छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
समय सीमा की बैठक में आदि कर्मयोगी योजना को लेकर की गई चर्चा
गांव की मूलभूत आवश्यकताओं को चिह्नित करते हुए समावेशी विलेज एक्शन प्लान निर्धारित करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
-प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से लोगो को जोड़ने के लिये करें वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार: कलेक्टर
सूरजपुर, 07 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आज समय सीमा की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में रखी गई थी। समय सीमा की बैठक में आदि कर्मयोगी अंतर्गत तैयार किये जा रहे विलेज एक्शन प्लान को लेकर वृहद चर्चा की गई। जिसमें गांव की मूलभूत आवश्यकताओं को चिह्नित करते हुए समावेशी विलेज एक्शन प्लान निर्धारित करने हेतु संबंधितो को आवश्यक दिशा निर्देश कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने दिए। उन्होने कहा 2030 तक इन विलेज एक्शन प्लान के तहत कार्य किया जाना है, इसलिए आवश्यक है कि विलेज एक्शन प्लान के तहत बनने वाली कार्य योजना में ग्राम विकास को लेकर सभी बुनियादी बातों का समावेश हो। विदित हो कि ग्राम सभा के अनुमोदन के उपरांत प्रस्तावों को आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजा जायेगा, जिसमें मांग के स्वरूप ठोस कदम उठाये जायेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आदि कर्मयोगी के तहत होने वाले कार्य की अद्यतन जानकारी ऑफिशियल पोर्टल में निर्धारित समय सीमा में इंद्राज कराने के निर्देश संबंधितो को दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अद्यतन स्थिति के संबंध मे जानकारी ली गई। योजना का लाभ जिले के ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिल सकें इस हेतु उन्होने योजना का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी, नगर पंचायत सीएमओ, सौर उर्जा संयंत्र स्थापित करने वाले वेण्डर, चेम्बर ऑफ कॉमर्स व बैंकर्स के साथ एक संयुक्त बैठक के निर्देश दिए ताकि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को बढ़ावा मिले और ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ने से प्रोत्साहित हो।
इसके साथ ही क्रमबद्ध शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्य की समीक्षा की गई, मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री जन चौपाल, पीएमओ पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन और समय सीमा के तहत प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए इनके त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शास. प्राथ. शाला उरांव पारा मदनेश्वरपुर मे किया गया सामाजिक अंकेक्षण
सूरजपुर, 07 अक्टुबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप कलेक्टर श्री एस जयवर्धन एवं जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशानुसार पुरे जिले मे 6 से 8 अक्टूबर तक सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाना है, इसी के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी एस लकड़ा के मार्गदर्शन मे आज प्राथमिक शाला उरांव पारा मदनेश्वरपुर मे अंकेक्षण समिति और नोडल अधिकारी द्वारा ग्रामीणों की उपस्थिति मे अंकेक्षण का कार्य किया गया। जिसमे शासन द्वारा तैयार किये 20 प्रश्नों के आधार पर विद्यालय का अवलोकन किया गया। इस सामाजिक अंकेक्षण के प्रति ग्रामीण जनो मे एक अलग ही उत्साह दिखा और अंकेक्षण के पश्चात् उनके चेहरे पर एक तरह की संतुष्टि दिखाई पड़ी।
सामाजिक अंकेक्षण में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि शामिल होकर विद्यालय की सभी गतिविधियों का मूल्यांकन किये। इसमें मिड डे मील, पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति, उपस्थिति, स्वच्छता, अधोसंरचना तथा शिक्षण गुणवत्ता जैसी बातों की समीक्षा की गयी ।
प्रधान पाठक संजय साहू ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण की यह प्रक्रिया न केवल विद्यालय की जवाबदेही को मजबूत करती है, बल्कि समुदाय और विद्यालय के बीच विश्वास एवं सहयोग का वातावरण भी बनाती है। विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसहभागिता को बढ़ाना है।
वर्ष 2025 में आयोजित सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यालय में प्राप्त योजनाओं, संसाधनों और सुविधाओं का उपयोग सही ढंग से हो तथा विद्यार्थियों को उसका वास्तविक लाभ मिले। अंकेक्षण मे जनपद सदस्य संध्या रजवाड़े, सरपंच ललिता सिंह, नोडल अधिकारी राम प्रताप साहू, अंकेक्षण समिति के सदस्य रामरतन, बृजाराम, गेंदलाल, पम्पा एक्का, कृस्टिना लकड़ा, राजलाल, शिवप्रसाद साहू, शिक्षक रामकृपाल साहू, शोभारनी किसपोट्टा और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
मतदाता जागरूकता संबंधित विभिन्न कार्यक्रम हेतु उच्च शैक्षणिक संस्थानों में ’स्वीप’ गतिविधियों का आयोजन
सूरजपुर/ 07 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार स्वीप कार्ययोजना के तहत राज्य के समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में 01 से 15 अक्टूबर 2025 तक मतदाता जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रमों का उद्देश्य उच्च शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने एवं आमजनों के मध्य मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न अकादमिक प्रतियोगिताओं किया जाना है। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता से संबंधित परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित अनेक अकादमिक गतिविधियाँ की जायेगी। परिचर्चा का विषय- “लोकतंत्र बनाम चुनावी राजनीति’’ क्या हम असली मुद्दों से भटक रहे हैं, वहीं निबंध प्रतियोगिता का विषय- “लोकतंत्र में निर्वाचन प्रक्रिया पर मीडिया की भूमिका”। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रतियोगिताएँ भी संस्था की सहमति से कराई जाएंगी। उच्च शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के लिए नारा लेखन एवं वीडियो प्रस्तुति प्रतियोगिता भी रखी गई है। इसमें छात्र-छात्राएँ मतदान से संबंधित प्रेरक नारे तैयार करेंगे और 15 से 30 सेकंड का छोटा वीडियो बनाकर प्रस्तुत करेंगे। नारे पूरी तरह मौलिक एवं स्वलिखित होने चाहिए, नकल किए गए नारे मान्य नहीं होंगे।
प्रतियोगिता में भागीदारी करने वाले छात्र अपने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, एक्स एवं इंस्टाग्राम पर पोस्ट करेंगे। वीडियो पोस्ट करते समय #GoRegister और #GoVerify का उपयोग करना अनिवार्य होगा तथा @CEOChhattisgarh को टैग करना होगा।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस' योजना हुई शुरू
सूरजपुर, 4 अक्टूबर 2025
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर से आज "मुख्यमंत्री ग्रामीण बस" योजना का शुभारंभ आज जगदलपुर से किया।
उक्त योजना में जिला सूरजपुर में संचालित होने वाली बस को आज पुराना बस स्टैंड अग्रसेन चौक से विधायक प्रेमनगर श्री भूलन सिंह मराबी द्वारा हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस को सूरजपुर से रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा , जनपद अध्यक्ष सूरजपुर श्रीमती स्वाति सिंह , जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष महतो, जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश भंडारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से ग्रामीण अंचल के लोगों को बस सुविधा का विशेष लाभ मिलेगा एवं बस संचालकों को शासन द्वारा संचालन हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। सूरजपुर जिले से वर्तमान में तीन बसों का संचालन किया जायेगा जिनकी संख्या भविष्य में और बढ़ेगी।
ग्राम भाड़ी (ओड़गी) में डायरिया की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
सूरजपुर/3 अक्टूबर 2025
ग्राम भाड़ी तहसील ओड़गी में डायरिया फैलने की शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार तहसीलदार ने तत्काल ग्राम का दौरा किया।
दौरे के दौरान तहसीलदार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जागरूकता पर जोर दिया।
महात्मा गांधी जयंती पर ग्राम पंचायत चेंद्रा में आयोजित हुई विशेष ग्रामसभा, स्वच्छाग्रही दीदियों का हुआ सम्मान
सूरजपुर/ 02 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत चेंद्रा, जनपद पंचायत ओड़गी में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छता श्रमदान एवं स्वच्छता शपथ दिलाई गई। इस दौरान स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों को सम्मानित किया गया।
ग्रामसभा में मुख्य अतिथि के रूप में वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती चांदनी कंवर, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर जनपद पंचायत ओड़गी प्रांगण में भी स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ मुख्य अतिथियों, जनपद सदस्यों, बिहान की स्वच्छाग्रही दीदियों, जनपद पंचायत अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सभी को स्वच्छता शपथ दिलाई गई।
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत ग्राम सभा का किया गया आयोजन
सूरजपुर/ 03 अक्टूबर 2025
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आज ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने भाग लेकर योजना के उद्देश्य और कार्यान्वयन पर चर्चा की।
इस अभियान का लक्ष्य आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ जल, बिजली, आजीविका, डिजिटल कनेक्टिविटी एवं सांस्कृतिक संरक्षण द्वारा आदिवासी समुदाय के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। ग्राम सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
इस मौके पर ग्राम वासियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और ग्राम विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। ग्राम सभा में ग्राम योजना, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जल-संपदा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
आदि कर्मयोगी अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के समावेशी, उत्तरदायी और पारदर्शी शासन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
गांव-गांव में डिजिटल सशक्तिकरण
अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र से ग्रामीणों को मिल रही बैंकिंग व अन्य सेवाओं का लाभ: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
24 सितम्बर 2025


महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण अंचलों को बैंकिंग सहित सभी सीएससी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े सूरजपुर जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित एक बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस बैठक में जिले के सभी सरपंचों एवं सीएससी द्वारा अधिकृत वीएलई (Village Level Entrepreneur) उपस्थित रहे।
बैठक में चर्चा की गई कि अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं, बिजली बिल भुगतान, पेंशन व बीमा योजनाएं, आधार व अन्य शासकीय योजनाओं की सेवाएं सीधे पंचायत स्तर पर उपलब्ध होंगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों की समय और संसाधन की बचत के साथ-साथ उन्हें डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने सरपंचों और वीएलई से अपील की कि वे पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इन सेवाओं का लाभ पहुँचाएँ।
बैठक में विधायक श्री भुलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
GST में कमी से जनता को सीधी राहत : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
सूरजपुर की दुकानों में ग्राहकों से की सीधी बातचीत, जागरूकता के लिए लगाए गए स्टीकर
24 सितम्बर 2025

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के विभिन्न दुकानों का भ्रमण कर ग्राहकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST) में कमी से आमजन को मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ की जानकारी दी और कहा कि यह कदम लोगों की आर्थिक बोझ को कम करने के लिए उठाया गया है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार आम जनता के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर GST में भारी कमी की है। GST में कमी से लोगों की रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुएँ अब और भी किफायती हो गई हैं। यह पहल गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

ग्राहकों ने भी मंत्री से बातचीत करते हुए अपनी संतुष्टि जाहिर की। एक ग्राहक ने कहा कि अब बाजार में सामान की कीमतें पहले से कम हैं, जिससे परिवार की ज़रूरतें पूरी करने में सहूलियत हो रही है। वहीं छोटे व्यापारियों ने भी बताया कि इससे ग्राहकों का रुझान बढ़ा है और बिक्री में सकारात्मक असर देखी जा रही है।
जागरूकता अभियान के तहत दुकानों में विशेष स्टीकर लगाए गए, ताकि आम लोग GST में कमी से मिलने वाले फायदों से अवगत हो सकें। मंत्री ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि वे भी अपने आस-पास के लोगों को इसके बारे में जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर विधायक श्री भुलन सिंह मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सेवा पखवाड़ा के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों का सम्मान
सूरजपुर, 23 सितंबर 2025


सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सूरजपुर जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, सम्मान एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सेवा पखवाड़ा समाज की भलाई और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में स्वास्थ्य, स्वच्छता और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि दिव्यांगजन समाज में समान अधिकार और सम्मान के अधिकारी हैं। उन्होंने दिव्यांग विवाह सहायता योजना, स्वरोजगार तथा रोजगारपरक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आह्वान किया कि दिव्यांगजन शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर दिशा दें, सरकार हर कदम पर सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती राजवाड़े ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा पूरे देश में सकारात्मक बदलाव का अभियान है। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता जागरूकता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई और समाज में स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और मेडिकल प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही जरूरतमंदों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने लोगों से “मां के नाम से एक पेड़ लगाने” की अपील भी की।
कार्यक्रम में विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्री रेखलाल रजवाड़े, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, मुरली मनोहर सोनी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री बाबूलाल अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य शिविर में दी भागीदारी
अग्रसेन जयंती कार्यक्रम में हुई शामिल
विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर ली कार्यों की जानकारी
22 सितम्बर 2025




महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज भटगांव विधानसभा अंतर्गत भैयाथान में कई कार्यक्रमों में भाग लेकर क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित किया और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े इस दौरान ग्राम बंजा के उपस्वास्थ्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा दी गई, जिससे लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।
मंत्री भैयाथान स्थित मंगल भवन में आयोजित अग्रसेन जयंती समारोह में भाग ली। समाज के प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। इस अवसर पर मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा, “अग्रसेन महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाकर हम समाज में भाईचारे, समानता और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत कर सकते हैं। हमें समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।”
भैयाथान प्रवास के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद कार्यालय, विकासखंड कार्यालय एवं शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।
स्कूल से लौटते वक्त तीन छात्रों पर गिरी बिजली, 1 की मौत, 2 गंभीर
सूरजपुर । जिले के ओडगी विकासखंड के चांदनी बिहारपुर अंचल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ठाडपाथर स्कूल से पढ़ाई कर लौट रहे तीन छात्रों पर अचानक आसमानी बिजली गिर गई। हादसे में 15 वर्षीय रंजीत सिंह (पिता जगन्नाथ, निवासी विशालपुर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो छात्र गंभीर रूप से झुलस गए।
कैसे हुआ हादसा?
करीब 4 बजे तीनों छात्र ठाडपाथर-रेडीपहाड़ी मार्ग पर बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वे इसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान
घायल छात्रों की पहचान सुनील कुमार (पिता हरी शरण बैस) और अनूप कुमार (पिता रामदेव बैस) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। विशालपुर गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलों इंडिया सेंटर हर्रा टिकरा में ’’स्वच्छता ही सेवा 2025’’ अभियान का शुरुआत
सूरजपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी ’’स्वच्छता ही सेवा-2025’’ अभियान को नया आयाम देने जा रहे है, यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष यह अभियान को सफाई तक सीमित न रखकर इसे खेल स्वच्छता से भी जोड़ना हैं। इसका उद्देश्य है कि हर व्यक्ति विशेषकर युवा और खिलाड़ी इस आंदोलन का हिस्सा बनें। खेल जहां हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते है, वही स्वच्छता हमें स्वस्थ्य और सुदंर जीवन प्रदान करता है।
इस ’’स्वच्छता सेवा-2025’’ अभियान को 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक अपने खेल मैदान में व्यापक अभियान चलाकर सभी खिलाड़ियों अपने खेल संघ और खेल से जूडे अन्य संगठनों से विशेष रूप से अपिल करने स्वच्छता अभियान में शामिल होने और समस्त खेल परिसर को स्वच्छता हेतु स्वयं और समाज को प्रेरित करने इस अभियान को चलाया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को देश में खेल के क्षेत्र में अग्रिम राज्यों में से एक बनाया जा सकें।
जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 का हुआ शुभारंभ
जिला पंचायत सीईओ व कलेक्टर के मार्गदर्शन में सभी जनपदों और ग्राम पंचायतों में ली गई स्वच्छता शपथ
सूरजपुर । कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में आज जिले के सभी 6 जनपदों में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली।
इसी क्रम में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा श्रमदान कर पंचायत परिसरों की साफ-सफाई की गई। इस दौरान स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु रणनीति भी बनाई गई। तय तिथियों के अनुसार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों के रख-रखाव एवं उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने किया कृषि विभाग के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण
सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने आज जिले में कृषि विकास एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी सूरजपुर के मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले को प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप संग्रहित मिट्टी नमूनों का समय पर परीक्षण कर किसानों को स्वायल हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन परीक्षण का लक्ष्य तय कर कार्य करने और दस्तावेज संधारण में पारदर्शिता बरतने के लिए उप संचालक कृषि एवं सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर श्री जयवर्धन ने नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल्स (छडम्व्-व्ै) योजनांतर्गत ग्राम धरमपुर (विकासखण्ड भैयाथान) में आयोजित मूंगफली प्रदर्शन का निरीक्षण किया। यहां किसानों से चर्चा के दौरान उन्होंने मूंगफली प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना एवं एफ.पी.ओ. गठन का सुझाव दिया।
विकासखण्ड सूरजपुर के ग्राम सिलफिली में निर्माणाधीन उप कृषि उपज मंडी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सिलफिली के निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक को आवक सामग्री का भंडारण, वितरण एवं शेष की जानकारी सूची के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषक उन्नति योजनांतर्गत धान विक्रय के लिए किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन एक सप्ताह में पूर्ण करने और पूर्व पंजीकृत किसानों को कैरी फॉरवर्ड करने की कार्यवाही तत्काल करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी किसान धान विक्रय से वंचित न रह सके।
सूरजपुर जिले में आदि सेवा पर्व का शुभारंभ
सूरजपुर । आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित आदि सेवा पर्व का शुभारंभ सूरजपुर जिले में हुआ। इस अवसर पर जिले के विकासखण्ड सूरजपुर, भैयाथान, ओड़गी, प्रेमनगर, रामानुजनगर एवं प्रतापपुर के कुल 284 आदिवासी बहुल ग्रामों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आदि सेवा केन्द्रों का उद्घाटन किया गया।
ग्राम पंचायत देवीपुर में आयोजित आदि कर्मयोगी रेस्पॉन्सिव गवर्नेंस कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग (दिल्ली) से श्री प्रमोद द्वारा शपथ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उन्मुखीकरण दीपक मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, सचिव, पंचगण एवं कर्मयोगी साथियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। ग्रामीण स्तर पर 20 लाख परिवर्तनकारी लीडरों के माध्यम से इस अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
आदि सेवा पर्व के शुभारंभ अवसर पर सभी आदि साथी, सहयोगी एवं ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनरों ने सेवा, संकल्प और समर्पण भाव से अभियान को सफल बनाने हेतु शपथ ली।
शराब के लिए पैसे न मिलने पर युवक ने की वृद्धा की हत्या
सूरजपुर । ओड़गी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार सुबह शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने 64 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। नृशंस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना के महज दो घंटे बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे खैरवारी पारा की है। यहां रहने वाली कौशिल्या बाई पति स्वर्गीय रिचक खैरवार अकेले घर में रहती थी, जबकि उनका बेटा रामभरोस गांव में ही अलग रहता है।
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ले का ही 30 वर्षीय कुंवर सिंह शनिवार सुबह कौशिल्या बाई के घर पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। महिला ने मना किया तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद टांगी से महिला के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कौशिल्या की मौके पर ही मौत हो गई। उसी समय उनका बेटा रामभरोस वहां पहुंचा और मां को खून से लथपथ हालत में देखकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।