छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
रिश्वतखोरी-दुर्व्यवहार के आरोप में तहसीलदार एनके सिन्हा निलंबित
बिलासपुर। शिक्षक से रिश्वत मांगने और आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में सक्ती जिले के जैजैपुर तहसीलदार एनके सिन्हा को बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर अमृत विकास तोपनो की अनुशंसा पर की गई है।
रिश्वत की मांग और दुर्व्यवहार का मामला
एनके सिन्हा पर आरोप है कि उन्होंने शिक्षक दिलीप चंद्रा से राजस्व प्रकरण के निराकरण के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। यह राशि तहसीलदार ने अपने ड्राइवर दुर्गेश सिदार के खाते में दो किस्तों में ट्रांसफर करवाई थी – 24 मार्च को 15,000 और 26 मार्च को 5,000 रुपये।
इसके बावजूद काम नहीं होने पर शिक्षक ने फिर से रकम की मांग को लेकर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। भनक लगते ही तहसीलदार ने पुलिस बुलाकर शिक्षक पर झूठा केस बनाते हुए जेल भेज दिया। बाद में रिश्वत की बातचीत और दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल हो गया, जिससे मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप
मामला सामने आने के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने 4 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया। तहसीलदार ने 8 जुलाई को जवाब दिया, जो असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद कलेक्टर ने रिपोर्ट संभागायुक्त को भेजी।
निलंबन आदेश
संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन ने तहसीलदार एनके सिन्हा के आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विरुद्ध मानते हुए, उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में सिन्हा का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय सक्ती नियत किया गया है।
श्रमिक संघों की हड़ताल से एसईसीएल के कोयला उत्पादन पर नहीं
बिलासपुर। बुधवार को श्रमिक संगठनों द्वारा आहूत हड़ताल में एसईसीएल के कर्मचारियों की उपस्थिति प्रभावित रही किंतु इससे कोयला उत्पादन व ओबीआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य संचालन अप्रभावित रहे । कर्मचारियों की उपस्थिति पहली पाली में लगभग 51 % वहीं दूसरी पाली में 47 % रही ।
दूसरी पाली में कंपनी के 20 में से 19 खुली खदानें पूर्णतया या अंशत: प्रभावित रूप में कार्य करने लगी थी । दूसरी पाली में भूमिगत खदानों में लगभग एक तिहाई खदानें सामान्य वहीं एक तिहाई अंशत: प्रभावित रूप से कार्य कर रही थी और इस प्रकार दूसरी पाली में भी UG माइंस में उपस्थिति ओसी की तुलना में कम रही ।
उत्पादन पर असर नहीं
पहली पाली में कंपनी ने 87,197 टन कोयले का उत्पादन किया जो कि मंगलवार के पहली पाली के उत्पादन (85,419) से अधिक था । ओबीआर का निष्कासन 181970 मिलियन क्यूबिक मीटर रहा जो कल पहली पाली के 1,32,433 MCuM से अधिक है ।
आधुनिकीकरण का काम शुरू होने से पहले टाटा-बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस रद्द
बिलासपुर । दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में गम्हरिया जंक्शन से आदित्यपुर सेक्शन के बीच ट्रैक रिलेइंग ट्रेन मशीन से आधुनिकीकरण का काम शुरू होने वाला है। यह काम 15 जुलाई से 4 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसकी वजह से कई पैसेंजर गाडिय़ों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी और कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रद्द होने वाली गाडिय़ां:- 15, 19, 22, 26, 29 जुलाई और 2 अगस्त 2025 को 18113/18114 टाटा-बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस रद्द रहेगी। 12, 16, 19, 23 और 26 अगस्त 2025 को 18109/18110 टाटा-नेताजी सुभाष चंद्र बोस-टाटा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाडिय़ां:-18, 25 जुलाई और 1, 11, 18, 25 अगस्त 2025 को 18477 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस कटक, सम्बलपुर सिटी, झारसुगुड़ा रोड और ईब होकर चलेगी। 14, 21, 28 जुलाई, 8, 15, 22, 29 अगस्त और 5, 12, 19, 26 सितंबर व 3 अक्टूबर 2025 को 18478 योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस ईब, झारसुगुड़ा रोड, सम्बलपुर सिटी और कटक होकर जाएगी।
15, 22, 29 जुलाई 2025 को दुर्ग से चलने वाली 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस सिनी-काण्ड्रा जंक्शन होकर चलेगी। 18, 25 जुलाई और 1 अक्टूबर 2025 को आरा से चलने वाली 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस काण्ड्रा जंक्शन-सिनी होकर चलेगी।
दलदल के कारण बड़ी वाहन नहीं जा सकती तो छोटी गाड़ी में भेजें खाद
कलेक्टर ने टीएल बैठक में की खाद-बीज वितरण की समीक्षा
बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाली फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में खाद बीज सहित खेती किसानी से जुड़े गतिविधियों की जानकारी ली। पिछले दो-तीन दिनों में पर्याप्त बारिश होने के कारण किसान कृषि कार्यों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। उन्होंने किसानी का कोई काम ना रुके इसलिए दलदल मार्गों पर बड़े वाहनों आवाजाही बाधित होने पर छोटी गाड़ियों से खाद सोसाइटियों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों को दो टूक कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता में कोई भी हीलाहवाला स्वीकार नहीं किया जाएगा। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने चाहिए।
उन्होंने अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए ताकि नियमानुसार तत्परता से राहत राशि स्वीकृत किया जा सके। भारी बारिश के कारण अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी के काम तो प्रभावित नहीं हुए है, उनकी स्थिति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने बैठक में डीम्ड की शासी निकाय में स्वीकृत कार्य योजना के अनुरूप कार्य प्रस्ताव भेजने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक योजना में किसानों के पंजीयन में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। आयुष्मान कार्ड में भी जिला पिछड़ा हुआ है। अभी तक केवल 74 प्रतिशत के आसपास प्रगति हुई है। वर्तमान शिथिलता पर स्वास्थ्य विभाग को फटकारते हुए प्रतिदिन लगभग 5000 का लक्ष्य देते हुए इसकी पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी दस्तावेज है। हर आदमी के पास इसकी उपलब्धता होनी चाहिए। पहाड़ी व दूरस्थ एरिया वाले जिले में इसमें अच्छा काम हुआ है।
बिलासपुर जिले में प्रगति नहीं होने का कोई सवाल ही नहीं पैदा नहीं होता। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केदो में बच्चों की कम उपस्थिति पर भी असंतोष जाहिर किया। विभागीय सुपरवाइजर को ज्यादा से ज्यादा दौरा कर निरीक्षण करने को कहा। कलेक्टर ने बैठक में सुशासन तिहार के लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्हें जल्द पूर्ण करने को कहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिन अधिकारियों कर्मचारियों के ट्रांसफर हुए हैं उन्हें तत्काल रिलीफ कर इसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। बैठक में अंतर विभागीय विषयों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने शासकीय सामानों की आपूर्ति अथवा ठेकेदार के भुगतान विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि 22 हजार उपभोक्ता राशन कार्ड का उपयोग नहीं कर रहे हैं। इनका परीक्षण कराकर नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्यवाही किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित सभी विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
आईटीआई कोनी में अप्रेंटिसशिप मेला 14 को
बिलासपुर। आईटीआई कोनी के सीओई भवन मे 14 जुलाई को सवेरे 9.30 बजे से अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जाएगा। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से विद्युतकार, फिटर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रेक्टर, वेेल्डर, टर्नर, कोपा व्यवसाय के उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस मेले में भाग ले सकते है। अधिक जानकारी के लिए आदर्श आद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी बिलासपुर में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकतें हैं।
जब्त मादक पदार्थाें का नष्टीकरण 10 जुलाई को
बिलासपुर । जिले की विभिन्न थानों में जब्त किये गये मादक पदार्थाें का नष्टीकरण 10 जुलाई को सवेरे 10 बजे किया जाएगा। नष्टीकरण की कार्यवाही मोहतराई स्थित सुधा बॉयो पॉवर लिमिटेड की भट्ठी में उक्त तिथि को किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नष्टीकरण के लिए गठित जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति के सदस्य एवं पंचान इस दौरान उपस्थित रहेंगे।
दस या अधिक श्रमिक रखने वाले दुकानों का श्रम विभाग में कराना होगा पंजीयन
14 अगस्त तक ऑनलाइन पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य
बिलासपुर । दस अथवा इससे अधिक श्रमिक व कर्मचारी नियोजित करने वाले दुकानों और संस्थाओं को श्रम विभाग में पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। श्रम विभाग के पोर्टल में 14 अगस्त 2025 तक संबंधित दुकानदार को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस तिथि के बाद पंजीयन करने पर विलंब शुल्क देना होगा।
सहायक श्रम आयुक्त श्रीमती ज्योति शर्मा ने बताया कि कार्यालय श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ से प्राप्त निर्देशानुसार छग दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शतों) अधिनियम, 2017 तथा इसके अंतर्गत निर्मित छग दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियम) नियम 2021 प्रदेश में दिनांक 13 फरवरी 2025 से प्रभावशील किया गया है। जिसके परिपालन में सभी दुकानों और स्थापनाओं को श्रम पहचान संख्या पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाना अनिवार्य है। छ०ग० दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 के अंतर्गत ऐसे पूर्व से पंजीकृत समस्त दुकान एवं स्थापनायें जिनमें 10 या 10 से अधिक श्रमिक अथवा कर्मचारी नियोजित हों को 6 माह के भीतर अर्थात् 14 अगस्त 2025 तक ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत किया जाकर दुकान एवं स्थापनाओं का पंजीयन कराया जाकर श्रम पहचान संख्या प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर निर्धारित शुल्क में छूट प्रदान की गई है।
अधिनियम के प्रभावशीलता के 6 माह अर्थात् 14 अगस्त 2025 के बाद निर्धारित शुल्क का 25 प्रतिशत विलंब शुल्क के साथ पंजीयन प्रमाण-पत्र सह श्रम पहचान संख्या प्रदाय किये जाने के निर्देश दिये गये है। इसी प्रकार कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, 1948 तथा कर्मचारी भविष्य निधि एवं प्रकीर्ण उपबंध अधिनियम, 1952 के अंतर्गत पंजीकृत दुकान एवं स्थापनाओं को इस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत माना जावेगा, किन्तु उन्हे दिनांक 14 अगस्त 2025 के पूर्व श्रम पहचान संख्या प्राप्त करने हेतु श्रम विभाग के पोर्टल श्रमेव जयते डॉट सीजी डॉट जीओवी डॉट इन पर ऑनलाईन आवेदन करने पर कोई पंजीयन शुल्क देय नहीं होगा।
दलदल के कारण बड़ी वाहन नहीं जा सकती तो छोटी गाड़ी में भेजें खाद
कलेक्टर ने टीएल बैठक में की खाद-बीज वितरण की समीक्षा
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाली फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में खाद बीज सहित खेती किसानी से जुड़े गतिविधियों की जानकारी ली। पिछले दो-तीन दिनों में पर्याप्त बारिश होने के कारण किसान कृषि कार्यों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। उन्होंने किसानी का कोई काम ना रुके इसलिए दलदल मार्गों पर बड़े वाहनों आवाजाही बाधित होने पर छोटी गाड़ियों से खाद सोसाइटियों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों को दो टूक कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता में कोई भी हीलाहवाला स्वीकार नहीं किया जाएगा। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने चाहिए।
उन्होंने अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए ताकि नियमानुसार तत्परता से राहत राशि स्वीकृत किया जा सके। भारी बारिश के कारण अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी के काम तो प्रभावित नहीं हुए है, उनकी स्थिति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने बैठक में डीम्ड की शासी निकाय में स्वीकृत कार्य योजना के अनुरूप कार्य प्रस्ताव भेजने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक योजना में किसानों के पंजीयन में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। आयुष्मान कार्ड में भी जिला पिछड़ा हुआ है। अभी तक केवल 74 प्रतिशत के आसपास प्रगति हुई है। वर्तमान शिथिलता पर स्वास्थ्य विभाग को फटकारते हुए प्रतिदिन लगभग 5000 का लक्ष्य देते हुए इसकी पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी दस्तावेज है। हर आदमी के पास इसकी उपलब्धता होनी चाहिए। पहाड़ी व दूरस्थ एरिया वाले जिले में इसमें अच्छा काम हुआ है।
बिलासपुर जिले में प्रगति नहीं होने का कोई सवाल ही नहीं पैदा नहीं होता। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केदो में बच्चों की कम उपस्थिति पर भी असंतोष जाहिर किया। विभागीय सुपरवाइजर को ज्यादा से ज्यादा दौरा कर निरीक्षण करने को कहा। कलेक्टर ने बैठक में सुशासन तिहार के लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्हें जल्द पूर्ण करने को कहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिन अधिकारियों कर्मचारियों के ट्रांसफर हुए हैं उन्हें तत्काल रिलीफ कर इसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। बैठक में अंतर विभागीय विषयों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने शासकीय सामानों की आपूर्ति अथवा ठेकेदार के भुगतान विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि 22 हजार उपभोक्ता राशन कार्ड का उपयोग नहीं कर रहे हैं। इनका परीक्षण कराकर नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्यवाही किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित सभी विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं
अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने दिए निर्देश
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आये लोगों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने सभी की समस्याओं को इत्मीनान से सुना। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया। साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी निजी और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
साप्ताहिक जनदर्शन में आज बोदरी तहसील के ग्राम पोड़ी निवासी वृद्ध रामसहाय दिवाकर ने आज कलेक्टर से मिलकर पेंशन राशि दिलाये जाने हेतु आवेदन दिया। 74 वर्षीय वृद्ध दिवाकर ने कहा कि मैं एक उम्रदराज व्यक्ति हूं तथा रोजी मजदूरी कार्य करने में असमर्थ हूँ। शासन के योजनांतर्गत प्राप्त होने वाली पेंशन राशि मुझे नहीं मिल रही है। ग्राम पंचायत सचिव के समक्ष भी पेंशन राशि के लिए आवेदन किया गया, किन्तु आज तक लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। कलेक्टर ने जनपद पंचायत बिल्हा सीईओ को मामले को सौंपते हुए इसके निराकरण के निर्देश दिए। सीपत तहसील के ग्राम जांजी निवासी गरिमा सिंह ने शिक्षा सहायता राशि प्रदान करने हेतु आवेदन दिया। गरिमा ने बताया कि वर्तमान में वह अभी बीपीएड की पढ़ाई कर रही है।
पिता जी लकवाग्रस्त होने के कारण शारीरिक रूप से चलने-फिरने में असमर्थ है, जिससे पूरे परिवार का पालन-पोषण उनकी माता मजदूरी करके कर रही है। कलेक्टर ने आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बिल्हा तहसील के ग्राम पत्थरखान निवासी मनोज पांडे ने खाद एवं दवा सोसाइटी से दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्राम पत्थरखान बिटकुली सोसाइटी के अंतर्गत 6 गांव आते हैं। उनमें से एक गांव पत्थरखान है। सोसाइटी से खाद और दवा मिल नहीं पा रही है। कलेक्टर ने डीएमओ को इस पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत मस्तूरी निवासी मनहरण टण्डन ने कलेक्टर के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा आवास मित्र के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई किये जाने की का निवेदन किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत उनके नाम पर आवास स्वीकृत हुआ है। आवास निर्माण के लिए शासन से आई हुई राशि को आवास मित्र के द्वारा आहरण कर लिया गया। बार-बार राशि मांगने पर भी वह देने से इंकार कर रहा है। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को इस संबंध में आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए है।
अरपा तीरे पेड़ लगाना पुनीत कार्य : डॉ सोमनाथ यादव
बिलासपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के आव्हान पर पूरे प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। प्रसन्नता है कि बिलासपुर में भी मां अरपा नदी के तीरे स्काउट्स, गाइड्स द्वारा वृक्षारोपण का पुनीत कार्य किया गया। उक्त उदगार भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव ने मुख्य अतिथि के आसंदी से व्यक्त की।
डॉ. सोमनाथ यादव ने कहा कि जिला संघ बिलासपुर द्वारा वृक्षारोपण समारोह को मां अरपा नदी के किनारे करना निहायत जरुरी था, आज नदी सुख रही है इसलिए नदी ,तालाबों के किनारों में वृक्षारोपण करना और बड़ा होने तक सुरक्षित रखना दोनों कार्य जरूरी है इससे एक ओर नदी, तालाबों में जल भरा रहेगा और छाया, फल के साथ ही वातावरण भी प्रदूषण मुक्त होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष जिला मुख्य आयुक्त चंद्रप्रकाश बाजपेई और विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अनिल तिवारी ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स आज प्रण करे कि अपने जन्म दिन पर एक पेड़ लगाए और उसे बड़ा होने तक सुरक्षित रखे। विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य डॉ प्रफुल्ल शर्मा, बिलासा कला मंच के अध्यक्ष महेश श्रीवास, डॉ सुधाकर बिबे, डा भगवती प्रसाद चंद्रा,चंद्रप्रदीप बाजपेई, मनीष गुप्ता,दिनेश्वर जाधव, एम डी मानिकपुरी, विनोद गुप्ता, देवानंद दुबे, विजय यादव, भूपेंद्र शर्मा, मंजू यादव, गायत्री तिवारी नवनीत कौशिक आदि ने भी स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा किए गए सेवा कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की।
राम सेतु और इंदिरा सेतु के मध्य अरपा नदी किनारे वृक्षारोपण समारोह में जिला संघ बिलासपुर के जिला सचिव लता यादव, माधुरी यादव, बीना यादव, संतोष त्रिपाठी, महेंद्र बाबू टंडन, डॉ. प्रदीप कुमार निर्णेजक, शत्रुहन सूर्यवंशी, नवीन यादव, अनिल सोनवानी, शमिता शर्मा, किरण बाला पांडे, डॉ. भारती दुबे, रश्मि तिवारी,डॉ.पूनम सिंह, बिलासा कला मंच के पदाधिकारीगण, विभिन्न स्कूलों के स्काउटर, गाइडर, रोवर लीडर, रेंजर रीडर के साथ भारी संख्या में स्काउट्स एवं गाइड्स शामिल हुए।
ईंट-गारे के सहारे लखपति दीदी बनने की राह पर बैगा महिलाएं
रानी मिस्त्री का ले रही प्रशिक्षण, बिहान योजना ने दिलाई नई पहचान
बिलासपुर। कोटा विकासखंड के ग्राम करई कछार में स्व सहायता समूह की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की विशेष पहल की जा रही है जिसके तहत बैगा, बिरहोर जनजातीय समुदाय सहित 35 महिलाओं को रानी मिस्त्री का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं साधारण घरेलू महिला है। जिन्हें विशेष पहल के तहत गांव में ही रानी मिस्त्री का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर यह महिलाएं आत्मनिर्भरता के लिए अपनी राह बना रही है। महिलाओं ने गांव में ही प्रशिक्षण मिलने पर खुशी जताई और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
पीव्हीटीजी यानी विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं चलायी जा रही है। इसी क्रम में दूरस्थ गांव में रहने वाले बैगा, बिरहोर परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की विशेष पहल की गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बिहान योजना से जुड़ी इन महिलाओं को जिला पंचायत द्वारा नया प्रयोग करते हुए रानी मिस्त्री के प्रशिक्षण की व्यवस्था गांव में ही की गई है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को पीएम आवास योजना के तहत बनाये जा रहे मकान में प्रशिक्षण देने की शुरूआत की गई है ताकि उन्हें फील्ड पर ही कार्य का बेहतर अनुभव मिल सके।
पीव्हीटीजी एक ऐसा समुदाय जिनकी आजीविका मुख्य रूप से मजदूरी या जंगल पर आधारित रही है। इनका जीवन संघर्षों से भरा होता है और इन्हें आय का कोई स्थायी साधन नहीं मिलता। इन परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महिलाओं को लखपति दीदी योजना से भी जोड़ा जा रहा है ताकि इन समुदायों की आजीविका में वृद्धि हो सके। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही श्रीमती तुलसी बैगा ने बताया कि यहां प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें न केवल तकनीकी ज्ञान दिया जा रहा है बल्कि कार्य के लिए मानसिक रूप से भी तैयार किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के तहत हमे फील्ड पर जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनवाने का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। जिसमें ईंट जोड़ने से लेकर, माप-नाप, लेवलिंग, प्लास्टर, छज्जा बनाने तक के सारे पहलुओं को सिखाया गया।
तुलसी कहती हैं कि इस काम को सीखने के बाद उनकी कमाई बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले भर में हजारों स्वीकृत आवास का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह करहीकछार की सिया बाई बैगा ने कहा कि गांव में ही प्रशिक्षण मिलने से उनकी बड़ी समस्या का समाधान हो गया। सिया बाई कहती है कि बिहान योजना से जुड़कर बैगा-बिरहोर परिवार की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आ रहा है। अब महिलाएं अपने पारम्परिक कामों से इतर अन्य काम करके भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार को सहयोग दे पा रही है। सिया बाई ने उम्मीद जताई कि रानी मिस्त्री का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें आवास निर्माण का काम मिलना शुरू हो जाएगा क्योंकि वर्तमान में पीएम आवास योजना के तहत आवास निर्माण बड़ी संख्या में हो रहे हैं जिसमें कुशल मिस्त्रियों की आवश्यकता होगी। प्रशिक्षण के बाद उनकी अच्छी कमाई हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को समूह के माध्यम से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की विशेष पहल की जाती है। महिलाओं के निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था के साथ ही उन्हें विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाता है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही लखपति दीदी बन सकें।
मोबाईल वेटनरी यूनिट से किया जा रहा पशुओं का उपचार
लाभ लेने टोल फ्री नंबर 1962 पर करें कॉल
बिलासपुर। जिले में पशु चिकित्सा विभाग अंतर्गत कुल 6 मोबाईल वेटनरी यूनिट (एमवीयू) की वाहनें संचालित है। जिसमें कॉल प्राप्त होने पर एमवीयू वाहन के पशु चिकित्सकों द्वारा स्थल पर पहुंच कर उपचार एवं पशु स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। जिले में मोबाईल वेटनरी यूनिट वाहनों का संचालन प्रतिदिन सवेरे 8 बजे से शाम 4 बजे तक रहता है। टोल फ्री नंबर 1962 में कॉल करके मोबाईल वेटनरी यूनिट की सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
कलेक्टर-एसपी ने बाढ़ के हालात से लोगों को राहत दिलाने अधिकारियों की ली आपात बैठक
क्षति का सर्वे कर तत्काल राहत दिलाने के निर्देश
बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ के हालात से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए अधिकारियों की आपात बैठक ली। उन्होंने बैठक में बाढ़ पीड़ित लोगों की हरसंभव सहायता के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ एवं अतिवृष्टि से जो भी नुकसान हुआ है उनका सर्वे कर तत्काल आरबीसी 6-4 के तहत सहायता दिया जायेगा। कलेक्टर-एसपी ने कहा कि स्थिति में सुधार आने तक कोई भी अधिकारी कार्यालय में नहीं बैठेगा। टीम बनाकर अधिकारी बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का संयुक्त दौरा करेंगे और लोगों को आपदा से निपटने में जरूरी मदद करेंगे। उन्होंने वीसी के जरिए अधिकारियों से जुड़कर एक-एक तहसील की मैदानी हालात की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बाढ़ के हालात से निपटना एवं लोगों को राहत दिलाना फिलहाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एक -डेढ़ माह के बराबर पानी पिछले दो-तीन दिन में बरस चुका है। उम्मीद से ज्यादा एकाएक ज्यादा पानी गिरने से कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है। लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थितियों में सुधार आया है। उन्होंने पूरा प्रशासनिक सिस्टम को बाढ़ से बचाव कार्य में झोंक दिए हैं। अग्रवाल ने नियमित दौरा कर संवेदनशील ग्रामों और निचले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अफसरों से कहा कि प्रभावित लोगों के पास जाएं, उनकी तकलीफ सुने। यदि उनका मकान अतिवृष्टि से जर्जर या नष्ट हो गया है तो उन्हें नजदीक के स्कूल अथवा आंगनबाड़ी में ठहराएं। उनके खाने और पीने का इंतजाम किया जाये। आरबीसी 6-4 का प्रकरण बनाकर उन्हें तत्काल मुआवजा दिलाया जाए। बैठक में बताया गया कि बिल्हा के वार्ड 8 एवं 9, मस्तुरी के ईटवापाली, कोटा के तेन्दूभांठा,बांसाझाल, चपोरा, मोहदा, केंदाडांड, मोहदा, पचरा, टोनासागर सेमरा और तखतपुर के मनियारी नदी के किनारे कुछ गांव प्रभावित हुए है। बिलासपुर शहर में गोकने नाला के निचले क्षेत्र सहित गंगानगर, श्रीकांत वर्मा मार्ग, बंधवापारा, तोरवा एरिया में 8-10 स्थलों पर जलभराव की स्थिति बनी थी, जिसे कच्चे नाले बनाकर पानी बाहर निकाला गया है।
कलेक्टर ने लोगों के पानी में फंस जाने पर बचाव के लिए उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी ली। होमगार्डस ने बताया कि जिले में पांच नाव उपलब्ध हैं। दो टीम चौबीसों घण्टे तैयार रहती है। लाईफ जैकेट और अन्य ग्रामीण क्षेत्र में तैराकों की सूची बनाकर उनका भी सहयोग लिया जाये। मछुआरे इस कार्य में काफी मददगार हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को बाढ़ की स्थिति एवं उनकी जागरूकता के लिए मुनादी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अभी अच्छा मौका है । जल के प्राकृतिक बहाव में यदि कोई अड़चन आ रही है तो उसे तोड़ दिया जाए। लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के इंजीनियर भी टीम के साथ दौरा करें। यदि पुल के ऊपर पानी बह रहा हो तो बैरिकेड लगाकर यातायात रोक दिया जाए। बेहतर होगा कि गांव में उपलब्ध ट्रेक्टर ट्राली अड़ाकर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया जाये। कलेक्टर-एसपी ने लोगों को पुल के ऊपर बहते पानी में पार नहीं करने की अपील भी की है। कलेक्टर ने कहा कि जीपीएम जिले में भारी बारिश के कारण अरपा भैंसाझार से और ज्यादा मात्रा में पानी छोड़ा जायेगा। अरपा नदी के किनारे लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के हालात से लोगों की जान और माल बचाना है। इसके लिए जो भी जरूरी उपाय मैदानी स्तर में करना है ,उसे करें। किसी बड़े अधिकारी के अनुमति का इंतजार किए बिना जनहित में निर्णय लिया जा सकता है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को भी चेताया। उन्होंने कहा कि बरसात में दूषित पेयजल से डायरिया फैलने की संभावना बनी हुई है। लिहाजा मुस्तैदी से सभी प्रकार के दवाईयों की उपलब्धता रहे। इससे ज्यादा कोई मरीज अस्पताल में आता है तो तुरंत उसका इलाज शुरू किया जाना चाहिए। किसी तरह की औपचारिकता बाद में भी पूरी की जा सकती है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस की टीम आपसी तालमेल के साथ काम करते दिखने चाहिए। इससे समाज में अच्छा संदेश जाता है। बैठक के बाद जाकर अपने अनुविभाग में भी संयुक्त बैठक करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यदि कोई तथ्यहीन खबर की जानकारी आये तो तत्काल उसका खण्डन करते हुए सही जानकारी दिया जाये। पानी ज्यादा गिरने से लोग जलप्रपात और झरने का आनंद उठाने बड़ी संख्या मंे पहुंच जाते हैं, उन्हें वहां पर भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को बनाये रखने के लिए भी जरूरी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल,एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित पुलिस अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एसडीएम, तहसीलदार, थानेदार आदि शामिल हुए।
मंदिर में चढ़कर किया उत्पात, 2 लड़के गिरफ्तार
बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक्शन लिया है. मामले में हिंदू सगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 353 (ग) समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों का शहर में जूलूस भी निकाला.
बता दें कि शहर में 6 जुलाई को मुहर्रम का जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. जब जुलूस तारबाहर पहुंचा तो वहां शेर नाच में शामिल कुछ युवक माता के मंदिर की छत पर चढ़ गए और नाचने लगे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया और थाने का घेराव किया. पुलिस से मामले में जांच कर युवकों के खिलाफ एक्शन की मांग की गई.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो आरोपी- मो समीर रजा और जुनैद रजा गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में धारा 353 (ग),296,351 (2), 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
दपूमरे ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 400 करोड़ से ज़्यादा की अतिरिक्त कमाई की
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में माल ढुलाई और राजस्व कमाई में नया रिकॉर्ड बना लिया है। रेलवे ने न सिर्फ ज़्यादा माल ढोया, बल्कि पिछले साल की तुलना में 400 करोड़ रुपये से ज़्यादा की अतिरिक्त कमाई भी की है। रेलवे ने इस दौरान कुल 64.61 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो पिछले साल इसी समय की तुलना में 2.03 प्रतिशत ज्यादा है।
इसमें कोयला, लोहा, सीमेंट, खाद और मैगनीज जैसी जरूरी चीजें शामिल रहीं, जो देश के पॉवर प्लांट्स, फैक्ट्रियों और भारी उद्योगों तक पहुंचाई गई। इस प्रदर्शन से रेलवे ने 7807.88 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह कमाई 7404.06 करोड़ रुपये थी। यानी इस बार रेलवे ने 403.80 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए, 5.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ। यह ऐतहासिक की अब तक की सबसे बेहतरीन पहली तिमाही की परफॉर्मेंस मानी जा रही है।
दूसरी ओर यात्री सुविधाओं के लिए रथ यात्रा के मौके पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, श्रावण मास में भी श्रावणी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु आसानी से तीर्थ यात्रा कर सकें। रेलवे ने माल ढुलाई की सुविधा बढ़ाने के लिए कई गुड्स शेड भी सक्रिय किए हैं।
इसके तहत कलमना और रामटेक में कोयला लोडिंग के लिए नई सुविधा शुरू हो चुकी है। कमलपुर में खाद्यान्न और अन्य वस्तुओं के लिए गुड्स शेड बनाए गए हैं। भानुप्रतापपुर में फिर से लौह अयस्क लोडिंग की सुविधा चालू कर दी गई है। वहीं रायपुर स्टोर डिपो और चांदिया गुड्स शेड को एक्सक्लूसिव कंटेनर टर्मिनल सुविधा दी गई है।
चयन परीक्षा, 29 तक आवेदन
जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार
बिलासपुर । जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार में सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा में शामिल होने 29 जुलाई 2025 तक विभागीय वेबसाईट https://navodaya.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए है। चयन परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को होगी है। वे अभ्यर्थी जिन्होंने शासकीय स्कूल या सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालय से सत्र 2025-26 में कक्षा 5वीं की परीक्षा उत्तीर्ण हो और जिनकी आयु 01.05.2014 से पहले तथा 31.07.2016 के बाद का नहीं होने चाहिए।
कोल लेवी घोटाला: हाई कोर्ट में संपत्ति कुर्की पर फैसला सुरक्षित
बिलासपुर । राज्य के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो IAS अधिकारियों, एक राज्य सेवा अधिकारी और मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है। इस घोटाले में 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का आरोप है।
ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया कि इस रकम को आरोपियों ने अपने परिजनों और सहयोगियों के नाम पर विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया। इसी आधार पर ईडी ने 30 जनवरी 2025 को PMLA एक्ट 2002 के तहत 49.73 करोड़ रुपये मूल्य की 100 से अधिक चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया, जिनमें बैंक बैलेंस, नकदी, वाहन, जेवर और भूमि शामिल हैं।
संपत्ति कुर्की पर हाई कोर्ट में चुनौती
ईडी की कार्रवाई को सूर्यकांत तिवारी और उनके परिजनों सहित विभिन्न पक्षों ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में चुनौती दी है। KJSL कोल पावर, इंद्रमणि मिनरल्स और अन्य याचिकाकर्ताओं द्वारा कुल 10 याचिकाएं दाखिल की गईं, जिनकी एकसाथ सुनवाई चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच में हुई।
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ताओं हर्षवर्धन परगनिहा, निखिल वार्ष्णेय, शशांक मिश्रा और अभ्युदय त्रिपाठी ने पक्ष रखा, जबकि ईडी की ओर से डा. सौरभ कुमार पांडे ने दस्तावेजी प्रमाणों के साथ एजेंसी की कार्रवाई को वैध ठहराया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।
घोटाले की गहराई: एक संगठित साजिश
CBI की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ जैसे प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर राज्य में कोल लेवी के नाम पर एक संगठित साजिश के तहत दो वर्षों में 540 करोड़ रुपये की अवैध उगाही की गई। आयकर विभाग की शुरुआती जांच के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की दिशा में कार्रवाई शुरू की थी।
जिनकी संपत्ति अटैच की गई:
सूर्यकांत तिवारी
रजनीकांत तिवारी, कैलाशा तिवारी, दिव्या तिवारी
पूर्व IAS समीर विश्नोई
पूर्व डिप्टी सचिव सौम्या चौरसिया, उनके भाई अनुराग चौरसिया, मां शांति देवी
अन्य सहयोगी और कंपनियां
इस घोटाले की जांच अब न्यायिक मोड़ पर पहुंच चुकी है, और हाई कोर्ट का निर्णय इस केस की दिशा तय करेगा। मामला छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन और कारोबारी हलकों में बड़ी हलचल का कारण बना हुआ है।