छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

दिल्ली से आते थे मिलावटी शराब की बोतलों के ढक्कन, आरोपी गिरफ्तार

  राजनांदगांव। : डोंगरगढ़ से लगे ग्राम करवारी के फार्म हाउस में मध्यप्रदेश निर्मित शराब की बाटलिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मिलावटी शराब के लिए ढक्कन की सप्लाई करने वाला दिल्ली का सप्लायर पकड़ में आया है।

 

प्रति ढक्कन 30 से 40
पैसे मुनाफा

आरोपित ने वैध लायसेंस का उपयोग अवैध तरीके से किया। राज्यों की डिस्टिलरी कंपनियां डिमांड के अनुसार ढक्कन का ऑर्डर आरोपित को देती थीं। आरोपित डिमांड के अनुसार कंपनियों को ढक्कन की सप्लाई करता था। इसके बाद अलग से और ढक्कन बनाता था, जिसकी सप्लाई वह एजेंटों को करता था। एजेंट ढक्कन को शराब कोचिए तक पहुंचाते थे। आरोपित ने महाराष्ट्र और छग में 60 हजार से अधिक नकली ढक्कन की सप्लाई कर चुका है। आरोपित फैक्ट्री मालिक को प्रति ढक्कन में करीब 40 से 60 पैसे मुनाफा होता था।

नकली होलोग्राम और स्टीकर छापने वाला पकड़ से बाहर

पुलिस ने अवैध नकली शराब ढक्कन सप्लाई करने वाले आरोपित को गिरफ्तार तो कर लिया है। मगर, नकली होलोग्राम और स्टीकर छापने वाला मुख्य आरोपित अब भी पुलिस पकड़ से बाहर है। मामले में अब तक रोहित उर्फ सोनू नेताम, विशाल मिश्रा, दलजीत सिंह उर्फ राजा, सोनू यादव, रवि कंडरा, भुवन कंडरा, सिद्धार्थ फुले, मोहित कुर्रे, ओमकार गर्ग उर्फ हड्डी, पवन शर्मा, नंदकिशोर उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी, टोनी पासवान, मनोज तिड़के, चंदन ममतानी, विक्रम आहूजा उर्फ विक्की की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बिना ऑर्डर की 60,000 ढक्कन की सप्लाई

पुलिस ने बताया कि विक्रम आहूजा ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपित चंदन ममतानी को 60,000 नग ढक्कन की सप्लाई की थी, जो छत्तीसगढ़ में बिकने वाली शराब की बोतलों पर लगाए जाते थे। यह सप्लाई बिना किसी वैध परचेस ऑर्डर के की गई थी। आरोपित प्रति ढक्कन 30-40 पैसे का मुनाफा कमाता था। बता दें कि 29 मार्च को डोंगरगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम करवारी, लतमर्रा जाने वाले कच्चे रास्ते में स्थित रोहित नेताम उर्फ सोनू के फार्म हाउस में भारी मात्रा में मध्यप्रदेश की शराब अवैध रूप से डंप की गई है। छापा मारते हुए पुलिस ने कुल 432 पेटी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 27,32,670 रुपये है, जब्त की थी।इसके साथ ही मकान के तलघर से बड़ी संख्या में खाली शीशियां, गोवा व्हिस्की के स्टीकर, होलोग्राम बंडल और अन्य सामग्री भी बरामद की गई थी। वहीं, आरोपित रोहित के घर से नोट गिनने की मशीन भी पुलिस ने जब्त की थी।

Leave Your Comment

Click to reload image