छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

कहां गई 32 लाख की 'घास' ? मैदान में बचा सिर्फ कीचड़

राजनांदगांव। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए म्युनिसिपल स्कूल के खेल मैदान में 32 लाख से लॉन लास लगाई गई थी, जो गायब हो गई है। घास गायब होने के बाद

मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया है। इसके चलते मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को मशक्कत करनी पड़ रही है।

डीएमएफ से मैदान में घास लगाने की जिम्मेदारी उद्यानिकी विभाग को दी थी। घास लगाने के बाद विभाग ने मेंटेनेंस पर ध्यान नहीं दिया और चुपके से मैदान को निगम को हैंडओवर कर दिया। स्थिति यह है कि मैदान से लगभग 80 प्रतिशत घास गायब हो चुकी है।

सुरक्षा घेरा तोड़कर ले गए चोर

वहीं मैदान की सुरक्षा की दृष्टि से लगाई गई जाली को भी चोर चोरी कर ले गए। सुरक्षा नहीं होने से मवेशी बची घास को चट कर रहे हैं। मैदान की हरीतिमा भी नहीं के बराबर है। मैदान के चारों ओर लोहे की जाली लगाई थी, जो पूरी तरह से गायब हो गई है।

यही नहीं रात नौ बजे के बाद असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। मैदान में जमकर शराब खोरी होती है। इसके बाद शराब की बोतलों, प्लास्टिक डिस्पोजल ग्लास, पानी पाउच को मैदान में फेंक देते हैं। इसके चलते सुबह मैदान में खेलने आने वाले खिलाड़ियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

विभागीय अधिकारियों की उदासीनता

निर्माण एजेंसी को मेंटेनेंस कराने की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते खिलाड़ियों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित एजेंसी को कुछ राशि का भुगतान शेष है। यही कारण है कि एजेंसी मेंटनेंस करने से हाथ पीछे खींच रही है। विभागीय अधिकारियों की भी इस ओर उदासीनता है।

 

लगभग 80 प्रतिशत घास गायब, सुरक्षा घेरा भी तहस-नहस

मैदान के अलग-अलग हिस्सों से लॉन घास पूरी तरह से उखड़ कर गायब हो चुकी है। सुरक्षा के लिए किसी भी तरह की व्यवस्था नहीं की गई है। यहीं कारण है कि देर रात तक जाम छलकते हैं। इसके बाद शराब की शीशियों को मैदान में फेंक देते हैं। सुबह खिलाड़ियों को मजबूरन मैदान से शराब की शीशियों को उठाकर फेंकना पड़ता है। यहीं नहीं कई बार असामाजिक तत्व शीशियों को फोड़ देते हैं।

क्या बोलें जिम्मेदार अधिकारी

'खेल मैदान में डीएमएफ से लॉन घास लगाई थी। घास लगाने के बाद मैदान को नगर निगम को हैंड ओवर कर दिया है। मेंटेनेंस की जिम्मेदारी अब निगम की ही है।' -राजेश कुमार शर्मा, सहायक संचालक, उद्यानिकी

'म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लॉन घास लगाई गई है। मेंटेनेंस के लिए कार्ययोजना बनाएंगे। सुरक्षा के इंतजाम भी करेंगे। खिलाड़ियों को किसी तरह परेशानी नहीं हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।' -यूके रामटेके, ईई नगर निगम

Leave Your Comment

Click to reload image