नवीन शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालन के लिए आवेदन 8 तक
सुकमा । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार छिंदगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिंतलनार के आश्रित ग्राम मुण्डवाल और ग्राम पंचायत ओलेर के आश्रित ग्राम सीतापाल में नवीन शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। कलेक्टर श्री ध्रुव ने राशनकार्ड धारियों को खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए अधिक दूरी तय न करना पड़े इसलिए नवीन उचित मूल्य की दुकान खोलने का निर्णय लिया है।
एसडीएम छिन्दगढ़ विजय प्रताप खेस ने बताया कि ग्राम पंचायत चिंतलनार के आश्रित ग्राम मुण्डवाल और ग्राम पंचायत ओलेर के आश्रित ग्राम सीतापाल में नवीन शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) छिंदगढ़ कार्यालय में पात्र संस्था 08 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। संबंधित ग्राम पंचायत, महिला स्व सहायता समूह, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, प्राथमिक कृषि साख समिति, एनी सहकारी समिति, राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम और वन सुरक्षा समिति के द्वारा नवीन दुकान संचालन के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जा सकता है। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।