छत्तीसगढ़ / बलरामपुर
5 एएसआई समेत 160 पुलिस कर्मियों का ट्रांसफर...
बलरामपुर । बलरामपुर जिले के पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। यहां के 160 पुलिसकर्मियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी हुई है। एसपी वैभव बैंकर ने 5 एएसआई और 25 हेड कांस्टेबल सहित कांस्टेबलों का ट्रांसफर लिस्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि, लंबे समय से थानों और चौकियों पदस्थ कर्मचारियों को बदला गया।
बिना अनुमति आरक्षकों को भेजा बंगाल, टीआई समेत 3 निलंबित...
बलरामपुर । बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाने में गंभीर अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। एसपी ने थाना प्रभारी (टीआई) ललित यादव और दो प्रधान आरक्षकों विष्णुकांत मिश्रा व प्रांजुल कश्यप को सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि थाना प्रभारी ने बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के दो हेड कांस्टेबल को बंगाल भेजा और एक व्यापारी से केस निपटाने के नाम पर कथित रूप से चार लाख रुपये की डील की।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले कुसमी क्षेत्र के एक पीड़ित व्यापारी ने बंगाल के आसनसोल निवासी एक बड़े व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करानी चाही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, बल्कि थाना प्रभारी ने कथित रूप से केस को “सेटल” करने के बदले पीड़ित से ₹4 लाख में सौदा तय किया।
बिना अनुमति भेजी टीम, आसनसोल पुलिस को हुआ शक
डील के बाद टीआई ने बिना किसी सूचना या अनुमति के थाने के दो हेड कांस्टेबलों को आसनसोल भेज दिया। वहां आरोपी व्यापारी की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आसनसोल पुलिस ने दोनों प्रधान आरक्षकों से एफआईआर की जानकारी मांगी। जवाबों में विरोधाभास मिलने पर बंगाल पुलिस को शक हुआ और उन्होंने सीधे बलरामपुर एसपी से संपर्क किया।
एसपी ने मानी गंभीर लापरवाही, तत्काल निलंबन
घटना की जानकारी मिलते ही बलरामपुर-रामानुजगंज एसपी ने पूरे मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। टीआई ललित यादव, प्रधान आरक्षक विष्णुकांत मिश्रा, और प्रधान आरक्षक प्रांजुल कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
क्या है अगला कदम?
जांच शुरू: विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
लेनदेन की जांच: चार लाख की कथित डील की भी वित्तीय जांच की जा रही है।
अन्य अधिकारियों की भूमिका: मामले में और किसी की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रायोगिक परीक्षा 27 को
बलरामपुर । राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) योजना अंतर्गत 23 जून को प्रातः 10ः30 बजे से सहायक जिला समन्वयक (संविदा) एवं लेखापाल (संविदा) पद हेतु आयोजित दस्तावेज सत्यापन सह प्रायोगिक परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। उक्त परीक्षा 27 जून को प्रातः 11ः30 बजे से कार्यालय जिला पंचायत में आयोजित किया जाएगा।
हाथी-मानव संघर्ष रोकने वन विभाग की पहल
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों से सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को मिला प्रशिक्षण
बलरामपुर। वन परिक्षेत्र रामानुजगंज और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों से फसलों व मानव जीवन को हो रहे नुकसान को देखते हुए वन विभाग ने गठित हाथी मित्र दल को सक्रिय किया है। पिछले कुछ वर्षों में चाकी, महावीरगंज समेत कई गांवों में हाथियों के विचरण से फसलों को व्यापक क्षति हुई है, साथ ही ग्रामीणों में हाथियों से भय भी बनी हुई है। इसी के दृष्टिगत वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, हाथी विशेषज्ञ अमलेंदु मिश्रा, उप वनमंडलाधिकारी संतोष पांडे, परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना की उपस्थिति ग्राम चाकी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें हाथियों के व्यवहार, उनके भटकने के कारण तथा उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के वैज्ञानिक तरीके समझाए गए। इस दौरान ग्राम पंचायत पुरुषोत्तमपुर में ग्रामीणों को काफी समय से विचरण कर रहे हाथी से बचने के उपाय, उनकी समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया गया साथ ही उनकी मांग अनुसार सोलर हाई मास्ट लाइट, सोलर फेन्सिग के प्रस्ताव पारित कर मांगों को पूरा करने हेतु आश्वासन दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि हाथी मित्र दल ग्रामीणों को सूचना देगा कि हाथी आते समय क्या करें और क्या नहीं, जैसे रात में खेतों पर न जाना, घरों के गेट बंद रखना तथा तुरंत वन विभाग को सूचित करना। इसके अतिरिक्त गश्त दल स्थानीय जंगलों में नियमित निगरानी बढ़ाएगा साथ ही अलर्ट सिस्टम व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से हाथी की आगमन आशंका समय पर साझा की जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और तकनीकी माध्यमों के संयोजन से यह अभियान फसल संरक्षण, जान-माल की रक्षा और हरित मानव सह-अस्तित्व के दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण से हाथी मानव संघर्ष घटेगा, फसलों व घरों को क्षति कम होगी।
धर्मांतरण विवाद के बाद राजपुर के एसडीएम और तहसीलदार का हुआ तबादला
बलरामपुर। राजपुर में पिछले दिनों हुए कथित धर्मांतरण विवाद के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए राजपुर के एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर और तहसीलदार पूनम रश्मि तिग्गा का तबादला कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों पर हिंदू संगठनों ने कार्यकर्ताओं ने चंगाई सभा के आयोजन की अनुमति प्रशासन द्वारा दिए जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी।
जारी आदेश के अनुसार एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर को जिला कार्यालय बलरामपुर में स्थानांतरित किया गया है, जबकि तहसीलदार पूनम रश्मि तिग्गा को कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा में पदस्थ किया गया है। वहीं, संयुक्त कलेक्टर देवेंद्र कुमार प्रधान को राजपुर का अतिरिक्त एसडीएम बनाया गया है और नायब तहसीलदार नरेन्द्र कुमार कंवर को प्रभारी तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी की सख्ती: अवैध वसूली में लिप्त 6 पुलिसकर्मी निलंबित
बलरामपुर । जिले में पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करने वाले भ्रष्टाचार के एक मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने तत्काल प्रभाव से छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर सख्त संदेश दिया है कि अनैतिक आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामला: मोटर व्हीकल एक्ट की आड़ में अवैध वसूली
यह मामला 12 जून को सामने आया, जब थाना राजपुर के सामने मुख्य सड़क पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायत पुलिस अधीक्षक को प्राप्त हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रारंभिक जांच के बाद यह दंडात्मक कदम उठाया।
निलंबित पुलिसकर्मी
सउनि प्रकाश तिर्की, थाना राजपुर
प्रधान आरक्षक क.268 कलेश पैकरा, थाना राजपुर
प्रधान आरक्षक क.835 शिवलाल कुजूर, थाना राजपुर
आरक्षक क.773 नरेश तिर्की, थाना राजपुर
आरक्षक क.856 राकेश टोप्पो, थाना राजपुर
आरक्षक चालक क.966 अजय टोप्पो, थाना राजपुर
एसपी का स्पष्ट संदेश
एसपी वैभव बैंकर ने कहा 'पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की जाती है कि वे ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करें। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कानून का दुरुपयोग कर जनता से अवैध वसूली करता है, तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।'
इस कार्रवाई को जिला पुलिस की कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही यह उन पुलिसकर्मियों के लिए चेतावनी भी है जो वर्दी का दुरुपयोग कर रहे हैं।
रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कमजोर परिवार के लोगों को उनके बेटी की शादी के लिए 5100 रुपए की आर्थिक सहायता दी
रामानुजगंज नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल की पहल पर नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लोगों को उनके बेटी की शादी के लिए 5100 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना के तहत अब तक करीब 31 जरूरत मंद परिवार के बेटियों की सहायता की जा चुकी है। शहरवासी नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के इस संवेदनशील पहल की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
सहकारी बैंक में 23 करोड़ का गबन, बैंक मैनेजर समेत 11 गिरफ्तार
बलरामपुर । जिले में एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है जिसमें सहकारी बैंक की दो शाखाओं कुसमी और शंकरगढ़ में फर्जी खातों के माध्यम से करीब 23 करोड़ रुपये का गबन किया गया है। इस गबन में बैंक के ही कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए बैंक मैनेजर समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों को बलरामपुर, अंबिकापुर और कोरिया जिलों से अंजाम दिया गया है।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
बलरामपुर । संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के पश्चात् जनदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर
5 से 31 मई तक होगा समाधान शिविर का आयोजन
बलरामपुर। संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय गतिविधियों, राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री कटारा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथसमयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को समय रहते हस्तांतरित करने के निर्देश दिये, ताकि उनका शीघ्र एवं व्यवस्थित निराकरण सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर श्री कटारा ने प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी आवेदकों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा साथ ही निराकृत प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समाधान न केवल समय पर बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं आवेदकों की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण में 05 मई से 31 मई 2025 तक चिन्हित स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जहां शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण और शिकायतों के समाधान की जानकारी मौके पर दी जाएगी। कलेक्टर श्री कटारा ने शिविर स्थलों पर पेयजल, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयपूर्व पूर्ण करने को कहा। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने पीएचई विभाग को जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा । उन्होंने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों का संरक्षण और सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए योजना अंतर्गत स्वीकृत कुएं, डबरी तथा तालाब गहरीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करायें।
बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से सीमांकन संबंधी प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर श्री कटारा ने अविवादित व विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, बंटवारा एवं भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जनपद सीईओ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शासन-प्रशासन के प्रयासों से निम्न वर्गीय परिवारों को मिल रहा पक्का आवास
मोर दुआर-साय सरकार आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण
बलरामपुर । पक्का आवास सिर्फ चार दीवारों की छत ही नहीं बल्कि एक परिवार के लिए सुरक्षा भी है। ऐसे परिवार जिनके पास पक्का आवास नहीं है, ऐसे ही वंचित और जरूरतमंद परिवारों को शासन-प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आवास प्लस 2.0 के माध्यम से पक्का आवास मुहैया कराने मोर दुआर-साय सरकार अंतर्गत सर्वेक्षण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत सर्वे किया जा रहा है, जिसमें पात्र हितग्रहियों को आवास से लाभान्वित किया जाएगा।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत महाराजगंज की दिव्या पति राहुल को सर्वे कर नाम जोड़ा गया। वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रही दिव्या के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना आशा की एक नई किरण लेकर आई है। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए दिव्या का सर्वे में नाम जुड़ने के साथ ही उनका यह सपना जल्द ही साकार होगा। दिव्या ने वर्षों तक अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत किया। आर्थिक तंगी के कारण वे स्वयं से पक्का घर बनवा पाने में असमर्थ थीं। अब प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत चयनित होकर उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक आवास प्राप्त होने जा रहा है।
ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारियों, संबंधित विभागों के सहयोग से पारदर्शी ढंग से सर्वेक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रह जाए। आवास प्लस 2.0 के तहत किए जा रहे सर्वेक्षण और योजनांतर्गत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज हजारों जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलने का सपना साकार हो रहा है। श्रीमती दिव्या की तरह अनेक हितग्राहियों के सपनों को प्रधानमंत्री आवास योजना पंख दे रही है। शासन-प्रशासन के सतत प्रयासों से सरकार अपने संकल्प को पूरा करते हुए सिर्फ जरूरत मंद लोगों को घर ही नहीं बल्कि उनका बेहतर भविष्य गढ़ रही है।
महुआ बीनने गई महिला पर हाथी ने किया हमला.. मौके पर हुई मौत, 17 दिन में 7 लोगों की गई जान
बलरामपुर । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथियों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। आये दिन जंगली हठी खेतों को कुचलकर बर्बाद कर देते है। वहीँ हाथियों के हमले से ग्रामीणों की मौत का सिलसिला जारी है। ऐसे ही एक ताजा घटना वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र का है, जहां जंगल महुआ बीनने गई महिला की हाथी के हमले से मौके पर मौत हो गई।
बुजुर्ग महिला पर हाथी का हमला
बताया जा रहा है की वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में रहने वालीं बुजुर्ग महिला रजखेता के फोकली जंगल में महुआ बीनने गई थी. इस दौरान हाथी से उसका आमना-सामना हो गया। हाथी ने बुजुर्ग महिला को पटकर अंग छिन्न-भिन्न कर दिया। अब हाथियों के आतंक से दहशतजदा ग्रामीणों को वन विभाग की टीम समझाइश दे रही है।
बलरामपुर में सूंड से उठाककर पटका
आपको बता दें कि हाथियों के हमले से क्षेत्र में एक माह के भीतर छह लोगों की मौत हो चुकी है। हाथियों का आतंक इतना ज्यादा बढ़ गया है की बलरामपुर में 17 दिन में 7 लोगों की मौत हो गई है। हाथियों ने 17 दिनों में 6 ग्रामीण के लोगो को कुचलकर उनकी जान लेली है। जिससे पुरे गांव में दहसत का माहौल बन गया है।
आठ हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
बलरामपुर । सीमांकन के लिए दस हजार रुपए की मांग करने वाले पटवारी हेमंत कुजूर को एसीबी ने आठ हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। परसडीहा जनपद पंचायत वाड्रफनगर के रहने वाले राजेश पटेल ने भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था। पटवारी हेमंत कुजूर ने सीमांकन करने के बदले पटेल से दस हजार रुपये रिश्वत की मांग की जिस पर उसने दो हजार रुपये पटवरी को दिया और आठ हजार रुपये काम होने के बाद देने की बात कही। लेकिन पटवरी के बार-बार दबाव बनाने क बाद राजेश ने इसकी शिकायत एनटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से की। इसके बाद एसीबी की टीम ने आज योजनाबद्ध तरीके से रंगे हुए आठ हजार रुपये राजेश को दिए और जैसे ही उसने पटवरी को यह रुपये दिए एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मध्यान्ह भोजन के खाने में गिरी छिपकली, खाने से 70 बच्चे बीमार
बलरामपुर । विकासखंड कुसमी के गजाधरपुर-तुरीपानी स्थित प्राथमिक शाला स्कूल में मध्यान्ह भोजन में छिपकली गिर गई, जिसे खाने से 70 बच्चे बीमार पड़ गए।
आनन-फानन में बच्चों को कुसमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
बलरामपुर । राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, रायपुर के आदेश के परिपालन एवं कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बलरामपुर नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. डी.एन. मिश्र, सहायक जिला परियोजना अधिकारी मनोहर लाल जायसवाल एवं जिला मिशन समन्वयक राम प्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन जिला ग्रंथालय बलरामपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के 06 विकासखण्ड से चयनित कुल 18 छात्र/छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षक/शिक्षिकाओं व आयोजक सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। इस जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में छात्र/छात्राओं को गणित एवं विज्ञान से संबंधित मौखिक/लिखित एवं क्रिएटिव गतिविधियों के माध्यम से निर्णायकों के द्वारा चयन किया गया। जिसमें प्रथम स्थान अनंत गुप्ता सेजेस शंकरगढ़, द्वितीय स्थान कु. अमृता यादव सेजेस राजपुर एवं तृतीय स्थान कु. चांदनी महिलांग पी.एम.श्री सेजेस राजपुर ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक राम प्रकाश जायसवाल, सहायक जिला परियोजना अधिकारी मनोहर लाल जायसवाल एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी हरिशंकर सिंह के द्वारा बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए ग्रामीण अंचल के बच्चों को अपने प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रेरित किया गया। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ए.पी.सी. आनंद प्रकाश गुप्ता, ए.पी.सी. विनोद पटेल, जिला ग्रंथालय प्रभारी राजकुमार शर्मा, सहा.ग्रेड 03 अमृत कुमार, डा.ए.ओं. कु.शीला मिंज एवं जिला पी.एम.यू. सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी छात्र/छात्राओं को मोमेंटो, स्कूल बैग, मेडल एवं प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया गया। तथा कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक/शिक्षिकाओं एवं निर्णायकों को सहायक जिला परियोजना अधिकारी के द्वारा सम्मानित किया गया।
पटाखा गोदाम में लगी आग: 3 बच्चों समेत 5 की मौत...
बलरामपुर । रामानुजगंज के गोदरमना इलाके में सोमवार को एक पटाखा गोदाम में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग बुझाई।
सरहदी क्षेत्र गोदरमना में स्थित इस पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे गोदाम में धुआं भर गया, जिसके चलते दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घर की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 3 बच्चों, एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
पोता अपनी बुजुर्ग दादी को गोद में लेकर पहुंचा मतदान केंद्र
बलरामपुर । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान विकासखण्ड बलरामपुर के मतदान केन्द्र सुर्रा में एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली, जहां पोते ने अपनी बुजुर्ग दादी को मतदान कराने गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचा। जहां बुजुर्ग दादी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत दूसरे चरण में आज 20 फरवरी को मतदान हुआ है। जहां मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। बुजुर्ग मतदाता भी अपनी मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे। बलरामपुर जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से ही शुरू हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्गों का भी हौसला बुलंद है.
जहां मतदान केंद्र सुर्रा क्रमांक-47 में पोते ने बुजुर्ग दादी फूलोदेवी को गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचा जहां 97 वर्षीय फूलो देवी ने मतदान किया। बुजुर्ग महिला ने मतदान के जरिए लोगों को एक संदेश दिया है कि जो लोग मताधिकार के महत्व को नहीं समझते हैं उन लोगों को इनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है कि 97 वर्ष उम्र होने के बाद भी अपने वोट के महत्व को समझते हुए पोते के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। उनके पोते ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर दादी ने वोट देने की इच्छा जताई, दादी वृद्ध होने के कारण चलने में असमर्थ है पर वोट देने की इच्छा होने पर दादी को गोद में लेकर मतदान कराने मतदान केन्द्र लेकर आया हूं। जहां दादी ने अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट दिया।