छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही
पक्के घर से अमृतलाल के जिंदगी में आई खुशहाली : कलेक्टर ने दी बधाई
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 जून 2026
गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल और उनका परिवार लंबे समय तक एक कच्चे मिट्टी के मकान में रहते थे। लेकिन अब वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर एक सुंदर बड़े पक्के आवास में परिवार के साथ सुखमय जीवन व्यतित कर रहे हैं।बीते 24 जून को पंडरीपानी में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने उनके आवास का अवलोकन कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। अमृतलाल ने बताया कि पक्का मकान बनने से पहले वे कच्चे मकान में रहते थे जहां बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकता था और दीवारों में सीलन आ जाती थी। इन समस्याओं के कारण परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और सुरक्षित एवं आरामदायक जीवन जीना चुनौतीपूर्ण था।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अमृतलाल को पक्का आवास स्वीकृत हुआ। योजना की सहायता से उनका सपना साकार हुआ और उन्हें एक मजबूत एवं सुरक्षित घर मिला। पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। अब उन्हें बारिश, सीलन और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिल गई है। अमृतलाल बताते हैं कि नया आवास मिलने से उनके परिवार की जीवनशैली में सुधार हुआ है। अब सभी सदस्य सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। अपने अनुभव साझा करते हुए अमृतलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को नई पहचान और सुरक्षा प्रदान की है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
पुनर्मूल्यांकन के बाद आत्मानंद स्कूल पेंड्रा की आकृति साहू ने राज्य मेरिट में हासिल किया 8वां स्थान
जिले का बढ़ाया गौरव, कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में आत्मानंद विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने बनाई जगह
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 जून 2026
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने पुनर्मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करते हुए जिले एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। पुनर्मूल्यांकन के उपरांत आकृति के 4 अंक बढ़ने से उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया, जिसके आधार पर उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया। वहीं निर्धारित बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया।
आकृति साहू ने इससे पूर्व कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनकी इस निरंतर उपलब्धि ने यह सिद्ध किया है कि समर्पण, अनुशासन और सतत परिश्रम से उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री भुवाल सिंह पैकरा ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों के समर्पित प्रयास, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा के कक्षा 12वीं के तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन, पूर्व प्राचार्य श्री वी. के. वर्मा के शैक्षणिक नेतृत्व तथा विद्यालय के शिक्षकों के सतत प्रयासों से यह शासकीय विद्यालय प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।आकृति की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग, अभिभावकों एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उप अभियंता के प्रकरण में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर ने जारी किया भारमुक्त आदेश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 जून 2026
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशों के परिपालन में जनपद पंचायत गौरेला में पदस्थ उप अभियंता श्री विजेन्द्र बलभद्रे के प्रकरण में आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अक्टूबर 2024 में श्री विजेन्द्र बलभद्रे उप अभियंता जनपद पंचायत गौरेला का स्थानांतरण जनपद पंचायत कोटा जिला बिलासपुर किया गया था। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अनुसूचित क्षेत्र में होने तथा उनके स्थान पर वैकल्पिक अधिकारी की उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें तत्काल भारमुक्त नहीं किया गया था।
इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा शासन को आवश्यक पत्राचार भी किया गया था। इसके पश्चात विकास आयुक्त कार्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा अप्रैल 2026 में संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से भारमुक्त किए जाने के निर्देश जारी किए गए, जिसके आधार पर जिला पंचायत द्वारा 28 मई 2026 को उन्हें भारमुक्त कर दिया गया। उक्त आदेश के विरुद्ध श्री बलभद्रे द्वारा माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका प्रस्तुत की गई।
उच्च न्यायालय ने प्रकरण की सुनवाई करते हुए निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही नियमानुसार 15 दिवस के भीतर निर्णय लें। साथ ही, निर्णय होने तक 28 मई 2026 के आदेश के प्रभाव को स्थगित रखा गया। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर द्वारा प्रकरण का परीक्षण किया गया। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया है कि जिले में उप अभियंताओं की वर्तमान में कमी तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए प्रस्तुत आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया। प्रकरण के सभी तथ्यों, शासन से प्राप्त निर्देशों एवं माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में श्री विजेन्द्र बलभद्रे के आवेदन को अस्वीकार करते हुए उन्हें जनपद पंचायत कोटा जिला बिलासपुर हेतु भारमुक्त किए जाने का आदेश जारी किया गया है।
दो कार्यालय सहायकों का प्रशासनिक स्थानांतरण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 जून 2026
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा दो कार्यालय सहायक कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कार्यालय सहायक वर्ग-2 श्री दीपक कुमार तिवारी, जो वर्तमान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पेंड्रा कार्यालय में कार्यरत हैं, उन्हें मूल पदस्थापना कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मरवाही में आगामी आदेश तक कार्य करने हेतु पदस्थ किया गया है। इसी तरह कार्यालय सहायक वर्ग-3 श्री अनीश कुमार राय, जो वर्तमान में जनपद पंचायत मरवाही में पदस्थ हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पेंड्रा कार्यालय में कार्य करने के लिए स्थानांतरित किया गया है।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने दिए जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों से संबंधित आवेदनों के विभागवार निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्रता एवं नियमों के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में पात्रता नहीं बनती है, उनमें आवेदकों को नियमानुसार सूचना प्रदान कर प्रकरणों का निराकरण करते हुए टीएल सूची से विलोपित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने आगामी वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु टीकाकरण अभियान में तेजी लाने कहा।
कलेक्टर ने वर्षा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए जिले में निर्मित एनीकट, स्टॉप डैम, डबरियों तथा अन्य जल संरचनाओं में अधिकतम जल भराव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की बैठक आयोजित कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यदि वर्षा सामान्य से कम होती है तो किसानों को कम पानी में होने वाली वैकल्पिक फसलों के संबंध में जागरूक किया जाए तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के शेष उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित समितियों से शीघ्र धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था तथा किसानों के लिए खाद-बीज के उठाव एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमोर सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर जनदर्शन में पेशन, मजदूरी भुगतान आदि से संबंधित 14 आवेदन प्राप्त हुए
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में पेंशन, मजदूरी भुगतान आदि से संबंधित 14 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदन में केवाईसी, राशन, शौचालय निर्माण की राशि, मृत्यु प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके आवेदनों का परीक्षण तथा पात्रता के अनुसार शीघ्रता से लाभ दिलाने आश्वस्त किया।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन पंजीयन की तिथियां जारी
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सत्र 2026-27 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) हेतु ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह प्रक्रिया राज्य के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक तथा आईटीआई संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर किए जाएंगे। वर्ष 2026-27 के लिए नवीनीकरण आवेदन 20 जून 2026 से तथा नवीन आवेदन 1 अगस्त 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं स्वीकृति की समस्त कार्रवाई निर्धारित समयावधि में पूरी की जाए, ताकि छात्रवृत्ति राशि का वितरण एवं भुगतान जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जा सके।
छात्रवृत्ति के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है। आवेदकों के पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा पूर्व वर्ष की परीक्षा परिणाम संबंधी दस्तावेज होना आवश्यक है। छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस के माध्यम से सीधे आधार सीडेड बैंक खातों में जमा की जाएगी। इसलिए विद्यार्थियों को आवेदन के समय सक्रिय एवं आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थीयों के लिए वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल एनएसपी से ओटीआर प्राप्त करना भी अनिवार्य किया गया। नई संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं छात्रवृत्ति प्रभारी के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया है, जिससे छात्रवृत्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की आमजन से अपील
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 20 जून 2026
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिले के सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कलेक्टर ने कहा है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते तनाव एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों से अपने निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेने का आग्रह किया है। साथ ही ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं विभिन्न संस्थानों से भी योग कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।कलेक्टर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और निरोगी समाज के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे स्वयं योग अपनाएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें, ताकि स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध जिले के निर्माण में सहभागी बन सकें।
विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक योग कार्यक्रम 21 जून को
“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित होगा भव्य आयोजन
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 20 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा 21 जून को प्रातः 7 बजे से शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपची होंगे। कार्यक्रम में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, गौरेला नगरपालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, पेंड्रा नगरपालिका अध्यक्ष श्री राकेश जलान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय निकायों के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन तथा स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं अतिथियों के उद्बोधन से होगी, जिसके पश्चात योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही साइकिल रैली का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
कलेक्टर ने जिला जेल पेंड्रा रोड का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 18 जून 2026
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने आज जिला जेल पेंड्रा रोड का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बैरकों, रसोईघर, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं परिसर की समग्र व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि जेल में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बंदियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मानवीय सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी के माध्यम से व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन के अधिकारियों ने जेल में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी कलेक्टर को प्रदान की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, प्रभारी जेल अधीक्षक सह डिप्टी कलेक्टर अमित बेक, सीएमएचओ डॉ रामेश्वर शर्मा, एसडीएम विक्रांत अंचल, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्रीमती नित्या ठाकुर, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्रीमती प्रिया सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बाल सक्षम नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष अभियान जारी
साप्ताहिक मंगली बाजार गौरेला में चलाया गया जागरूकता अभियान, बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति रोकने की अपील
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन की बाल सक्षम नीति 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिले में 1 जून से 30 जून तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बच्चों का स्थायी रेस्क्यू एवं पुनर्वास सुनिश्चित करना तथा उन्हें संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ना है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सड़क पर रहने, घूमने, भिक्षावृत्ति करने एवं बाल श्रम में संलग्न बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर भविष्य प्रदान करना है।
अभियान के तहत मंगलवार को संयुक्त टीम द्वारा ब्लॉक गौरेला के साप्ताहिक मंगली बाजार में उपस्थित नागरिकों, दुकानदारों एवं आमजनों को बाल सक्षम नीति 2022 के उद्देश्यों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान बाजार क्षेत्र में छोटे बालक-बालिकाओं को कार्य करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों एवं अभिभावकों को बाल श्रम नहीं कराने की समझाइश दी गई तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई। अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी बताया गया कि किसी भी बालक अथवा बालिका के संकट में होने, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति या संरक्षण की आवश्यकता होने पर तत्काल टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
यह अभियान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अमित सिन्हा के निर्देशन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री बिरेन्द्र कुर्रे के मार्गदर्शन में संयुक्त जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में जिला पुलिस टीम के श्री रमेश जायसवाल एवं श्रीमती रेशु गौतम आरक्षक, समाज कल्याण विभाग के प्रभारी सहायक संचालक श्री सुरेश भारती, आईसीपीएस एवं चाइल्ड लाइन की टीम ने सहभागिता की।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का विधायक ने किया शुभारंभ
विधायक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 जून 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी मल्टीपरपज स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में 17 जून से 19 जून तक आयोजित की गई है। शुभारंभ उपरांत विधायक, जनप्रतिनिधियों एवं गणमाय नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
विधायक श्री मरपची ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से 12 वर्ष विकास के, विश्वास के और जनकल्याण के कार्यो को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उददेश्य आम नागरिकों को शासन की जनहितकारी योजनाओं, विकासोन्मुखी कार्यक्रमों तथा देश एवं प्रदेश में हुए सकारात्मक परिवर्तनों से अवगत कराना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे एवं उपाध्यक्ष श्रीमती रोशती तापश शर्मा, डॉ नीरज जैन, श्री निर्मल यादव, श्री भवानी प्रसाद गुप्ता, श्री कुबेर सिंह सर्राटी, श्रीमती गंगोत्री राठौर, श्री तापश शर्मा, श्री आदित्य गुप्ता, श्री दीपक शर्मा, श्री अजय राय, श्री शंकर चक्रधारी, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री राज कुमार पुरी, श्री छोटेलाल सोनी, श्री लूसन राठौर, श्री लिमेश्वर कुशवाह, श्री हेमराज राठौर सहित बड़ी संख्या में नागरिकों और स्व सहायता समूह की महिलाओं ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसमें वित्तीय समावेशन, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी जा रही है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में शौचालय निर्माण जैसी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया अभियान एवं ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन योजना के तहत गुदुमदेवरी एवं मसूरी खार के किसानों को निःशुल्क मूंगफली बीज का वितरण
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 जून 2026/कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ऑयलसीड्स) योजना के अंतर्गत विकासखंड पेंड्रा के ग्राम गुदुमदेवरी एवं मसूरी खार के किसानों को निःशुल्क मूंगफली बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में तिलहनी फसलों के रकबे एवं उत्पादन में वृद्धि करना तथा किसानों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषकों की उपस्थिति में चयनित किसानों को उन्नत किस्म के मूंगफली बीज उपलब्ध कराए गए। अधिकारियों ने किसानों को मूंगफली की वैज्ञानिक खेती, बीज उपचार, उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा बेहतर उत्पादन तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की।
उप संचालक कृषि श्री सत्यजीत कंवर ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन योजना के माध्यम से किसानों को तिलहनी फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मूंगफली एक महत्वपूर्ण तिलहनी फसल है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त होने के साथ-साथ खाद्य तेलों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। योजना के तहत किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में किसानों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क उन्नत बीज मिलने से खेती की लागत में कमी आएगी तथा बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगा अभ्यास और साईकिल रैली का होगा आयोजन
नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 जून 2026
विश्व योग दिवस पर आगामी 21 जून को सामूहिक योगा अभ्यास और फिट इंडिया मूवमेंट के तहत स्वास्थ्य के प्रति जागरुक रहने के लिए साईकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा मल्टीपरपज स्कूल पेण्ड्रा के असेंबली हॉल में प्रातः 7 से 8 बजे तक योगा अभ्यास का आयोजन किया गया है। इसके बाद स्कूल परिसर से साईकिल रैली का आयोजन होगा। यह रैली मल्टीपरपज स्कूल से दूर्गा सरोवर-दुर्गा चौक-सरस्वती शिशु मंदिर-साक्षी स्पोर्टस से होते हुए वापस मल्टीपरपज स्कूल में समाप्त होगा। जिला प्रशासन द्वारा योगा अभ्यास और साईकिल रैली में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, मीडिया एवं आम नागरिकों से अपील किया गया है।
टैग:
गौरेला पेंड्रा मरवाही : सूरज कुमार वाकरे की प्रेरक यात्रा: मोटराइज्ड ट्रायसायकल से मिली नई उड़ान
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 15 जून 2026
गौरेला विकासखंड के ग्राम बस्ती के सूरज कुमार वाकरे ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन मिलने पर कोई भी चुनौती सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। सूरज 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं। शारीरिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने कभी अपनी शिक्षा और सपनों को नहीं छोड़ा। सूरज वर्तमान में डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय पेंड्रा में बी.ए. अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। कॉलेज आने-जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
परिवहन की सुविधा सीमित होने के कारण उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित होती थीं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर आगे बढ़ते रहे।
सुशासन तिहार के तहत लमना में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा सूरज को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। यह सहायता उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आई। मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने से अब उनका कॉलेज आना-जाना आसान हो गया है। वे अपने कार्यों को अधिक आत्मनिर्भरता के साथ कर पा रहे हैं और समय की भी बचत हो रही है। सूरज का कहना है कि इस सुविधा ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है। अब वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपनी पढ़ाई जारी रख पा रहे हैं और भविष्य में बेहतर अवसरों के लिए तैयारी कर रहे हैं। उनका सपना है कि शिक्षा पूरी कर समाज में अपनी पहचान बनाएं तथा अन्य दिव्यांग युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें।
सूरज कुमार वाकरे की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदत्त मोटराइज्ड ट्रायसायकल ने न केवल उनकी गतिशीलता बढ़ाई है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की दिशा में भी नई राह दिखाई है। सूरज ने शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन एवं एनपीएस-ट्रेडर्स योजनाओं के तहत नगरीय क्षेत्रों में विशेष पंजीयन अभियान
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन एवं एनपीएस-ट्रेडर्स योजनाओं के तहत नगरीय क्षेत्रों में विशेष पंजीयन अभियान
किसान अमन प्रसाद ने आधुनिक खेती अपनाकर बढ़ाई उत्पादन क्षमता
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 7 जून 2026
अमन प्रसाद ग्राम गौरेला विकासखंड के पंचायत लालपुर के एक प्रगतिशील किसान हैं। वे लगभग 7 एकड़ 50 डिशमिल भूमि में खेती करते हैं। इसके अलावा बाड़ी में सब्जियों की खेती भी करते हैं। खेती के प्रति उनकी मेहनत और जागरूकता ने उन्हें क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है। अमन प्रसाद नियमित रूप से कृषि विभाग की सलाह एवं सहकारी समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का लाभ लेते हैं। हाल ही में वे लालपुर समिति में खाद एवं बीज प्राप्त करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज समय पर उपलब्ध हो गया है। इससे उनकी फसल की तैयारी सुचारु रूप से हो सकी और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि खाद-बीज वितरण की प्रक्रिया सरल एवं व्यवस्थित है तथा किसानों को आवश्यक सामग्री आसानी से मिल रही है। समिति में उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, जिससे उनका समय और श्रम दोनों की बचत हुई।अमन प्रसाद का मानना है कि समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध होने से खेती की लागत नियंत्रित रहती है और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हों, तो वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। आज अमन प्रसाद न केवल अपनी फसलों के उत्पादन में बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि आसपास के किसानों को भी आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
डिजिटल हस्ताक्षर के कथित दुरुपयोग से निकले 17 लाख
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । जिले में पंचायत सचिव किशन राठौर पर 15वें वित्त आयोग की राशि में अनियमितता और सरपंच के अधिकारों का अतिक्रमण करने के आरोप लगे हैं। शिकायत के अनुसार तराईगांव और सेमरा पंचायत में पदस्थ सचिव ने पिपरखुंटी ग्राम पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करते हुए कथित तौर पर डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर करीब 17.26 लाख रुपये की राशि निकाली। जिला पंचायत कार्यालय के पत्रों में मामले का उल्लेख होने के बाद प्रकरण चर्चा में आ गया है। आरोप है कि विकास कार्यों के लिए मिली राशि के उपयोग में गड़बड़ी हुई है, जिसकी जांच की मांग की जा रही है।
इसी बीच भड़रापारा निवासी अमन साहू ने सचिव सहित अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक 20 अप्रैल 2026 को पैतृक भूमि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। पेंड्रा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय अनियमितता और मारपीट दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।