छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

गणतंत्र दिवस समारोह राजपथ में शामिल होंगी समूह की दीदीयां

 राजनांदगांव । गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत जिला राजनांदगांव से कुल 6 महिलाएं शामिल होगी। शासन द्वारा नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रदेश से स्वसहायता समूह की कुल 12 महिलाओं का चयन किया गया है। जिसमें सर्वाधिक 6 महिलाएं राजनांदगांव जिले से हैं। इसी क्रम में राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन कार्यक्रम में राष्ट्रपति से सम्मानित किये जाने हेतु राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम कुसमी की लखपति दीदी एवं जय मां अम्बे स्व सहायता समूह की दिव्या निषाद का नाम शामिल है।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम हेतु पूरे देशभर से 10 लखपति दीदी को आमंत्रित किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ से राजनांदगांव जिले की लखपति दीदी दिव्या निषाद का चयन किया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ में आयोजित परेड में सम्मिलित होने हेतु राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम गठुला अंतर्गत नारी शक्ति स्वसहायता समूह से 4 सदस्य हुमेश्वरी साहू, संगीता साहू, सुजीता साहू एवं हेमबाई साहू को आमंत्रित किया गया है। इसी प्रकार नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से भेंट हेतु आयोजित कार्यक्रम के लिए राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम कोपेडीह की कृषि सखी एवं प्रतिज्ञा स्वसहायता समूह की सविता यादव को आमंत्रित किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image