छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

योग से बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास का होता है विकास - सांसद चिंतामणि महाराज

 स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण के लिए योग एवं पौधारोपण जरूरी - रामसेवक पैकरा

योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं - विधायक भूलन सिंह मरावी

मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ जीवन का आधार है योग - कलेक्टर रेना जमील 

तिलाईमुड़ा के विद्यार्थियों ने आकर्षक योग प्रदर्शन से बटोरी सराहना

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर हुआ आयोजन

सूरजपुर/21 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिलास्तरीय कार्यक्रम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री चिंतामणि महाराज, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, श्री मुरली मनोहर सोनी, श्री भीमसेन अग्रवाल, श्री बाबूलाल अग्रवाल, श्री ठाकुर रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) सूरजपुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों में अनुशासन का विकास अत्यंत आवश्यक है और योग इसके लिए एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन के साथ अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। स्वस्थ तन और मन के लिए योग को अपनाने के लिए सभी माता पिता और शिक्षक बच्चों को प्रोत्साहित करें।

वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि योग हमें स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि छात्र जीवन में योग को अनिवार्य रूप से अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने की अपील भी की।

प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं तथा स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। योग मानसिक शांति, आत्मसंतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति हैं और वरिष्ठजन उसकी धरोहर, इसलिए प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए। साथ ही बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही योग सीखने और अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

इस कार्यक्रम में माध्यमिक शाला तिलाईमुड़ा, रामानुजनगर के विद्यार्थियों ने योग का आकर्षक एवं अनुशासित प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की। योग गुरु श्री रामप्रताप रजवाड़े के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image