छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

कृषक मनोज कुमार को किसान किताब से सशक्त बनाने की पहल

 धरती आबा अभियान में मिली नई दिशा

मोहला ।  धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जनजातीय कृषकों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के विकासखंड मोहला के ग्राम हेरकुटुंब के पंजीकृत कृषक  मनोज कुमार कुंजाम पिता जयलाल कुंजाम को किसान किताब ऋण पुस्तिका प्रदान की गई।

किसान किताब न केवल खेती-किसानी की पहचान है, बल्कि यह कृषक के भूमि संबंधी दस्तावेजों कृषि गतिविधियों और शासन की योजनाओं के लाभों से सीधे जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है। मनोज कुमार जैसे युवा कृषकों के हाथों में यह किताब एक नई उम्मीद का प्रतीक बनकर उभरी है। मनोज कुमार बताते हैं अब मुझे अपनी भूमि की जानकारी, फसल चक्र, उर्वरक और बीज की उपयोगिता के साथ-साथ शासन की सभी कृषि योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिल पाएगी। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और खेती की दिशा में निर्णय लेना पहले से सरल हो गया है।

 

धरती आबा अभियान के तहत यह पहल जनजातीय कृषकों को अधिकार, जानकारी और प्रौद्योगिकी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि किसान किताब के माध्यम से मनोज कुमार जैसे कृषकों को बैंक ऋण, बीमा, तकनीकी मार्गदर्शन एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image