अम्बिकापुर : नक्शा प्रोजेक्ट के तहत नगरीय क्षेत्र में हो रहे सर्वे कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
निर्माण कार्यों में प्रगति की समीक्षा कर, शेष कार्य समय सीमा में पूरा करने दिए निर्देश
आमजनों की सुविधा हेतु सड़कों के मरम्मत कार्य में तेजी लाएं- कलेक्टर श्री वसंत
कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर, श्री सुनील नायक, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने नक्शा प्रोजेक्ट में प्रगति की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्र में हो रहे सर्वे कार्य को समय सीमा में पूरा करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने, टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों की समीक्षा कर जल्द पूरा करने तथा कॉन्ट्रेक्टर से टाइम लाइन तैयार कर जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी को आंगनबाड़ी के बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र तैयार करने बच्चों की सूची तैयार कर एसडीएम को उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाणपत्र निर्माण में तेजी लाने सभी एसडीएम को निर्देशित किया।उन्होंने अम्बिकापुर नगरीय क्षेत्र में ऐसी सड़कों जिनके मरम्मत की जरूरत है, उनका तत्काल मरम्मत करवाने एनएच अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) एवं अन्य मदों के अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की।
इस दौरान मुआवजा प्रकरणों की जानकारी, भर्ती प्रक्रिया में प्रगति, पीएम किसान के हितग्राहियों का एग्रिस्टेक में पंजीयन में प्रगति, पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों में दिए निर्देशों पर प्रगति सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।
पीएडीएस दुकानों से बारदानों को जमा करवाने डीएमओ को दिए निर्देश-
कलेक्टर ने बैठक में पीएडीएस दुकानों पर उपलब्ध बारदानों को नियमानुसार जमा करवाने डीएमओ को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि पीएडीएस दुकानों पर उपलब्ध बारदानों का व्यवस्थित संकलन कर उनका उचित संधारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 15 दिनों के भीतर 50 प्रतिशत बारदानों को जमा करवाने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्देश-
बैठक में कलेक्टर ने जिले में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसकी राज्य स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है। इसलिए प्राप्त शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विभागवार लंबित शिकायतों, निराकरण की स्थिति तथा शिकायतों के निराकरण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि नियमित रूप से शिकायतों की मॉनिटरिंग करें, जिन शिकायतों के निराकरण में जांच की आवश्यकता है, उनमें जांच कर निराकरण करें। विभाग अपनी टीम को एक्टिव रखें, ऐसे विभाग जिनकी शिकायतें अधिक है, वे विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि समय सीमा की बैठक में शिकायतों में प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस के गरिमामयी आयोजन की तैयारियों की हुई समीक्षा-
कलेक्टर ने बैठक में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के गरिमामयी आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी तैयारियां एवं आवश्यक व्यवस्था जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राउंड की तैयारी,परेड, मंच, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, आमंत्रण पत्र, सजावट, स्वच्छता, सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी सहित समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
जनपद पंचायतवार निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के जनपद पंचायतवार विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायतों में नए स्वीकृत विद्यालयों के निर्माण कार्य को नवम्बर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हैंडपंप, बोरवेल खनन, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण किया जाए। साथ ही ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत कार्यों को स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।