पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय जयनगर में उत्साहपूर्वक मना 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, प्रतिदिन योग करने एवं जागरूकता फैलाने की दिलाई गई शपथ
सूरजपुर/21 जून 2026
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर, सूरजपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग एवं गरिमामय माहौल में किया गया। इस वर्ष योग दिवस के निर्धारित थीम के अनुरूप विद्यालय परिवार द्वारा स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक योग सत्र में प्राचार्य महोदया, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, पश्चिमोत्तानासन, शवासन, भ्रामरी प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन एवं आत्मा को एक सूत्र में पिरोने का विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी एवं पढ़ाई के तनाव के बीच विद्यार्थियों सहित सभी के लिए दैनिक जीवन में योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ’’स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है’’ की भावना को रेखांकित करते हुए योग को इसका सर्वाेत्तम माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संक्षिप्त चर्चा भी की गई। अभिभावकों ने शासन एवं विद्यालय प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना की तथा बच्चों को नियमित रूप से योग करने हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को प्रतिदिन योग करने एवं समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। शांतिपाठ के साथ इस गरिमामय एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम का शांतिपूर्ण समापन हुआ।