृत की गई है।
19.800 बल्क लीटर महाराष्ट्र राज्य निर्मित देशी मदिरा संत्री जप्त
आबकारी विभाग की कार्रवाई
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं, परिवहनकर्ताओं, सार्वजनिक स्थल पर मद्यपान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध धर-पकड़ अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा 19.800 बल्क लीटर महाराष्ट्र राज्य निर्मित देशी मदिरा संत्री जप्त किया गया।
आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ अनिल सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक लाल सिंह राजपूत, आबकारी आरक्षक भोजराज बंजारे के दल द्वारा थाना बागनदी ग्राम सीतागोटा में लोकचन्द चौधरी के कब्जे से महाराष्ट्र राज्य निर्मित 50 नग पाव कुल मात्रा 9 बल्क लीटर देशी मदिरा संत्री एवं संतोष कुमार उइके के कब्जे से महाराष्ट्र राज्य निर्मित 60 नग पाव कुल मात्रा 10.800 बल्क लीटर देशी मदिरा संत्री जप्त किया गया। आबकारी अधिनियम की धारा अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। जिले में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु होटल ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी वृत्त प्रभारियों को होटल-ढाबों की नियमित जांच और अवैध मदिरा विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये है।
जप्तसुदा वाहन राजसात
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम के प्रावधान के तहत ग्राम बारनवाभाट तहसील डौंडीलोहारा जिला बालोद निवासी पुनाराम साहू के स्वामित्व के जप्तसुदा वाहन पिकअप क्रमांक सीजी 24 बी 0132 को शासन के पक्ष में राजसात किया है। उन्होंने पुनरीक्षण अवधि समाप्त हो जाने एवं सक्षम न्यायालय से किसी प्रकार का कोई आदेश प्राप्त नहीं होने की दशा में राजसात किए गए वाहन का गठित समिति द्वारा नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। नीलामी से प्राप्त राशि को छत्तीसगढ़ शासन के निर्धारित मद में खजाना दाखिल करने की कार्रवाई की जाएगी। सक्षम न्यायालय सत्र न्यायालय राजनांदगांव से आदेश के विरूद्ध कोई आदेश प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की जाएगी।
ग्रामों में 24 विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति
राजनांदगांव । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में 24 विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 39 लाख 66 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके अंतर्गत ग्राम मुड़पार में शेड निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रूपए, ग्राम बरगा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम रानीतराई में शेड निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम भोथीपार खुर्द में शेड निर्माण के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम जंगलेसर में निर्मल घाट निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए एवं सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख 80 हजार रूपए, ग्राम इंदामरा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम सुकुलदैहान में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम बम्हनी में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम धनगांव में नाली निर्माण कार्य के लिए 5 लाख 91 हजार रूपए, ग्राम बरगा में नाली निर्माण कार्य के लिए 5 लख 91 हजार रूपए, ग्राम भानपुरी में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम रीवागहन में निर्मल घाट निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए एवं सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम बांकल में नाली निर्माण कार्य के लिए 3 लाख 94 हजार रूपए, ग्राम फरहद में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम रवेली में निर्मला घाट निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम भर्रेगांव में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख 80 हजार रूपए, ग्राम कांकेतरा में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख 80 हजार रूपए, ग्राम करेला में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख 80 हजार रूपए, ग्राम तिलई में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख 80 हजार रूपए, ग्राम उपरवाह में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम जोरातराई में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रूपए, ग्राम कांकेतरा में निर्मला घाट निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए है।
रूप नहीं गुण देखो कार्यक्रम में जिले के प्रभावशाली व्यक्ति हुए शामिल
राजनांदगांव । यूनिसेफ, जिला प्रशासन एवं अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज मेंबर सर्वहितम द्वारा संचालित रूप नहीं गुण देखो कार्यक्रम अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ रूप नहीं गुण देखो कार्यक्रम विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रूप नहीं गुण कार्यक्रम के तहत किशोरों एवं युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ावा देने, अभिभावकों एवं बच्चों के बीच बढ़ रही दूरियों को कम करने, किशोरों एवं युवाओं से जुड़ी लैगिंग समस्याएं एवं बाहरी रंग के अनुसार तुलना करने की रूढिय़ों को दूर करने के लिए कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के प्रभावशाली व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रभावशील प्रतिष्ठित नागरिकों ने अपने विचार भी व्यक्त किए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रभावी मार्गदर्शक डॉ. ओमकार लाल श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रभावी मार्गदर्शक अजय ठाकुर, एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज दुर्ग संभाग प्रमुख शरद श्रीवास्तव, साथ ही प्रभावशाली व्यक्तियों के रूप में ही सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन सरिता भोजवानी, अध्यक्ष एसएसएजेएस अनिमेष रॉय, सामाजिक कार्यकर्ता सुधा पवार, मोना गोसाई, अनीता फ्रांसिस, ऋतु शर्मा, महिला सुरक्षा संगठन अध्यक्ष अंजू रानी साहू, जिला संगठक रेडक्रास सोसायटी प्रदीप शर्मा, कलाकार यशवंत गुप्ता, रागिनी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रभा ठाकुर, पूर्व लोकपाल अमलेंदु हाजरा, दूरदर्शन समाचार से परमानंद रजक, समाज सेविका पूर्व पार्षद जमुना देवी, एक पहल एक कोशिश से सूरज गुप्ता, विनय साहू , पूर्व अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल सहित जिले के लगभग 50 प्रभावशाली व्यक्ति शामिल थे। अलायंस के जोनल हेड शरद श्रीवास्तव, यूनिसेफ जिला समन्वयक दिव्या राजपूत, जिला समन्वयक विनोद कुमार टेम्बुकर, विकासखंड समन्वयक चंद्रप्रकाश साहू, स्वयंसेवक तोरण, दिनेश्वर, तोमेश, जय, स्वयंसेविका योगिता, शारदा और श्वेता उपस्थित थे।
कलेक्टर ने संवेदनशीलपूर्वक जनसामान्य की सुनी शिकायत एवं समस्याएं
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न स्थानों से आए जनसामान्य की शिकायत एवं समस्याओं को संवेदनशीलपूर्वक सुनी। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने, अतिक्रमण हटाने, आधार कार्ड अपडेशन, ऑनलाईन रिकार्ड दुरूस्त करने, आर्थिक सहायता, नजूल भूमि का पट्टा बनाने, राशन कार्ड बनवाने सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ दिलाने जैसे आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, एसडीएम डोंगरगढ़ अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।