छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

कलेक्टर ने जनदर्शन में लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें संवेदनशीलतापूर्वक सुनी

 राजनांदगांव । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज कलेक्टोरेट शक्ति कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ स्थानों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को संवेदनशीलतापूर्वक सुना। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनदर्शन में जनसामान्य से प्राप्त मांगों एवं समस्याओं के आवेदन पत्रों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को जनदर्शन में शासन की योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्या के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।  

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में आज डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम भगवानटोला निवासी प्रीति राजपूत ने अपने पति स्वर्गीय महेश सिंह राजपूत के घर के सामने विद्युत तार से करंट लगने से मृत्यु होने पर आपदा सहायता राशि के लिए आवेदन किया। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम परमालकसा निवासी संध्या सालिनी टोप्पो ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि राशि प्रदाय करने के लिए आवेदन किया। लखोली राजनांदगांव निवासी यशोदा गोंड ठाकुर ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया। जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का नियमित लाभ मिल सके। कौरिनभाठा राजनांदगांव निवासी महेश राम ने बारिश के कारण अपने क्षतिग्रस्त मकान का सहायता राशि प्रदाय के लिए आवेदन किया। ग्राम गठुला निवासी हेमंत निषाद ने अपने निजी भूमि से विद्युत पोल हटाने के लिए आवेदन किया। इसी तरह जनदर्शन में राशन कार्ड बनाने, मकान क्षतिपूर्ति की राशि दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने, राजस्व अभिलेख को दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने जैसी मूलभूत आवश्यकताओं एवं गांव के विकास के लिए तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image